फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 15 October North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: महाराष्ट्र में राज्यपाल द्वारा नियुक्त सात MLC आज लेंगे शपथ; कोलकाता में नौ जगहों पर निषेधाज्ञा लागू

Tue, 15 Oct 2024 11:17 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Tue, 15 Oct 2024 11:17 PM IST
विज्ञापन
News Updates 15 October North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

चुनाव आयोग महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान करने जा रहा है। इन सबके बीच, आज दोपहर में विधान भवन में सात एमएलसी का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इन्हें राज्यपाल द्वारा नियुक्त किया गया है। बता दें, महाराष्ट्र विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीलम गोरहे इन लोगों को शपथ दिलाएंगी। 

विज्ञापन


गौरतलब है कि राज्य विधान परिषद में राज्यपाल के कोटे वाले 12 एमएलसी के पद चार साल से अधिक समय से खाली हैं। 6 नवंबर, 2020 को उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार ने तब के राज्यपाल कोश्यारी को 12 उम्मीदवारों की एक सूची भेजी थी, लेकिन उस पर आज तक फैसला नहीं हुआ है। तत्कालीन राज्यपाल कोश्यारी रिटायर भी हो गए और उनके बाद राज्य के राज्यपाल बने रमेश बैस ने भी इस पर कोई फैसला नहीं लिया।
विज्ञापन

राज्यपाल द्वारा नियुक्त 12 एमएलसी के रिक्त पदों को लेकर हाईकोर्ट में मामला लंबित है। शिवसेना यूबीटी कोल्हापुर प्रमुख सुनील मोदी की याचिका पर हाईकोर्ट ने सुनवाई पूरी कर ली है और आदेश सुरक्षित रख लिया है। अब सरकार ने इन नियुक्तियों के लिए 7 लोगों के नामों की सिफारिश की है और आज शपथ ग्रहण समारोह होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

कोलकाता में नौ जगहों पर बीएनएसएस 163 लागू 
कोलकाता पुलिस ने नौ अहम स्थानों के लिए 163 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता लागू की है। इन जगहों में आज के लिए रानी रश्मोनी एवेन्यू भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि आज कोलकाता की रेड रोड पर होने वाले इमर्सलॉन कार्निवल के संबंध में जनता को होने वाले खतरे, बाधा या असुविधा को रोकने के लिए यह आवश्यक है।
 

मित्र देशों के लिए कुशल कामगारों की जरूरतें पूरी करेगा भारत : जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में कुशल कामगारों की आवश्यकता और बढ़ने वाली है। उन्होंने मित्र राष्ट्रों से अपने देशों में अच्छी तरह से प्रशिक्षित कार्यबल आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भारत की ओर रुख करने का आग्रह किया, जो उनकी जरूरतों को पूरा करेगा।

जयशंकर श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया के साथ यहां ई-माइग्रेट वी2.0 पोर्टल और मोबाइल एप लॉन्च करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार काम के सिलसिले में विदेश जाने वाले श्रमिकों के लिए सुरक्षित और कानूनी चैनल बनाने के प्रयासों में मजबूती से जुटी रहेगी। उन्होंने कहा कि ई-माइग्रेट पोर्टल सिर्फ एक डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि आशा की किरण है। यह विदेशी भूमि में हमारे श्रमिकों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

मांडविया ने कहा कि विदेश में बैठे संभावित नियोक्ताओं की ओर से प्रासंगिक दस्तावेजों और कुशल श्रमिकों की प्रोफाइल तक पहुंच को आसान बनाने के लिए इस पोर्टल को उनके मंत्रालय के अन्य डिजिटल प्लेटफार्मों के साथ जोड़ने की कोशिशें चल रही हैं। मंच पर विदेश राज्यमंत्री पबित्रा मार्गेरिटा भी मौजूद थीं। वहीं, दर्शकों में कई देशों राजदूत भी बैठे थे।

तमिलनाडु में आज बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार को मौसम विभाग द्वारा अगले चार दिनों में भारी बारिश की भविष्यवाणी के मद्देनजर अधिकारियों द्वारा की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में 15 अक्तूबर को स्कूलों और कॉलेजों के लिए छुट्टी घोषित करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, उन्होंने आईटी कंपनियों को 15 से 18 अक्तूबर तक अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह देने के लिए कहा है।

शाह की दो टूक- मादक पदार्थों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
गुजरात में 5,000 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त होने के एक दिन बाद गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि मादक पदार्थों के व्यापार के खिलाफ कार्रवाई बिना किसी ढिलाई के जारी रहेगी। शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मैं दिल्ली पुलिस को 13,000 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त करने के सफल अभियानों के लिए बधाई देता हूं, जिसमें हाल में गुजरात पुलिस के सहयोग से 5,000 करोड़ मूल्य की 518 किलोग्राम कोकीन बरामद की। इसके साथ ही कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने दिल्ली और गुजरात में एक पखवाड़े के अंदर 13,000 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए।

आईएफएस अधिकारी हर्ष कुमार जैन बने पलाऊ में भारत के राजदूत
भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के वरिष्ठ अधिकारी हर्ष कुमार जैन को ओशिनियाई देश पलाऊ में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में फिलीपीन में भारत के राजदूत हैं। ओशिनिया एक ऐसा भौगोलिक क्षेत्र है, जिसमें शामिल भूखंडों में से अधिकतर द्वीप हैं। यह प्रशांत महासागर और इसके आसपास फैले हुए हैं। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि वह मनीला में रह कर कामकाज करेंगे। उम्मीद है कि वे जल्द ही कार्यभार संभाल लेंगे। जैन 1993 में आईएफएस में शामिल हुए थे। अब तक के अपने कार्यकाल में उन्होंने विदेश मंत्रालय और विदेश में विभिन्न पदों पर रहते हुए काम किया।

राजस्थान : राज्यसभा के पूर्व सदस्य ज्ञानप्रकाश पिलानिया का निधन
पूर्व राज्यसभा सदस्य ज्ञानप्रकाश पिलानिया का निधन हो गया। रविवार की रात 93 साल के पिलानिया ने अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह राज्य के पूर्व पुलिस महानिदेशक रहे थे। राजभवन के प्रवक्ता के मुताबिक, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने उनके निधन पर शोक जताया है। वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, राजस्थान के पूर्व राज्यसभा सांसद और पूर्व डीजीपी ज्ञानप्रकाश पिलानिया के निधन की खबर बहुत दुखद है। भगवान श्री राम पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। 

ओडिश में ट्रेन की चपेट में आने से हाथी के बच्चे की मौत

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में मालगाड़ी की चपेट में आने से हाथी का एक बच्चा मारा गया और दो अन्य हाथी घायल हो गए। यह घटना राउरकेला वन प्रभाग के बिसरा रेंज में बोंडामुंडा के पास हावड़ा-मुंबई लाइन पर सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई।अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा पीछा किए जाने के बाद 23 हाथियों का एक झुंड पटरियों पर आ गया।

उन्होंने बताया कि एक बछड़ा ट्रेन के पहियों के नीचे दब गया जबकि दो अन्य हाथी भी घायल हो गए। यह झुंड कुदूरबहल के जंगल से आ रहा था और पोखराभल की ओर जा रहा था। वन अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। इस बीच, क्षेत्र से गुजरने वाली ट्रेनों को क्षेत्र में हाथियों की उपस्थिति के कारण धीमी गति से चलाने के लिए कहा गया है।

दक्षिण पश्चिम मॉनसून वापस लौटा

दक्षिण पश्चिम मॉनसून आज पूरे देश से वापस लौट गया है। मौसम विभाग ने बताया कि तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल में आज से पूर्वोत्तर मानसून की बारिश शुरू हो गई है। 

मिजोरम में प्रभावित हो सकती है मध्याह्न भोजन योजना 
मिजोरम में स्कूली शिक्षकों के दो संघों ने आशंका व्यक्त की है कि पर्याप्त धनराशि उपलब्ध न होने से छात्रों को जल्द ही मध्याह्न भोजन मिलना बंद हो जाएगा। मिजोरम प्राइमरी स्कूल टीचर्स एसोसिएशन (एमपीएसटीए) और मिजोरम मिडिल स्कूल टीचर्स एसोसिएशन (एमएमएसटीए) ने हाल ही में स्कूल शिक्षा विभाग को एक संयुक्त पत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि वे 18 अक्तूबर से मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराना बंद कर देंगे। क्योंकि उनको रसोइयों का भुगतान और खाना पकाने की लागत नहीं मिल रही है। रसोइयों को चार माह से पारिश्रमिक का भुगतान नहीं किया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग के निदेशक लालसांगलियाना ने कहा कि वे मुद्दे को सुलझाने के लिए शिक्षक संघों के संपर्क में हैं।
 
 

भारत की सांस्कृतिक विरासत पर हमला करने वालों को देना होगा करारा जवाब: धनखड़
भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत पर हमला करने वालों को करारा जवाब देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर मानसिक और वैचारिक हमला जरूरी है। जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में हुए एक कार्यक्रम में धनखड़ ने कहा कि हमें संकीर्ण विचाराधाराओं के विभाजन को पीछे छोड़ना होगा। राष्ट्रवादी दृष्टिकोण वाले नागरिक को विविधता को अपनाने में कोई कठिनाई नहीं होगी। वह देश के गौरवशाली अतीत का जश्न मनाता है। क्योंकि उसका विश्वास हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत है। उन्होंने कहा कि हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत पर हमला किया जा रहा है। इसे हमारी कमजोरी बताने की कोशिश की जा रही है। इसके तहत देश को बर्बाद करने की योजना है। ऐसी ताकतों पर वैचारिक और मानसिक जवाबी हमला होना चाहिए।

झारखंड हाईकोर्ट ने पूर्व विधायक ममता देवी की सजा पर लगाई रोक
झारखंड उच्च न्यायालय ने 2016 के एक आपराधिक मामले में पूर्व विधायक ममता देवी की सजा पर मंगलवार को रोक लगा दी। इससे कांग्रेस नेता के लिए अगले महीने विधानसभा चुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो गया। दिसंबर 2022 में रामगढ़ की एक अदालत ने भूमि अधिग्रहण के मुद्दों पर एक निजी औद्योगिक इकाई के अंदर हिंसक विरोध प्रदर्शन के लिए भीड़ को उकसाने के आरोप में ममता देवी और अन्य को पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। विरोध प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों की गोलीबारी और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो लोगों की मौत हो गई। उन्होंने अपनी दोषसिद्धि को उच्च न्यायालय में चुनौती दी और जमानत पर बाहर थी।

त्रिपुरा में पूजा स्थलों पर हमला, सरकार ने बंद किया इंटरनेट, एसपी को हटाया गया
त्रिपुरा के उत्तरी जिले के एक गांव में मंगलवार को दो समुदायों के पूजा स्थलों पर हमला किया गया। इसके बाद प्रशासन ने इंटरनेट सेवाएं बंद कर दीं। साथ ही पुलिस अधीक्षक को हटा दिया गया। अफसरों ने बताया कि पानीसागर के गांव पेकुरचेरा में कुछ दिन पहले दुर्गा पूजा की चंदा वसूली को लेकर दो समुदायों के बीच झड़प हुई थी। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 17 अन्य घायल हो गए थे। इसके बाद यहां दो समुदायों के पूजा स्थलों पर हमला किया गया। गृह सचिव पीके चक्रवर्ती ने बताया कि उत्तरी त्रिपुरा जिले के कुछ इलाकों में सांप्रदायिक तनाव के कारण एसएमएस और इंटरनेट सेवाएं अगले 72 घंटों के लिए बंद कर दी गईं हैं। पुलिस महानिदेशक अमिताभ रंजन ने कहा कि एसपी भानुपद चक्रवर्ती को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। धलाई जिले के एसपी अविनाश राय अगले आदेश तक यहां काम संभालेंगे। 

सैमसंग कर्मचारियों ने हड़ताल वापस ली, काम पर लौटेंगे
सैमसंग इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के प्लांट में एक महीने से चल रही कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को खत्म हो गई। तमिलनाडु सरकार ने कहा कि कर्मचारियों ने काम पर लौटने का फैसला लिया है। बताया गया कि वेतन संशोधन, सैमसंग इंडिया वर्कर्स यूनियन के पंजीकरण की मांग को लेकर सैमसंग इंडिया के कर्मचारियों की नौ सितंबर से हड़ताल चल रही थी। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री, टीएम अनबरसन, श्रम कल्याण और कौशल विकास मंत्री सीवी गणेशन और उद्योग मंत्री टीआरबी राजा, लोक निर्माण मंत्री ईवी वेलु को सैमसंग इंडिया और हड़ताली कर्मचारियों से बातचीत करने के निर्देश दिए थे। मंगलवार सुबह श्रम कल्याण विभाग में दोनों के बीच बैठक हुई। इसके बाद कर्मचारियों ने काम पर वापस लौटने का फैसला किया। 

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद्द
20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र में पुलिस कर्मियों और अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।  20 नवंबर को महाराष्ट्र के सभी 288 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। 23 नवंबर को मतों की गिनती होगी। पुलिस महानिदेशक की ओऱ से जारी आदेश में कहा गया है कि चुनाव की तैयारियों और कानून और व्यवस्था को देखते हुए आपातकालीन स्थिति को छोड़कर कोई भी छुट्टी मंजूर नहीं की जाएगी। वहीं पहले से ही चिकित्सा अवकाश पर चल रहे पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को अधिसूचना से बाहर रखा गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed