फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 23rd April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: संसदीय समिति ने रद्द किया कश्मीर-लद्दाख दौरा; बंगाल में शिक्षकों ने 40 घंटों तक घेरा SSC मुख्यालय

Wed, 23 Apr 2025 11:11 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 23 Apr 2025 11:11 AM IST
विज्ञापन
News Updates 23rd April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद गृह मामलों की संसदीय समिति ने अपना निर्धारित जम्मू-कश्मीर और लद्दाख दौरा रद्द कर दिया है। ख़बरों की मानें तो ये दौरा इस वजह से रद्द किया गया है ताकि सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान न भटके और वे पूरी तरह इस मामले से निपटने में लग जाएं।

विज्ञापन


भाजपा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल की अध्यक्षता वाली टीम को 25 अप्रैल से 1 मई तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का दौरा करना था। उन्होंने ही निर्धारित पैनल को दौरा स्थगित करने के निर्णय से अवगत कराया।
विज्ञापन

समिति का कहना है कि यह निर्णय इसलिए जरूरी था क्योंकि सांसदों को कड़ी सुरक्षा की आवश्यकता होती और उनके कार्यक्रमों में डीजीपी और अन्य शीर्ष नौकरशाहों सहित वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों के साथ बातचीत शामिल थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


बंगाल में प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने 40 घंटों तक घेरा SSC मुख्यालय
बंगाल में बर्खास्त प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने 40 घंटे तक राज्य स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) मुख्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने बुधवार सुबह एसएससी अध्यक्ष सिद्धार्थ मजूमदार को 40 घंटे बाद कार्यालय से बाहर जाने की इजाजत दी। बता दें कि बंगाल में बीते कई दिनों से 2016 की भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों को लेकर शिक्षक वर्ग लगातार प्रदर्शन कर रहा है। एसएससी मुख्यालय का घेराव उन्ही प्रदर्शनों का हिस्सा है।
मजूमदार को 2016 एसएससी भर्ती परीक्षा की सुनवाई के संबंध में बुधवार को कलकत्ता हाई कोर्ट ओएमआर शीट पेश करना थी। उन्होंने मीडिया को जानकारी दी कि वह घर लौट आए हैं और निर्धारित समय पर अदालती कार्यवाही में शामिल होने से पहले कुछ समय आराम करेंगे।

आयुष्मान अस्पतालों में इलाज करा सकेंगे ESIC के लाभार्थी
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के लाभार्थी आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में सूचीबद्ध अस्पतालों में भी उपचार करा सकेंगे। यह केंद्र सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना है, जिसका मकसद आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा देना है।  आयुष्मान योजना के साथ ईएसआईसी को एकीकृत किया जा रहा है। इससे ईएसआईसी के 14.4 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को नकदी रहित इलाज मिलेगा। सूचीबद्ध अस्पतालों में इलाज खर्च की कोई सीमा नहीं होगी। इसके अलावा ईएसआईसी के मेडिकल कॉलेजों में 40 फीसदी सीटें मजदूरों के बच्चों के लिए आरक्षित की जाएंगी। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया कि ईएसआईसी एक नीति बना रहा है। इसमें सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

मणिपुर में चार उग्रवादी और दो अरामबाई तेंगगोल सदस्य गिरफ्तार
 सुरक्षा बलों ने मणिपुर के विभिन्न हिस्सों से प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इंफाल पश्चिम जिले के लाम्फेल सुपरमार्केट से कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (नोंगड्रेनखोम्बा) की एक सक्रिय महिला उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसकी पहचान 20 वर्षीय टोंगब्रम डॉली देवी के रूप में हुई है। मंगलवार को इंफाल पूर्वी जिले के नापेटपल्ली थोंगखोंग से पीआरईपीएके के एक कैडर को भी पकड़ा गया।

केसीपी (पीडब्लूजी) के एक और उग्रवादी को इंफाल पश्चिम जिले के केकरूपाट से पकड़ा गया। अधिकारी ने बताया कि उसकी पहचान लोंगजाम टोनी सिंह (37) के रूप में हुई है। वहीं हियानथांग माखा लीकाई से प्रतिबंधित कांगलेई यावोल कन्ना लुप (सोरेपा) के एक सक्रिय कैडर को भी पकड़ा गया। उसकी पहचान लैशराम नोंगदंबा सिंह उर्फ लानलीबा (25) के रूप में हुई। असम के कछार से एक व्यक्ति के अपहरण में कथित संलिप्तता के लिए मंगलवार को जिरीबाम जिले से कट्टरपंथी संगठन अरम्बाई टेंगोल के दो सदस्यों को भी गिरफ्तार किया। उनकी पहचान आरके खोमडोनसाना (32) और लौरेम्बम थोइबा उर्फ जैक्सन (20) के रूप में हुई है और दोनों जिरीबाम जिले के निवासी हैं। सुरक्षा बलों ने मंगलवार को इंफाल पूर्वी जिले के मोंगजाम की तलहटी में तलाशी अभियान के दौरान एक कार्बाइन, एक सेल्फ-लोडिंग राइफल, सात मैगजीन, 73 कारतूस और 37 खाली खोखे जब्त किए।

पोषण ट्रैकर से 10 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंच हुई आसान: अन्नपूर्णा
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि पोषण ट्रैकर एप से हम करीब 10 करोड़ लाभार्थियों और 14 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंच पा रहे हैं। पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को करीब 11 रजिस्टर हाथ से भरने पड़ते थे। अब वे एप से आसानी से रियल-टाइम डाटा दर्ज कर सकती हैं। पोषण ट्रैकर एप गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और छह वर्ष से कम उम्र के बच्चों के पोषण संबंधी डाटा एकत्र करता है और उनकी प्रगति को ट्रैक करता है।

डंपर ने पीसीआर वैन को रौंदा, दो पुलिसकर्मियों की मौत
ओडिशा के कटक जिले में मंगलवार तड़के रेत लदे डंपर ने एक पीसीआर वैन को रौंद दिया, जिसमें दो पुलिस कर्मियों की मौत हो गई, जबकि वैन का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने डंपर के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त केआर नयनदेव ने बताया कि यह घटना कटक-पारादीप हाईवे पर सुबह करीब 4.30 बजे हुई। टक्कर के बाद दोनों वाहन पास के एक गड्ढे में पलट गए। इस घटना में कांस्टेबल लोकनाथ सबार और होम गार्ड जगन्नाथ महालिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीसीआर वैन का चालक होम गार्ड पबित्र मोहन सेठी बुरी तरह घायल हो गया। 

मार्च तक रिकॉर्ड 7.60 करोड़ लोगों ने कराया अटल पेंशन में नामांकन
अटल पेंशन योजना (एपीवाई) ने इस साल 31 मार्च तक रिकॉर्ड 7.60 करोड़ सकल नामांकन के आंकड़े को पार कर लिया है। यह योजना के 10वें वर्ष में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। पेंशन फंड नियामक और विकास प्राधिकरण के अनुसार, 2024-25 में इस योजना के तहत 1.17 करोड़ से अधिक नए ग्राहकों को जोड़ा गया। 

एससीबीए ने निशिकांत पर अवमानना कार्यवाही के लिए पेश किया प्रस्ताव
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) ने मंगलवार को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की सुप्रीम कोर्ट व सीजेआई के खिलाफ टिप्पणी की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया। एससीबीए ने कहा, यह बयान न सिर्फ अपमानजनक है, बल्कि सुप्रीम कोर्ट की अवमानना भी है। एक संस्था के रूप में सुप्रीम कोर्ट और सीजेआई जस्टिस संजीव खन्ना पर एक व्यक्ति के रूप में यह हमला अस्वीकार्य है। इससे कानून के अनुसार निपटा जाना चाहिए। एसोसिएशन ने अपने प्रस्ताव में भारत के अटॉर्नी जनरल से सीजेआई खन्ना की गरिमा की रक्षा के लिए दुबे के खिलाफ अवमानना कार्यवाही शुरू करने की सहमति देने का आग्रह किया है। 

कोट्टायम हत्याकांड मामले में संदिग्ध की गिरफ्तारी
केरल के कोट्टायम में कारोबारी और उनकी पत्नी की हत्या के मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। हत्या करने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी हुई है। पुलिस के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति अमित उरांग मूलरूप से असम का है। अमित को त्रिशूर जिले में माला के पास एक पोल्ट्री फार्म से गिरफ्तार किया गया है। 

कुल्हाड़ी से मारकर की थी हत्या 
कारोबारी विजयकुमार(64) और उनकी पत्नी मीरा(60) की मंगलवार को उनके घर में हत्या कर दी गई। दोनों के खून से लथपथ शव अलग-अलग कमरों में मिले। उनकी हत्या कुल्हाड़ी से मारकर की गई थी। उनके शरीर पर गहरे घाव थे। विजय एक आडिटोरियम के मालिक थे और जिले में कई कंपनियां चलाते थे। 

नॉर्थ ब्लॉक का मेगा कायाकल्प
रायसीना हिल्स पर सौ साल पुरानी हेरिटेज संरचना नॉर्थ ब्लॉक का 338 करोड़ में कायाकल्प किया जाएगा। इस क्षेत्र में गृह, वित्त मंत्रालय व कार्मिक प्रशिक्षण विभाग स्थित हैं। इस नवीनीकरण परियोजना के लिए केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने बोलियां आमंत्रित की हैं। इसके जुड़वां साउथ ब्लॉक में दूसरे चरण में इसी तरह की मरम्मत और जीर्णोद्धार होगा। जुड़वां केंद्रीय सचिवालय भवनों को राष्ट्रीय संग्रहालय में तब्दील किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed