फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 22 Dec North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News

Updates: गोवा जिला पंचायत चुनाव में जीत पर पीएम मोदी ने जनता का जताया आभार; सूरत में फर्नीचर गोदाम में आग

Mon, 22 Dec 2025 11:15 PM IST
लव गौर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: लव गौर Updated Mon, 22 Dec 2025 11:15 PM IST
विज्ञापन
News Updates 22 Dec North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा में जिला पंचायत चुनावों में भाजपा-एमजीपी (एनडीए) गठबंधन की जीत पर खुशी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गोवा की जनता का आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि गोवा अच्छी शासन व्यवस्था और प्रगतिशील राजनीति के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि गोवा के लोगों ने जिला पंचायत चुनावों में भाजपा–एमजीपी (एनडीए) परिवार को मजबूत समर्थन दिया है, जिसके लिए वह राज्य की जनता के आभारी हैं।प्रधानमंत्री ने कहा कि इस जीत से गोवा के विकास के लिए सरकार के प्रयासों को और ताकत मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एनडीए सरकार गोवा के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी ने चुनावी जीत का श्रेय एनडीए के मेहनती कार्यकर्ताओं को भी दिया और कहा कि जमीनी स्तर पर उनके अच्छे काम की वजह से यह परिणाम सामने आया है।

विज्ञापन


सूरत में फर्नीचर गोदाम में आग, दमकल की टीम मौके पर
गुजरात के सूरत शहर में सोमवार को एक फर्नीचर गोदाम में आग लग गई। मौके पर दमकल की गाड़ियाँ पहुँच गई हैं और कर्मी आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल आग फैलने की वजह और किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।

विज्ञापन

25 दिसंबर से पश्चिम बंगाल में बढ़ेगी ठंड, न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री गिरने का अनुमान
पश्चिम बंगाल में 25 दिसंबर से ठंड और बढ़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, अगले दो दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद गंगा तटीय पश्चिम बंगाल के जिलों में धीरे-धीरे ठंड बढ़ेगी।

उप-हिमालयी इलाकों में भी 25 दिसंबर के बाद कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने की भी चेतावनी दी है, जिससे दृश्यता एक किलोमीटर से कम हो सकती है। सोमवार को दार्जिलिंग में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में अलीपुरद्वार सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, कोलकाता में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सेना अधिकारी की गिरफ्तारी पर रक्षा मंत्रालय बोला- भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत रक्षा मंत्रालय ने रिश्वतखोरी के आरोपी एक सैन्य अधिकारी और बिचौलिए पर सख्त कार्रवाई की बात कही है। सीबीआई ने शनिवार को रक्षा उत्पादन विभाग में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा और एक अन्य व्यक्ति विनोद कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दीपक शर्मा रक्षा संबंधी मंजूरियों और फायदों के लिए निजी कंपनियों से रिश्वत लेते थे। वह दुबई स्थित एक रक्षा कंपनी के प्रतिनिधियों के संपर्क में थे। जांच एजेंसी के अनुसार, 18 दिसंबर को विनोद कुमार ने अधिकारी को 3 लाख रुपये की रिश्वत दी थी। 

इस मामले में अधिकारी की पत्नी कर्नल काजल बाली का नाम भी एफआईआर में दर्ज है। सीबीआई ने अधिकारी से जुड़े दिल्ली, बंगलूरू और श्रीगंगानगर के कई स्थानों पर छापा मारा। तलाशी के दौरान शर्मा के दिल्ली स्थित आवास से 2.23 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी के आवास से 10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 23 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

कल जारी होगा तीन राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की मसौदा मतदाता सूची
भारत निर्वाचन आयोग ने बताया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद केरल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह की मसौदा मतदाता सूची मंगलवार, 23 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद मतदाता सूची में नाम जोड़ने या सुधार के लिए आपत्तियां और दावे दर्ज कराए जा सकेंगे।
विज्ञापन

अरनिया में बीएसएफ पोस्ट के पास गुब्बारा व पाकिस्तानी करंसी बरामद
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रविवार को लाल रंग का गुब्बारा मिला है। इसके साथ पाकिस्तानी मुद्रा के 10 रुपये का आधा नोट जुड़ा हुआ था। पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) 101 बटालियन की सीमा चौकी स्टॉप 02 के पास नंदपुर टिब्बा के दिलावर कुमार के खेत में मिला। इसके पाकिस्तान की ओर से आने की आशंका है। सूचना मिलते ही बीएसएफ और अरनिया थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अरनिया दिलावर कुमार ने बताया कि पाकिस्तानी गुब्बारे के साथ फटी मुद्रा बरामद की है। इन्हें कब्जे में लेकर गुब्बारे की उत्पत्ति और उद्देश्य की जांच की जा रही है।

असम: ट्रेन से टकराए 8वें हाथी की भी मौत केंद्र ने मांगी रिपोर्ट
असम के होजाई जिले में ट्रेन से टकराए आठवें हाथी की भी मौत हो गई। हाथी का यह बच्चा शनिवार को राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आए झुंड में शामिल था। हादसे में 7 हाथियों ने मौके पर दम तोड़ दिया था। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन  मंत्री भूपेंद्र यादव ने हादसे पर रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने राज्य सरकारों को रेल ट्रैक के आसपास हाथियों की  आवाजाही पर कड़ी नजर रखने को भी कहा है। 

मणिपुर : सुरक्षाबलों ने 600 एकड़ से अधिक अवैध अफीम की खेती नष्ट की
मणिपुर के उखरुल और कांगपोकपी पहाड़ी जिलों में सुरक्षाबलों ने 600 एकड़ से अधिक अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि अवैध अफीम की खेती के खिलाफ 16 से 20 दिसंबर के बीच अभियान चलाकर 559 एकड़ में लगाए गए अवैध अफीम के पौधों को नष्ट किया गया। इन इलाकों में याओलेन, चिंगफेई, शोंगफेल, मुल्लम, तोराह, चम्फंग, तेइनेम मुख्य रूप से शामिल हैं।
विज्ञापन

फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर के पास मिली 232 फीसदी अधिक संपत्ति, गिरफ्तार
ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में जगतसिंहपुर जिले के राहम रेंज में तैनात फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर राजेंद्र कुमार समंत्रे को गिरफ्तार किया है। समंत्रे के पास उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से 232 प्रतिशत अधिक संपत्ति पाई गई है, जिसका वे संतोषजनक हिसाब नहीं दे सके।

विजिलेंस एसपी केबी आचार्य ने बताया कि शनिवार को चार ठिकानों पर हुई छापेमारी में एक तीन मंजिला इमारत, एक दो मंजिला मकान और पांच भूखंड मिले हैं। इसके अलावा 3.69 लाख रुपये नकद, 80.68 लाख रुपये की जमा राशि, 250 ग्राम सोने के गहने और एक कार सहित दो बाइक बरामद हुई हैं। घर से करीब 14 लाख रुपये का घरेलू सामान भी मिला है।
समंत्रे ने 1985 में महज 1,500 रुपये वेतन पर नौकरी शुरू की थी। इतनी बड़ी संपत्ति जुटाने के आरोप में उन्हें हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हैदराबाद से दिल्ली के लिए किया प्रस्थान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को अपनी पारंपरिक सर्दियों की यात्रा पूरी करने के बाद हैदराबाद से दिल्ली के लिए प्रस्थान किया। हकीमपेट एयर फोर्स स्टेशन पर उन्हें तेलंगाना के राज्यपाल जीश्नु देव वर्मा, मुख्यमंत्री ए रेवंथ रेड्डी, केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने गर्मजोशी के साथ विदाई दी।

राष्ट्रपति का राष्ट्रपति निवास, हैदराबाद (Rashtrapati Nilayam) में प्रवास 17 दिसंबर से शुरू हुआ था। इस दौरान उन्होंने 19 दिसंबर को सार्वजनिक सेवा आयोगों के अध्यक्षों के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित किया। इसके साथ ही 20 दिसंबर को उन्होंने ‘भारत की शाश्वत बुद्धिमत्ता: शांति और प्रगति के मार्ग’ विषयक सम्मेलन में हिस्सा लिया, जिसे ब्रह्माकुमारी शांति सरोवर ने अपनी 21वीं वर्षगांठ पर आयोजित किया।

 

कल चार राज्य-एक केंद्र शासित प्रदेश की मसौदा मतदाता सूची होगी जारी
कर्नाटक की उडुपी पुलिस ने मालपे कोचीन शिपयार्ड से जुड़े कर्मचारियों द्वारा भारतीय नौसेना से संबंधित संवेदनशील जानकारी लीक करने के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हाल ही में गिरफ्तार किए गए लोगों में गुजरात के आनंद जिले के कैलाश नगरी निवासी भरत कुमार खदयाट के पुत्र हिरेंद्र कुमार (34) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर नौसेना संचालन और प्रतिष्ठानों से संबंधित वर्गीकृत और गोपनीय जानकारी को पाकिस्तान में स्थित अपने संचालकों के साथ अवैध वित्तीय लाभ के बदले साझा करने का संदेह है। जांच से पता चलता है कि यह जानकारी उनके रोजगार के दौरान प्राप्त की गई थी और गुप्त चैनलों के माध्यम से प्रसारित की गई थी।

इससे पहले, 21 नवंबर को पुलिस ने इसी मामले के संबंध में उत्तर प्रदेश के मूल निवासी रोहित और संतरी को गिरफ्तार किया था। तीनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। कर्नाटक तट पर नौसेना के जहाज निर्माण और रखरखाव गतिविधियों से जुड़े प्रतिष्ठानों में सुरक्षा में संभावित सेंधमारी के बारे में खुफिया जानकारी मिलने के बाद यह मामला सामने आया। मालपे कोचीन शिपयार्ड जहाज की मरम्मत और समुद्री संचालन में सहयोग देने वाले संबद्ध कार्यों में शामिल है, जिससे यह राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से एक संवेदनशील प्रतिष्ठान बन जाता है।
 

ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 मिशन से पहले इसरो प्रमुख ने तिरुपति में की पूजा-अर्चना
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख वी नारायणन ने ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 मिशन से पहले सोमवार को यहां तिरुपति मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रक्षेपित किए जाने वाले रॉकेट की सूक्ष्म प्रतिकृति अपने साथ रखी हुई थी। इसरो बुधवार को एलवीएम3-एम6/ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 मिशन का प्रक्षेपण करने वाला है। यह एक समर्पित वाणिज्यिक मिशन होगा, जिसे एलवीएम3 प्रक्षेपण यान के जरिए अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। यह ऐतिहासिक मिशन अमेरिका के एएसटी स्पेसमोबाइल के ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 संचार उपग्रह को अंतरिक्ष में ले जाएगा। नारायणन ने कहा, 24 दिसंबर को हम ब्लूबर्ड-2 का प्रक्षेपण करने वाले हैं...हमारे बाहुबली रॉकेट... एम6 रॉकेट के जरिये। यह मिशन भारत से प्रक्षेपित किए जाने वाले अब तक के सबसे भारी उपग्रह को अंतरिक्ष में ले जाने का है।

केरल विधानसभा चुनाव: यूडीएफ ने किया तीन नए सहयोगियों को जोड़ने का एलान
इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस सहित तीन और राजनीतिक पार्टियों को अपने साथ जोड़कर अपना आधार बढ़ाने का फैसला किया। बैठक के बाद पत्रकारों से से केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने कहा कि पूर्व विधायक पीवी अनवर के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (केरल इकाई), आदिवासी नेता सीके जानू के नेतृत्व वाली जनधिपत्य राष्ट्रीय पार्टी (जेआरपी) और विष्णुपुरम चंद्रशेखरन के नेतृत्व वाली केरल कामराज कांग्रेस,यूडीएफ के सहयोगी बनेंगी।

हैदराबाद एयरपोर्ट पर बम की धमकी
हैदराबाद एयरपोर्ट को 22 दिसंबर को आधी रात के करीब एक ई-मेल के जरिए बम की धमकी मिली। यह धमकी KLM एयरलाइंस की एम्स्टर्डम से हैदराबाद आने वाली फ्लाइट को लेकर थी। धमकी मिलने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने तय सुरक्षा प्रक्रिया तुरंत लागू की। सभी जरूरी जांच और सतर्कता के बीच फ्लाइट करीब 1 बजे सुरक्षित रूप से राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड कर गई। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।

तेलंगाना: सीपीआई (माओवादी) का समर्थन करने वाली टिप्पणियों के लिए एनआईए ने कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया
प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) का कथित तौर पर प्रचार और समर्थन करने वाली टिप्पणियों के आरोप में एनआईए ने रविवार को जंगांव जिले में एक कार्यकर्ता और पूर्व नक्सली को गिरफ्तार किया। भारत बचाओ संगठन के प्रतिनिधि गाडे इन्नाइया उर्फ गाडे इन्ना रेड्डी (64) पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

एनआईए के अनुसार, इन्नाइया ने एक दिवंगत सीपीआई (माओवादी) कार्यकर्ता के अंतिम संस्कार में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए "प्रतिबंधित संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के इरादे से उसके समर्थन को प्रोत्साहित किया था"। एनआईए ने आगे कहा कि उसने "सभा में मौजूद लोगों को गैरकानूनी गतिविधि करने के लिए उकसाया और वहां मौजूद लोगों को माओवादी क्रांति जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया"।

इसी बीच, इन्नाइया के परिवार के एक सदस्य ने मीडियाकर्मियों को बताया कि एक ऑनलाइन चैनल को दिए गए साक्षात्कार के दौरान उनके द्वारा की गई टिप्पणियों के आधार पर एनआईए अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। परिवार के एक सदस्य ने कहा, "वह जनप्रिय व्यक्ति हैं और उन्हें कहीं जाने की कोई जरूरत नहीं है, और चूंकि रविवार को छुट्टी का दिन था, इसलिए लगभग 50 पुलिसकर्मी वाहनों में आए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।"

पथानमथिट्टा में पालतू जानवरों पर हमले करने वाला बाघ पकड़ा गया
केरल के पथानमथिट्टा जिले में पिछले कुछ समय से रिहायशी इलाकों में भटक रहे एक वयस्क बाघ को वन विभाग ने सोमवार को पकड़ लिया। अधिकारियों के अनुसार, यह बाघ बीते दो महीनों से वडस्सेरीकारा के पास कुंबलाथामोन इलाके में बार-बार दिखाई दे रहा था और पालतू जानवरों पर हमला कर रहा था। वन विभाग ने इलाके में कैमरा ट्रैप लगाए, जिससे बाघ की मौजूदगी की पुष्टि हुई। बताया गया कि बाघ ने भैंसों, कुत्तों और बकरियों को निशाना बनाया था, जिससे स्थानीय लोग दहशत में थे।

रविवार को बाघ ने एक बकरी को मार दिया, जिसका शव जंगल के पास एक सुनसान जगह पर मिला। इसके बाद वनकर्मियों ने उसी जगह पर बकरी के शव को चारे के तौर पर रखकर पिंजरा लगाया। सोमवार तड़के जब बाघ वापस लौटा, तो वह पिंजरे में फंस गया। पकड़े गए बाघ को अब नजदीकी वन स्टेशन ले जाया जाएगा, जहां उसकी स्वास्थ्य जांच होगी। इसके बाद तय किया जाएगा कि उसे जंगल में छोड़ा जाए या निगरानी में रखा जाए। अधिकारियों ने साफ किया कि बाघ ने किसी इंसान पर हमला नहीं किया था, लेकिन मवेशियों के बार-बार मारे जाने से लोगों में डर बना हुआ था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed