फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 23rd May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: अंडमान का हवाई क्षेत्र 3 घंटे रहा बंद; चुनाव आयोग ने बंगाल BJP प्रमुख की पत्नी के खिलाफ शुरू की जांच

Fri, 23 May 2025 10:20 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 23 May 2025 10:20 PM IST
विज्ञापन
News Updates 23rd May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के ऊपर का हवाई क्षेत्र शुक्रवार को तीन घंटे के लिए बंद रखा गया। एक अधिकारी ने बताया कि त्रि-सेवा कमान की ओर से बड़ी ऊंचाई वाले हथियार परीक्षण के लिए शुक्रवार को सुबह सात बजे से तीन घंटे के लिए अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के ऊपर हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया गया। अंडमान व निकोबार कमांड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "आज की तरह कल भी अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के ऊपर एवं आसपास का हवाई क्षेत्र तीन घंटे (सुबह 7 बजे से 10 बजे तक) के लिए बंद रहेगा। हमने 16 मई को पहले ही एयरमैन को नोटिस (NOTAM) जारी कर दिया है और निर्देश दिया है कि 23 मई और 24 मई को किसी भी नागरिक विमान को अंडमान के ऊपर से उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।"

विज्ञापन


चुनाव आयोग ने बंगाल भाजपा प्रमुख की पत्नी के खिलाफ शिकायत की जांच शुरू की
चुनाव आयोग (ईसी) ने उस शिकायत की जांच शुरू कर दी है जिसमें आरोप लगाया गया है कि भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार की पत्नी के पास दो मतदाता पहचान पत्र हैं। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मंत्री की पत्नी कोयल मजूमदार के पास अलग-अलग ईपीआईसी नंबर वाले दो मतदाता पहचान पत्र हैं - एक बालुरघाट में और दूसरा जलपाईगुड़ी में पंजीकृत है। एक कार्ड उनके पहले नाम कोयल चौधरी के नाम से जारी किया गया था, जबकि दूसरा कार्ड उनकी शादी के बाद कोयल मजूमदार के नाम से जारी किया गया था। अधिकारी ने कहा, "अगर उसने फॉर्म 18 जमा किया होता तो इससे बचा जा सकता था। किसी भी बदलाव के बारे में चुनाव आयोग को सूचित करना कार्डधारक की जिम्मेदारी है। इस मामले में आयोग को सूचित नहीं किया गया।" उन्होंने आगे बताया कि फॉर्म 6 जमा करने के बाद बालुरघाट में नया मतदाता पहचान पत्र जारी कर दिया गया।
विज्ञापन


मणिपुर: चुराचांदपुर जिले की सत्र अदालत एनआईए कोर्ट घोषित
केंद्र सरकार ने मणिपुर के चुराचांदपुर जिले की सत्र अदालत को विशेष एनआईए कोर्ट घोषित किया है। यह कोर्ट मणिपुर में हुई जातीय हिंसा से जुड़े गंभीर मामलों की सुनवाई करेगी, जिन्हें एनआईए जांच कर रही है। मणिपुर में हिंसा मई 2023 में शुरू हुई थी, जब मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की सिफारिश का विरोध हुआ था। हिंसा में अब तक 260 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों बेघर हुए हैं। राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है।

विज्ञापन
विज्ञापन

मंगलुरु में पारिवारिक विवाद में व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि पारिवारिक विवाद के बाद यहां एक रिश्तेदार ने 50 वर्षीय एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी, जबकि उसके दो बेटे घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह घटना बुधवार देर रात मंगलुरु ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र के वलाचिल में घटी। मृतक की पहचान वामनजूर निवासी सुलेमान के रूप में हुई है, जो विवाह दलाल के रूप में काम करता था। हमले में उसके बेटे रियाब और सियाब घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, सुलेमान ने करीब आठ महीने पहले आरोपी मुस्तफा (30) नामक एक रिश्तेदार की शादी कराने में मदद की थी। मुस्तफा और उसकी पत्नी के बीच अनबन के बाद आरोपी और सुलेमान के बीच तनाव बढ़ने की खबर है। 22 मई को रात करीब 9:30 बजे मुस्तफा के फोन पर गाली-गलौज के बाद सुलेमान और उसके बेटे आरोपी के घर गए। बातचीत के बाद जब वे घर से निकल रहे थे, तो मुस्तफा कथित तौर पर अपने घर से निकला और सुलेमान की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। उन्होंने बताया कि इसके बाद उसने अपने बेटों पर हमला कर दिया, जिससे एक की छाती और दूसरे के हाथ पर चोट लग गई।

आंध्र प्रदेश में दो संदिग्ध आतंकी पकड़े गए
आंध्र प्रदेश में विजयनगरम की एक अदालत ने दो संदिग्ध आतंकवादियों को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। संदिग्धों की पहचान सिराज उर रहमान (29) और सैयद समीर (28) के रूप में हुई है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना पुलिस ने संयुक्त अभियान में दोनों को विस्फोटकों के साथ गिरफ्तार किया। विजयनगरम की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या लता ने बताया कि दोनों फिलहाल विशाखापत्तनम सेंट्रल जेल में बंद हैं। उन्होंने कहा, अगर हमें गृह मंत्रालय से आदेश मिलता है तो मामला राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि रहमान को एक गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। तलाशी अभियान के दौरान उसके परिसर से अमोनिया, सल्फर और एल्युमीनियम पाउडर जैसे विस्फोटक बरामद किए गए। बम बनाने के बारे में उसके कबूलनामे के आधार पर दूसरे शख्स समीर को हैदराबाद के बोईगुडा से गिरफ्तार किया गया। एएसपी ने बताया कि दोनों के कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल होने का संदेह है, लेकिन फिलहाल इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) या किसी अन्य आतंकी संगठन से उनका कोई संबंध नहीं पाया गया है।

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बने जस्टिस संजीव सचदेवा
न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। केंद्रीय कानून मंत्रालय से जारी अधिसूचना के मुताबिक मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत 23 मई को सेवानिवृत्त होंगे। इससे पहले जस्टिस सचदेवा को नियुक्त किया गया है। न्यायमूर्ति सचदेवा 24 मई से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का पदभार ग्रहण करेंगे। न्यायमूर्ति सचदेवा का जन्म 1964 में दिल्ली में हुआ। 1988 में दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री लेने के बाद उन्होंने वकालत शुरू की। 17 अप्रैल 2013 को वे दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने। 31 मई, 2024 को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में तबादला हुआ।

चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में वायुसेना कर्मी की मौत
बिहार के खगड़िया जिले में चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में बृहस्पतिवार को 27 वर्षीय वायुसेना कर्मी की मौत हो गई। खगड़िया जीआरपी थाने के एसएचओ धनंजय कुमार के मुताबिक मृतक कुणाल कुमार जिले के खटहा नगर परिषद क्षेत्र का निवासी था। एसएचओ ने कहा, वह बागडोगरा में तैनात थे। पाकिस्तान के साथ सैन्य संघर्ष समाप्त होने के बाद वह छुट्टी बिताने आए थे। सात महीने पहले उनकी शादी हुई थी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि वायुसेना कर्मी घर पहुंचने के लिए गुवाहाटी-जम्मू तवी एक्सप्रेस में सवार हुए और अपने घर के सबसे नजदीकी स्टेशन गौछारी पर ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर उतरने की कोशिश की। हालांकि उसका वहां ठहराव नहीं था। एसएचओ ने कहा कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सीसीटीवी समाधानों पर देशव्यापी हैकथॉन
केंद्र सरकार देश के कानून प्रवर्तन एजेंसियों की जरूरतों के अनुरूप स्वदेशी, सुरक्षित, और कम लागत वाले सीसीटीवी समाधान विकसित करने के लिए देशव्यापी हैकथॉन आयोजित कर रही है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि पुलिस अनुसंधान और विकास ब्यूरो की ओर से आयोजित इस हैकथॉन का उद्देश्य कानून लागू करने वाली एजेंसियों के लिए सीसीटीवी समाधान विकसित करने के लिए नवाचारों, स्टार्ट-अप और शोध संस्थानों को प्रोत्साहित करना है। इसका कर्टेन-रेजर कार्यक्रम 9 मई को आयोजित किया गया था जिसमें चार समस्याओं का ब्योरा दिया गया था। इसमें सुरक्षित और स्वदेशी सीसीटीवी हार्डवेयर, सिस्टम का विकास, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्मार्ट वीडियो एनालिटिक्स का एकीकरण। हैकथॉन का ग्रैंड फिनाले जून के अंतिम सप्ताह में होगा। शीर्ष तीन प्रविष्टियों को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। शीर्ष प्रविष्टि को 5 लाख रुपये, दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वाली प्रविष्टि को क्रमशः 3 लाख रुपये और 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। चुनिंदा प्रविष्टियों को पांच सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

कोलकाता में जन्मे अमेरिकी डॉक्टर को वैश्विक वैक्सीन पुरस्कार
डॉ. आनंद बंद्योपाध्याय, जो कोलकाता में जन्मे और अब अमेरिका में रहते हैं, को वैक्सीन रिसर्च में उल्लेखनीय योगदान के लिए 'IVI–SK बायोसाइंस पार्क महनहून अवॉर्ड' मिला है। उन्होंने भारत में पोलियो उन्मूलन और खसरा निगरानी में अहम भूमिका निभाई है। उन्हें यह पुरस्कार यूनिवर्सिटी ऑफ एंटवर्प के प्रो. पियरे वान डैम के साथ साझा रूप से मिला। पुरस्कार 30 अप्रैल को इंटरनेशनल वैक्सीन इंस्टीट्यूट द्वारा दिया गया। डॉ. आनंद अब गेट्स फाउंडेशन से जुड़े हैं और इसे वैश्विक सहयोग की जीत मानते हैं।

25 मई को कर्नाटक में निलंबित 18 भाजपा विधायकों पर बैठक
कर्नाटक विधानसभा से छह महीने के लिए निलंबित 18 बीजेपी विधायकों के निलंबन पर पुनर्विचार के लिए 25 मई को बैठक होगी। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, विधानसभा अध्यक्ष, विपक्ष के नेता और अन्य लोग इसमें शामिल होंगे। विधायकों को मार्च 21 को सदन में अनुशासनहीनता और स्पीकर के अपमान के चलते बाहर कर दिया गया था। उन्होंने मुस्लिम आरक्षण और कथित हनी ट्रैप मामले को लेकर जोरदार विरोध किया था।

आंध्र प्रदेश के पूर्व क्रिकेटर ने सीएम का OSD बनकर ठगी की, गिरफ्तार
आंध्र के पूर्व रणजी क्रिकेटर बी. नागराजू को तेलंगाना सीएम के ओएसडी (विशेष कार्य अधिकारी) के नाम पर फर्जी ईमेल और कॉल करके पैसे मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उसने सरकारी अफसरों के नाम से फर्जी ईमेल आईडी और मैसेजिंग अकाउंट बना रखे थे। वह व्यापारियों और अमीर लोगों से मदद के नाम पर ठगी करता था। पुलिस के अनुसार उस पर तेलंगाना में 13 और आंध्र में 16 मामले दर्ज हैं।

सीएम रेवंत रेड्डी कोर्ट में पेश, पुलिस पर टिप्पणी का मामला
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी गुरुवार को एक विशेष अदालत में पेश हुए। यह मामला 2023 में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए पुलिस पर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी से जुड़ा है। यह उनकी दूसरी पेशी थी। अब इस मामले का फैसला 12 जून को आएगा। शिकायत एक पुलिस संघ के अध्यक्ष ने की थी और मामला पहले निर्मल जिले में दर्ज हुआ था, बाद में हैदराबाद ट्रांसफर कर दिया गया।

मणिपुर: पांच करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार
मणिपुर के नोनी से सुरक्षाबलों ने पांच करोड़ रुपये की हेरोइन और नशीली दवाएं जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। एक बयान में असम राइफल्स ने कहा, जवानों ने बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 37 पर इंफाल से जिरीबाम की ओर जा रहे एक ट्रक को संदेह के आधार पर रोका। तलाशी के दौरान उसमें चार करोड़ की आधा किलो से अधिक हेरोइन और एक करोड़ रुपये की मेथामफेटामाइन की गोलियां बरामद हुईं, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

पुरस्कार समारोह के दौरान बिहार में बाइक सवारों ने तीन को मारी गोली
बिहार की राजधानी पटना में एक क्रिकेट मैच पुरस्कार समारोह में बाइक सवार हथियारबंद अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाई। इससे वहां मौजूद तीन लोग घायल हो गए। पालीगंज के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) उमेश्वर चौधरी के मुताबिक, रानीतालाब थाना क्षेत्र के महतो टोला इलाके में यह वारदात बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात 12.30 बजे हुई। गोलियां चलाने के बाद ये दो बाइक्स पर आए ये चार अज्ञात हमलावर मौके से फरार हो गए। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया तीनों खतरे से बाहर हैं।

आपराधिक मानहानि मामले में वित्त मंत्री को नोटिस जारी
दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री व आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सोमनाथ भारती की पत्नी लिपिका मित्रा की आपराधिक मानहानि याचिका के संबंध में राउज एवेन्यू कोर्ट ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को नोटिस जारी किया है।अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पारस दलाल ने कहा कि अगली सुनवाई 12 जून को होगी। मित्रा ने आरोप लगाया है कि वित्त मंत्री ने इलेक्ट्राॅनिक मीडिया चैनल पर दिए साक्षात्कार में उनके पति सोमनाथ के बारे में अपमानजनक, झूठे और दुर्भावनापूर्ण बयान दिए थे। 

नगालैंड यौन उत्पीड़न मामला: आईएएस अधिकारी रेनी विल्फ्रेड निलंबित
नगालैंड सरकार ने यौन उत्पीड़न के मामले में आईएएस अधिकारी रेनी विल्फ्रेड को आपराधिक जांच के बाद निलंबित कर दिया। कई महिला कर्मचारियों ने विल्फ्रेड के खिलाफ यौन और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। पीड़ित महिलाओं का दावा है कि विल्फ्रेड ने वेतन वृद्धि के बदले यौन संबंधों की मांग की थी। नगालैंड कैडर के 2015 बैच के अधिकारी विल्फ्रेड वित्त विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे। एक अधिकारी ने बताया कि यह निलंबन 17 मार्च को नगालैंड राज्य महिला आयोग की ओर से दर्ज की गई एक औपचारिक शिकायत के बाद किया गया है। उधर, विल्फ्रेड ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि महिला आयोग ने मामले में पक्षपाती व्यवहार किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके पास ऐसे सबूत हैं, जो यह सिद्ध करते हैं कि सभी आरोप झूठे हैं। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही इन सबूतों को अदालत में पेश करेंगे। 

कर्नाटक का टीवी अभिनेता मनु यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार
कर्नाटक में छोटे पर्दे के अभिनेता मदेनुरु मनु को यौन उत्पीड़न के मामले में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी एक सह-कलाकार ने मुन पर शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म और दो बार गर्भपात के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था। एक अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मनु के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दुष्कर्म, महिला की सहमति के बिना उसका गर्भपात, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की जांच जारी है। 

चारधाम यात्रा: बंगलूरू के श्रद्धालु की उत्तराखंड के कंडीसौड़ में हार्ट अटैक के कारण मौत
गंगोत्री की यात्रा पर आए बंगलूरू निवासी तीर्थयात्री की हार्टअटक से निधन हो गया। यात्रा के दौरान उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी। उन्हें इलाज के लिए ऋषिकेश ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही कंडीसौड़ में दम तोड़ दिया। बंगलूरू निवासी सीपी रमेश (59) पुत्र चंद्र मोली दोस्तों व बेटे के साथ 16 मई को उत्तराखंड चारधाम यात्रा पर आए थे। यमुनोत्री के बाद वे बीते 20 मई को गंगोत्री पहुंचे, जहां सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें उत्तरकाशी जिला अस्पताल लाया गया था।

आपत्तिजनक पोस्ट करने पर कार्टूनिस्ट के खिलाफ इंदौर में केस
सोशल मीडिया पर आरएसएस, प्रधानमंत्री और हिंदू देवताओं से संबंधित आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में इंदौर के कार्टूनिस्ट हेमंत मालवीय के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर सक्रिय कार्टूनिस्ट हेमंत मालवीय के खिलाफ शिकायत शहर के वकील और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विनय जोशी ने की, जिसके आधार पर लसूड़िया पुलिस थाने में बुधवार देर शाम मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

पोर्ट ब्लेयर: पूर्व कांग्रेस सांसद के खिलाफ एफआईआर  
अंडमान व निकोबार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड (एएनएससीबीएल) के उपाध्यक्ष एवं पूर्व कांग्रेस सांसद कुलदीप राय शर्मा के खिलाफ विभिन्न लोगों को भारी मात्रा में ऋण स्वीकृत करने में कथित घोर अनियमितताओं के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि एफआईआर में जिन लोगों के नाम हैं उनमें एएनएससीबी के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय भगत सिंह, उपाध्यक्ष कुलदीप राय शर्मा, एएनएससीबी के बोर्ड और निदेशक/अधिकारी तथा अन्य लाभार्थी शामिल हैं। एसएसपी (सीआईडी) जितेंद्र कुमार मीना ने पीटीआई को बताया, "हमें अंडमान और निकोबार राज्य सहकारी बैंक द्वारा विभिन्न लोगों को ऋण स्वीकृत करने में घोर अनियमितताओं के संबंध में सहकारी समितियों के उप रजिस्ट्रार (मुख्यालय) से शिकायत मिली है। शिकायत की सामग्री के आधार पर, हमने एक प्राथमिकी (दिनांक 15 मई) दर्ज की है। आगे की जांच जारी है।"

एक पुलिस सूत्र ने बताया कि आरोप हैं कि एएनएससीबी की प्रबंध समिति ने ऋण स्क्रीनिंग समिति की सिफारिशों की अनदेखी की तथा ऋण स्वीकृत करते समय सीआईबीआईएल रिपोर्ट और अनिवार्य दस्तावेजों को नजरअंदाज किया। कुछ मामलों में, यह भी आरोप है कि कुछ लाभार्थियों को ऋण वितरण प्रक्रिया के दौरान शाखा प्रबंधक द्वारा एक अहस्ताक्षरित साइट सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी।

यह भी आरोप है कि बैंकिंग मानदंडों का पालन किए बिना कुछ अयोग्य आवेदकों को ऋण वितरित कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि जांच के लिए एक पुलिस टीम गठित की गई है और वे अयोग्य आवेदकों को स्वीकृत ऋण से संबंधित सभी दस्तावेजों (तकनीकी पहलुओं सहित) की जांच कर रहे हैं। अधिकारी ने कहा, "ऐसा लगता है कि ऋण स्वीकृत करने में अनियमितताएं पिछले कुछ वर्षों से चल रही हैं। जांच पूरी होने के बाद हम आरोप पत्र दाखिल करेंगे।"

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने अपने कर्तव्य निभाते हुए प्राणों की आहुति देने वाले कई सैन्य कर्मियों के परिजनों को शुक्रवार को ‘बैज ऑफ सैक्रिफाइज’ और ‘सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर’ प्रदान किए।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ये पुरस्कार वीरता और सर्वोच्च बलिदान के लिए एक गहरी प्रतीकात्मक श्रद्धांजलि हैं। उन्होंने कहा कि ये उन अधिकारियों, जूनियर कमीशन अधिकारियों और अन्य कर्मियों को सम्मानित करने के लिए प्रदान किए गए, जिन्होंने देश की सेवा करते हुए अपनी जान कुर्बान कर दी।

जुलाई 1999 में शुरू किए गए ‘बैज ऑफ सैक्रिफाइज’ और ‘सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर’ 1947 से लेकर अब तक के संघर्षों में सेवाएं देने वाले सुरक्षा कर्मियों के परिवारों को दिए जाते हैं। अधिकारी ने कहा कि पहली बार 16 दिसंबर, 1999 को विजय दिवस पर ये सम्मान प्रदान किए गए थे।

मानेकशॉ सेंटर में यह प्रस्तुति समारोह, यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित औपचारिक रक्षा अलंकरण समारोह के एक दिन बाद हुआ। जनरल द्विवेदी ने कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धौंचक, कैप्टन दीपक सिंह, हवलदार रोहित कुमार, नायक दिलवर खान, राइफलमैन रवि कुमार, सिपाही प्रदीप सिंह, पुलिस उपाधीक्षक हिमायूं मुजम्मिल भट (जम्मू-कश्मीर पुलिस) और विजयन कुट्टी जी (सीमा सड़क संगठन) के परिजनों को ‘बैज ऑफ सैक्रिफाइज’ और ‘सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर’ प्रदान किया।

बीएसएफ जवान पूर्णम कुमार शॉ हुगली में अपने घर पहुंचे
पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा रिहा किए जाने के बाद 14 मई को भारत लौटे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान पूर्णम कुमार शॉ शुक्रवार शाम पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में अपने घर पहुंचे। शॉ को पड़ोसी देश में करीब तीन सप्ताह तक बंधक बनाकर रखा गया था।

इससे पहले दिन में पूर्णम हावड़ा स्टेशन पहुंचे, जहां उनके परिवार और शुभचिंतकों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। प्लेटफॉर्म पर घंटों इंतजार कर रहे पूर्णम के पिता भोलेनाथ शॉ ने उन्हें गले लगा लिया।

सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत शॉ और उनके परिवार के चारों ओर घेरा बना लिया, क्योंकि सैकड़ों लोग उनसे हाथ मिलाने और उनका अभिवादन करने की कोशिश कर रहे थे। शॉ ने मुस्कुराते हुए मीडिया से कहा, “मैं वापस आकर और अपने प्रियजनों से मिलकर खुश हूं।”

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अमित शाह से की मुलाकात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीन आपराधिक कानून संविधान की भावना को प्रतिबिंबित करने और उन्हें धरातल पर उतारने के लिये लाए गए। उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ राज्य में इन नए कानूनों के कार्यान्वयन की समीक्षा करते हुए यह बात कही।

गृह मंत्री ने कहा कि केवल नए आपराधिक कानून बनने से नागरिक अधिकार मजबूत नहीं होंगे, बल्कि नागरिकों को अधिकार देने के लिए जमीनी स्तर पर इन कानूनों का पूर्ण कार्यान्वयन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नए कानून संविधान की भावना को प्रतिबिंबित करने और उन्हें धरातल पर उतारने के लिए हैं।

भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम ने क्रमशः औपनिवेशिक युग के भारतीय दंड संहिता, दंड प्रक्रिया संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 1872 का स्थान लिया। नए कानून पिछले वर्ष एक जुलाई से प्रभावी हैं। शाह ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के पूर्ण कार्यान्वयन से ही नागरिकों को उनके अधिकार मिल सकते हैं, जिसके लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग और निरंतर निगरानी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश को राज्य में नए आपराधिक कानूनों के पूर्ण कार्यान्वयन के लिए एक निश्चित प्रारूप में इनके क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए, ताकि राज्य में नए कानूनों के शीघ्र कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने का मार्ग प्रशस्त हो। गृह मंत्री ने कहा कि आरोप पत्र दायर करने और आरोप तय करने के लिए क्रमश: 60 और 90 दिन की समय-सीमा तय करना महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री को राज्य में नए कानूनों के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा महीने में एक बार, मुख्य सचिव को पखवाड़े में एक बार और गृह सचिव तथा पुलिस महानिदेशक को सप्ताह में एक बार करनी चाहिए। गृह मंत्रालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि नायडू ने नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन के माध्यम से भारतीय आपराधिक न्याय प्रणाली में व्यापक बदलाव लाने के लिए शाह के नेतृत्व में किए गए प्रयासों के लिए उनको धन्यवाद दिया।

नायडू ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आज (शुक्रवार को) दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन पर चर्चा के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लिया।” उन्होंने कहा कि बैठक में पुलिस, जेल, अदालत, अभियोजन और फोरेंसिक से संबंधित विभिन्न नए प्रावधानों के कार्यान्वयन और वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में केंद्रीय गृह सचिव, आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव और गृह मंत्रालय और आंध्र प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें पुलिस महानिदेशक, महानिदेशक, बीपीआरएंडडी और निदेशक, एनसीआरबी शामिल थे।

भारत से सालाना दो अरब डॉलर के एयरोस्पेस कलपुर्जों, सेवाओं की आपूर्ति 
वैश्विक मौलिक उपकरण विनिर्माता (ओईएम) भारत से सालाना लगभग दो अरब डॉलर के एयरोस्पेस कलपुर्जों और सेवाओं की आपूर्ति कर रहे हैं। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी साझा की।

भारतीय विमानन और अंतरिक्ष क्षेत्र में अवसरों का उल्लेख करते हुए नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने कहा कि देश एमआरओ (रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल) गतिविधियों के लिए भी एक गंतव्य बन रहा है। इससे एयरलाइन कंपनियों की लागत को कम करने में मदद मिलेगी, अधिक नौकरियां पैदा होंगी और सेवा क्षमताएं बढेंगी। उन्होंने यहां ‘विंग्स इंडिया-2026’ की घोषणा करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण अनुकूलता पर ध्यान देने पर भी जोर दिया। ‘विंग्स इंडिया-2026’ एक विमानन सम्मेलन है, जो जनवरी, 2026 में हैदराबाद में आयोजित किया जाएगा।

भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते नागर विमानन बाजारों में से एक है और विमानन कंपनियों ने विमान के लिए बड़े ऑर्डर दिए हैं, क्योंकि वे अपने बेड़े के साथ-साथ बढ़ती हवाई यात्रा की मांग को पूरा करने के लिए नेटवर्क का विस्तार कर रही हैं। सिन्हा ने कहा कि वैश्विक ओईएम भारत से सालाना दो अरब डॉलर से अधिक विमानन और अंतरिक्ष कलपुर्जों और सेवाओं की आपूर्ति करता है।

हाईकोर्ट : केरल सतर्कता ब्यूरो मामले में ईडी अधिकारी ने मांगी अग्रिम जमानत
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने केरल सतर्कता व भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) की ओर से दर्ज भ्रष्टाचार के एक मामले में प्रथम आरोपी बनाए जाने के बाद अग्रिम जमानत के लिए केरल हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

शेखर कुमार (37) वर्तमान में ईडी के कोच्चि कार्यालय में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। अपनी जमानत याचिका में कुमार ने दावा किया कि उन्हें मामले में झूठा फंसाया गया है। कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 (ए) के तहत आरोप लगाए गए हैं, जो भ्रष्ट या अवैध तरीकों या व्यक्तिगत प्रभाव के माध्यम से किसी लोक सेवक को प्रभावित करने के लिए अनुचित लाभ उठाने से संबंधित है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत भी आरोप हैं, जो आपराधिक साजिश से संबंधित हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed