फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 24th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी को सिलचर सेंट्रल जेल भेजा गया; मणिपुर से पांच उग्रवादी गिरफ्तार

Mon, 24 Mar 2025 01:37 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 24 Mar 2025 01:37 PM IST
विज्ञापन
News Updates 24th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
गायक सिद्धू मूसेवाला के हत्यारोपी जगदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया को पंजाब से सिलचर सेंट्रल जेल में स्थानांतरित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब पुलिस आरोपी को भटिंडा जेल से एक विशेष विमान से लेकर सिलचर आई। उसे रविवार रात जेल ले जाया गया। असम की जेल में उसका स्थानांतरण खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल करके जेल के अंदर से अन्य लोगों के साथ मादक पदार्थों की तस्करी करा रहा था। उसके ड्रग तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए उसे सिलचर जेल में ट्रांसफर किया गया है। आरोपी को एक विशेष सेल में रखा गया है और जेल के अंदर और आसपास की सुरक्षा को और मजबूत कर दिया गया है।
विज्ञापन


मणिपुर से पांच उग्रवादी पकड़े
मणिपुर पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। इसमें बिष्नुपुर जिले के कुंबी तेराखोंग से प्रतिबंधित प्रीपाक के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान ओइनम अबंग मैतेई, युमलेबम रोमेश सिंह और आरके नेवी मैतेई के तौर पर हुई। तीनों के पास से हथियार बरामद किए गए। एक अन्य सदस्य इंफाल पूर्व के बाजार से गिरफ्तार किया गया। उसका नाम मोहम्मद ताज खान उर्फ रोमेन है। पांचवें उग्रवादी यूएनएलएफ के शागोलशेम प्रबीन सिंह को इंफाल पश्चिम से पकड़ा गया। 
विज्ञापन


राजीव चंद्रशेखर बने केरल भाजपा के अध्यक्ष
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने केरल के भाजपा अध्यक्ष के तौर पर राजीव चंद्रशेखर के नाम की आधिकारिक घोषणा की। उन्हें सर्वसम्मति से चुना गया है।

असम में आठ हजार नशीली गोलियों के साथ दो तस्कर पकड़े
असम में पुलिस ने आठ हजार नशीली याबा गोलियों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट किया कि दक्षिण सलमारा मनकाचर पुलिस ने एक घर में मादक पदार्थ विरोधी अभियान चलाया और दो करोड़ रुपये मूल्य की 8,000 याबा गोलियां जब्त कीं। इन गोलियों को पड़ोसी राज्य से तस्करी कर बांग्लादेश भेजा जाना था। इस सिलसिले में दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


दक्षिण अफ्रीकी ट्रस्ट ने महात्मा गांधी से संबंधित दस्तावेज सौंपे
दक्षिण अफ्रीका के एक ट्रस्ट ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से संबंधित कलाकृतियां और दस्तावेज भारत को सौंप दिए। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका में फीनिक्स सेटलमेंट ट्रस्ट-गांधी डेवलपमेंट ट्रस्ट (पीएसटी-जीडीटी) से महात्मा गांधी से संबंधित कलाकृतियां और दस्तावेज प्राप्त किए। इन्हें अब नई दिल्ली के राष्ट्रीय गांधी संग्रहालय में रखा जाएगा। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी और तस्वीरें भी साझा कीं।

मणिपुर में कट्टरपंथी संगठन के हमले में चार उग्रवादी घायल
मणिपुर के पूर्वी इंफाल जिले में शनिवार को मैतेई समुदाय से जुड़े कट्टरपंथी संगठन अरामबाई तेंगगोल के साथ हिंसक झड़प में प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पांबेई) के चार उग्रवादी घायल हो गए। पुलिस ने घायल उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर अरामबाई तेंगगोल संगठन से जुड़े करीब 20 लोगों ने यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट के एक उग्रवादी के घर में घुसे और हमला कर दिया। घर के भीतर कुछ और उग्रवादी मौजूद थे, जो हमले में घायल हो गए। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। शनिवार रात पुलिस ने अरामबाई तेंगगोल के ठिकाने पर दबिश दी, जहां से कुछ हथियार बरामद हुए हैं। अब तक कोई भी हमलावर गिरफ्तार नहीं हुआ है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ाई दी है।

पीएम मोदी ने गांधीवादी कृष्ण भारती के निधन पर जताया शोक
92 वर्षीय गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा भारती के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक प्रकट किया। स्वतंत्रता सेनानियों- कृष्णा भारती और अंजा लक्ष्मी के घर जन्मीं कृष्णा भारती के पिता कृष्णमूर्ति महात्मा गांधी के सहयोगी थे। आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी में कृष्णा भारती का जन्म जेल में हुआ था। उन्होंने अविवाहित रहने का फैसला किया था। उनके निधन पर पीएम मोदी ने कहा, कृष्णा भारती के निधन से गहरा दुःख हुआ। वे गांधीवादी मूल्यों के प्रति समर्पित थीं और उन्होंने बापू के आदर्शों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने अपने माता-पिता की विरासत को शानदार तरीके से आगे बढ़ाया। मुझे भीमावरम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनसे मुलाकात याद है। बता दें कि पीएम मोदी ने 2022 में जिले के भीमावरम शहर का दौरा करते समय कृष्णा भारती का आशीर्वाद लिया था।

NHSRCL ने बताया- गुजरात में सेगमेंटल लॉन्चिंग गैंट्री में कंक्रीट गर्डर के कारण रेलवे लाइन बाधित
गुजरात में कंक्रीट गर्डर गिरने के कारण रेलवे लाइन बाधित होने की खबर है। अहमदाबाद के पास वटवा में रात करीब 11 बजे वायडक्ट निर्माण के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सेगमेंटल लॉन्चिंग गैंट्री में से एक कंक्रीट गर्डर अपनी जगह से फिसल गया। नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) की प्रवक्ता सुषमा गौर ने कहा, आस-पास की रेलवे लाइन प्रभावित हुई है। एनएचएसआरसीएल के वरिष्ठ अधिकारी पहले से ही पुलिस और अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के साथ मौके पर मौजूद हैं और स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। खड़ी संरचना को कोई नुकसान नहीं हुआ है। 

आंध्र प्रदेश में मां-बेटी की चाकू घोंप कर नृशंस हत्या
आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी में महिला और बेटी की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि बोम्मुरु इलाके में 37 वर्षीय महिला और उसकी 17 वर्षीय बेटी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारी बी विद्या ने बताया कि खून से लथपथ दोनों शव राजमुंदरी ग्रामीण के हुकुमपेट के डी-ब्लॉक में उनके आवास से बरामद किए गए। मृतका मां की पहचान मोहम्मद सलमा के रूप में हुई है। अपराध के सिलसिले में पुलिस पी शिव कुमार की तलाश कर रही है। कुमार इस परिवार के साथ ही रह रहा था। माना जा रहा है कि उसका नाबालिग लड़की के साथ संबंध था। तीनों पिछले चार दिनों से एक साथ थे। हत्याओं में रसोई के चाकू का इस्तेमाल किया गया है। सलमा का भाई रविवार रात एक बजे तक उनके साथ था। जब सलमा का भाई मीट दुकान से काम कर वापस लौटा, तो मां-बेटी को मृत पाया। इसके बाद उसने पुलिस बुलाई।

कर्नाटक में सामने आया हनीट्रैप का मामला, डिप्टी CM ने चुप्पी साधी
कर्नाटक के एक विधायक कथित तौर पर हनीट्रैप रैकेट का शिकार हुए हैं। इस मामले में उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने फिलहाल कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के प्रमुख के तौर पर उन्होंने विधायक राजन्ना से बात कर शिकायत दर्ज कराने को कहा है। गौरतलब है कि गुरुवार को कर्नाटक विधानसभा में सहकारिता मंत्री के.एन. राजन्ना ने दावा किया कि कम से कम 48 विधायकों को हनीट्रैप में फंसाया गया है।  यह नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ है, जिसमें कई केंद्रीय मंत्री भी फंस गए हैं। खबरों के मुताबिक राजन्ना के अलावा सीएम सिद्धरमैया नीत कांग्रेस सरकार में लोक निर्माण मंत्री सतीश जारकीहोली ने भी इस मामले को लेकर चिंता जाहिर की है। दोनों पार्टी हाईकमान को अवगत कराने के लिए दिल्ली जाने की योजना बना रहे हैं। राजन्ना के बेटे राजेंद्र ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से मुलाकात भी की।

केरल के मंत्री ने कहा- मृत्यु दर में कमी से पेंशन देनदारी बढ़ रही
केरल के मत्स्य पालन मंत्री साजी चेरियन ने कहा है कि राज्य की मृत्यु दर में कमी से सरकार की पेंशन देनदारी बढ़ रही है। अलपुझा में राज्य एनजीओ संघ की बैठक में चेरियन ने दावा किया कि केरल में न केवल जन्म दर कम है, बल्कि मृत्यु दर भी काफी कम है। केरल में लाखों लोग पेंशन पा रहे हैं। मेरा मतलब यह नहीं है कि सभी को मर जाना चाहिए। केरल स्वास्थ्य सेवा में नंबर एक है और यह भी एक समस्या है। कई लोग 95 या 100 साल तक जीवित रहते हैं। 

पद्मश्री से सम्मानित वैज्ञानिक कृष्ण लाल चड्ढा का निधन
मशहूर बागवानी वैज्ञानिक और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित कृष्ण लाल चड्ढा (88) का निधन हो गया है। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। चड्ढा को कृषि और बागवानी पर 30 से अधिक किताबें लिखने का गौरव प्राप्त है। उन्हें 2012 में पद्मश्री से नवाजा गया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्व प्रोफेसर चड्ढा का जन्म 1936 में सियालकोट (अब पाकिस्तान में) में हुआ था।

परिसीमन पर द्रमुक की बैठक को अन्नाद्रमुक ने बताया नाटक
तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी अन्नाद्रमुक ने परिसीमन पर बैठक बुलाने को लेकर द्रमुक पर निशाना साधा और इसे सत्तारूढ़ दल की अक्षमताओं को छिपाने के लिए एक नाटक करार दिया। पार्टी प्रवक्ता कोवई सत्यन ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की अध्यक्षता में संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) की बैठक से यह धारणा बनी कि यह महज एक नाटक है। वह सिर्फ सत्ता में टिके रहने के लिए मुद्दा उछाल रहे हैं। कोवई ने कहा, स्टालिन ने जो निमंत्रण पत्र भेजा था, उसमें कहा गया कि वह परिसीमन के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इससे तमिलनाडु के सांसदों की संख्या कम हो जाएगी। दूसरी ओर, तमिलनाडु के अंदर हर गली-मोहल्ले में द्रमुक जोर-शोर से यह कहने की कोशिश कर रही है कि परिसीमन कराना ही गलत है। उन्होंने पूछा... आखिर क्या सही है? स्टालिन परिसीमन नहीं चाहते हैं.... या यदि परिसीमन होता है, तो इसका समाधान क्या है? सत्यन ने कहा, हम अन्नाद्रमुक की ओर से प्रस्ताव करते हैं कि सांसदों के संबंध में तमिलनाडु के पास अभी जो 7.18 फीसदी का अनुपात है, उसमें बदलाव नहीं होना चाहिए। 

प्रवासी बिहारियों को अपनी विरासत से जोड़ेगी भाजपा : केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे  
केंद्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने रविवार को कहा कि भाजपा देश भर में रह रहे प्रवासी बिहारियों से अपनी विरासत से जोड़ने का प्रयास कर रही है। बिहार दिवस समारोह में हिस्सा लेने आए दुबे ने कहा, देश भर में करीब दो करोड़ बिहार के लोग रहते हैं। उन्होंने कहा, देश के 27 राज्यों में 75 स्थानों पर 22 से 30 मार्च तक कार्यक्रम करके भाजपा उन्हें अपनी जड़ों और विरासत से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा, हम चाहते हैं कि देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले प्रवासी बिहारी अपने राज्य बिहार में हुए विकास और प्रगति को खुद देखें और महसूस करें। क्या बिहार में इस वर्ष के अंत में होने वाले चुनाव के मद्देनजर यह कदम उठाया जा रहा है, पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्राथमिक उद्देश्य नहीं है, बल्कि (प्रवासी बिहारियों के साथ) भावनात्मक संबंधों को मजबूत करना है। 

सिक्किम सरकार ने कर्मचारियों का डीए बढ़ाया
सिक्किम सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत राज्य सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में वृद्धि करने का फैसला लिया है। वित्त विभाग ने 21 मार्च को एक आधिकारिक परिपत्र जारी किया, जिसमें यह जानकारी दी गई। जारी परिपत्र के अनुसार, जो राज्य सरकार के कर्मचारी वर्तमान में संशोधित वेतन संरचना के तहत वेतन प्राप्त कर रहे हैं, उनका महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 53 प्रतिशत किया जाएगा। वहीं, पेंशनभोगियों की महंगाई राहत भी मौजूदा 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 53 प्रतिशत की जाएगी। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2024 से लागू होगी।

इसके अलावा, जो कर्मचारी और पेंशनभोगी पूर्व-संशोधित वेतन संरचना के तहत वेतन प्राप्त कर रहे हैं, उनके लिए महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) को मौजूदा 239 प्रतिशत से बढ़ाकर 246 प्रतिशत किया जाएगा। यह बढ़ोतरी भी 1 जुलाई 2024 से प्रभावी होगी।
 

राजीव चंद्रशेखर केरल भाजपा अध्यक्ष चुने गए
राजीव चंद्रशेखर को सर्वसम्मति से केरल भाजपा का अध्यक्ष चुना गया है। इस अवसर उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए एक महत्वपूर्ण सम्मान है और मेरे राज्य की सेवा करने का एक बड़ा मौका है। हमें केरल में बदलाव लाने की जरूरत है। हम यह भी जानते हैं कि केरल के लोगों के जीवन, केरल की अर्थव्यवस्था में सुधार लाने, और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए हमें सरकार में शामिल होना होगा। हमारा लक्ष्य है कि हम राज्य को एक मजबूत विकल्प प्रदान करें, क्योंकि पिछले 70 वर्षों में दो प्रमुख पार्टियों ने इसे प्रभावित किया है। वर्तमान में केरल गिरावट की स्थिति में है और हम चाहते हैं कि केरल एक 'विकसित केरल' बने।"

अजय सेठ को वित्त सचिव के रूप में किया गया नियुक्त
वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव अजय सेठ को अब वित्त सचिव के रूप में नामित किया गया है। यह महत्वपूर्ण बदलाव वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के बीच हुआ है। अजय सेठ पहले आर्थिक मामलों के विभाग में सचिव के रूप में कार्यरत थे, और अब उन्हें वित्त सचिव का पद सौंपा गया है, जो भारतीय सरकार में एक प्रमुख प्रशासनिक पद होता है।

वित्त सचिव का काम देश की वित्तीय नीतियों, बजट, कराधान, और अन्य महत्वपूर्ण आर्थिक मामलों को संभालना होता है। यह नियुक्ति भारतीय सरकार के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह वित्तीय निर्णयों और नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाती है।
 

 

डीएमके हमेशा करेगी मुसलमानों के अधिकारों की रक्षा- एमके स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि उनकी सरकार और उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय करुणानिधि की परंपरा को आगे बढ़ा रही है, जिन्होंने मुसलमानों के सम्मान और अधिकारों के लिए कई योजनाएं बनाई थीं। स्टालिन ने कहा कि करुणानिधि ने मिलाद उन-नबी के मौके पर सरकारी छुट्टी की घोषणा की थी, जो अब तक लागू है। उन्होंने बताया कि डीएमके सरकार भी उसी रास्ते पर चल रही है और तमिलनाडु में मुसलमानों के अधिकारों की रक्षा और सुरक्षा के लिए काम कर रही है। जब संसद में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पेश किया गया था, जो मुसलमानों के खिलाफ माना गया, तो डीएमके ने इसके खिलाफ मतदान किया था, जबकि एआईएडीएमके के सांसदों ने इसका समर्थन किया था। स्टालिन ने यह भी आरोप लगाया कि एआईएडीएमके के नेता एडप्पादी पलानीस्वामी मुसलमानों के कार्यक्रमों में भाग लेकर उनका समर्थन जताते हैं, लेकिन असल में उन्होंने मुसलमानों के अधिकारों के खिलाफ काम किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीएमके हमेशा उन योजनाओं और कानूनों का विरोध करेगी जो मुसलमानों के खिलाफ हैं।

अफ्रीकी देश गैबॉन से लौटाए गए 22 भारतीय, कर्नाटक के हैं सभी निवासी
कर्नाटक के दावणगेरे से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चन्नागिरी तालुक के हक्कीपिक्की आदिवासी समुदाय के 25 से ज़्यादा सदस्यों को नई सरकारी नीतियों के कारण मध्य अफ्रीकी देश गैबॉन में हिरासत में लिया गया। फर्जी निवास प्रमाणपत्रों के आरोप में 22 लोगों पर 55,000-55,000 रुपये का जुर्माना लगा और उन्हें वापस लौटने का आदेश दिया गया। इस संबंध में दावणगेरे के जिला आदिवासी अधिकारी नवीन मथाड ने बताया, हर साल हक्कीपिक्की आदिवासी समुदाय के सदस्य बालों का तेल, आयुर्वेदिक उत्पाद और अन्य सामान बेचने के लिए अफ्रीकी देशों सहित अलग-अलग देशों की यात्रा करते हैं। इस साल कर्नाटक से 22 लोग गैबॉन गए, जहां हाल ही में हुए राजनीतिक बदलाव के कारण उनके लिए चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed