Updates: अहमदाबाद एयरपोर्ट पर तीन किलो सोना पकड़ा; आंध्र प्रदेश में जुआ खेलते 30 लोग गिरफ्तार
बुधवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि बैंकॉक से आने वाले एक भारतीय नागरिक को विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर रोका गया और बाद में सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत गिरफ्तार किया गया। डीआरआई ने सोने की तस्करी का मुकाबला करने में अपना मजबूत प्रदर्शन जारी रखा है, अहमदाबाद और सूरत अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों पर 2024 में कुल जब्ती 93 किलोग्राम से अधिक है।
जुआ खेलते पकड़े 30 लोग, नकदी जब्त
आंध्र प्रदेश के एलुरु में पुलिस ने जुआ खेलते हुए 30 लोगों को पकड़ा। पुलिस ने तंगेलामुडी में छप्पर वाले शेड में छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने 8.10 लाख रुपये, 25 मोबाइल फोन और एक बाइक जब्त की। पुलिस गिरफ्तार लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। हालांकि जुआ खिलाने वाला पिल्ला वेंकटेश उर्फ गुटकालू और एक अन्य आरोपी भागने में सफल रहे।
ओडिशा सरकार ने 2015 में शहरी सहकारी बैंक के बंद होने से प्रभावित जमाकर्ताओं को उनके पैसे लौटाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को यह घोषणा करते हुए कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य सहकारी बैंकिंग प्रणाली में लोगों का विश्वास फिर से बहाल करना है। इसके तहत उन लोगों को पैसे लौटाए जाएंगे, जिन्होंने 2015 में शहरी सहकारी बैंक, भुवनेश्वर के बंद होने के बाद अपनी बचत खो दी थी।
बता दें कि 2015 में, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शहरी सहकारी बैंक का लाइसेंस रद्द कर दिया था, क्योंकि राज्य सरकार इसे किसी अन्य सहकारी बैंक के साथ विलय करने में विफल रही थी। इसके कारण कुल 13,797 जमाकर्ताओं को लगभग 30 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। इसके अलावा, 1,760 ग्राहकों से 17.82 करोड़ रुपये का ऋण भी वसूल नहीं किया जा सका।
सीएम माझी ने दी जानकारी
माझी ने यह भी बताया कि बुधवार को 1,542 नई बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (एमपीएसी) की शुरुआत की गई। अब इन समितियों की कुल संख्या बढ़कर 4,253 हो गई है। साथ ही, उन्होंने बताया कि सरकार सहकारी क्षेत्र में 54 नए कार्यक्रम शुरू करेगी। इनमें प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों को मजबूत करने के लिए कम्प्यूटरीकरण, उर्वरकों और बीजों की आपूर्ति, जन औषधि केन्द्रों, सामान्य सेवा केन्द्रों और कृषि सेवा केन्द्रों की स्थापना जैसे कदम शामिल हैं।
देश में 36 साल बाद फिर बिकने लगी रुश्दी की द सैटेनिक वर्सेज
ब्रिटिश-भारतीय उपन्यासकार सलमान रुश्दी की विवादास्पद पुस्तक 'द सैटेनिक वर्सेज' राजीव गांधी सरकार की ओर से प्रतिबंधित किए जाने के 36 साल बाद भारत लौट आई है। पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय राजधानी के बहरीसंस बुकसेलर्स में इस पुस्तक का सीमित स्टॉक बिक रहा है। इस पुस्तक के लेखक और इसकी विषय-वस्तु के खिलाफ दुनियाभर के मुस्लिम संगठनों के इसे ईशनिंदा वाली किताब माने जाने के कारण क काफी हंगामा हुआ था।
बहरीसंस बुक्सेलर्स की मालिक रजनी मल्होत्रा ने कहा, हमें किताब मिले कुछ दिन हो गए हैं और अब तक रिसपॉन्स बहुत अच्छा रहा। बिक्री भी अच्छी रही है। दिल्ली एनसीआर में यह किताब सिर्फ बहरीसंस बुकसेलर्स पर उपलब्ध है और इसकी कीमत 1999 रुपये है। दिल्ली हाईकोर्ट ने नवंबर में उपन्यास के आयात पर राजीव गांधी सरकार के प्रतिबंध को चुनौती देने वाली याचिका पर कार्यवाही बंद कर दी थी।
हमले की साजिश नाकाम, असम में दो बांग्लादेशी आतंकी गिरफ्तार बड़ी संख्या में असलहा-बारूद बरामद
असम में सुरक्षाबलों ने हमले की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए दो बांग्लादेशी आतंकियों को गिरफ्तार किया है। अनसारुल्ला बांग्ला टीम (एबीटी) के दोनों आतंकियों के पास से बड़ी संख्या में असलहा- बारूद बरामद हुए हैं।
असम के विशेष पुलिस महानिर्देशक हरमीत सिंह ने बताया कि मंगलवार रात स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आतंकियों को कोकराझार जिले से दबोचा गया। इनसे बड़ी संख्या में असलहा-बारूद बरामद हुए, जो देश में किसी बड़े हमले की साजिश को अंजाम देना चाहते थे। एबीटी बांग्लादेश आधारित एक आतंकी संगठन है, जो अल-कायदा से जुड़ा है। पकड़े गए दोनों आतंकी स्लीपर सेल के सदस्य हैं। पुलिस ने इनकी पहचान उजागर नहीं की है। हरमीत सिंह ने बताया कि असम में आतंकियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऑपरेशन प्रघात के तहत 17-18 दिसंबर की रात एक बांग्लादेशी समेत 8 आतंकियों को गिरफ्तार किया था।
कनाडाई कॉलेजों व भारतीय संस्थाओं के मानव तस्करी मामले में जांच करेगा ईडी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कनाडा की सीमा से भारतीयों की तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कुछ कनाडाई कॉलेजों और कुछ भारतीय संस्थाओं की संलिप्तता की जांच कर रहा है। यह जांच गुजरात के डिंगुचा गांव के रहने वाले चार सदस्यीय भारतीय परिवार की मौत से जुड़ी है। चारों की 19 जनवरी, 2022 को अवैध रूप से कनाडा-अमेरिका सीमा पार करने की कोशिश करते समय अत्यधिक ठंड से मौत हो गई थी। ईडी ने मामले में मुख्य आरोपी भावेश अशोकभाई पटेल व अन्य के खिलाफ अहमदाबाद पुलिस की एफआईआर का संज्ञान लिया और मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू की है। एफआईआर के मुताबिक, पटेल और अन्य पर अवैध माध्यमों से भारतीयों को कनाडा के रास्ते अमेरिका भेजने के लिए एक सुनियोजित साजिश रचने का आरोप है।
विहिप जल्द शुरू करेगा सरकारों मंदिर छोड़ो अभियान, कहा-इसकी जिम्मेदारी विद्वानों की
देशभर में मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराने के लिए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) जल्द ही देशव्यापी ‘सरकारों मंदिर छोड़ो’ अभियान चलाएगा। विहिप प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि सरकारों का काम मंदिर चलाना नहीं है। धार्मिक रीति रिवाज का पालन कराने की जिम्मेदारी सनातन धर्म के विद्वानों को दी जानी चाहिए। बंसल ने कहा कि मंदिरों पर सरकारी नियंत्रण के कारण कई तरह की समस्या हो रही है। कहीं प्रसाद में मिलावट तो कहीं मंदिर की आय में लूट की शिकायतें आम हैं। आपत्तिजनक यह है कि कई मंदिरों की आय का इस्तेमाल जिहादियों के लिए किया जा रहा है।
बंगलूरू : भाजपा विधायक मुनिरत्न पर अंडा फेंकने के आरोप में तीन गिरफ्तार
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर बुधवार को एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक मुनिरत्न पर अंडा फेंकने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने बताया कि विधायक शहर के नंदिनी लेआउट में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर अंडा फेंका। विधायक ने उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, उनके भाई व पूर्व सांसद डीके सुरेश पर हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया।
मुनिरत्न ने कहा, यह मेरी हत्या की कोशिश थी। मुझे मारने के लिए करीब 150 लोगों को बुलाया गया था। अगर मेरे समर्थक और पुलिसकर्मी मौजूद नहीं होते तो मेरी हत्या कर दी जाती। वहीं, बेलगावी में मौजूद शिवकुमार ने आरोप को खारिज करते हुए कहा कि वह 1924 के भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अधिवेशन के शताब्दी समारोह की तैयारी में व्यस्त थे। सुरेश ने भी आरोप को खारिज करते हुए दावा किया कि मुनिरत्न कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धमका रहे थे।
राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव नतीजों पर उठाए सवाल
कर्नाटक के बेलगावी में सीडब्ल्यूसी की में पार्टी के नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणाम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाया हैं। उन्होंने कहा, वोटर लिस्ट में बड़ा बदलाव किया गया है। लोकसभा चुनाव 2024 के बाद महाराष्ट्र की 118 सीटों पर 72 लाख मतदाता जुड़े, जिनमें से बीजेपी ने 102 सीटें जीतीं। इससे साफ होता है कि कहीं न कहीं कुछ तो गड़बड़ है।
तेलंगाना पुलिस ने 400 से अधिक कछुओं की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 281 स्टार कछुए और 160 लाल कान वाले स्लाइडर कछुए बरामद किए गए हैं। पुलिस और वन विभाग के संयुक्त अभियान में 24 दिसंबर को दो एक्वेरियम की दुकानों पर छापेमारी की गई और एक गुप्त गोदाम में कछुए बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में एक्वेरियम स्टोर चलाने वाले आरोपी ने खुलासा किया कि आंध्र प्रदेश के एक व्यक्ति (जो इस मामले में फरार है) ने अवैध लाभ के लिए आंध्र प्रदेश से हैदराबाद तक कछुओं की तस्करी करने की योजना बनाई थी।
ओडिशा के कटक एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आ रही है। जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने बताया कि कटक में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी और फिर जब वह अपना गला काटने की कोशिश कर रहा था, तो उसके पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया।
बता दें कि आरोपी व्यक्ति एक स्थानीय निवासी था, जबकि बिष्णुप्रिया ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा के साइबर सेल में तैनात एक कांस्टेबल थीं। दोनों दंपत्ती ने कुछ साल एक दूसरे को डेट करने के बाद 2019 में शादी की थी। उनकी चार साल की एक बेटी भी है।
सहायक पुलिस आयुक्त ने दी जानकारी
मामले में आगे की जानकारी के लिए सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) पीके राउत ने कहा कि दोपहर में दोनों के बीच मामूली बात पर झगड़ा शुरू हो गया और गुस्से में आकर बिस्वजीत ने रसोई के चाकू से बिष्णुप्रिया पर कई बार वार किया। बहुत खून बहने के बाद बिष्णुप्रिया की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि घबराए हुए बिस्वजीत ने फिर उसी चाकू से अपना गला काटने की कोशिश की।
एक अयप्पा मालाधारी की मौत
कर्नाटक के हुबली में 23 दिसंबर को आग लगने की एक घटना में झुलसे आठ अयप्पा मालाधारियों में एक की गुरुवार सुबह मौत हो गई। कर्नाटक मेडिकल कॉलेज और शोध संस्थान हुबली ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सात लोगों का इलाज जारी है।
Karnataka | One of the Ayyappa Maladharis (devotees of Lord Ayyappa) injured in a fire incident in Hubbali on 23rd December, succumbed today early morning. Treatment of the rest of the 7 injured continues: Karnataka Medical College and Research Institute, Hubbali
— ANI (@ANI) December 26, 2024
तेलंगाना के कामारेड्डी जिले की एक झील में एक महिला पुलिस कांस्टेबल और एक सब-इंस्पेक्टर सहित तीन के शव मिले। पुलिस ने बताया कि तीनों व्यक्ति बुधवार दोपहर से लापता थे। उनकी खोज शुरू की गई तो मोबाइल फोन लोकेशन डाटा के आधार पर बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि में सदाशिवनगर मंडल में एक झील में महिला कांस्टेबल और एक कंप्यूटर ऑपरेटर का शव मिला। पुलिस अधीक्षक सिंधु शर्मा ने बताया कि वहीं गुरुवार सुबह भीकनूर पुलिस स्टेशन के एसएचओ का शव झील में मिला। मामले की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।
रांची पुलिस ने बताया कि गुरुवार को दिनदहाड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने रांची में एक पेट्रोल पंप के कर्मचारी से 14 लाख रुपये लूट लिए। यह घटना रातू थाना क्षेत्र के काठीटांड स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शाखा के पास हुई। रातू थाना प्रभारी राम नारायण सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप कर्मचारी बैंक में रकम जमा कराने जा रहा था। उन्होंने बताया, 'बाइक सवार दो बदमाशों ने पैसे से भरा बैग छीन लिया और भाग गए।' राम नारायण सिंह ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।