फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 24th March North East West South India Elections 2026 Politics Crime National News In Hindi

Updates: गुजरात में पेट्रोल-डीजल के स्टॉक पर्याप्त; अमित शाह बोले- पंजाब के सुसाइड मामले में CBI जांच को तैयार

Tue, 24 Mar 2026 07:33 AM IST
Jyoti Bhaskar न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: Jyoti Bhaskar Updated Tue, 24 Mar 2026 07:33 AM IST
विज्ञापन
News Updates 24th March North East West South India Elections 2026 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों के बीच गुजरात सरकार, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन और पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने संयुक्त बयान जारी किया है। उन्होंने राज्य भर में पर्याप्त ईंधन स्टॉक उपलब्ध होने का आश्वासन दिया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव मोना खांधार ने बताया कि सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से घबराने या लंबी कतारें न लगाने की अपील की। राज्य के पास पर्याप्त बफर स्टॉक भी है। खांधार ने कमी की खबरों को केवल अफवाह बताया। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के राज्य नोडल अधिकारी संजीव बेहेरा ने भी सभी डिपो और टर्मिनलों पर पर्याप्त स्टॉक की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि ईंधन आवश्यकतानुसार उपलब्ध रहेगा। पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि तेल कंपनियों ने आपूर्ति के घंटे बढ़ाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया की अफवाहों पर भीड़ न लगाने का आग्रह किया। जानबूझकर पंप बंद रखने वाले डीलरों पर कानूनी कार्रवाई होगी।

विज्ञापन


गृह मंत्री शाह ने सीबीआई जांच का आश्वासन दिया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब के अधिकारी गगनदीप सिंह रंधावा की मौत मामले में सीबीआई जांच के लिए तैयार होने की बात कही है। शाह ने कहा कि पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी जा सकती है। बता दें कि रंधावा ने पूर्व मंत्री ललजीत सिंह भुल्लर पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर ली थी। अमृतसर के कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया था। शाह ने पंजाब के सांसदों से औपचारिक अनुरोध पर तुरंत सीबीआई जांच का आश्वासन दिया। पंजाब पुलिस ने सोमवार को ललजीत सिंह भुल्लर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि भुल्लर पर आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकी देने की धाराएं लगेंगी। पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन यूनियन ने भी न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भुल्लर के इस्तीफे के बाद भ्रष्टाचार पर कोई समझौता न करने की नीति दोहराई। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है। मुख्यमंत्री मान ने शनिवार को भुल्लर का इस्तीफा स्वीकार किया था।

विज्ञापन

भारत-म्यांमार सीमा के पास प्रतिबंधित संगठन के पांच नाबालिग समेत 10 उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के तेंगनौपाल जिले में भारत-म्यांमार अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षा बलों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित संगठन 'पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेइपाक' के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। आधिकारिक बयान के अनुसार, गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों में पांच नाबालिग भी शामिल हैं। इन सभी को मोरेह पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत आने वाले सीमा स्तंभ संख्या 77 और 82 के बीच के क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पकड़े गए पांचों किशोरों के साथ 'किशोर न्याय अधिनियम' के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

मणिपुर में मई 2023 से मैतेई और कुकी-जो समुदायों के बीच जारी जातीय हिंसा के बाद से सुरक्षा बल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। इस संघर्ष में अब तक 260 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग बेघर हुए हैं। इसी बीच, चुराचांदपुर जिले में तनाव की एक और घटना सामने आई। रविवार रात एक उग्र भीड़ ने कुकी जो काउंसिल के अध्यक्ष एच. थांगलेट के आवास में घुसने का प्रयास किया। यह विरोध प्रदर्शन अध्यक्ष के घर में उग्रवादियों की कथित मौजूदगी की खबरों के बाद शुरू हुआ था। प्रदर्शनकारियों ने उनके आवास पर पथराव भी किया। स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और हवाई फायरिंग करनी पड़ी। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
विज्ञापन

सीडीएस अनिल चौहान  ब्रिटिश वायुसेना प्रमुख के बीच उच्चस्तरीय वार्ता
तीनों सेनाओं के प्रमुख (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने मंगलवार को ब्रिटेन के रॉयल एयर फोर्स के प्रमुख एयर चीफ मार्शल सर हार्व स्मिथ के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच बढ़ती रक्षा साझेदारी और सैन्य खुफिया सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा हुई। सीडीएस ने 17वीं सैन्य उप-समूह बैठक के सफल आयोजन की सराहना की और भविष्य के एकीकृत रक्षा जुड़ाव पर भरोसा जताया। तीन दिवसीय भारत यात्रा पर आए सर हार्व स्मिथ ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह से भी मुलाकात की। दोनों प्रमुख अब ग्वालियर वायुसेना स्टेशन का दौरा करेंगे।

थल से अंतरिक्ष तक : पांच क्षेत्रों में प्रहार की बनेगी एक रणनीति
तेजी से बदलती युद्धकला पर व्यापक विमर्श के लिए एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय आगामी 9 व 10 अप्रैल को बंगलूरू में रण संवाद 2026 का आयोजन करेगा। रक्षा बलों के लिए हाल ही में जारी विजन-2047 के तहत डेटा फोर्स, ड्रोन फोर्स, कॉग्निटिव वॉरफेयर एक्शन फोर्स और एक रक्षा भू-स्थानिक एजेंसी के गठन की घोषणा की गई है। रण संवाद इन्हीं क्रांतिकारी सामरिक बदलावों को जमीन पर उतारने के लिए शीर्ष सैन्य विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करेगा। रण संवाद का मुख्य विषय ‘मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस ः पारंपरिक व अनियमित खतरों से निपटने के लिए एक अनिवार्यता’ रखा गया है। विजन 2047 में भी मल्टी-डोमेन ऑपरेशन पर खासा जोर दिया गया है। इस दौरान युद्ध की आधुनिकतम प्रणालियों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। संवाद के दौरान थल, जल, नभ के साथ-साथ साइबर और अंतरिक्ष जैसे पांच क्षेत्रों में एक साथ समन्वित प्रहार की रणनीति तैयार की जाएगी। पिछले साल रण संवाद का आयोजन थल सेना की मेजबानी में महू में हुआ था। जबकि इस बार यह एयरफोर्स टेक्निकल कॉलेज, बंगलूरू में होने जा रहा है। बंगलूरू देश का रक्षा और एयरोस्पेस केंद्र है, जो सेनाओं में हो रहे तकनीकी बदलावों पर चर्चा का उपयुक्त शहर है।
विज्ञापन

वजन घटाने की दवाओं पर निगरानी, 49 जगहों पर छापे
वजन घटाने में इस्तेमाल होने वाली जीएलपी-1 आधारित दवाओं की अनधिकृत बिक्री और गलत इस्तेमाल पर केंद्र सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) ने देशभर में इन दवाओं की आपूर्ति शृंखला पर निगरानी तेज करते हुए 49 संस्थानों पर निरीक्षण और छापे मारे है। डीसीजीआई की कार्रवाइयों में ऑनलाइन फार्मेसी गोदाम, थोक विक्रेता, रिटेल मेडिकल स्टोर और वेलनेस/स्लिमिंग क्लीनिक शामिल हैं। जांच का मकसद बिना पर्चे के बिक्री, गलत परामर्श और भ्रामक प्रचार जैसे उल्लंघनों पर रोक लगाना है। कई संस्थानों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। इससे पहले 10 मार्च को सभी दवा निर्माताओं को सख्त एडवाइजरी जारी कर सरोगेट विज्ञापन और किसी भी तरह के अप्रत्यक्ष प्रमोशन पर रोक लगाई गई थी, जिससे आम लोगों को गुमराह होने से बचाया जा सके। विशेषज्ञों का कहना है कि जीएलपी-1 दवाएं मूल रूप से मधुमेह के इलाज के लिए विकसित हुई थीं, लेकिन बाद में इनके वजन घटाने में प्रभावी होने का पता चला। हालांकि, बिना चिकित्सकीय निगरानी के इनका इस्तेमाल गंभीर दुष्प्रभाव पैदा कर सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed