फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 17th August North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: उपराष्ट्रपति चुनाव की रणनीति पर कल जुटेंगे इंडिया ब्लॉक के नेता; बंगाल फाइल्स के ट्रेलर विवाद पर बढ़ा

Sun, 17 Aug 2025 10:28 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Sun, 17 Aug 2025 10:28 PM IST
विज्ञापन
News Updates 17th August North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

इंडिया गठबंधन के नेताओं की अहम बैठक कल सुबह 10:15 बजे संसद में राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे के दफ्तर में होगी। इस बैठक में गठबंधन की रणनीति, आगामी सत्र में सरकार को घेरने की योजना और उपराष्ट्रपति चुनाव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। खरगे के नेतृत्व में होने वाली यह बैठक विपक्षी दलों की एकजुटता को मजबूत करने और साझा एजेंडे को तय करने के लिए अहम मानी जा रही है।

विज्ञापन


भारतीय जनता पार्टी की संसदीय बोर्ड की अहम बैठक शुरू
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का संसदीय बोर्ड की अहम बैठक रविवार को पार्टी मुख्यालय में शुरू हुई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित बोर्ड के सभी सदस्य शामिल हुए। सूत्रों के अनुसार, बैठक में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर चर्चा होने की संभावना है। एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने बताया कि 17 अगस्त को दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में संसदीय बोर्ड की बैठक का आयोजन पहले से तय था और इसमें सभी सदस्य शामिल हुए। गौरतलब है कि इससे पहले 6 अगस्त को एनडीए के नेताओं ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए गठबंधन की ओर से उम्मीदवार तय करने का अधिकार सौंपा था।
विज्ञापन


एक करोड़ की डिजिटल अरेस्ट ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
गोवा साइबर क्राइम पुलिस ने एक करोड़ रुपये की डिजिटल अरेस्ट ठगी के मास्टरमाइंड अनिल त्रिपाठी को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। सिंगापुर निवासी त्रिपाठी पर आरोप है कि उसने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक महिला को व्हाट्सएप पर डराया और फर्जी सुप्रीम कोर्ट दस्तावेज भेजकर रकम तीन खातों में ट्रांसफर करवाई। दिसंबर 2024 में दर्ज इस केस में वह सातवां आरोपी है। त्रिपाठी पहले भी सिंगापुर में ठगी में पकड़ा जा चुका है। उसके खिलाफ आईपीसी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन


बंगलूरु में प्लास्टिक फैक्टरी में आग लगने से पांच लोगों की मौत
बंगलूरु के नागरथपेटे इलाके में प्लास्टिक फैक्टरी में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और बंगलूरु शहर के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि यह इमारत के मालिक की गलती है। मैं सभी को नोटिस जारी करने जा रहा हूं। उन्हें इमारत को मजबूत करना होगा। यहां सभी इमारतें अवैध हैं। अगर वे इमारतों को मजबूत नहीं करते हैं, तो हमें उन सभी को तोड़ना होगा। मैंने अधिकारियों को यहां सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। यहां पांच लोगों की मौत हो गई। सभी राजस्थान के थे। सरकार ने प्रत्येक को 5 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। जो हुआ है वह बहुत दर्दनाक है। बंगलूरु शहर के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि अग्निशमन विभाग प्रारंभिक तौर पर कह रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। हमने इन दोनों इमारतों के मालिकों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने किसी भी सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया। उन्होंने बिना किसी अनुमति के अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किया। 

बंगाल फाइल्स के ट्रेलर लॉन्च में विवाद पर भाजपा का टीएमसी पर हमला
कोलकाता में द बंगाल फाइल्स के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कथित विवाद पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि यह पश्चिम बंगाल की वास्तविक स्थिति है, जहां लोकतंत्र कायम नहीं है। स्थानीय प्रशासन द्वारा फिल्म निर्माता की आवाज को दबाया जा रहा है। ममता बनर्जी के निर्देश पर पुलिस ने ऐसा किया। यह ममता बनर्जी की साजिश है। वह नहीं चाहती कि असली इतिहास सामने आए। यह एक लोकतंत्र है और आप किसी को भी फिल्म बनाने से नहीं रोक सकते। कई फिल्में हैं जो वर्तमान सरकार के खिलाफ बनाई गई हैं। कई बंगाली फिल्मों ने गुजरात दंगों की आलोचना की है, लेकिन किसी ने उस पर आपत्ति नहीं जताई।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने जारी की 71 जिला अध्यक्षों की सूची
कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को मध्य प्रदेश में 71 जिलाध्यक्षों की नई सूची जारी की। इसमें सबसे अधिक 20 से ज़्यादा अध्यक्ष ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) समुदाय से हैं। इसके बाद दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक समुदायों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के बेटे और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह को गुना जिले का अध्यक्ष बनाया गया है। ओबीसी वर्ग, जो प्रदेश की आबादी का लगभग 49% है, को कांग्रेस ने इस नियुक्ति में खास तवज्जो दी है। कांग्रेस की सूची में 4 महिलाएं भी शामिल हैं।

गोवा: BITS पिलानी गोवा कैंपस के छात्र की हॉस्टल में संदिग्ध मौत
गोवा के वास्को स्थित BITS पिलानी कैंपस में शनिवार को 20 वर्षीय छात्र कुशाग्र जैन मृत पाए गए। वह उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और इकोनॉमिक्स व कंप्यूटर साइंस के तीसरे वर्ष के विद्यार्थी थे। पुलिस के अनुसार, जैन अपने हॉस्टल के कमरे में बिस्तर पर बेहोश अवस्था में पाए गए। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और जब उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो अधिकारियों को सूचना दी गई। मौके से एनर्जी ड्रिंक के डिब्बे सहित कई सामान जब्त किए गए हैं। जिला अस्पताल मडगांव में हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट निष्कर्षहीन रही है, जिसके बाद विसरा को आगे की जांच के लिए भेजा गया। पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और संस्थान के प्रबंधन व छात्रों के बयान दर्ज किए गए हैं। संस्थान ने बयान जारी कर इस घटना को "अपू्रणीय क्षति" बताया और छात्र के परिवार व मित्रों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पुलिस जांच जारी है और सही कारणों का पता लगने की प्रतीक्षा की जा रही है।

त्रिपुरा: आपत्तिजनक वीडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर शेयर करने पर भाजपा नेता पार्टी से निष्कासित
त्रिपुरा भाजपा ने पश्चिम त्रिपुरा जिले की खयरपुर विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष मन्ना डे को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निष्कासित कर दिया है। उन पर सोशल मीडिया पर निजी वीडियो और ऑडियो क्लिप्स साझा करने का आरोप है। भाजपा प्रदेश महासचिव अमित रक्षित ने पत्र जारी कर कहा कि डे की गतिविधियों से पार्टी की छवि धूमिल हुई है और बार-बार चेतावनी देने के बावजूद उन्होंने अनुशासन तोड़ा। यह निष्कासन प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से किया गया। पार्टी ने उन्हें सभी पदों से मुक्त कर दिया है। हालांकि, डे ने सोशल मीडिया पोस्ट में खुद को "षड्यंत्र का शिकार" बताया और कहा कि वह भाजपा से प्रेम करते हैं और पार्टी के निर्णय को स्वीकार करते हैं। डे ने कहा कि उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम किया है और आगे भी सामाजिक कार्य जारी रखेंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से अपील की कि कोई भी कार्यकर्ता व्यक्तिगत हितों की रक्षा के नाम पर साजिश का शिकार न बने। मामला पार्टी की आंतरिक राजनीति और अनुशासन पर गहरे सवाल खड़े कर रहा है।

भुवनेश्वर से झारसुगुड़ा के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू
शनिवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भुवनेश्वर से झारसुगुड़ा के बीच सीधी विमान सेवा की शुरुआत की। यह सेवा स्टार एयर द्वारा संचालित की जा रही है और राज्य सरकार की बी-मान योजना के तहत शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह नई उड़ान सेवा न केवल पश्चिम ओडिशा को राजधानी भुवनेश्वर से जोड़ने में मदद करेगी, बल्कि इससे उद्योग, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा। यह क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने और सभी वर्गों के लिए किफायती और सुलभ हवाई यात्रा का अवसर देगा।

स्टार एयर इस रूट पर 76 सीटों वाला विमान मंगलवार से शनिवार तक नियमित रूप से उड़ाएगा। राज्य सरकार ने इस सेवा को "नई डेस्टिनेशन नीति" के तहत वायबिलिटी गैप फंडिंग योजना से समर्थन दिया है। इसका उद्देश्य राज्य के भीतर हवाई संपर्क को बेहतर बनाना और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

 

'हर घर तिरंगा' अभियान 2025 में रिकॉर्ड तोड़ जोश, 7.5 करोड़ लोगों ने अपलोड की सेल्फी
केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि हर घर तिरंगा' अभियान के चौथे संस्करण में इस बार देशभर में 7.5 करोड़ से ज्यादा लोगों ने तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड की। यह अभियान 2 अगस्त से 15 अगस्त तक चला। इस साल पहली बार 'तिरंगा वॉलंटियर' नाम से एक नई पहल शुरू की गई, जिसमें 9 लाख से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया। इसका उद्देश्य ऐसे लोगों को जोड़ना था जो उम्र, तकनीकी सुविधा या अन्य कारणों से सीधे भाग नहीं ले पाते, लेकिन फिर भी इस ऐतिहासिक जन-आंदोलन का हिस्सा बनना चाहते थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से अपने भाषण में तिरंगे के प्रति देश के प्रेम और एकता की भावना का ज़िक्र करते हुए कहा कि आज 140 करोड़ भारतीय तिरंगे के रंगों में रंगे हुए हैं। चाहे रेगिस्तान हो या हिमालय की चोटियां, समुद्री किनारे हों या भीड़-भाड़ वाले इलाके हर जगह तिरंगा लहरा रहा है और हर जगह एक ही स्वर है, भारत माता की जय।

संस्कृति मंत्रालय ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य हर नागरिक को तिरंगे से भावनात्मक रूप से जोड़ना, राष्ट्रीय एकता और आज़ादी के गौरव का जश्न मनाना है। इस साल का अभियान तीन चरणों में चला और इसमें स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी और सैनिकों के प्रति आभार जैसे विषयों पर भी जोर दिया गया।

आंध्र में 12 लाख महिलाओं ने की फ्री बस यात्रा
आंध्र प्रदेश में स्त्री शक्ति योजना की शुरुआत के पहले 30 घंटों में 12 लाख से अधिक महिलाओं ने मुफ्त बस यात्रा सेवा का लाभ उठाया। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को विजयवाड़ा के पंडित नेहरू बस स्टेशन पर स्त्री शक्ति (नारी शक्ति) योजना शुरू की थी। इसके तहत प्रदेश की मूल निवासी लड़कियों, महिलाओं और ट्रांसजेंडरों को चुनिंदा बस सेवाओं में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि प्रदेश सरकार की स्त्री शक्ति मुफ्त बस सेवा बड़ी सफलता है। मुख्यमंत्री नियमित रूप से इसकी समीक्षा कर रहे हैं। योजना पर सालाना 1,942 करोड़ रुपये और मासिक 162 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है।

तमिलनाडु के राज्यपाल सस्ती राजनीति कर रहे: सीएम स्टालिन
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने रविवार को तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि पर तीखा हमला करते हुए उन पर विपक्ष की तुलना में सस्ती राजनीति करने का आरोप लगाया। स्टालिन ने कहा कि द्रविड़ मॉडल की सरकार ही देश को दिशा दिखाती है। कुछ शरारती तत्व इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं और बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। सीएम ने कहा कि कोई उनसे भी सस्ती राजनीति कर रहा है, आप जानते हैं कि वह कौन है। वह राज्यपाल आरएन रवि हैं, जिन्हें केंद्र की भाजपा सरकार ने नियुक्त किया है। वह राजभवन से क्या करते हैं - डीएमके सरकार के खिलाफ, डीएमके के खिलाफ झूठ फैलाते हैं। वह द्रविड़म का अपमान करेंगे, कानूनों (विधेयकों) को मंजूरी नहीं देंगे, तमिल थाई वज़्थु (तमिल गान) का अपमान करेंगे और टीएन छात्रों को बदनाम करेंगे।

उन्होंने रवि पर तमिलनाडु की शिक्षा, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के बारे में निराधार आरोप लगाने तथा आतंक पैदा करने का आरोप लगाया। तमिलनाडु भारत का शीर्ष राज्य है। यह हम नहीं कह रहे हैं, बल्कि केंद्र की भाजपा सरकार के आंकड़े इसकी गवाही देते हैं। इसे बर्दाश्त न कर पाने के कारण राज्यपाल सार्वजनिक मंचों पर अपनी हताशा जाहिर कर रहे हैं।  भाजपा सरकार राज्यपाल के माध्यम से अपनी सस्ती राजनीति कर रही है जो लगातार तमिल, तमिलनाडु, उसके लोगों और भावनाओं के खिलाफ काम कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed