फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 25th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

News Updates: रूसी उप प्रधानमंत्री पेत्रुशेव ने की PM मोदी से मुलाकात; स्टालिन छात्रों को देंगे 1000 की रुपये

Thu, 25 Sep 2025 10:39 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 25 Sep 2025 10:39 PM IST
विज्ञापन
News Updates 25th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

रूसी उप-प्रधानमंत्री दिमित्री पात्रुशेव ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर कृषि, उर्वरक, खाद्य प्रसंस्करण और आपसी हित के अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। पात्रुशेव दिसंबर में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में भारत की यात्रा पर हैं।

विज्ञापन

विदेश मंत्रालय ने कहा, पात्रुशेव ने पीएम मोदी के साथ कृषि, उर्वरक, खाद्य प्रसंस्करण और आपसी हित के अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विचारों का आदान-प्रदान किया। पीएम ने राष्ट्रपति पुतिन को हार्दिक बधाई दी और कहा कि वह 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत में उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
विज्ञापन


कोलकाता में पूजा पंडाल में लगी आग
कोलकाता के दक्षिणी हिस्से में प्रसिद्ध चेतला अग्रणी पूजा पंडाल में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। हालांकि, समय पर उठाए गए कदमों की वजह से किसी बड़ी क्षति से बचाव हो गया। अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग की सूचना मिलते ही दो दमकल इंजन भेजे गए, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही पूजा समिति के सदस्यों ने आग पर काबू पा लिया। जानकारी के मुताबिक, पंडाल के ऊपरी हिस्से में दोपहर करीब 2:30 बजे आग लगी थी। आधे घंटे के भीतर ही इसे पूरी तरह बुझा दिया गया। समिति ने इसे "अभूतपूर्व हादसा" बताते हुए पंडाल को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की और आगंतुकों से असुविधा के लिए खेद जताया। पूजा समिति के बयान में कहा गया कि मंगलवार की भारी बारिश से गीली हुई सजावट में तकनीकी खराबी के चलते विद्युत सर्किट में समस्या आई और आग लग गई। समिति ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पंडाल को फिलहाल बंद रखा गया है, लेकिन जल्द ही श्रद्धालुओं को फिर से प्रवेश दिया जाएगा। इस पूजा का उद्घाटन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 21 सितंबर को किया था। आयोजक और मंत्री फिरहाद हकीम से जुड़ा यह पंडाल कोलकाता के सबसे लोकप्रिय पूजा स्थलों में से एक माना जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


छात्रों के लिए एक हजार रुपये सहायता योजना
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को स्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए 1,000 रुपये मासिक सहायता योजना शुरू की। छात्राओं के लिए ‘पुधुमाई पेन’ और छात्रों के लिए ‘तमिल पुधलवन’ योजना के तहत इस वर्ष 2,65,318 नए छात्रों को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में द्रमुक सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में अपनी उपलब्धियां गिनाईं। स्टालिन ने कहा कि यह पहल छात्रों की पढ़ाई और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करेगी।

एमपी में कांग्रेस नेता भास्कर मिश्रा गिरफ्तार, भाजपा विधायक पर जातिसूचक टिप्पणी का आरोप
मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में कांग्रेस नेता और पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव भास्कर मिश्रा को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। उन पर बीजेपी विधायक राजेंद्र मेहराम के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला देवसर से विधायक मेहराम की शिकायत पर दर्ज किया गया था। विधायक मेहराम ने 21 सितंबर को वैढन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मिश्रा ने सार्वजनिक तौर पर ऐसी टिप्पणियां कीं जो सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकती हैं।

जांच के बाद मिश्रा के खिलाफ एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। सिटी एसपी पन्नू सिंह परास्ते ने बताया कि मिश्रा के खिलाफ पहले से ही 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो 12 सितंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन भी हुए। बीजेपी नेताओं ने पुलिस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि किसी को भी जातिसूचक भाषा का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है। वहीं कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एक राजनीतिक टिप्पणी को जानबूझकर जाति से जोड़कर उनके नेता पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।

भारत-म्यांमार के बीच नेपीटॉ में हुई दूसरी वार्षिक रक्षा वार्ता
भारत और म्यांमार ने गुरुवार को नेपीटॉ में दूसरी वार्षिक रक्षा वार्ता आयोजित की। इस बैठक की अध्यक्षता भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और म्यांमार के चीफ ऑफ आर्म्ड फोर्सेस ट्रेनिंग मेजर जनरल क्याव को ह्तिके ने की। दोनों देशों ने प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, भूकंप राहत और सांस्कृतिक सद्भाव यात्राओं पर चर्चा की। रक्षा मंत्रालय ने बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। अधिकारियों ने बताया कि इस संवाद का उद्देश्य आपसी सहयोग को और मजबूत करना है।

डी राजा फिर बने सीपीआई महासचिव
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) ने गुरुवार को अपने 25वें कांग्रेस अधिवेशन में डी राजा को फिर से महासचिव चुना। पार्टी ने 11 सदस्यीय राष्ट्रीय सचिवालय और 31 सदस्यीय कार्यकारी समिति की भी घोषणा की। अधिवेशन में 800 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सीपीआई ने पाकिस्तान से अटारी-वाघा बॉर्डर के जरिए व्यापार बहाली और जेलों में सजा पूरी कर चुके कैदियों की रिहाई की मांग की। पार्टी ने भाजपा-आरएसएस के खिलाफ वैचारिक संघर्ष तेज करने का भी संकल्प लिया।

दुर्गा पूजा संस्कृति के लिए बनेगा 'दुर्गा आंगन'
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को घोषणा की कि दुर्गा पूजा की कला और संस्कृति को प्रदर्शित करने वाला ‘दुर्गा आंगन’ परिसर अगले दो साल में तैयार होगा। यह परिसर न्यू टाउन के इको पार्क के पास बनेगा। यूनेस्को ने 2021 में दुर्गा पूजा को ‘इंटैन्जिबल कल्चरल हेरिटेज’ का दर्जा दिया था। ममता ने कहा कि यह आंगन जगन्नाथ धाम की तरह विश्वस्तरीय होगा। उन्होंने भाषाई सम्मान पर भी जोर देते हुए कहा कि बंगाली भाषा की गरिमा बनाए रखना जरूरी है।

हिरासत में मौत को लेकर पुलिस अधिकारी पर दो लाख का इनाम घोषित
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मध्य प्रदेश के गुना में म्याना थाने में देवा पारधी की हिरासत में हुई मौत के मामले में भगोड़े पुलिस अधिकारी संजीत सिंह मावई और उत्तम सिंह कुशवाहा के बारे में सूचना देने पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इनाम घटना के समय नगर निरीक्षक पद पर कार्यरत मावई और सहायक उप निरीक्षक कुशवाहा के बारे में विश्वसनीय सूचना देने पर दिया जाएगा। पारधी को चोरी के आरोप में हिरासत में लिया गया था और पुलिस हिरासत में रहस्यमय परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई थी। सीबीआई पहले ही सब इंस्पेक्टर देवराज सिंह परिहार, टाउन इंस्पेक्टर जुबैर खान और मामले से जुड़े एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। हालांकि, दोनों पुलिस अधिकारी आरोपी फरार हैं। सीबीआई प्रवक्ता ने कहा, उनके खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं और दोनों फरार आरोपियों को घोषित अपराधी भी घोषित कर दिया गया है। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने युवक के मौत के मामले में फरार पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार न करने के लिए सीबीआई को फटकार लगाकर अवमानना कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

पायलट संघ ने एअर इंडिया हादसे की जांच को बताया पक्षपाती
भारतीय पायलट संघ (एफआईपी) ने केंद्र से अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे की न्यायिक जांच कराने की मांग की है। एफआईपी ने आरोप लगाया कि विमान हादसे की वर्तमान जांच प्रभावित लगती है और इसे तुरंत रोका जाना चाहिए। एफआईपी की ओर से यह मांग उस समय आई है, जब हादसे में मारे गए पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल के पिता पुष्कराज सभरवाल ने भी केंद्र सरकार से औपचारिक जांच की अपील की थी। एफआईपी ने 22 सितंबर को नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू को पत्र लिखकर कहा, पक्षपाती घरेलू जांच भारत की वैश्विक एविएशन छवि को नुकसान पहुंचाएगी।

एएआईबी की रिपोर्ट पर उठे सवाल
एएआईबी ने 12 जुलाई को जारी अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा था कि विमान के दोनों इंजनों की ईंधन आपूर्ति एक सेकंड के अंतराल में बंद हो गई थी, जिससे उड़ान भरने के तुरंत बाद कॉकपिट में अफरा-तफरी मच गई। कॉकपिट की वॉयस रिकॉर्डिंग में एक पायलट दूसरे से पूछता है कि उसने ईंधन क्यों बंद किया? दूसरे पायलट ने जवाब दिया कि उसने ऐसा नहीं किया। सुप्रीम कोर्ट ने इस रिपोर्ट के चुनिंदा हिस्सों को सार्वजनिक करने को दुर्भाग्यपूर्ण और गैरजिम्मेदाराना बताते हुए कहा था कि इसमें पायलटों की गलती पर जोर देकर मीडिया में एकतरफा माहौल बनाया गया।

तेलंगाना में शादी पर विवाद, माता-पिता पर दुल्हन को अगवा कराने के आरोप
तेलंगाना के नरसामपल्ली गांव की है, जहां एक युवती को उसके माता-पिता और रिश्तेदारों ने जबरन उसके ससुराल से उठा लिया। युवती ने चार महीने पहले प्रेम विवाह किया था, जिसे उसके माता-पिता ने दूल्हे के करियर और पेशे के आधार पर अस्वीकार कर दिया। दोनों एक ही जाति से हैं और रिश्तेदार भी हैं। महिला को घर से खींचकर कार में बैठाया गया। साथ ही पति और ससुराल वालों पर मिर्च पाउडर फेंकने व मारपीट का आरोप लगा है। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया है। युवती ने बताया कि वह पिता के साथ है और अगली सुबह थाने आकर बयान दर्ज कराएगी।

जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव गोखले को दूसरी बार सेवा विस्तार
केंद्र ने जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव राजेश एस गोखले का कार्यकाल जनवरी 2027 तक बढ़ा दिया है। यह उनका दूसरा सेवा विस्तार है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आदेश में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव के रूप में गोखले के कार्यकाल को 1 नवंबर, 2025 से उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख यानी 31 जनवरी, 2027 तक बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। यह इस पद पर उनका दूसरा विस्तार है। गोखले को 26 अक्टूबर, 2021 को दो साल के लिए इस पद पर नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल 25 सितंबर, 2023 को दो साल के लिए बढ़ा दिया गया था।

झारखंड के कोयला खदान में विस्फोट में एक कर्मचारी की मौत, एक घायल
झारखंड के हजारीबाग जिले में एक कोयला खदान में बुधवार शाम को हुए धमाके में कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि महिला घायल हो गई। घायल कर्मचारी राधा देवी को रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के कर्मचारी महेश साव (55) और राधा देवी (56) उरीमारी ओपन-कास्ट खदान में कोयला निकालने के लिए एक छेद में विस्फोटक लगा रहे थे, तभी अचानक धमाका हो गया। धमाके में महेश साव की मौके पर मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ के सदर अस्पताल भेजा गया है।

आंध्र प्रदेश में सरकारी जमीन पर स्थापित अनधिकृत मूर्तियां हटाई जाएंगी
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली सरकार ने आंध्र प्रदेश में सरकारी जमीन पर स्थापित 2,524 अनधिकृत मूर्तियों को हटाने का फैसला लिया है। इनमें से 38 मूर्तियां राष्ट्रीय राजमार्गों, 1,671 राज्य मार्गों और 815 राज्य राजमार्गों पर हैं। इन्हें जल्द हटाया जाएगा। सड़क एवं भवन मंत्री बीसी जनार्दन रेड्डी ने बुधवार को विधान परिषद में नेताओं की मूर्ति स्थापनाओं पर सरकार के नियंत्रण के प्रयासों के सवाल पर यह जानकारी दी। रेड्डी ने कहा, 2013 में एक सरकारी आदेश जारी किया गया था, जिसमें सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक उपयोगिता स्थलों पर मूर्तियां स्थापित करने पर रोक लगाई गई थी। जिला कलेक्टरों को निर्देशों का पालन करते हुए अनधिकृत मूर्तियों को हटाने का निर्देश दिया गया है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को आईआईटी-कानपुर का शीर्ष पुरस्कार
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को शिक्षण संस्थान आईआईटी-कानपुर (उत्तर प्रदेश में) के शीर्ष पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार, कुमार को आईआईटी कानपुर के विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार (डीएए) से सम्मानित किया गया। यह संस्थान के पूर्व छात्रों को उनकी असाधारण योग्यता की उपलब्धियों के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च पुरस्कार है। आईआईटी कानपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल करने वाले कुमार 1988 बैच के केरल कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार में विभिन्न पदों पर सेवाएं दी हैं।

MP में दुर्गा पंडाल के पास करंट लगने से दो बच्चों की मौत, सरकार ने मुआवजे का एलान किया
मध्य प्रदेश के जबलपुर के बरगी हिल्स क्षेत्र में दुर्गा पंडाल के पास करंट लगने से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना बुधवार को तब हुई जब आयोजकों ने बाहरी सजावट के लिए बिना उचित बिजली कनेक्शन के तार लगाए थे। करंट लोहे के पोल में फैल गया, जिससे आयुष झारिया (8) और वेद श्रीवास (10) की जान चली गई। जांच में पाया गया कि पंडाल के लिए सही कनेक्शन लिया गया था, लेकिन सजावट के लिए नहीं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने की बात कही है। सरकार ने पीड़ित परिवारों को 2-2 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की।

कन्नड़ उपन्यासकार और दार्शनिक एसएल भैरप्पा का निधन, RSS ने जताया शोक
आरएसएस महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने प्रसिद्ध कन्नड़ लेखक और दार्शनिक एस एल भैरप्पा के निधन पर शोक व्यक्त किया। 94 वर्षीय भैरप्पा का बुधवार को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में हृदयगति रुकने से निधन हुआ। होसबाले और क्षेत्रीय संघ चालक पी वामन शेनो ने कहा कि भैरप्पा ने अपनी अनूठी लेखन शैली से लोगों के दिलों में स्थायी स्थान बनाया। 'पर्व', 'गृहभंग', 'धर्मश्री', 'भित्ति', 'आवरना' जैसी रचनाओं के माध्यम से उन्होंने कन्नड़ साहित्य और संस्कृति को समृद्ध किया। भैरप्पा ने आरएसएस के कई साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया।

पार्टी विरोधी गतिविधि की आरोपी श्रीमयी मिश्रा पर भड़की बीजद, कहा- निलंबित नेता को झूठ बोलने की आदत
ओडिशा में विपक्षी राजनीतिक पार्टी- बीजू जनता दल (BJD) ने महिला नेता श्रीयमी मिश्रा को कथित तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप में निलंबित किया है। एक दिन बाद पार्टी ने उन्हें 'आदतन झूठ बोलने वाली' करार दिया। बीजेडी महिला जनता दल अध्यक्ष स्नेहांगिनी छुरिया और प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने कहा कि मिश्रा जनता को गलत दावे देकर गुमराह कर रही हैं। उन्होंने मिश्रा पर पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय रहने के बावजूद यह दावा करने का आरोप लगाया कि वह पिछले एक साल से पार्टी में नहीं थीं। मिश्रा ने अपने निलंबन के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि वे आत्मसम्मान कभी समझौता नहीं करेंगी।

इंदौर में 50 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी पर हमला, गोली लगने से हालत गंभीर
मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार को दो अज्ञात हमलावरों ने एक 50 वर्षीय रियल एस्टेट व्यवसायी मनोज उर्फ मनोहर नगर पर गोलीबारी की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार, हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार थे और उन्होंने नगर के हाथों और पेट में गोली मारी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को स्थिर बताया है। एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मनोहर नगर का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। पुलिस इस हमले की जांच कर रही है और दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।

तिरुपति में गरुड़ ध्वजारोहण के साथ 'ब्रह्मोत्सव' शुरू, CM नायडू ने रेशमी वस्त्र अर्पित किए
आंध्र प्रदेश के तिरुमला में नौ दिवसीय वार्षिक 'ब्रह्मोत्सवम' बुधवार शाम को भव्य गरुड़ ध्वजारोहण समारोह के साथ शुरू हुआ। इसे पारंपरिक रूप से 'ध्वजारोहणम्’ कहा जाता है, जिसमें श्री महाविष्णु (वेंकटेश्वर) के प्रिय वाहक गरुड़ाल्वर की छवि वाले पवित्र ध्वज को मंदिर के स्तंभ पर फहराया जाता है। इसका उद्देश्य 14 लोकों और अन्य दिव्य शक्तियों को उत्सव में आमंत्रित करना है। इस अवसर पर पुरोहितों ने वैदिक मंत्रों के साथ ध्वज की महिमा गाई। शुभ ‘मीन लग्न’ में 5:43 से 6:15 बजे तक यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य सरकार की ओर से श्री वेंकटेश्वर स्वामी को रेशमी वस्र अर्पित किए।

90 करोड़ की ड्रग्स के साथ असम में दो तस्कर गिरफ्तार
असम पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में 90 करोड़ रुपये मूल्य की नशीली दवाएं जब्त कीं और दो तस्करों को गिरफ्तार किया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दी। सरमा ने बताया कि कैचर जिले की पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी, जिसके आधार पर एक वाहन को रोका गया। वाहन पड़ोसी राज्य से आ रहा था। तलाशी में पुलिस को तीन लाख ‘याबा’ टैबलेट मिले, जिनकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 90 करोड़ रुपये है। इस ऑपरेशन में वाहन सवार दो तस्करों को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है ताकि सप्लाई चेन और नेटवर्क का पता लगाया जा सके। मुख्यमंत्री ने पुलिस दल को इस सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि राज्य में नशे के खिलाफ लड़ाई और तेज की जाएगी। बेहद खरतरनाक है याबा टैबलेट
‘याबा’ टैबलेट जिसे ‘क्रेजी मेडिसिन’ भी कहा जाता है, म्यांमार और थाईलैंड सहित कई एशियाई देशों में प्रचलित है। इसमें मेथाम्फेटामाइन (एक शक्तिशाली और नशे की लत पैदा करने वाला उत्तेजक) और कैफीन का मिश्रण होता है। यह ड्रग युवाओं के लिए बेहद खतरनाक और जानलेवा माना जाता है।

शाह आज कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल  का करेंगे शुभारंभ
गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता में तीन दुर्गा पूजा पंडालों का उद्घाटन करेंगे। शाह मुंबई से कोलकाता आएंगे। शाह सबसे पहले सुबह दक्षिण कोलकाता के 56 लेक एवेन्यू स्थित सेवक संघ के पंडाल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह संतोष मित्र स्क्वॉयर पंडाल का शुभारंभ करेंगे। यहां से ईजेडसीसी जाएंगे, जहां बंगाल सांस्कृतिक मंच के कार्यक्रम में शामिल होंगे। 

कल मिग 21 की आखिरी उड़ान, कॉकपिट में बैठेंगे वायुसेना प्रमुख
छह दशक तक देश की हवाई सीमा की सुरक्षा करने वाला मिग 21 लड़ाकू विमान शुक्रवार को आसमान को अलविदा कह देगा। 26 सितंबर को चंडीगढ़ में इसकी विदाई को वायुसेना बेहद खास बनाने में लगी है। विदाई समारोह की तैयारी के लिए बुधवार को चंडीगढ़ में फुल ड्रेस रिहर्सल हुआ, जिसमें मिग 21 के साथ जगुआर और सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम ने भी आसमान में फ्लाईपास्ट किया। आकाशगंगा स्काई डाइवर्स की टीम ने आठ हजार फीट की ऊंचाई से छलांग भी लगाई। मिग 21 की विदाई पर खुद वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह कॉकपिट में बैठेंगे। चंडीगढ़ से तीन तंबुओं में शुरू हुई थी मिग-21 की पहली स्क्वॉड्रन : मिग-21 का चंडीगढ़ से भावनात्मक लगाव रहा है। क्योंकि दुश्मनों की नजर से बचाने के लिए मिग-21 की पहली स्क्वॉड्रन 1963 में चंडीगढ़ से तीन तंबुओं से शुरू हुई थी। इसलिए इसकी विदाई भी चंडीगढ़ से ही की जा रही है। 

कन्नड़ साहित्यकार एसएल भैरप्पा को श्रद्धांजलि, 94 साल की उम्र में हुआ निधन
जाने-माने कन्नड़ लेखक, उपन्यासकार और कवि एसएल भैरप्पा का कल 94 साल की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से साहित्यिक जगत और कर्नाटक में शोक की लहर है।

भाजपा सांसद शोभा करंदलाजे और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। भैरप्पा को कन्नड़ साहित्य में उनके अनोखे लेखन शैली और गहरे विचारों के लिए जाना जाता था। उन्होंने कई पुरस्कार प्राप्त किए थे और उनकी रचनाएं पाठकों के बीच बेहद लोकप्रिय थीं।

ओडिशा के सुंदरगढ़ में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और बस की टक्कर में पांच लोगों की मौत
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। हादसा सुबह करीब 11 बजे नेशनल हाईवे-520 पर के. बालिंग थाना क्षेत्र के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, एक बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

के बालिंग पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर बसुदेव बेहेरा ने बताया कि सड़क मरम्मत के कारण बस गलत रास्ते से जा रही थी, तभी यह हादसा हो गया। बस राउरकेला से कोईड़ा जा रही थी। मौके पर पुलिस, दमकल और आपातकालीन सेवाओं की टीमों ने तुरंत पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed