फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 2 December North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: तमिलनाडु के नीलगिरी में भारी बारिश, स्कूल-कॉलेज बंद; वंचित बहुजन अघाड़ी का EVM विरोधी आंदोलन का एलान

Tue, 03 Dec 2024 06:00 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Tue, 03 Dec 2024 06:00 PM IST
विज्ञापन
News Updates 2 December North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

विज्ञापन

तमिलनाडु के नीलगिरी जिले में भारी बारिश के कारण आज जिले के स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। आईएमडी ने आज जिले में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की भविष्यवाणी की। 

ईवीएम के खिलाफ आंदोलन करेगी वंचित बहुजन अघाड़ी
पूर्व सांसद प्रकाश अंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) ने महाराष्ट्र इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के खिलाफ आंदोलन शुरू करने का एलान किया है। राज्य विधानसभा चुनावों के दस दिनों बाद रविवार को पुणे में वीबीए की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में ईवीएम विरोधी आंदोलन शुरू करने का फैसला लिया गया। पार्टी ने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में वीबीए तीन दिसंबर से ईवीएम के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगा, जो 16 दिसंबर तक चलेगा। राज्य विधानसभा चुनाव में महायुति ने भारी मतों से जीत हासिल की है। जबकि अंबेडकर की पार्टी को कोई भी सीट नहीं मिली थी। पार्टी ने कहा कि वह ईवीएम के खिलाफ अपने आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज करेगा। 

विज्ञापन

 
कर्नाटक में सड़क हादसे में तीन की मौत
कल्लम्बेला पुलिस स्टेशन ने बताया कि कर्नाटक के तुमकुरु के सिरा में एक निजी बस के सड़क डिवाइडर से टकराने से तीन यात्रियों की मौत और 20 से अधिक घायल घायल यात्रियों को स्थानीय अस्पताल में भेज दिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

पुरी में नौसेना दिवस समारोह से पहले दो दिवसीय रिहर्सल शुरू

ओडिशा के पुरी में चार दिसंबर को होने वाले नौसेना दिवस समारोह से पहले रविवार को ब्लू फ्लैग समुद्र तट पर दो दिवसीय रिहर्सल शुरू हुई। अधिकारियों के अनुसार, नौसेना दिवस समारोह में बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में 15 युद्धपोत और 40 विमान हिस्सा लेंगे। 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत की याद में हर साल चार दिसंबर को नौसेना दिवस मनाया जाता है। 

आईएनएस चिल्का के कमांडिंग ऑफिसर बी दीपक अनिल ने बताया कि इस बार भारतीय नौसेना पहली बार ओडिशा में अपने ऑपरेशन का प्रदर्शन करेगी। समारोह की तैयारियां महीनों पहले से शुरू हो गई थीं। इस कार्यक्रम में जहाज, पनडुब्बी, विमान और विभिन्न अन्य समुद्री कमांडो भाग लेंगे। नौसेना के जवान युद्ध प्रदर्शन करेंगे, जिसमें मार्कोस कमांडो द्वारा गुप्त ऑपरेशन भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्र की सुरक्षा में भारतीय नौसेना की तत्परता और वीरता को उजागर करता है। वहीं, पुरी के जिला कलेक्टर सिद्धार्थ एस स्वैन ने कहा कि जिला प्रशासन इस कार्यक्रम के लिए पूरी तरह तैयार है। समुद्र तट पर जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है, ताकि लोग इस आयोजन का आनंद उठा सकें। साथ ही, सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की गई है।

अजमेर दरगाह विवाद: भाजपा नेता राठौड़ बोले- अभी इस मामले में टिप्पणी करना जल्दबाजी

अजमेर दरगाह को शिव मंदिर के ऊपर बनाए जाने का दावा करने वाली याचिका पर एक स्थानीय अदालत ने नोटिस जारी किया है, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया है। इस बीच, भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने रविवार को कहा कि जब तक मामला सुनवाई के चरण में नहीं पहुंचता, तब तक इस पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने अजमेर में पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने अजमेर दरगाह विवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि अभी इस मुद्दे पर बात करना ठीक नहीं होगा। अदालत जो भी फैसला करेगी, उसे सबको मानना होगा। जब तक मामला सुनवाई के चरण में नहीं आता, तब तक कुछ भी कहना सही नहीं है।

कोलकाता में फर्जी पहचान पर रहने वाला बांग्लादेशी आरोपी गिरफ्तार

कोलकाता पुलिस ने बांग्लादेश के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को बताया कि आरोपी फर्जी पहचान के सहारे भारत में निर्धारित अवधि से अधिक समय से रह रहा था। अधिकारी ने बताया कि पार्क स्ट्रीट पुलिस थाने के अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर मार्कस स्ट्रीट स्थित एक होटल पर शुक्रवार रात छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। वह इस होटल में पिछले दो साल से काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने और होटल में काम जारी रखने के लिए दो फर्जी दस्तावेज एक पासपोर्ट और एक आधार कार्ड बनवाया था। उन्होंने बताया कि आरोपी करीब दो साल पहले भारत आया था।

राकांपा-एसपी ने जितेंद्र अव्हाड को चुना विधायक दल का नेता

मुंबई। शरद पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने रविवार को पार्टी विधायक जितेंद्र अव्हाड को महाराष्ट्र विधानसभा में पार्टी विधायक दल का नेता नामित किया। राकांपा (एसपी) प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने कहा कि पहली बार निर्वाचित विधायक रोहित पाटिल को पार्टी का मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है। बता दें कि राकांपा (एसपी) ने हाल में संपन्न महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 86 सीट पर लड़ा था, लेकिन 10 सीट ही जीत पाई। इन दस विधायकों में से एक संदीप क्षीरसागर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के कारण बैठक में शामिल नहीं हुए। पूर्व मंत्री अव्हाड ठाणे जिले के मुंब्रा-कलवा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में राकांपा (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार और कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले भी मौजूद थीं।

कांग्रेस का 5 दिसंबर को कर्नाटक में सम्मेलन

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी पांच दिसंबर को हासन में एक सम्मेलन आयोजित करेगी, जिसका उद्देश्य संविधान की रक्षा और देश में विकास पर चर्चा करना होगा। केपीसीसी कार्यालय में तैयारी बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने पत्रकारों से बात की। इस दौरान कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के कई नेताओं ने हासन में सम्मेलन के आयोजन का प्रस्ताव रखा है। सभी मंत्री तथा जिला प्रभारी इसकी तैयारियों में लगे हुए हैं। कई संगठनों और समुदायों ने इस आयोजन का समर्थन किया है। डीके शिवकुमार ने कहा कि एआईसीसी ने पार्टी को संविधान की सुरक्षा और विकास पर एक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है। इस सम्मेलन में राज्य और जिले के सभी नेता शामिल होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी उन लोगों को आमंत्रित करेगी, जो संविधान के समर्थन में हैं। सम्मेलन का एक उद्देश्य राज्य सरकार के खिलाफ झूठी जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ जागरूकता फैलाना भी होगा।

 

नागपुर में घरेलू सहायिका को बंधक बना प्रताड़ित किया, बुजुर्ग दंपती पर केस

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में 15 साल की घरेलू सहायिका को प्रताड़ित करने और बंधक बनाने के आरोप में एक बुजुर्ग दंपती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, पीड़िता झारखंड की रहने वाली है। कोराडी पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि दंपती की पहचान नौसेना से सेवानिवृत्त उमेश कुमार शाहू (68) और उनकी पत्नी मंजू शाहू (60) के रूप में हुई है। अधिकारी के अनुसार, दंपती के घर से पीड़िता को बचाया गया। उसे छोटी-छोटी गलतियों पर पीटा जाता था, दूसरों से बात करने से रोका जाता था, और जब दंपती घर से बाहर जाते थे तो उसे बंद कर दिया जाता था। पड़ोसियों ने बाल अधिकार संरक्षण समिति को इस बारे में सूचना दी और उन्होंने नाबालिग को बचाया। इसके बाद समिति ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने बाल अधिकार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। नाबालिग को एक आश्रय गृह भेज दिया गया है। 

केरल में तीर्थयात्रियों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध

इडुक्की की जिला कलेक्टर वी. विग्नेश्वरी ने लगातार भारी बारिश के कारण कुमिली से सबरीमाला तक मुक्कुझी-साथराम वन मार्ग के साथ तीर्थयात्रियों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। मौसम की स्थिति में सुधार होने तक प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।

तेलंगाना में सब-इंस्पेक्टर ने खुद को गोली मारी

तेलंगाना के मुलुगु जिले में सोमवार सुबह पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि वजेदू पुलिस थाने में कार्यरत उप निरीक्षक का शव एतुरनगरम मंडल में एक रिसॉर्ट के कमरे में खून से लथपथ मिला। 
 
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस अधिकारी ने कहा कि एसआई को व्यक्तिगत कारणों से आत्महत्या करने का संदेह है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। 

बंगलूरू में महिला से बदसलूकी करने वाला कांस्टेबल निलंबित

पासपोर्ट सत्यापन के बहाने एक महिला इंजीनियर के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने और उसे परेशान करने के आरोप में एक पुलिस कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस गिरीश ने यहां ब्यातारायणपुरा पुलिस थाने में तैनात कांस्टेबल की शिकायत पर उसे निलंबित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी कांस्टेबल किरण पासपोर्ट सत्यापन के बहाने उसके घर आया और उसके साथ दुर्व्यवहार और उत्पीड़न किया। जांच के बाद कांस्टेबल को शनिवार को सेवा से निलंबित कर दिया गया।

सूरत में भाजपा की महिला नेता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

गुजरात के सूरत में भाजपा की एक 34 वर्षीय महिला नेता ने अपने घर में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस उपायुक्त विजयसिंह गुर्जर ने बताया कि सूरत शहर के वार्ड संख्या 30 की भाजपा महिला इकाई की अध्यक्ष दीपिका पटेल का शव रविवार को करीब दो बजे भीमराड इलाके में उनके घर के बेडरूम के पंखे से लटका मिला।

उन्होंने बताया, ‘‘घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। यह कदम उठाने से पहले, उन्होंने वार्ड 30 के पार्षद चिराग सोलंकी को फोन किया था, जिन्हें वे भाई मानती थीं। दीपिका ने चिराग को बताया कि वह तनाव में हैं और अपना जीवन समाप्त करना चाहती हैं। चिराग सोलंकी इसके बाद आनन-फानन में पटेल के घर पहुंचे। हालांकि, बार-बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। जब कोई जवाब नहीं मिला तो घर और फिर बेडरूम का दरवाजा तोड़ा गया।’’

पुलिस ने बताया, ‘‘दीपिका के पति बाहर थे। सोलंकी जब घर पहुंचे तो वहां दीपिका के बच्चे मौजूद थे। वह दीपिका को नए सिविल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि हुई है। उनका मोबाइल फोन मंगवा लिया गया है जांच के तहत उसकी फॉरेंसिक जांच की जाएगी।’’

कल से हड़ताल पर जाएंगे आलू व्यापारी

पश्चिम बंगाल के आलू व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर राज्य सरकार दूसरे राज्यों को आलू बेचने पर प्रतिबंध नहीं हटाती है तो वे कल हड़ताल पर चले जाएंगे। इस बाबत दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी विफल रही है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल सरकार ने हाल ही में स्थानीय बाजारों में कीमतों को नियंत्रित करने के प्रयास में पड़ोसी राज्यों को आलू बेचने पर प्रतिबंध फिर से लगा दिया है। स्थानीय बाजारों में आलू 35-40 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रहा है।

राज्य सरकार के फैसले के बाद, पुलिस ने राज्य से आलू के परिवहन को रोकने के लिए अंतर-राज्यीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी है। इसके कारण कई ट्रक सीमा पार से फंसे हुए हैं। इसी को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए प्रगतिशील आलू व्यापारी संघ के सचिव लालू मुखर्जी ने एलान किया था कि अगर सरकार प्रतिबंध नहीं हटाती है तो हम मंगलवार से हड़ताल पर चले जाएंगे।”

घरों पर चट्टान गिरने से तमिलनाडु में सात लोग फंसे

तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई जिले में भारी बारिश के बाद प्रसिद्ध अन्नामलाईयार पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित घरों पर एक बड़ा पत्थर गिरने से लगभग 5 से 7 लोगों के फंसे होने की आशंका है। जिला कलेक्टर डी भास्कर पांडियन और पुलिस अधीक्षक एम सुधाकर ने रविवार शाम को मौके का निरीक्षण किया। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि शहर में भारी बारिश होने के बावजूद अधिकारियों की ओर से बचाव अभियान जारी है। अग्निशमन और बचाव सेवाओं के एक अधिकारी ने बताया कि पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित झोपड़ियों पर एक बड़ा पत्थर गिर गया है। भारी बारिश के बीच बचाव कार्य जारी है। घरों से 5 से 7 लोगों के फंसे होने की आशंका है। अंधेरा और बारिश के कारण स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के कर्मी भी बचाव अभियान में शामिल होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed