फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 18th Nov North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

News Updates: बढ़ते प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने दी सलाह; बंबई HC ने महाराष्ट्र CID को लगाई कड़ी फटकार

Mon, 18 Nov 2024 07:31 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Mon, 18 Nov 2024 07:31 PM IST
विज्ञापन
News Updates 18th Nov North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
केरल के त्रिपुनिथुरा में सोमवार की सुबह एक पुल की रेलिंग से टकराने से दो युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना त्रिपुनिथुरा में माथुर ब्रिज पर रात करीब 1.30 बजे हुई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान वायनाड के मेप्पाडी की निवेदिता (21) और कोल्लम के सुबिन (19) के रूप में हुई है। कोच्चि सिटी पुलिस ने   घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि शवों को अस्पताल में रखा गया है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
विज्ञापन


इसके अलावा कर्नाटक में दक्षिण कन्नड़ जिले में अपने घर के बाहर बैठे 14 वर्षीय लड़के की कथित तौर पर बिजली गिरने से मौत हो गई। यह घटना रविवार शाम को दक्षिण कन्नड़ जिले के बंटवाल तालुक के केडिला गांव में हुई। पुलिस ने बताया कि सुबोध को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन


कोलकाता के एक शॉपिंग मॉल में आग लग गई
कोलकाता के दक्षिणी कस्बा इलाके में स्थित एक शॉपिंग मॉल के फूड कोर्ट में सोमवार को मामूली आग लग गई।  पुलिस ने बताया कि ‘एक्रोपोलिस मॉल’ में ‘मोमो’ की एक दुकान में पूर्वाह्न करीब 11 बजे आग लग गई। इस अग्निकांड में कोई हताहत नहीं हुई। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मॉल के कर्मचारियों ने वहां लगी हल्की आग को तुरंत बुझा दिया और इसके लिए किसी दमकल वाहन की जरूरत नहीं पड़ी।
विज्ञापन
विज्ञापन


पूर्व अधिकारी एसएम खान का निधन
भारतीय सूचना सेवा (आईआईएस) के पूर्व अधिकारी एस एम खान का रविवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी। खान 67 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं। खान पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए पी जे अब्दुल कलाम के प्रेस सचिव भी रहे। वह केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) में महत्वपूर्ण चेहरा थे, जिन्होंने 1989 से 2002 तक एजेंसी के लिए सबसे लंबे समय तक सूचना अधिकारी के रूप में कार्य किया।

कैसा था कार्यकाल
अपने कार्यकाल के दौरान, खान सीबीआई का चेहरा बन गए तथा बोफोर्स घोटाला, स्टॉक एक्सचेंज घोटाले समेत विभिन्न हाई-प्रोफाइल मामलों के दौरान नियमित रूप से मीडिया को संबोधित करते रहे। सीबीआई में अपनी व्यापक सेवा के बाद, खान को तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. ए पी जे अब्दुल कलाम का प्रेस सचिव नियुक्त किया गया। इस भूमिका में खान ने सार्वजनिक संचार में अपनी प्रतिष्ठा को और मजबूत किया।

जानकारी के अनुसार कलाम का कार्यकाल पूरा होने के बाद, खान को दूरदर्शन में समाचार महानिदेशक के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली। सार्वजनिक सेवा में अपने उल्लेखनीय करियर के अलावा, खान ने ‘‘पीपुल्स प्रेसिडेंट’’ नामक एक पुस्तक भी लिखी, जिसका विमोचन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया।

नैतिकता के बिना राजनीति पाखंड: नवीन पटनायक
बीजद अध्यक्ष और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रविवार को कहा कि नैतिकता के बिना राजनीति पाखंड है। ओडिशा के पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र बक्सीपात्रा की 91वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए पटनायक ने कहा कि राजनीति "आदर्श के लिए काम करने और लोगों की बिना शर्त सेवा करने की प्रतिबद्धता है।

उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि राजनीति "सत्ता का स्रोत है और लोगों के लिए अच्छा करने का माध्यम भी है। पटनायक ने कहा लेकिन नैतिकता के बिना राजनीति पाखंड है। उच्च नैतिकता वाला एक समर्पित और प्रतिबद्ध राजनेता ही लोगों के जीवन में परिवर्तनकारी बदलाव ला सकता है। उन्होंने कहा कि कई लोग राजनीति को सत्ता का एक जरिया मानते हैं।
 

सेना के संयुक्त विमोचन अभ्यास में शामिल होंगे नौ मित्र देशों के प्रतिनिधि
भारत के नौ मित्र देशों के प्रतिनिधि सेना के संयुक्त विमोचन अभ्यास 2024 में शामिल होंगे। भारतीय सेना 18-19 नवंबर को इसकी मेजबानी करेगी। इसका आयोजन अहमदाबाद और पोरबंदर में किया जाना है। भारतीय सेना के अनुसार, अभ्यास में भाग लेने वाले देशों में श्रीलंका, वियतनाम, संयुक्त अरब अमीरात, थाईलैंड, सऊदी अरब, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, मालदीव और मलयेशिया शामिल हैं।

तेलंगाना में शिक्षक ने मेडिकल छात्र का सिर मुंडवाया, जांच के आदेश
तेलंगाना के खम्मम जिले में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के एक शिक्षक ने छात्र को नाई की दुकान पर ले जाकर उसका सिर मुंडवा दिया। मामला सामने आने के बाद सरकार ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजा नरसिम्हा ने 12 नवंबर को हुई इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह रैगिंग का मामला नहीं है।

देबरीगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में 659 भारतीय जंगली सांड
ओडिशा के पश्चिमी हिस्से स्थित देबरीगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में 659 भारतीय जंगली सांड (गौर) यानी बाइसन गिने गए। यह सर्वे 12 और 13 नवंबर को वन विभाग ने किया। यह पहली बार था जब इन जानवरों की गिनती की गई। हीराकुंड वन्यजीव प्रभाग की डीएफओ अंशु प्रज्ञान दास के मुताबिक, गौर दुनिया के सबसे बड़े और ऊंचे जंगली मवेशी हैं। यह भारत के वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 (अनुसूची-1) के तहत संरक्षित हैं। 

बिहार में मरीज की आंख निकालने के मामले में दो नर्स निलंबित
बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में से एक नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक मरीज की आंख निकालने के मामले ने चिकित्सा जगत को हिला कर रख दिया है। अस्पताल प्रशासन ने लापरवाही के आरोप में ड्यूटी पर तैनात दो नर्सों सुनीता कुमारी और प्रीति मंडल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही, घटना की गंभीरता को देखते हुए आलमगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पटना के जिलाधिकारी डा. चंद्रशेखर सिंह ने इसे गंभीर मामला करार देते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।

अमेरिका में अंतर्राष्ट्रीय छात्रों को भेजने वाला शीर्ष देश भारत: रिपोर्ट

सोमवार को जारी ओपन डोर्स रिपोर्ट 2024 के अनुसार, 3.3 लाख से अधिक भारतीय अमेरिका में अध्ययन कर रहे हैं, जिससे भारत 15 वर्षों में पहली बार अमेरिका में अंतर्राष्ट्रीय छात्रों को भेजने वाला 'शीर्ष देश' बन गया है। शैक्षणिक वर्ष 2022-23 में, अमेरिका में अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के लिए अग्रणी स्रोत देश चीन था, जिसके बाद भारत का स्थान था। ओपन डोर्स की नई रिपोर्ट के अनुसार, शैक्षणिक वर्ष 2023-24 में अमेरिका में अध्ययन करने वाले भारतीय छात्रों की संख्या सबसे ज्यादा 3 लाख 31 हजार 602 पर है, जो 2022-23 से 23 प्रतिशत अधिक है, जब यह संख्या 2 लाख 68 हजार 923 थी।

ओपन डोर्स रिपोर्ट 2024 पर अमेरिकी दूतावास की तरफ से साझा किए गए एक नोट के अनुसार, भारत अब संयुक्त राज्य अमेरिका में अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के लिए अग्रणी देश है, जो कुल अंतर्राष्ट्रीय छात्र आबादी का 29 प्रतिशत है। नवीनतम रिपोर्ट से जुड़े आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2023-24 के लिए अमेरिका में अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के लिए शीर्ष पांच स्रोत देश हैं - भारत, चीन (2,77,398), दक्षिण कोरिया (43,149), कनाडा (28,998) और ताइवान (23,157)।

तेलंगाना के रंगारेड्डी में मंदिर के पास विस्फोट

तेलंगाना के रंगारेड्डी में मैलारदेवपल्ली पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत लक्ष्मीगुडा रोड पर एक मंदिर के पास विस्फोट हुआ। यह घटना उस समय हुई जब मंदिर का पुजारी मंदिर के पास परिसर की सफाई कर रहा था। इस विस्फोट में मंदिर का पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में एसीपी, राजेंद्र नगर ने कहा कि, जांच के बाद और जानकारी सामने आएगी।

भारत सरकार ने पूरा किया अपना योगदान

भारत सरकार ने फलस्तीन शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) को 2.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर की दूसरी किश्त जारी की, जिससे वर्ष 2024-25 के लिए 5 मिलियन अमेरिकी डॉलर का उसका वार्षिक योगदान पूरा हो गया।
 

संसद सत्र से पहले प्रधानमंत्री संकटग्रस्त मणिपुर का करें दौरा- कांग्रेस

मणिपुर में हिंसा में वृद्धि के बीच कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस महीने शुरू होने वाले संसद सत्र से पहले संकटग्रस्त राज्य का दौरा करना चाहिए। पार्टी ने इसके साथ ही वहां 'डबल इंजन सरकार की पूर्ण विफलता' के लिए गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की भी मांग की। कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री को सबसे पहले मणिपुर के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से मिलना चाहिए और फिर 25 नवंबर से शुरू हो रहे संसद सत्र से पहले राष्ट्रीय स्तर पर एक सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।

मणिपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मेघचंद्र सिंह एवं पार्टी के प्रदेश पभारी गिरीश चोडानकर के साथ यहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए रमेश ने मांग की कि शाह और मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने कहा, तीन मई 2023 से मणिपुर जल रहा है और प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के विभिन्न देशों का दौरा कर रहे हैं, प्रवचन दे रहे हैं, लेकिन मणिपुर जाने का समय नहीं निकाल पा रहे हैं। इसलिए हमारी पहली मांग है कि प्रधानमंत्री संसद सत्र से पहले समय निकालकर मणिपुर जाएं और वहां राजनीतिक दलों, राजनेताओं, नागरिक संस्था समूहों और राहत शिविरों में रह रहे लोगों से मिलें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह भी मांग करती है कि प्रधानमंत्री को मणिपुर के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से मिलना चाहिए और फिर राष्ट्रीय स्तर पर भी सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।

मणिपुर: JDU विधायक ने पीएम मोदी से की अपील

मणिपुर के जेडी(यू) विधायक अब्दुल नासिर ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्र से जिरीबाम जिले में महिलाओं और बच्चों की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को 'आतंकवादी' घोषित करने का आग्रह किया। थौबल जिले के लिलोंग निर्वाचन क्षेत्र के विधायक नासिर ने हत्याओं को 'कायरतापूर्ण कृत्य' और 'बर्बरता की सभी हदों को पार कर चुका जघन्य अपराध' करार दिया।उन्होंने कहा, यह जघन्य अपराध बर्बरता की सभी हदों को पार कर चुका है... और कायरतापूर्ण कृत्य है। हत्याओं के लिए जिम्मेदार लोगों को भारत सरकार द्वारा आतंकवादी घोषित किया जाना चाहिए। हत्याओं के लिए जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी का आह्वान करते हुए उन्होंने संसद से आगामी सत्र में इस घटना की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित करने का आग्रह किया।

नासिर ने कहा कि कई कोनों से अपील के बावजूद महिलाओं और बच्चों को क्रूरतापूर्वक और अमानवीय तरीके से मार दिया गया। 11 नवंबर को सुरक्षा बलों और कुकी-जो उग्रवादियों के बीच गोलीबारी के बाद जिरीबाम से लापता हुए छह लोगों में से पांच के शव पिछले कुछ दिनों में असम के कछार में जिरी नदी और बराक नदी में पाए गए। मैतेई समुदाय की तीन महिलाओं और बच्चों समेत छह लोग जिरीबाम के बोरोबेकरा क्षेत्र में एक राहत शिविर से लापता हो गए थे और कथित तौर पर कुकी-जो उग्रवादियों की तरफ से उनका अपहरण कर लिया गया था। इस घटना ने इंफाल घाटी में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया है, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने मंत्रियों समेत एक दर्जन से अधिक विधायकों के घरों पर धावा बोला और विधायकों की कई संपत्तियों को आग लगा दी।

बंबई HC ने महाराष्ट्र सीआईडी को लगाई कड़ी फटकार

बंबई उच्च न्यायालय ने सोमवार को बदलापुर स्कूल यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी की 23 सितंबर को कथित पुलिस मुठभेड़ में हुई हत्या की जांच में लापरवाही बरतने के लिए महाराष्ट्र सीआईडी को कड़ी फटकार लगाई। न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे और न्यायमूर्ति पृथ्वीराज चव्हाण की खंडपीठ ने कहा कि मामले की जांच को हल्के में लिया गया है और इसमें कई खामियां हैं। अदालत ने मृतक अक्षय शिंदे के हाथों पर गोली के निशान न होने और उसे दी गई पानी की बोतल पर उंगलियों के निशान न होने पर भी सवाल उठाया और इन्हें 'असामान्य' बताया।

अदालत ने मामले की जांच कर रहे मजिस्ट्रेट को सौंपी जाने वाली सामग्री एकत्र करने में देरी के लिए अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) की आलोचना की। कानून के तहत हिरासत में हुई मौतों के मामलों में मजिस्ट्रेट जांच अनिवार्य है। पीठ ने कहा, हमारा प्रयास सच का पता लगाना है। हमारी कोशिश यह सुनिश्चित करना है कि हर सामग्री एकत्रित करके मजिस्ट्रेट के सामने रखी जाए और जांच सही ढंग से आगे बढ़े। हम निष्पक्ष जांच चाहते हैं। उच्च न्यायालय ने आगे कहा कि अदालत को यह देखना होगा कि जांच सही ढंग से की जाए और यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो सवाल उठता है कि ऐसा क्यों नहीं किया गया।

गोवा: संमदर में डूब रहे पाचं रूसी नागरिक समेत 15 बचाए गए

गोवा में हफ्ते के आखिरी में अलग-अलग घटनाओं में गोवा तटरेखा के किनारे डूबने से बचाए गए 15 लोगों में एक गर्भवती महिला सहित पांच रूसी शामिल थे। गर्भवती पर्यटक को दक्षिण गोवा के बेनौलिम समुद्र तट से बचाया गया, जबकि एक रूसी जोड़े को उत्तरी गोवा के सिंक्वेरिम समुद्र तट पर डूबने से बचाया गया। कैंडोलिम समुद्र तट पर 72 वर्षीय एक रूसी पुरुष और एक रूसी महिला को समुद्र से बचाया गया। दृष्टि मरीन एजेंसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि सप्ताहांत में चार दोहरे बचाव और सात एकल बचाव हुए।

केंद्र सरकार ने सोमवार को घोषणा की कि चल रहे विशेष अभियान के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के पेंशनभोगियों ने 77 लाख से अधिक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) तैयार किए हैं। 1 से 30 नवंबर तक देश भर के 800 शहरों और कस्बों में आयोजित किए जा रहे 'डीएलसी अभियान 3.0' के तहत 17 नवंबर तक 1,575 शिविर लगाए जा चुके हैं

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "अभियान के शुभारंभ के दूसरे सप्ताह के अंत तक अभियान ने सफलतापूर्वक 77 लाख से अधिक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किए हैं, जिनमें से 90 वर्ष से अधिक आयु के 1,77,153 पेंशनभोगियों और 80-90 वर्ष आयु वर्ग के 17,212 पेंशनभोगियों ने अपने घरों, कार्यालयों या शाखाओं से अपने डीएलसी जमा किए हैं।"

CBI ने रिश्वतखोरी के मामले में छत्तीसगढ़ लोकसेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष को किया गिरफ्तार

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रायपुर की एक इस्पात कंपनी के निदेशक के बेटे एवं बहु का उपजिलाधिकारी के रूप में चयन सुनिश्चित करने के एवज में उससे कथित रूप से 45 लाख रुपये रिश्वत लेने को लेकर छत्तीसगढ़ लोकसेवा आयोग (सीजीपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष तमन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार किया है। 

जानकारी के अनुसार केंद्रीय जांच एजेंसी ने ‘बजरंग पावर एवं इस्पात लिमिटेड’ के निदेशक श्रवण कुमार गोयल को भी गिरफ्तार किया है जिन्होंने ग्रामीण विकास समिति के जरिए 20 और 25 लाख रुपये के दो किश्तों में कथित रूप से रिश्वत राशि का भुगतान किया था। सोनवानी के रिश्तेदार ग्रामीण विकास समिति के सदस्य थे।

ओडिशा के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता समीर डे का निधन

ओडिशा के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता समीर डे का कटक के एक निजी अस्पताल में सोमवार को निधन हो गया। वह 67 साल के थे। समीर डे को गुर्दे से संबंधित बीमारी थी और उनका पिछले कुछ दिनों से एक अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा था।

वह 1995, 2000 और 2004 में कटक निर्वाचन क्षेत्र में तीन बार ओडिशा विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।

पेशे से वकील समीर डे राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-बीजू जनता दल (बीजद) गठबंधन सरकार के दौरान 2000 और 2009 के बीच शहरी विकास, जन शिकायत एवं पेंशन प्रशासन तथा उच्च शिक्षा मंत्री भी रहे थे। राज्यपाल रघुवर दास ने समीर डे के निधन पर शोक प्रकट करते हुए उनके परिवार एवं मित्रों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, उन्हें लोगों के कल्याण के वास्ते किये गये कार्यों के लिए स्मरण किया जाएगा।

PMO अफसर बनकर ठगने वाले पर CBI ने दर्ज किया मामला

सीबीआई ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का अधिकारी बताकर लोगों को ठगने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज की है। पैसे लेकर लोगों को लाभ दिलाने का झांसा देने के आरोपी नोएडा सेक्टर-99 स्थित ग्रीन व्यू अपार्टमेंट निवासी जेके परीदा के खिलाफ यह प्राथमिकी पीएमओ की शिकायत पर दर्ज की गई है।

परीदा ने कई सोशल मीडिया प्रोफाइल में खुद को कथित तौर पर संसद भवन में पीआरईएसएस ऑफ इंडिया ब्यूरो, डीजी (गोपनीय प्रेस सूचना) पीआरईएसएस ऑफ इंडिया ब्यूरो नई दिल्ली आदि के तौर पर पेश किया है। शिकायत में कहा गया है, प्रथम दृष्टया यह पीएमओ अधिकारी के नाम पर फर्जीवाड़ा करने और पीएमओ के नाम का दुरुपयोग करने का मामला प्रतीत होता है, क्योंकि इस कार्यालय में ऐसा कोई अधिकारी कभी नहीं कर रहा है।

पीएमओ ने आरोप लगाया कि परीदा ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बताया और पैसे के बदले में मदद की पेशकश की। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने परीदा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 204 (लोक सेवक का रूप धारण करने का अपराध) और 319 (फर्जी पहचान के साथ धोखाधड़ी करने से संबंधित) के तहत मामला दर्ज किया।

बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया सलाह

दिल्ली-एनसीआर में वायु की गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही है, जिसके मद्देनजर सुप्रीम कोर्ट ने एक परिपत्र जारी कर शीर्ष अदालत परिसर में वादियों और अधिवक्ताओं को मास्क पहनने और स्वास्थ्य संबंधी उपाय सुनिश्चित करने की सलाह दी है।


 

तमिलनाडु: हथिनी के हमले में दो की मौत

तमिलनाडु के तुतुकोडी के निकट तिरुचेंदूर सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर की एक हथिनी ने सोमवार को मंदिर के रखवाले और एक अन्य व्यक्ति पर हमला कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि हमले में दोनों लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हथिनी ने किन परिस्थितियों में हमला किया, इसका पता अभी नहीं चल पाया है और मृतकों में से एक ‘कावड़ी’ (सहायक) और दूसरा उसका रिश्तेदार था।

चुराचांदपुर में कुकी संगठन आज निकालेंगे ताबूत रैली

मणिपुर में कुकी संगठनों के एक मंच ने कहा कि मणिपुर के जिरीबाम जिले में सीआरपीएफ के साथ गोलीबारी में मारे गए 10 कुकी-जो युवाओं को श्रद्धांजलि देने और एकजुटता दिखाने के लिए मंगलवार को चुराचांदपुर में ‘ताबूत रैली’ आयोजित की जाएगी। जोमी छात्र संघ (जेडएसएफ), कुकी छात्र संगठन (केएसओ) और हमार छात्र संघ (एचएसए) ने स्कूलों और कॉलेजों को निर्देश दिया कि वे कक्षा 10 से ऊपर के विद्यार्थियों को काली शर्ट पहनकर इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए भेजें। एक संगठन ने बताया कि वे मारे गए युवकों के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए प्रतीकात्मक रूप से 10 डमी ताबूत ले जाएंगे क्योंकि उनके शव अभी भी स्थानीय अस्पताल के मुर्दाघर में हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed