फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 23rd May North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

Updates: केरल के सरकारी पॉल्ट्री फार्म में एवियन फ्लू का प्रकोप; एनआईए मामले में बंगाल सरकार को झटका

Thu, 23 May 2024 09:15 PM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: जलज मिश्रा Updated Thu, 23 May 2024 09:15 PM IST
विज्ञापन
News Updates 23rd May North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
23 अप्रैल की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

केरल के मनारकाड स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में एवियन फ्लू (एच5एन1) के प्रकोप की पुष्टि हुई है। गुरुवार को जिला प्रशासन ने बताया कि फ्लू प्रकोप के बाद, पोल्ट्री फार्म के एक किलोमीटर के दायरे में सभी पालतू पक्षियों को मारने और दफनाने का निर्णय लिया गया। एहतियात बरतते हुए प्रशासन ने कोट्टायम जिले में चिकन, बत्तख, बटेर और अन्य पक्षियों के पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री और आयात पर प्रतिबंध लगा दिया गया।

विज्ञापन


एनआईए मामले में बंगाल सरकार को झटका, कोर्ट का हस्तक्षेप से इन्कार
बंगाल सरकार को कलकत्ता हाईकोर्ट से झटका लगा। चुनाव के बीच तृणमूल कांग्रेस ने एनआईए के एसपी तबादले को लेकर टीएमसी ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। लेकिन कोर्ट ने इस मामले में हस्तक्षेप करने से इन्कार कर दिया। एनआईए एसपी धन राम सिंह की भूमिका पर सत्ता पक्ष ने सवाल उठाया था। टीएमसी ने दावा किया था कि 26 मार्च को भाजपा नेता जितेंद्र सिंह धनराम सिंह के घर गए थे। कोर्ट ने कहा कि तृणमूल चाहे तो आयोग के आदेश को चुनौती दे सकती है। इसके पहले टीएमसी ने धनराम सिंह के तबादले की मांग करते हुए चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया था। इसके बाद कलकत्ता हाईकोर्ट में केस दायर किया था। इस दौरान एनआईए ने दावा किया कि कि आरोपी जांच से बचने के लिए ऐसे कदम उठा रहे हैं। आयोग ने कोर्ट से कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों का ट्रांसफर राज्य के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है।
विज्ञापन


कर्नाटक : इन्सानी दवा पर जानवरों की दवाओं का लेबल, मरीजों के बीच हड़कंप
कर्नाटक के सरकारी अस्पतालों के मरीज यह देख कर हैरान रह गए कि कुछ दवाओं पर पशुपालन पशु चिकित्सा विज्ञान का लेबल था। इसे लेकर अस्पताल के संबंधित विभाग का कहना था यह दवाएं वास्तव में इंसानी इस्तेमाल के लिए थीं। कर्नाटक राज्य चिकित्सा आपूर्ति निगम लि. ने कहा कि 'लोगो' डिजाइन में एक गलती थी, लेकिन उत्पाद मानक गुणवत्ता का और इंसान के इस्तेमाल का था।
विज्ञापन
विज्ञापन


लाखों हेक्टेयर जंगल गायब, NGT ने केंद्र से मांगा जवाब
राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) ने केंद्र सरकार से देश में 20.33 लाख हेक्टेयर वन क्षेत्र घटने पर रिपोर्ट मांगी है। ग्लोबल फॉरेस्ट वॉच की रिपोर्ट के मुताबिक 2000 के बाद से भारत के वन क्षेत्र में 20.33 लाख हेक्टेयर की कमी आई है। रिपोर्ट पर स्वतःसंज्ञान लेते हुए एनजीटी के अध्यक्ष जस्टिस प्रकाश श्रीवास्तव ने 28 अगस्त तक जवाब मांगा है।

108 फीट ऊंचे ध्वज स्तंभ पर भारतीय तिरंगा
जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास कमान पोस्ट पर 108 फीट ऊंचे ध्वज स्तंभ पर भारतीय तिरंगा फहराने की तैयारी है। ध्वज-स्तंभ के उद्घाटन के अवसर पर गुरुवार को एक पट्टिका का अनावरण भी किया गया। 
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम में फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के मेजर जनरल आशिम कोहली (सेवानिवृत्त), कालापहाड़ ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर के.एस. दहिया और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह में स्कूली बच्चों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

एनडीए का दीक्षांत समारोह: 205 कैडेटों को मिली डिग्री, 17 विदेशी भी शामिल
महाराष्ट्र के पुणे में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के 146वें दीक्षांत में 205 कैडेटों को जवाहरलाल नेहरू विवि से स्नातक की डिग्री प्रदान की गई। कुल 82 कैडेटों को विज्ञान स्ट्रीम में, 84 को कंप्यूटर साइंस और 39 को कला स्ट्रीम में डिग्री प्रदान की गई। मित्रवत विदेशी देशों के 17 कैडेटों को भी डिग्री प्रदान की गई। दीक्षांत समारोह पुणे में खडकवासला स्थित एनडीए के हबीबुल्लाह हॉल में आयोजित किया गया।

पश्चिम बंगाल : तृणमूल ने राज्यपाल के खिलाफ आयोग से की शिकायत
तृणमूल कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को प.बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि उन्होंने कोलकाता में एक कार्यक्रम में भाजपा के चुनाव चिह्न के साथ प्रचार किया। शिकायत में टीएमसी ने दावा किया कि कोलकाता में राम मंदिर के कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान राज्यपाल को अपने सीने पर भाजपा का लोगो पहने देखा गया।

गुजरात एटीएस ने पाकिस्तान सूचनाएं भेजने वाले मछुआरे को गिरफ्तार किया
आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले एक भारतीय मछुआरे को गुजरात में गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह सोशल मीडिया के जरिये भारतीय तटरक्षक बल की संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तान की एक महिला एजेंट को दे रहा था। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा, आरोपी जतिन चरणिया पोरबंदर का निवासी है। उसे जहाजों और शहर की तस्वीरें साझा करने के लिए पाकिस्तानी एजेंट से पैसे भी मिले थे।

सारण हिंसा: एसआईटी ने राबड़ी देवी के आवास पर की जांच
बिहार के सारण जिले में चुनाव को लेकर हुई हिंसक वारदात की जांच के सिलसिले में गठित एसआईटी की टीम पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर पहुंची। हालांकि, टीम आवास के अंदर नहीं गई। एसआईटी ने सुरक्षा कर्मियों के चेहरों का मिलान घटनास्थल से प्राप्त वीडियो फुटेज के आधार पर किया। बताया जाता है कि घटनास्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मी और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ रहे सुरक्षा कर्मियों का चेहरा यहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों से नहीं मिला।

महाराष्ट्र में एसडीआरएफ की नाव पलटी, तीन मौत
महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में प्रवरा नदी में नाव पलट गई थी। लापता लोगों की तलाशी में जुटे राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के एक उप-निरीक्षक और दो जवान भी नदी डूब गए। दरअसल अकोले तहसील के सुगव गांव के पास दो लोग प्रवरा नदी में डूब गए थे। इसके बाद एसडीआरएफ द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी अभियान में एसडीआरएफ के चार कर्मचारियों समेत कुल पांच लोग एक नाव में सवार थे। इस दौरान नाव पलट गई। एक एसडीआरएफ जवान को बचा लिया गया, जबकि बाकी लोगों को नहीं बचाया जा सका। एसडीआरएफ के एक सब-इंस्पेक्टर और दो जवानों के शव निकाले गए हैं। इसके अलावा नाव में मौजूद पांचवां व्यक्ति लापता बताया जा रहा है। 

ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पर फिलीपींस के नागरिक की मौत

ओडिशा के पारादीप बंदरगाह में फिलीपींस के एक नाविक की मौत हो गई। बताया गया है कि जहाज पर सफाई के दौरान नाविक क्रेन से गिर गया था। मृतक की पहचान अजारकोन अर्ल विल्हेम कुराओ के रूप में हुई है। नाविक एमवी युकाड जहाज में सफाई कर रहे थे। यह जहाज पारादीप बंदरगाह पर खड़ा था। हादसे के बाद नाविक को अस्पताल ले जाया गया था। इलाज के दौरान नाविक की मौत हो गई। 

नाइट विजन चश्मे से आईएएफ विमान की सफल लैंडिंग

भारतीय वायु सेना ने एक्स पर ट्वीट कर बताया कि उन्होंने एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल हासिल कर लिया है।  आईएएफ सी-130जे विमान ने पूर्वी क्षेत्र में एक उन्नत नाइट विजन चश्मे की सहायता से सफल लैंडिंग की। वायुसेना क्षमताओं का विस्तार कर रहा है। यह देश की संप्रभुता की रक्षा करने की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।  
Indian Air Force tweets, "Achieving another significant milestone, an IAF C-130J aircraft carried out a successful Night Vision Goggles aided landing at an Advanced Landing Ground in the Eastern sector."

(Video: IAF) https://t.co/HK1Ux9v806 pic.twitter.com/YPt7iXr0A2

— ANI (@ANI) May 23, 2024

नेवी अधिकारी पिता के साथ 16 साल की छात्रा से फतह किया माउंट एवरेस्ट 
नेवी चिल्ड्रेन स्कूल, मुंबई की बारहवीं कक्षा की छात्रा काम्या कार्तिकेयन और उनके पिता भारतीय नौसेना के कमांडर एस कार्तिकेयन ने 20 मई को माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की। काम्या 16 साल की हैं। भारतीय नौसेना के पश्चिमी नौसेना कमान ने इसकी जानकारी दी है।

मुंबई एयरपोर्ट में सीमा शुल्क विभाग की कार्रवाई

मुंबई सीमा शुल्क विभाग ने 11.40 किलो से अधिक सोना और इलेक्ट्रोनिक्स जब्त किया है। इसकी कुल कीमत 7.46 करोड़ है। सोना यात्री के कपड़ों, सैनिटरी पैड, ट्रॉली, अंडरगार्मेंट्स और शरीर में छिपा हुआ था। दो यात्रियों को मामले में गिरफ्तार किया गया है। दोनों दुबई से यहां आए थे। 
 

रनवे पर बिजली गिरने से मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का संचालन प्रभावित

गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (एमआईए) पर बिजली गिर गई और रनवे किनारे लगी लाइटों को नुकसान पहुंचा है। इस वजह से छह उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया है। एमआईए के एक प्रवक्ता ने कहा कि बुधवार शाम करीब 5.15 बजे उत्तरी गोवा के मोपा स्थित हवाई अड्डे पर बिजली गिरी थी। इस वजह से छह उड़ानों को नजदीकी गंतव्यों की ओर मोड़ दिया गया। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। प्राकृतिक आपदाएं मानव नियंत्रण से परे हैं। 
 

एमडीएच व एवरेस्ट मसालों में नहीं मिला एथिलीन ऑक्साइड

एमडीएच और एवरेस्ट के लिए राहत की खबर है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने कहा कि लैब में परीक्षण किए गए इन दोनों प्रमुख ब्रांड के 28 नमूनों में एथिलीन ऑक्साइड (ईटीओ) नहीं मिली है। हालांकि, अभी मसालों को लेकर छह अन्य सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी हैं। नियामक ने कुल 34 सैंपल लिए थे। पिछले दिनों हांगकांग, सिंगापुर और नेपाल ने इन मसालों में एथिलीन ऑक्साइड होने की बात कहते हुए प्रतिबंध लगा दिए थे। इसके बाद भारतीय खाद्य नियामक ने देशभर से एमडीएच और एवरेस्ट सहित सभी ब्रांड के मसालों के नमूने लेना शुरू कर दिया था। एफएसएसएआई ने एमडीएच की 11 निर्माण यूनिटों से 25, जबकि एवरेस्ट मसाले की दो निर्माण यूनिटों से नौ नमूने लिए थे। 

सुरक्षाबलों ने नौ उग्रवादियों को किया गिरफ्तार

मणिपुर में सुरक्षाबलों ने मंगलवार को दो अलग-अलग घटनाओं में नौ उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घातक हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया, अभियान के तहत थौबल जिले के टेकचम लमखाई क्षेत्र से तैबंगनबा के नेतृत्व वाले कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। एक अन्य घटना में पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले के लमसांग से प्रतिबंधित संगठन आरपीएफ-पीएलए के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके पास से घातक हथियार सहित आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
 

झारखंड में बर्ड फ्लू की चेतावनी रांची में 920 पक्षियों को मारा

झारखंड सरकार ने बर्ड फ्लू को लेकर बुधवार को चेतावनी जारी की है। राजधानी रांची के एक पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। एक अधिकारी के मुताबिक, मोरहाबादी में रामकृष्ण आश्रम दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र नाम का पोल्ट्री फार्म चलाता है। यहां 770 बत्तखों सहित 920 पक्षियों को मारा गया। वहीं, कुल 4,300 अंडे भी नष्ट किए गए। अधिकारी ने बताया, भोपाल के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान को भेजे गए नमूनों में एच5एन1 की पुष्टि की गई।

 

गोवा में आवारा कुत्तों की दहशत

गोवा में सरकार द्वारा नियुक्त एक एजेंसी का कहना है कि राज्य में आवारा कुत्तों द्वारा नागरिकों पर हमला करने के मामले बढ़ रहे हैं। एजेंसी के तीन कर्मचारियों पर भी गोवा के अलग अलग समुद्र तटों पर आवारा कुत्तों द्वारा हमला किया गया। एजेंसी का नाम दृष्टि मरीन लाइफसेवर्स है, जिसके द्वारा समुद्र तटों पर लोगों के जीवन की रक्षा का काम दिया गया है। कर्मचारियों ने बताया कि अप्रैल में समुद्र तट पर दो विदेशी नागरिकों आवारा कुत्तों ने काट लिया था। एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि हाल ही में एक  24 वर्षीय महिला को बेनौलीम तट पर कुत्तों ने बुरी तरह काटा। 

मुंबई में नाबालिग की बाइक की टक्कर से 32 साल के युवक की मौत 

मुंबई के मझगांव में एक नाबालिग की बाइक से टक्कर के बाद 32 साल के युवक की मौत हो गई है। यह घटना सुबह करीब सात बजे की है। इस घटना में इरफान नवाब अली शेख नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए जेजे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर डोंगरी चिल्ड्रन होम भेजा है। नाबालिग के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 

झारखंड में कुआं खोदने के दौरान चार मजदूर जिंदा दफन
झारखंड के लोहरदगा जिले में बृहस्पतिवार सुबह कुआं खोदने के दौरान एक महिला समेत चार मजदूर जिंदा दफन हो गए। हादसा सेन्हा थाना क्षेत्र के चितरी अंबाटोली गांव में हुआ। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन जब तक वह उन तक पहुंच पातीं, तब तक चारों की मौत हो चुकी थी।

एसएचओ वेदांत शंकर ने बताया, ग्रामीणों के अनुसार, कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी का एक हिस्सा ढह गया और अबू रेहान अंसारी (35), शबनम खातून (21), रमजान अंसारी (35) और भगत उसके नीच फंसे गए थे। उन्होंने कहा, चारों के शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मुंबई : पुलिस ने साइबर जालसाजों से 40 लाख बचाए
मुंबई पुलिस ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत मिलने के बाद फुर्ती से कार्रवाई करते हुए साइबर जालसाजों से करीब 40 लाख रुपये बचा लिए।

मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार एक निजी फर्म के कर्मचारी को बुधवार को एक व्यक्ति ने फोन किया, जो खुद को कानून प्रवर्तन अधिकारी होने का दावा कर रहा था। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उसे 'फेडएक्स' खेप मिली थी और उसके बैंक खाते में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में धन प्राप्त हुआ है। फोन करने वाले ने उस व्यक्ति को गिरफ्तार कराने की धमकी दी और उससे एक बैंक खाते में 39.88 लाख रुपये स्थानांतरित करने के लिए दबाव डाला। इसके बाद उस व्यक्ति ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल किया और घटना के बारे में बताया। मुंबई पुलिस ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग (एनसीआरपी) पोर्टल को सतर्क किया और जालसाज के बैंक के नोडल अधिकारी से संपर्क किया। बैंक ने शिकायतकर्ता के खाते से ट्रांसफर किए गए पैसे तुरंत फ्रीज कर दिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed