Updates: गुजरात में गोदारा-बॉक्सर गैंग का शूटर गिरफ्तार, भारतीय स्टार्टअप दिगंतारा करेगा मिसाइलों की निगरानी
भारतीय स्टार्टअप दिगंतारा अंतरिक्ष से करेगा मिसाइलों की निगरानी
अंतरिक्ष क्षेत्र में सक्रिय भारतीय स्टार्टअप कंपनी दिगंतारा ने उपग्रहों के जरिए मिसाइलों का पता लगाने और उनकी निगरानी करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। कंपनी का फोकस अंतरिक्ष मलबे और अंतरिक्ष यातायात की निगरानी पर है, जो वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था का एक अहम क्षेत्र बनता जा रहा है। वर्तमान में दुनिया भर में उच्च गति इंटरनेट और पृथ्वी अवलोकन जैसे अनुप्रयोगों के लिए पृथ्वी की निचली कक्षा में बड़ी संख्या में उपग्रह छोड़े जा रहे हैं। ऐसे में अंतरिक्ष में सुरक्षा और निगरानी की जरूरत बढ़ गई है। दिगंतारा का दावा है कि उसकी तकनीक से मिसाइल गतिविधियों के साथ-साथ अंतरिक्ष मलबे की पहचान और ट्रैकिंग में भी मदद मिलेगी। यह पहल भारत की अंतरिक्ष क्षमताओं को नई मजबूती देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
एसबीआई का लक्ष्य अगले वित्त वर्ष में 10 लाख करोड़ रुपये का होम लोन
मजबूत मांग और कर्ज पर कम ब्याज दरों के चलते भारतीय स्टेट बैंक को उम्मीद है कि वह अगले वित्त वर्ष में 10 लाख करोड़ रुपये के होम लोन के आंकड़े को पार कर लेगा। बैंक के चेयरमैन सीएस शेट्टी ने बताया कि फिलहाल एसबीआई का होम लोन पोर्टफोलियो 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक का है, जो बैंक की सबसे बड़ी व्यावसायिक इकाई है। यह कुल परिसंपत्तियों का 20 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा रखती है। उन्होंने कहा कि 14 प्रतिशत की वृद्धि दर के साथ एसबीआई देश का सबसे बड़ा होम लोन प्रदाता बन गया है। 2024-25 में होम लोन का आकार 8.31 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष से 14.4 प्रतिशत अधिक है। बैंक ने एनपीए को एक प्रतिशत से कम रखने में भी सफलता पाई है।
ब्रिटिश नागरिक सुरिंदर कुमार खोसला के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी
गोवा पुलिस ने गोवा नाइटक्लब आग मामले में ब्रिटिश नागरिक सुरिंदर कुमार खोसला के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नाइट क्लब में छह दिसंबर को लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा, हमने उसे ब्रिटेन से वापस लाने के लिए ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए केंद्रीय एजेंसियों के साथ जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। अधिकारी ने बताया कि आग हादसे के वक्त खोसला गोवा में मौजूद था, लेकिन इसके अगले ही दिन संभवतः सात दिसंबर को वह ब्रिटेन भाग गया। पुलिस के मुताबिक, खोसला अरपोरा में बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब के मालिकों में से एक है।
इंडिगो इसी माह से देना शुरू करेगी 10,000 का मुआवजा
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निर्देश के बाद इंडिगो इस महीने की शुरुआत में बड़े पैमाने पर हुई उड़ान व्यवधानों से प्रभावित यात्रियों को 26 दिसंबर से मुआवजा देना शुरू करेगी। शुक्रवार को सरकार ने एयरलाइन को 3, 4 और 5 दिसंबर को हजारों उड़ानें रद्द या विलंबित होने के दौरान प्रभावित यात्रियों के लिए तत्काल मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।
सूत्रों के अनुसार, इस निर्देश के बाद इंडिगो उन दिनों कई घंटों तक हवाई अड्डों पर फंसे रहे और अत्यधिक प्रभावित ग्राहकों को 10,000 रुपये के यात्रा वाउचर जारी करेगी। इसके अलावा, सरकारी मानदंडों के अनुसार 5,000 रुपये से 10,000 रुपये तक का अतिरिक्त मुआवजा भी दिया जाएगा। नागरिक उड्डयन सचिव समीर सिन्हा ने एक समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश जारी किया। समयसीमा स्पष्ट करते हुए एक अधिकारी ने बताया, इंडिगो की वेबसाइट से सीधे टिकट बुक करने वाले यात्रियों को एक सप्ताह के भीतर मुआवजा देना शुरू कर दिया जाएगा।
कर्नाटक हाईकोर्ट ने सोने की तस्करी मामले में कन्नड़ अदाकारा रान्या राव की विदेशी मुद्रा संरक्षण और तस्करी गतिविधियों की रोकथाम अधिनियम (कोफेपोसा) कानून के तहत नजरबंदी में दखल देने से इन्कार कर दिया है। जस्टिस अनु सिवरमन और विजयकुमार ए पाटिल की डिवीजन बेंच ने शुक्रवार को यह आदेश दिया। इस आदेश में अदालत ने राव की मां एचपी रोहिणी की दायर याचिका को खारिज कर दिया। इसमें उन्होंने बेटी के खिलाफ कोफेपोसा के तहत पारित हिरासत आदेश की वैधता पर सवाल उठाया था।
राव को तीन मार्च 2025 को बंगलूरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने आरोप है कि राव के पास से 12.56 करोड़ रुपये की कीमत का 14.2 किलो सोना बरामद किया गया। डीआरआई के मुताबिक, राव ने बेल्ट और जैकेट में सोना छिपाकर सीमा शुल्क जांच से बचने की कोशिश की। राव के घर की तलाशी में 2.06 करोड़ रुपये के गहने और 2.67 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए। इससे इस मामले में जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य 17.29 करोड़ रुपये हो गया।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को गगनयान मानव अंतरिक्ष मिशन के लिए बड़ी सफलता मिली है। इसरो ने बताया कि गगनयान क्रू मॉड्यूल के लिए तैयार किए जा रहे ड्रोग पैराशूट के क्वालिफिकेशन टेस्ट सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं।
परीक्षण 18 और 19 दिसंबर को चंडीगढ़ स्थित टर्मिनल बैलिस्टिक्स रिसर्च लैबोरेटरी (टीबीआरएल) के रेल ट्रैक रॉकेट स्लेड (आरटीआरएस) फैसिलिटी में किए गए। इसरो के अनुसार, गगनयान क्रू मॉड्यूल के डिसेलरेशन सिस्टम में कुल 10 पैराशूट होते हैं, जो चार अलग-अलग प्रकार के हैं। मॉड्यूल के उतरने की प्रक्रिया की शुरुआत दो एपेक्स कवर सेपरेशन पैराशूट के अलग होने से होती है, जिससे पैराशूट कंपार्टमेंट का सुरक्षात्मक कवर हट जाता है। इसके बाद दो ड्रोग पैराशूट खुलते हैं, जो क्रू मॉड्यूल को स्थिर करते हैं और उसकी गति कम करते हैं।
कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में 13 दिसंबर को आयोजित फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के मुख्य आयोजक और गिरफ्तार आरोपी सतद्रु दत्ता ने जांच अधिकारियों को बताया है कि कार्यक्रम के दौरान बार-बार छुए जाने और गले लगाए जाने से मेसी असहज और नाखुश थे। इसी कारण वह तय कार्यक्रम के अनुसार पूरा समय रुकने के बजाय पहले ही लौट गए।
विशेष जांच दल (एसआईटी) अधिकारियों की लंबी पूछताछ में दत्ता ने कहा कि मेसी को पीठ पर हाथ रखने या गले लगाने जैसी हरकतें पसंद नहीं थीं और विदेशी सुरक्षा अधिकारियों ने इस बारे में पहले ही आयोजकों को आगाह किया था। दत्ता के अनुसार, भीड़ को संयम बरतने की बार-बार घोषणाओं के बावजूद हालात नहीं संभले और जिस तरह मेसी को चारों ओर से घेरकर छुआ गया, वह विश्व कप विजेता खिलाड़ी को स्वीकार्य नहीं था। पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री अरूप बिस्वास मेसी के काफी करीब नजर आए। तस्वीरों में उन्हें मेसी की कमर पर हाथ रखकर फोटो खिंचवाते देखा गया। आरोप है कि रिश्तेदारों को बिस्वास ने प्रभाव का इस्तेमाल कर मेसी तक पहुंच दिलाई।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने मोटापा कम करने वाली दवाओं के प्रति आगाह किया। उन्होंने कहा कि ऐसी दवाओं का उपयोग बेहद विवेकपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए। प्रसिद्ध मधुमेह विशेषज्ञ होने के नाते उन्होंने स्पष्ट किया कि मोटापा केवल जीवनशैली या कॉस्मेटिक समस्या नहीं है, बल्कि जटिल व पुरानी बीमारी है।
एशिया ओशिनिया कॉन्फ्रेंस ऑन ओबेसिटी के उद्घाटन सत्र में जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत में गैर-संचारी रोगों के कारण होने वाली 63% मौतों का सीधा संबंध मोटापे से है। उन्होंने मोटापे के प्रबंधन में बढ़ते व्यवसायीकरण और भ्रामक जानकारी के खिलाफ चेतावनी दी। मंत्री ने कहा कि बिना वैज्ञानिक आधार वाले दावे और त्वरित समाधान लोगों को गुमराह करते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि दशकों पहले रिफाइंड तेल के व्यापक प्रचार के भी गंभीर स्वास्थ्य परिणाम सामने आए थे। उनके अनुसार इस सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती से निपटने के लिए पूरे समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे।
आईएनएस सिंधुघोष की 40 वर्षों के बाद नौसेना से विदाई
भारतीय नौसेना की शक्तिशाली सिंधुघोष श्रेणी की पहली पनडुब्बी आईएनएस सिंधुघोष को 40 वर्षों की शानदार राष्ट्र सेवा के बाद डीकमीशन कर दिया गया है। पश्चिमी नौसेना कमान ने शनिवार को इसकी जानकारी साझा की। पनडुब्बी को विदा करने का आधिकारिक समारोह 19 दिसंबर की शाम मुंबई के नेवल डॉकयार्ड में आयोजित किया गया।
पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन इस अवसर पर मुख्य अतिथि थे। समारोह में पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल वीएस शेखावत सहित कई दिग्गज अधिकारी और पूर्व कमांडिंग ऑफिसर भी मौजूद रहे। लेफ्टिनेंट कमांडर रजत शर्मा की कमान में पनडुब्बी को पे ऑफ किया गया। भारतीय जलक्षेत्र की सुरक्षा में चार दशकों तक इस पनडुब्बी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। नौसेना ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस ऐतिहासिक विदाई समारोह की तस्वीरें भी साझा की हैं।
केरल हाईकोर्ट ने सबरीमला हवाई अड्डे की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को किया रद्द
केरल उच्च न्यायालय ने प्रस्तावित सबरीमाला ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरणों को रद्द कर दिया है। हाईकोर्ट ने माना कि राज्य परियोजना के लिए वास्तव में जरूरी न्यूनतम भूमि का उचित आकलन करने में असफल रहा।
30 दिसंबर, 2022 को राज्य सरकार ने चेरुवल्ली एस्टेट और इसके बाहर स्थित अतिरिक्त 307 एकड़ भूमि सहित 2,570 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए मंजूरी देने का आदेश जारी किया।
अयाना चैरिटेबल ट्रस्ट (पूर्व में गॉस्पेल फॉर एशिया) और उसके प्रबंध न्यासी डॉ. सिनी पुन्नूसे की ओर से दायर एक रिट याचिका पर फैसला सुनाते हुए न्यायमूर्ति सी. जयचंद्रन ने फैसला सुनाया कि भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन में उचित मुआवजे और पारदर्शिता के अधिकार अधिनियम, 2013 के तहत निर्णय लेने की प्रक्रिया कानूनी रूप से त्रुटिपूर्ण थी।
पुलिस ने रविवार को बताया कि सुरक्षाबलों ने मणिपुर के पहाड़ी जिलों उखरुल और कांगपोकपी में 600 एकड़ से ज्यादा की अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया। उन्होंने बताया कि 16-20 दिसंबर के दौरान याओलेन, लमलाई चिंगफेई, शोंगफेल, मुल्लम, तोरा, चंफुंग, टीनेम, फली और चांगटा सहित उखरुल जिले के विभिन्न स्थानों में लगभग 559 एकड़ खसखस के बागान नष्ट कर दिए गए।
बांग्लादेश में दीपु चंद्र दास की भीड़ की ओर से पीट-पीटकर हत्या किए जाने पर जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने कहा, 'यह बेहद शर्मनाक है। जब मुसलमान ऐसे कृत्य करते हैं, तो हम शर्म से सिर झुका लेते हैं और इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। सबसे पहले, किसी भी सभ्य समाज में किसी को भी दूसरे इंसान की हत्या करने का अधिकार नहीं होना चाहिए। किसी ने चाहे कितना भी गलत काम किया हो, सजा देने की एक प्रक्रिया है, और उस प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। इसके अलावा, अगर अपराधी मुसलमान हैं और पीड़ित गैर-मुस्लिम है, तो अपराध और भी जघन्य हो जाता है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। किसी की हत्या करना, या किसी को अपमानित करना भी, इस्लाम में जायज नहीं है। इस्लाम किसी भी कीमत पर इसकी इजाजत नहीं देता। निंदा की कोई भी मात्रा काफी नहीं है। हां, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस पूरे उपमहाद्वीप में उग्रवाद बढ़ रहा है, और इसे रोकना होगा। इस क्षेत्र में और विश्व स्तर पर इसका मुकाबला करना होगा। दुनिया भी इसी तरह की स्थिति का सामना कर रही है, जिसका मुकाबला करना होगा।'
कांग्रेस ने मनरेगा को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी का आरोप है कि संसद में सभी संसदीय परंपराओं और प्रक्रियाओं को दरकिनार कर मनरेगा जैसे ऐतिहासिक कानून को कमजोर किया गया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि बिना किसी व्यापक चर्चा और परामर्श के दो दशकों की प्रगति को पलट दिया गया। उन्होंने 2012 में यूपीए सरकार के दौरान जारी मनरेगा समीक्षा दस्तावेज का हवाला देते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण भारत के लिए जीवनरेखा रही है और इसके प्रभाव पर 145 फील्ड स्टडी हुई थीं, जिनमें नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट भी शामिल थी।
जयराम रमेश के बयान एक दिन पहले सोनिया गांधी के उस आरोप के बाद आए हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार मनरेगा को 'बुलडोज' कर रही है। संसद ने गुरुवार को वीबी-जी राम जी विधेयक पारित किया, जो 20 साल पुराने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम की जगह लेगा। विपक्ष ने महात्मा गांधी का नाम हटाने और राज्यों पर वित्तीय बोझ डालने का आरोप लगाया। सरकार की ओर से मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नए कानून से पुरानी योजना की खामियां दूर होंगी।
संविधान बदलना चाहती है भाजपा- जयराम रमेश
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनाव सुधारों के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार और चुनाव आयोग को घेरा है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि संसद में यह आरोप लगाया गया कि कांग्रेस ने चुनाव सुधारों पर कोई सुझाव नहीं दिए, जबकि यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी तीन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुके हैं और जून 2023 से दिसंबर 2023 के बीच चुनाव आयोग से कई बार समय मांगा गया, लेकिन मुलाकात नहीं दी गई। अब कांग्रेस एक विस्तृत दस्तावेज तैयार कर जल्द ही चुनाव आयोग को सौंपेगी।
जयराम रमेश ने कहा कि मतदाता सूची की सफाई जरूरी है और केवल भारतीय नागरिकों को ही वोट देने का अधिकार होना चाहिए, इस पर कोई विवाद नहीं है। उन्होंने गृह मंत्री से सवाल किया कि बिहार में हुए एसआईआर में कितने घुसपैठियों के नाम हटाए गए। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान बदलना चाहते हैं। उन्होंने 2024 के चुनावी नारे अबकी बार 400 पार का जिक्र करते हुए कहा कि इसका मकसद संविधान में बदलाव करना था।
एसबीआई का बड़ा लक्ष्य, 10 लाख करोड़ रुपये के होम लोन तक पहुंचने की तैयारी
भारतीय स्टेट बैंक ने अगले वित्त वर्ष में 10 लाख करोड़ रुपये के होम लोन पोर्टफोलियो को पार करने का लक्ष्य तय किया है। एसबीआई के चेयरमैन सीएस शेट्टी ने कहा कि इस समय बैंक का होम लोन पोर्टफोलियो 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक का हो चुका है। उन्होंने बताया कि मजबूत मांग और कम ब्याज दरों के कारण होम लोन में लगातार वृद्धि हो रही है। यह एसबीआई की सबसे बड़ी व्यावसायिक इकाई है, जो बैंक की कुल परिसंपत्तियों का 20 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा रखती है। शेट्टी के अनुसार 14 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर के साथ एसबीआई देश का सबसे बड़ा होम लोन प्रदाता बन गया है। मार्च 2011 में जहां होम लोन एक लाख करोड़ रुपये था, वहीं नवंबर 2025 तक यह 9 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि सतत निगरानी के चलते इस क्षेत्र में एनपीए एक प्रतिशत से भी कम है और खुदरा, कृषि व एमएसएमई ऋण में भी मजबूत बढ़त दर्ज की गई है।
तमिलनाडु के तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित हजरत सिकंदर दरगाह में होने वाले संथनकूडू उत्सव के झंडा फहराने को लेकर स्थानीय लोगों के एक समूह ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि कोर्ट के आदेश के अनुसार कार्तिगई महीने में दरगाह के पास बने खंभे पर कार्तिगई दीपम जलाया जाना चाहिए। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अदालत के आदेश का पालन किया जाए और कार्तिगई दीपम जलाने की परंपरा को रोका न जाए। उनका कहना है कि यह धार्मिक परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। वहीं प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि थिरुमंगलम के राजस्व मंडल अधिकारी (RDO) ने सिकंदर दरगाह में संथनकूडू उत्सव के लिए झंडा फहराने की अनुमति दे दी है। यह उत्सव अब 6 जनवरी 2026 तक चलेगा। यह मामला तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर अलग-अलग धार्मिक परंपराओं को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा हुआ है, जिस पर प्रशासन नजर बनाए हुए है ताकि शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।