फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 23 January North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: 'सरकार हमें पैसा नहीं दे रही, फिर भी हम भीख नहीं मांग रहे, अधिकारों के लिए लड़ेंगे'; ममता का हमला

Thu, 23 Jan 2025 02:18 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Thu, 23 Jan 2025 02:18 PM IST
विज्ञापन
News Updates 23 January North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को अलीपुरद्वार में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान ममता ने कहा, 'हमने 12 लाख लोगों के लिए घरों के लिए पैसे दिए हैं। आधा पैसा दिया जा चुका है। काम जल्द पूरा हो जाए तो बाकी आधा पैसा दिसंबर में दिया जाएगा। 12 लाख लोगों के घर बनकर तैयार हो जाएंगे। और 16 लाख लोग जो लिस्ट में हैं, जो हमें सर्वे करने के बाद मिली है, उन्हें दिसंबर में पहली किस्त और जून 2026 में दूसरी किस्त मिलेगी। केंद्र सरकार हमें पैसा नहीं दे रही है, लेकिन हम भीख नहीं मांगते, हम अधिकारों के लिए लड़ते हैं।

विज्ञापन


इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों और अन्य सांसदों के साथ गुरुवार को संविधान सदन में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने वहां मौजूद स्कूली छात्रों से भी बातचीत की। इस बीच उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर देश के प्रति उनके अटूट समर्पण को याद किया। नेताजी की जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाई जाती है। 

विज्ञापन

किच्चा और अनुपमा ने जीता कर्नाटक राज्य फिल्म पुरस्कार 2019
कर्नाटक सरकार ने बुधवार को 2019 के लिए राज्य वार्षिक फिल्म पुरुस्कारों की घोषणा की। अभिनेता किच्चा सुदीप और अनुपमा गौड़ा ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और अभिनेत्री का पुरस्कार जीता। सुदीप को 'पेलवान' में उनकी भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया। गौड़ा ने 'त्रयंबकम' में अपने प्रदर्शन के लिए पुरस्कार जीता। सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पांच साल की देरी मुख्य रूप से कोविड-19 महामारी के कारण हुई है। 2020 से 2024 के लिए पुरस्कारों की घोषणा करना अभी बाकी है। 

विज्ञापन

भारत में अब 99.1 करोड़ मतदाता : चुनाव आयोग
भारत में मतदाताओं की संख्या अब 99.1 करोड़ हो गई है, जबकि पिछले साल लोकसभा चुनाव के समय यह संख्या 96.88 करोड़ थी। राष्ट्रीय मतदाता दिवस से दो दिन पहले जारी बयान में चुनाव आयोग (ईसी) ने कहा कि कुल 99.1 करोड़ में से 18-29 आयु वर्ग के 21.7 करोड़ युवा मतदाता हैं। राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर साल 25 जनवरी को चुनाव आयोग के स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसकी स्थापना 1950 में इसी दिन हुई थी। बता दें 7 जनवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के समय मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने कहा था कि भारत जल्द ही एक अरब से अधिक मतदाताओं का नया रिकॉर्ड बनाएगा।
विज्ञापन

अवैध किडनी प्रत्यारोपण में अस्पताल पर केस दर्ज
बिना अनुमति के किडनी प्रत्यारोपण करने के आरोप में एक निजी अस्पताल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी की शिकायत के बाद तेलंगाना मानव अंग प्रत्यारोपण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सी दामोदर राजनरसिम्हा ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को गहन जांच करने के बाद रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

फ्रांस की अगुवाई में नौ देशों संग रक्षा अभ्यास
भारतीय नौसेना ने 17 से 20 जनवरी तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय अभ्यास ला पेरूज 25 के समुद्री चरण में हिस्सा लिया। इस अभ्यास में फ्रांस के कैरियर स्ट्राइक ग्रुप , रॉयल नेवी और रॉयल कैनेडियन नेवी ने भी भाग लिया। इस अभ्यास का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को मजबूत बनाना था, नौसेना के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया में यह जानकारी साझा की।

एचपीजेड टोकन धोखाधड़ी में भूपेश अरोड़ा भगोड़ा घोषित
नगालैंड में दीमापुर विशेष पीएमएलए अदालत ने दुबई के भूपेश अरोड़ा को ‘एचपीजेड टोकन’ से जुड़े ईडी के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया। इस फैसले से ईडी के लिए 497 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने का रास्ता साफ हो गया है। ईडी जांच के तहत इस संपत्ति को अटैच कर चुका है। ईडी के मुताबिक अरोड़ा सितंबर 2022 में देश छोड़कर चले गए थे और फिलहाल दुबई में रह रहे हैं। अरोड़ा ने जांचकर्ताओं के सामने कभी गवाही नहीं दी और ईडी के साथ सहयोग करने के लिए गुवाहाटी हाईकोर्ट (कोहिमा बेंच) के आदेश का भी पालन नहीं किया।

कविता का राहुल पर तंज...महज कहने से नहीं बचा सकते संविधान
भारत राष्ट्र समिति की एमएलसी कल्वाकुंतला कविता ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि संविधान की किताब लेकर घूमने से इसे नहीं बचाया जा सकता। कविता ने कहा कि आप बीआरएस के दफ्तर और पूर्व विधायकों पर हमला कर रहे हैं। पिछड़ी जातियों के लिए 42 फीसदी आरक्षण लागू नहीं कर रहे हैं। 

कांग्रेस नेता हरक रावत ने साजिश रच हथियाई देहरादून में भूमि : ईडी
प्रवर्तन निदेशालय ने उत्तराखंड कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत पर कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर देहरादून में दो भूखंडों को हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया। इन भूखंडों का बाजार मूल्य लगभग 70 करोड़ रुपये है। ईडी ने जिले के सहसपुर में स्थित 101 बीघा के दो भूखंडों को अटैच किया है। ईडी ने उत्तराखंड पुलिस की ओर से रावत के करीबी सहयोगी बीरेंद्र सिंह कंडारी व कुछ अन्य के खिलाफ दर्ज एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग मामला दर्ज किया है।

छह न्यायिक अधिकारी दो हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश बनाए गए
छह न्यायिक अधिकारियों को दो हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया है। कानून मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि इनमें से चार को तेलंगाना और दो को आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में नियुक्त किया गया है। अतिरिक्त न्यायाधीशों की नियुक्ति आमतौर पर दो साल के लिए होती है। उसके बाद उन्हें स्थायी जज के रूप में पदोन्नत कर दिया जाता है। 

सिक्किम : बीटेक छात्रा हॉस्टल की आठवीं मंजिल से कूदी, मौत
सिक्किम के पाक्योंग जिले में एक बीटेक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रावास की आठवीं मंजिल से कूद गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि छात्रा मूल रूप से असम की निवासी थी और यहां एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज से प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। यह आत्महत्या है या नहीं इसका पता लगाने के लिए अधिकारी जांच कर रहे हैं।

अमृत मोहन को सौंपा बीसीएएस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार
केंद्र सरकार ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक अमृत मोहन प्रसाद को नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) के महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। प्रसाद 1989 बैच के ओडिशा कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, प्रसाद छह महीने या नियमित अधिकारी की नियुक्ति तक इस अतिरिक्त जिम्मेदारी को संभालेंगे।

बंगाल के कानून मंत्री मलॉय के कार्यालय पर हमला, एक गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के कानून मंत्री मलॉय घटक के कार्यालय में तोड़फोड़ करने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। कार्यालय अपकार गार्डन इलाके में उनके आवास पर स्थित है। अधिकारी ने बताया कि दक्षिण आसनसोल से पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो शाम करीब 4.45 बजे कार्यालय में घुस गया और तोड़फोड़ करने लगा। 

भारत-चीन को संयुक्त रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति बनाए रखनी चाहिए : वांग
चीन के प्रभारी राजदूत वांग ली ने कहा कि भारत और चीन को संयुक्त रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका देश भविष्य को ध्यान में रखते हुए और अपने संसाधनों को विकास में निवेश को लेकर भारत के साथ काम करने को तैयार है। चीनी नववर्ष पर मंगलवार को आयोजित समारोह में वांग ने कहा कि भारत और चीन को सौहार्दपूर्ण सह-अस्तित्व का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए और मिलकर बेहतर भविष्य बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2025 भारत और चीन के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ है। भारत नए चीन को मान्यता देने वाले पहले देशों में से एक था और नए चीन के साथ राजनयिक संबंध स्थापित करने वाला पहला गैर-समाजवादी राष्ट्र था।

यौन उत्पीड़न के आरोप में एक दुकानदार गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में 12 वर्षीय लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोप में एक दुकानदार को बुधवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार रात जिला मुख्यालय सूरी के बाहरी इलाके में हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, लड़की मंगलवार दोपहर घर के पास दुकान पर चॉकलेट खरीदने गई थी। इस दौरान दुकानदार उसे दुकान के अंदर ले गया और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। नाबालिग के माता-पिता के अनुसार, पड़ोसियों ने उनकी बेटी को बचाया और घर भेज दिया। वहीं, घटना के तुरंत बाद दुकानदार मौके से भाग गया था। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए एक घंटे तक सड़क जाम कर दी थी।

 सीपीआई (एम) ने गणतंत्र दिवस पर तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि द्वारा आयोजित चाय पार्टी का बहिष्कार करने की घोषणा की है। 

कुणाल घोष ने राहुल गांधी की आलोचना की
 पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेता कुणाल घोष ने राहुल गांधी के नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर की गई पोस्ट की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का पोस्ट स्वीकार्य नहीं है। हम नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मना रहे हैं...हमें नहीं पता कि विमान दुर्घटना को लेकर सत्यता क्या है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साथ हुई दुर्घटना सही है भी या नहीं। ऐसे में राहुल गांधी ने मृत्यु की जो तारीख बताई है वह गलत है, उन्हें इसे सही करना चाहिए। 

 

निधन की तारीख पर विवाद
दरअसल, राहुल ने बृहस्पतिवार को नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने नेताजी के निधन की तारीख 18 अगस्त, 1945 लिखी, जिस पर विवाद हो गया। सत्तापक्ष के कई नेताओं ने इसे नेताजी का अपमान करार दिया और मांफी की मांग की। राजग के नेताओं का कहना है कि बोस की मृत्यु एक विमान दुर्घटना में हुई थी।

तूतीकोरिन हवाईअड्डे पर सुरक्षा बढ़ाई गई
बम की धमकी के बाद तूतीकोरिन हवाईअड्डे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि ई-मेल के जरिए यह धमकी दी गई है। पुलिस ने कहा कि खतरे के मद्देनजर हवाईअड्डे की सुरक्षा और पुलिस ने यात्रियों की गहन जांच शुरू कर दी है। किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाने के लिए खोजी कुत्तों को लाया गया है।  

दुबई से लौटे व्यक्ति में कर्नाटक में एमपॉक्स की हुई पुष्टि
दुबई से लौटे 40 वर्षीय व्यक्ति में मंकीपॉक्स (एमपॉक्स) की पुष्टि हुई है। राज्य में मंकीपॉक्स का यह पहला मामला है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा, मंगलौर के करकला (उडुपी जिले) के मूल निवासी में मंकीपॉक्स की पुष्टि 22 जनवरी 2025 को पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) की ओर से की गई है। उक्त मरीज 19 वर्षों से दुबई में रह रहा था। वह 17 जनवरी, 2025 को मंगलूरू पहुंचा था।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यहां पहुंचने पर उसमें चकत्ते के लक्षण दिखे और दो दिन पहले उसे बुखार भी हुआ था। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में अलग रखा गया और उसके एमपॉक्स नमूनों को बंगलूरू मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) और उसके बाद एनआईवी, पुणे में भेजा गया। व्यक्ति की हालत स्थिर है और उसे कोई गंभीर जटिलता नहीं है। उसे जल्द ही छुट्टी मिलने की संभावना है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे घबराएं नहीं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed