फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 26th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

News Updates: कल अमेरिका जाएंगे विक्रम मिस्री; नीलांबुर उपचुनाव में आर्यदान शौकत होंगे UDF प्रत्याशी

Mon, 26 May 2025 10:22 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 26 May 2025 10:22 PM IST
विज्ञापन
News Updates 26th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विदेश सचिव विक्रम मिस्री 27-29 मई 2025 तक वॉशिंगटन डीसी अमेरिका दौरा करेंगे। यहां वे अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेंगे। यह यात्रा प्रधानमंत्री की फरवरी 2025 में संयुक्त राज्य अमेरिका की यात्रा के बाद हो रही है। जब दोनों पक्षों ने 21वीं सदी के लिए भारत-अमेरिका कॉम्पैक्ट लॉन्च किया था।
विज्ञापन


केरल में नीलांबुर उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने आर्यदान शौकत को मैदान उतारा
कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को केरल में नीलांबुर विधानसभा क्षेत्र के आगामी उपचुनाव के लिए आर्यदान शौकत को पार्टी नीत यूडीएफ का उम्मीदवार घोषित किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शौकत की उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी है। शौकत दिवंगत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व मंत्री आर्यदान मोहम्मद के पुत्र हैं। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने कहा कि वह इस सीट के लिए केरल प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) द्वारा प्रस्तावित एकमात्र नाम हैं। यूडीएफ उम्मीदवार शौकत भारी बहुमत से सीट जीतेंगे। शौकत ने कहा कि उन्हें कांग्रेस और यूडीएफ कार्यकर्ताओं के समर्थन से चुनाव लड़ने का अवसर मिला। यह सीट विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के साथ मतभेदों के कारण मौजूदा विधायक पीवी अनवर के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। नीलांबुर उपचुनाव 19 जून को होगा।
विज्ञापन


डीआरडीओ अध्यक्ष कामत को मिला सेवा विस्तार
मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग (डीडीआरएंडडी) के सचिव और रक्षा अनुसंधान विकास संगठन (डीआरडीओ) के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत को सेवा विस्तार दिया है। वे एक जून 2025 से 31 मई 2026 तकएक वर्ष की अवधि या अगले आदेशों तक, जो भी पहले हो तक पद पर बने रहेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या
केरल के वायनाड जिले में रविवार शाम एक खौफनाक वारदात हुई, जिसमें एक 34 साल की महिला की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई और उसकी टीनएज बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, घटना के बाद लापता हुई छोटी बेटी को आरोपी के साथ सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, यह हमला तिरुनेल्ली थाना क्षेत्र के अप्पापारा गांव में स्थित महिला के किराए के घर में हुआ। मृतका का नाम प्रवीणा है, जो अपने पति से अलग होकर दो बेटियों के साथ रह रही थी।

पुलिस ने बताया कि हमला प्रवीणा के पुरुष मित्र दिलीश ने किया। इस हमले में प्रवीणा की 14 साल की बेटी के गले और कान पर गहरी चोटें आईं, जिसका उपचार सरकारी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद आरोपी दिलीश, प्रवीणा की 9 साल की छोटी बेटी को लेकर फरार हो गया था, जिसके चलते इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने बताया कि खराब मौसम और पहाड़ी इलाके के बावजूद ड्रोन की मदद से तलाशी की गई। आखिरकार सोमवार को आरोपी और बच्ची पास के जंगल में मिल गए। बच्ची सुरक्षित है और उसे किसी तरह की चोट नहीं लगी है। तलाशी के दौरान पुलिस को एक मोबाइल फोन और आरोपी की चादर भी मिली है। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच जारी है।

गौरव गोगोई बने असम कांग्रेस प्रमुख
कांग्रेस ने सांसद गौरव गोगोई को असम कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया है। यह जानकारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी है। 

आंध्र प्रदेश में कार-ट्रक की भीषण टक्कर, 4 की मौत, 1 गंभीर घायल
आंध्र प्रदेश के राजामुंद्री के पास पूर्वी गोदावरी जिले में सोमवार सुबह एक कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि सुबह करीब 9:45 बजे पांच लोग राजामुंद्री के दीवान चेरुवु इलाके से कोव्वुर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया, तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। बाकी एक व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

गोवा: एमबीबीएस छात्राओं का वीडियो बनाने का मामला, केस दर्ज
गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की एमबीबीएस छात्राओं का वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। अगासैम पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि नहाने का वीडियो बनाने पर एमबीबीएस छात्र पर मामला दर्ज किया गया है। खबर के मुताबिक जिस पर मामला दर्ज किया गया है, वह अंतिम वर्ष का छात्र है। डेंटल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में कथित रूप से घुसने और नहाते समय छात्राओं का वीडियो बनाने का मामला दर्ज किया गया है। दोनों कॉलेज पणजी के पास बम्बोलिम गांव में एक दूसरे के बगल में हैं।


केरल में डूबे जहाज के कंटेनर तट पर मिले
केरल के कोल्लम तट के पास एक लाइबेरियन जहाज डूब गया था। अब उसके कंटेनर समुद्र से तट पर आ रहे हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। 

पुलिस ने कहा कि अब तक चार कंटेनर तट पर मिले हैं। जहाज में कैल्शियम कार्बाइड जैसे खतरनाक सामान भी था, जो पानी से मिलने पर आग पकड़ने वाली गैस छोड़ता है। डूबने से तेल भी रिस रहा है, जो तट को नुकसान पहुंचा सकता है। तटरक्षक बल इस तेल फैलाव को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों से कहा गया है कि वे कंटेनरों के पास न जाएं क्योंकि ये खतरनाक हो सकते हैं।

प्रोटोकॉल तोड़कर गुजरात के राज्यपाल ने बस से 100 किलोमीटर की यात्रा की
गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्रोटोकॉल तोड़कर सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल किया। गांधीनगर से आणंद तक राज्य परिवहन की बस से यात्रा करने वाले राज्यपाल ने बताया कि उनकी यात्रा का मकसद ये अनुभव लेना था कि आम लोग किस प्रकार यात्रा करते हैं। बकौल राज्यपाल, मैंने अपनी तीन घंटे की यात्रा के दौरान साथी यात्रियों से बातचीत की और पाया कि लोग सार्वजनिक परिवहन से काफी हद तक संतुष्ट थे। राज्यपाल रविवार सुबह गांधीनगर बस डिपो से जीएसआरटीसी की बस में सवार हुए और आनंद कृषि विश्वविद्यालय तक लगभग 100 किलोमीटर का सफर किया।

लक्षद्वीप के अगत्ती द्वीप से बीमार बच्चे को किया एयरलिफ्ट
भारतीय नौसेना ने रविवार को लक्षद्वीप के अगत्ती द्वीप से गंभीर रूप से बीमार 7 वर्षीय बच्चे को त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए एक सफल एयरलिफ्ट ऑपरेशन किया। लक्षद्वीप प्रशासन की तत्काल मांग पर, नौसेना ने खराब मौसम की स्थिति के बावजूद कोच्चि स्थित आईएनएस गरुड़ से दोपहर 3 बजे एक नौसैनिक डोर्नियर विमान भेजा। बच्चे को उसके माता-पिता के साथ सुरक्षित रूप से शाम 6 बजे कोच्चि लाया गया। भारतीय नौसेना ने एक बयान में कहा कि यह ऑपरेशन उनकी कभी भी, कहीं भी आपात स्थिति में सहायता प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस बीच, भारतीय तटरक्षक बल (इंडियन कोस्ट गार्ड) ने अरब सागर में पलटे एक लाइबेरिया-ध्वज वाले कंटेनर जहाज के चालक दल को बचाने का अभियान जारी रखा। यह जहाज केरल के विजहिनजम बंदरगाह से रवाना होने के एक दिन बाद गंभीर रूप से झुक गया था।  जहाज पर सवार 24 कर्मियों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है।

बंगाल : बीएसएफ ने महिलाओं के लिए शुरू किया अगरबत्ती उद्यम
पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती गांवों की महिलाओं के लिए बीएसएफ ने अगरबत्ती बनाने का उद्यम शुरू किया है। इससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिलेगा और उन्हें सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। 'सीमा पर सुगंध' नामक इस परियोजना का 22 मई को हुडापाड़ा गांव में उद्घाटन किया गया। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पहले दिन 400 से अधिक पैकेट बेचे गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और क्षेत्र में तैनात बल के जवानों ने खरीदा। प्रत्येक पैकेट की कीमत 25 रुपये है। इसमें 40 अगरबत्ती हैं।

आंध्र प्रदेश को एयरोस्पेस व रक्षा उद्योग का हब बनाएं: नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से राज्य को एयरोस्पेस और रक्षा उद्योगों का हब बनाने में सहयोग मांगा है। नायडू ने आंध्र के पांच रक्षा औद्योगिक केंद्रों जग्गैयापेट–डोनाकोंडा (6,000 एकड़), लेपाक्षी–मदकसीरा (10,000 एकड़), विशाखापत्तनम–अनकापल्ली (3,000 एकड़), कुरनूल–ओरवाकल (4,000 एकड़) और तिरुपति को केंद्र से औपचारिक मान्यता देने का अनुरोध भी किया।

कानूनी सहायता योजनाओं का होगा ऑडिट, परखेंगे प्रभाव
केंद्र सरकार की अपनी प्रमुख कानूनी सहायता योजनाओं की प्रभावशीलता का आकलन करने के लिए स्वतंत्र ऑडिट कराने की योजना है। ये योजनाएं 2026 में समाप्त हो जाएंगी। ऑडिट से 2026 के बाद कार्यक्रमों की मापनीयता और स्थिरता का भी निर्धारण होगा। दिशा (भारत में न्याय तक समग्र पहुंच के लिए अभिनव समाधान तैयार करना) योजना केंद्रीय विधि मंत्रालय के न्याय विभाग की एक केंद्रीय क्षेत्र योजना है। 

News Updates 26th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
ऑपरेशन ओलिविया - फोटो : अमर उजाला प्रिंट

ऑपरेशन ओलिविया के तहत आईसीजी को मिली सफलता
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने एक बार फिर समुद्री संरक्षण के क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। लुप्तप्राय ओलिव रिडले कछुओं की रक्षा के लिए ऑपरेशन ओलिविया के तहत आईसीजी ने अपनी प्रतिबद्धता और सतर्कता से न केवल समुद्री जैव विविधता को संरक्षित किया है, बल्कि सतत मछली पकड़ने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए हैं। भारत का पूर्वी तट, विशेषकर ओडिशा का गहिरमाथा बीच, विश्व के सबसे बड़े ओलिव रिडले कछुआ प्रजनन स्थलों में से एक है। हर साल यहां लगभग आठ लाख से अधिक कछुए अंडे देने आते हैं। इन कछुओं को अवैध मछली पकड़ने, जाल में फंसने और समुद्री आवास के क्षरण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं खतरों से निपटने के लिए आईसीजी हर वर्ष नवंबर से मई तक ‘ऑपरेशन ओलिविया’ चलाता है। इस अभियान के अंतर्गत अब तक 5,387 सतह गश्ती उड़ानें और 1,768 हवाई निगरानी मिशन सफलतापूर्वक संपन्न किए जा चुके हैं। साथ ही, 366 अवैध मछली पकड़ने वाली नौकाओं को हिरासत में लिया गया, जिससे टिकाऊ मछली पकड़ने की प्रक्रिया को बढ़ावा मिला है।

एनसीसी कैडेट्स ने माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) पर्वतारोहण दल 18 मई को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8,848.86 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई करने के बाद 19 मई को एवरेस्ट बेस कैंप में सुरक्षित वापस आ गया। यह ऐतिहासिक उपलब्धि एनसीसी अभियान दल की ओर से माउंट एवरेस्ट पर तीसरी सफल चढ़ाई है। इससे पहले 2013 और 2016 में भी यह उपलब्धि हासिल की जा चुकी है। इस वर्ष के अभियान का एक मुख्य आकर्षण दस सदस्यीय कैडेट दल का शानदार प्रदर्शन था, जिसमें नौसिखिए पर्वतारोही शामिल थे, जिन्हें कठोर प्रशिक्षण दिया गया था और राष्ट्रीय चयन प्रक्रिया के माध्यम से सावधानीपूर्वक चुना गया था। दल में बराबर संख्या में लड़के और लड़कियां कैडेट शामिल थे, जिनकी औसत आयु 19 वर्ष थी। सबसे कम उम्र का कैडेट केवल 16 वर्ष का था। माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ने वाले राजस्थान से कैडेट मोनिका, पश्चिम बंगाल में कैटेट प्रतिमा राय, मेघालय में कैडेट रिफाइनेस वारजरी, हिमाचल प्रदेश से कैडेट कृतिका शर्मा सहित कई राज्यों के कैटेड शामिल है।

फिरौती मांगने के आरोप में हिरासत में लिए गए तीन उग्रवादी
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है, जो प्रतिबंधित समूहों से ताल्लुक रखते हैं। उन पर फिरौती मांगने की गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने सोमवार को बताया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शनिवार को बिष्णुपुर जिले के मोइरांग सेनद्रा रोड से प्रतिबंधित ‘यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पाम्बेई)’ का एक सदस्य गिरफ्तार किया गया। इस उग्रवादी पर स्थानीय व्यापारियों और कई सरकारी संस्थानों से पैसे मांगने का आरोप है, जो बिष्णुपुर जिले और इंफाल में सक्रिय था। अधिकारी ने बताया कि यूएनएलएफ (पाम्बेई) ने नवंबर 2023 में केंद्र के साथ शांति समझौता किया था, लेकिन इसके सदस्यों को फिरौती और अन्य अपराधों में गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने कहा कि रविवार को इंफाल पश्चिम जिले के पटसौई पार्ट-1 गांव से प्रतिबंधित ‘कांगलेइपक कम्युनिस्ट पार्टी’ का एक सक्रिय सदस्य भी गिरफ्तार किया गया, जिस पर फिरौती लेने का आरोप है। इंफाल पूर्व जिले के याइंगपोकपी से शनिवार को प्रतिबंधित ‘केसीपी (तैबांगंगनबा)’ का एक सदस्य गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, वह छात्रों के अभिभावकों से पैसे लेता था और उन्हें घाटी क्षेत्र के स्कूल और कॉलेजों में पिछला दरवाजा (बिना परीक्षा) से दाखिला दिलाने का वादा करता था।

राज्य पुलिस ने बताया कि फिरौती मांगने वालों को पकड़ने के लिए गुप्त सूचना के आधार पर व्यापक छापेमारी और तलाशी अभियान जारी हैं।

स्वास्थ्य कारणों के चलते अब रूस नहीं जाएंगे एनएसए अजीत डोभाल
एनएसए अजीत डोभाल 27-29 मई 2025 को मॉस्को रूस में आयोजित होने वाली सुरक्षा मुद्दों के लिए उच्च प्रतिनिधियों की 13वीं अंतरराष्ट्रीय बैठक में भाग लेने नहीं जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि मौसमी फ्लू के कारण अस्वस्थता के कारण वह बैठक में नहीं जा सकेंगे। वह जल्द ही रणनीतिक और सुरक्षा मामलों पर रूस के साथ द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं। 

केरल तट पर जहाज पलटने के मामले की केंद्रीय मंत्री ने की समीक्षा
केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि कोच्चि के पास केरल तट पर एमएससी ईएलएसए III जहाज के पलटने से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए मंत्रालय द्वारा किए जा रहे तत्काल उपायों का आकलन करने के लिए डीजी शिपिंग, सचिव (शिपिंग) और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। हम 13 आईएमडीजी कंटेनरों में ले जाए जा रहे समुद्री ईंधन और अन्य खतरनाक सामग्रियों को पूरी तरह से निकालने का काम कर रहे हैं। भारतीय तटरक्षक बल की सहायता से सभी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। तीन प्रमुख जहाजों - आईसीजी समर्थ, आईसीजी सक्षम और आईसीजी विक्रम को प्रभावित क्षेत्र में तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, प्रदूषण प्रतिक्रिया पोत सागर प्रहरी मुंबई से घटनास्थल के लिए रवाना हो गया है। किसी भी तेल रिसाव की निगरानी के लिए एमएसएस 6000 प्रणाली से लैस डोर्नियर विमान का उपयोग करके नियमित हवाई निगरानी की जा रही है। 

प्रधानमंत्री की यात्रा के मद्देनजर 29 मई को सिक्किम छोड़ने वाले पर्यटकों को सुबह 6 बजे तक निकलना होगा
सिक्किम सरकार ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के मद्देनजर 29 मई को राज्य छोड़ने वाले पर्यटकों से सुबह छह बजे तक वापस चले जाने को कहा है। प्रधानमंत्री मोदी सिक्किम के राज्य बनने की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह में भाग लेंगे। पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा जारी परामर्श में कहा गया है, प्रधानमंत्री 29 मई 2025 को राज्य में होंगे। इसके मद्देनजर वाहनों की सुचारू आवाजाही और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 29.05.2025 को गंगटोक से प्रस्थान करने वाले सभी आगंतुकों/पर्यटकों से अनुरोध है कि वे प्रातः 6 बजे तक प्रस्थान कर जाएं। 

अवैध खनन में वाईएसआरसीपी नेता गोवर्धन रेड्डी गिरफ्तार
वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता काकानी गोवर्धन रेड्डी को सोमवार को अवैध क्वार्ट्ज खनन और अन्य आरोपों में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि रेड्डी को रविवार की रात बंगलूरू के बाहरी इलाके से हिरासत में लेकर नेल्लोर लाया गया। वेंकटगिरि कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन पर अवैध खनन, बिना अनुमति के विस्फोटकों का उपयोग और स्थानीय आदिवासियों को गाली देने के आरोप हैं। पूर्व कृषि मंत्री रेड्डी पर नेल्लोर जिले के पोडालाकुरु मंडल में अवैध खनन में शामिल होने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, रेड्डी ने खनन के दौरान अवैध रूप से विस्फोटकों का इस्तेमाल किया और आदिवासियों को जातिसूचक गालियां दीं, जब उन्होंने उनका विरोध किया। उन पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं, वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मेरुगु नागार्जुन ने रेड्डी की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए इसे तदपा की गठबंधन सरकार की राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया।

असम में दो और पाकिस्तान प्रेमी पकड़े गए, अब तक 78 गिरफ्तार
असम में पाकिस्तान का समर्थन करने के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसी के साथ, पिछले महीने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद से अब तक 78 पाकिस्तानी प्रेमियों को पकड़ा जा चुका है। प्रदेश के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि सोशल मीडिया में दुश्मन देश के प्रति सहानूभूति जताने के आरोप में गोलपारा से हमीदुल इस्लाम और माजुली से रूपम सैकिया को गिरफ्तार किया गया। अब तक 78 देश विरोधियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।

भारत और मालदीव ने रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर की चर्चा
भारत और मालदीव ने सोमवार को व्यापार और रणनीतिक सहयोग को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की। मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला खलील ने भारत के आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का समर्थन किया। खलील एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ तीन दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे हैं। इसका उद्देश्य पिछले साल अक्तूबर में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू की नई दिल्ली यात्रा के दौरान सहमति वाले व्यापक आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी के कार्यान्वयन की समीक्षा करना है।

खलील ने हाई लेवल कोर ग्रुप (एचएलसीजी) की बैठक में मालदीव के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया, जिसे भारत-मालदीव व्यापक आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी के विजन दस्तावेज के कार्यान्वयन की प्रगति की निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। बैठक में राजनीतिक आदान-प्रदान, रक्षा और सुरक्षा सहयोग, विकास साझेदारी, व्यापार, अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य और लोगों के बीच संपर्क को गहरा करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि खलील ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और भारत के लोगों व सरकार के साथ मालदीव की एकजुटता जाहिर की
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed