फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 14th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

News Updates: सिक्किम में अब पर्यटकों को देना होगा प्रवेश शुल्क; बंगाल में होली मनाने के दौरान युवक की हत्या

Fri, 14 Mar 2025 08:52 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 14 Mar 2025 08:52 PM IST
विज्ञापन
News Updates 14th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

सिक्किम सरकार ने राज्य में आने वाले पर्यटकों से प्रवेश शुल्क के रूप में 50 रुपये लेना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सिक्किम पर्यटक व्यापार पंजीकरण नियम 2025 के तहत प्रवेश शुल्क लेना इस महीने से लागू हो गया है। पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को छोड़कर सभी पर्यटकों से 30 दिनों तक ठहरने के लिए यह शुल्क लिया जा रहा है।

विज्ञापन


अधिकारियों ने बताया कि यह शुल्क होटलों में ‘चेक-इन’ के दौरान वसूला जा रहा है और इसे राज्य भर में पर्यटन और सेवाओं में सुधार के लिए पर्यटन स्थिरता विकास (टीएसडी) कोष में जमा किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अगर कोई पर्यटक एक महीने बाद फिर से आता है, तो उससे भी यह शुल्क लिया जाएगा।
विज्ञापन


ONGC को 50 एकड़ जमीन देगी बंगाल सरकार
पश्चिम बंगाल सरकार ने ओएनजीसी को 50 एकड़ जमीन देने का फैसला लिया है। उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर ऑयलफील्ड में तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) को 50 एकड़ जमीन मुहैया कराने के प्रस्ताव को गुरुवार को मंत्रिमंडल में मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में जलपाईगुड़ी जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को दो एकड़ जमीन सौंपने का फैसला भी किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

News Updates 14th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
टीएएसएमएसी के संचालन में अनियमितताएं, 1,000 करोड़ का मिला अवैध लेनदेन : ईडी
प्रवर्तन निदेशालय ने (ईडी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसे तमिलनाडु में शराब व्यापार पर एकाधिकार रखने वाले तमिलनाडु राज्य विपणन निगम लि. (टीएएसएमएसी) के संचालन में अनियमितताएं मिली हैं। इसमें निविदा प्रक्रियाओं में हेरफेर और शराब बनाने वाली कंपनियों के माध्यम से 1,000 करोड़ रुपये के बेहिसाब नकद लेनदेन शामिल हैं।मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने 6 मार्च को टीएएसएमएसी के कर्मचारियों, डिस्टिलरी के कॉर्पोरेट कार्यालयों और संयंत्रों पर छापे मारे थे। ईडी ने दावा किया कि छापों के बाद भ्रष्ट आचरणों के सबूत मिले। जांच एजेंसी ने कहा कि उसे तलाशी के दौरान स्थानांतरण पोस्टिंग, परिवहन और बार लाइसेंस निविदाएं, कुछ डिस्टिलरी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाले इंडेंट ऑर्डर, टीएएसएमएसी आउटलेट्स की ओर से प्रति बोतल 10-30 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लेने से संबंधित आपत्तिजनक डाटा मिला। इसमें टीएएसएमएसी अधिकारियों की संलिप्तता भी शामिल थी।

झारखंड : माओवादी सरगना गिरफ्तार, 18 मामलों में था वांछित  
प्रतिबंधित माओवादी संगठन पीपल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के सदस्य दुर्गा सिंह उर्फ पंजरी सिंह को झारखंड के गुमला जिले में गिरफ्तार कर लिया गया। संगठन के संस्थापकों में से एक दुर्गा 18 आपराधिक मामलों में वांटेड था। गुमला एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि दुर्गा अपने साथियों के साथ किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। पीएलएफआई नेता दिनेश गोपे की गिरफ्तारी के बाद दुर्गा संगठन का दूसरा कमांडर बना था। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में पीएलएफआई का एरिया कमांडर कलेश्वर हजाम और रांची का ओरमांझी निवासी रामकुमार सिंह शामिल हैं।

17 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
झारखंड के अलावा पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 17 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें से नौ पर सामूहिक रूप से 24 लाख रुपये का इनाम था। बीजापुर पुलिस ने बताया कि दंपती समेत 17 नक्सलियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सीआरपीएफ के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इनमें माओवादी दिनेश मोडियम (36) की बीजापुर जिले में 26 मामलों में तलाश थी और उस पर 8 लाख रुपये का इनाम था। मोडियम की पत्नी ज्योति और दुला पर 5-5 लाख का इनाम घोषित था। 

News Updates 14th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
सुवेंदु अधिकारी - फोटो : एएनआई
बंगाल विधानसभा में मुस्लिम विधायकों पर टिप्पणी नेता विपक्ष के खिलाफ प्रस्ताव
भाजपा नेता और प. बंगाल विधानसभा में नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी का मुस्लिम विधायकों के खिलाफ दिया गया विवादास्पद बयान मुसीबत बन चुका है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस बृहस्पतिवार को सुवेेंदु के खिलाफ विधानसभा में प्रस्ताव लेकर आई, जो ध्वनिमत से पास हो गया। सुवेंदु ने कहा था, अगर अगले साल बंगाल में भाजपा की सरकार बनी तो तृणमूल के मुस्लिम विधायकों को विधानसभा से बाहर फेंक दिया जाएगा। 

पिता की पिटाई से मां को बचाने के चक्कर में बेटे ने गंवाई जान
ओडिशा के बालासोर में जिले में एक पिता की नशे की बुरी लत ने 17 साल के एक युवक की जिंदगी छीन ली। मां को पिता की मार से बचाने के चक्कर में बेटे को जान गंवानी पड़ी। शराब के नशे में पिता ने अपने बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, घटना बालासोर जिले के नरामा गांव की है। जोगेंद्र सिंह नाम का एक व्यक्ति बुधवार रात शराब पीकर घर लौटता है और अपनी पत्नी मुनि की पिटाई करने लगता है। जब उसके बेटे राजेश ने बीच बचाव किया तो नशे में धुत जोगेंद्र ने चाकू से उसके सीने में कई बार वार किया। शोर सुनकर पड़ोस के लोग वहां और बुरी तरह घायल राजेश को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। 

प्रख्यात दलित विचारक और लेखक केके कोचू का निधन
प्रख्यात दलित विचारक और लेखक केके कोचू का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे। कैंसर के उपचार के दौरान कोचू ने अंतिम सांस ली। केरल के कल्लरा में दो फरवरी 1949 को जन्मे कोचू कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम से वरिष्ठ सहायक के पद से 2001 में सेवानिवृत्त हुए थे। उन्हें 2021 में केरल साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। कोचू की आत्मकथा ‘दलितन’ उनकी सबसे उल्लेखनीय कृतियों में से एक है। 

News Updates 14th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
भाजपा का झंडा (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : ANI
मिजोरम के चकमा परिषद में भाजपा को पूर्ण बहुमत
मिजोरम के लॉन्गतलाई जिले में चकमा स्वायत्त जिला परिषद में सत्ताधारी भाजपा ने ग्राम परिषद (वीसी) चुनाव में 88 में से 64 वीसी में बहुमत हासिल किया है। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, मिजोरम की सत्तारूढ़ पार्टी जोरम पीपुल्स मूवमेंट 12 वीसी में बहुमत हासिल कर दूसरे स्थान पर रही, जबकि मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) को आठ वीसी में जीत मिली। कांग्रेस किसी भी वीसी में बहुमत नहीं पा सकी। आयोग के अनुसार, दो वीसी में किसी को भी स्पष्ट बहुमत नहीं मिला और दो अन्य पर स्वतंत्र उम्मीदवार विजयी हुए। ग्राम परिषदों के लिए बुधवार को हुए मतदान में 86.97 प्रतिशत वोट पड़े थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चकमा स्वायत्त जिला परिषद के ग्राम परिषद चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत पर मिजोरम की जनता का आभार जताया है।

ईडी और मॉरिशस का वित्तीय अपराध आयोग मिलकर लगाएंगे वित्तीय अपराधियों पर अंकुश  
भारत और मॉरिशस ने वित्तीय अपराधों से निपटने में सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। ईडी और मॉरिशस के वित्तीय अपराध आयोग (एफसीसी) ने बृहस्पतिवार को मनी लॉन्ड्रिंग, भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी, संपत्ति की वसूली और अवैध गतिविधियों के वित्त पोषण से निपटने में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मॉरिशस की राजकीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम की मौजूदगी में समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया। यह समझौता वित्तीय अपराध प्रवर्तन में अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने व अंतरराष्ट्रीय वित्तीय खतरों से निपटने के लिए अधिक समन्वित दृष्टिकोण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ अपनी साझेदारी को मजबूत करके, भारत वैश्विक वित्तीय अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत कर रहा है। साथ ही यह सुनिश्चित कर रहा है कि अवैध संपत्ति न्याय की पहुंच से परे न रहे।

कर्नाटक के पूर्व मंत्री ने सांप्रदायिक समूहों पर गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया
कर्नाटक कांग्रेस नेता बी रामनाथ राय ने बृहस्पतिवार को कानून प्रवर्तन अधिकारियों से अपील की कि वे कुछ सांप्रदायिक संगठनों के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करें, जो कथित तौर पर झूठी बातें फैला रहे हैं और अशांति भड़का रहे हैं। राय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने का एक संगठित प्रयास है। उन्होंने कहा कि केवल निचले स्तर के कार्यकर्ताओं पर मुकदमा चलाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन उच्च पदस्थ लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए जो ऐसी घटनाओं को भड़काने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने हाल ही में लापता युवक दिगंत के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि यदि पुलिस समय पर हस्तक्षेप नहीं करती, तो स्थिति सांप्रदायिक झड़प में बदल सकती थी। 

तमिलनाडु सरकार इलैयाराजा के करियर के 50 साल का जश्न मनाएगी : स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा के सिनेमा में 50 साल पूरे होने का जश्न मनाएगी। स्टालिन ने यह घोषणा तब की जब इलैयाराजा ने मुख्यमंत्री आवास पर उनसे मुलाकात की। संगीत निर्देशक को हाल ही में लंदन में एक प्रस्तुति के लिए काफी प्रशंसा मिल रही है। स्टालिन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'हमने सरकार की ओर से इलैयाराजा की सिनेमा जगत में 50 साल की संगीत यात्रा का जश्न मनाने का फैसला किया है।' उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में संगीतकार के प्रशंसक भी शामिल होंगे।

हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्रों का भूमि 'नीलामी' के खिलाफ प्रदर्शन
हैदराबाद विश्वविद्यालय (यूओएच) के छात्रों ने बृहस्पतिवार को कांचा गाचीबोवली में 400 एकड़ भूमि की नीलामी के तेलंगाना सरकार के कथित प्रस्ताव के खिलाफ प्रदर्शन किया। यूनिवर्सिटी ऑफ हैदराबाद स्टूडेंट्स यूनियन (यूओएचएसयू) द्वारा विरोध प्रदर्शन के आह्वान के बाद, छात्र, संकाय सदस्य, विश्वविद्यालय कर्मचारी और पर्यावरण कार्यकर्ता पूर्वी परिसर में एकत्र हुए और भूमि को 'बचाने' के लिए मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने तेलंगाना सरकार के खिलाफ नारे लगाए और तख्तियों पर लिखा, 'भूमि अधिग्रहण का विरोध करें। हमारे विश्वविद्यालय को पुनः प्राप्त करें और चट्टानों को बचाएं।' यूओएचएसयू के एक नेता ने कहा कि तेलंगाना राज्य औद्योगिक अवसंरचना निगम लिमिटेड ने हाल ही में कांचा गाचीबोवली में 400 एकड़ भूमि की नीलामी की घोषणा की है। इस भूमि में हैदराबाद विश्वविद्यालय के पूर्वी परिसर के पास मशरूम रॉक क्षेत्र भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इससे विश्वविद्यालय की भूमि और हैदराबाद की जैव विविधता को नुकसान होगा।

सीएम नायडू की विपक्ष की मदद नहीं करने वाली टिप्पणी पर हस्तक्षेप की मांग
वाईएसआरसीपी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर से मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की हाल ही में की गई टिप्पणी पर हस्तक्षेप करने की मांग की। नायडू ने कहा था कि अगर वाईएसआरसीपी समर्थकों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से मदद मिली, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, नायडू ने गंगाधर नेल्लोर में टीडीपी की एक बैठक में यह घोषणा की थी कि 'किसी को भी वाईएसआरसीपी के लोगों की किसी भी तरह से मदद नहीं करनी चाहिए। उनकी मदद करना सांप को दूध पिलाने जैसा है।' वाईएसआरसीपी नेता बी सत्यनारायण ने राज्यपाल को पत्र में लिखा, 'मुख्यमंत्री की ऐसी टिप्पणियां आश्चर्यजनक हैं। वे देश के कानून के प्रति पूरी तरह से अनादर को दर्शाती हैं। यह अविश्वसनीय है कि एक मुख्यमंत्री लोकतंत्र में विपक्ष के प्रति असहिष्णुता और घृणा के इस स्तर तक गिर सकता है।' वाईएसआरसीपी नेताओं ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की और व्यक्तिगत रूप से पत्र सौंपा। 

मणिपुर के सांसद बोले- संसद में मणिपुर को लेकर गृह मंत्रालय से पूछे गए सवाल 'हटाए गए'
मणिपुर से निर्वाचित कांग्रेस सांसद ए बिमोल अकोईजाम ने चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा कि संसद में पूर्वोत्तर राज्यों में उग्रवादी समूहों के साथ केंद्र सरकार के समझौते से जुड़े सवाल को लोकसभा में तारांकित प्रश्नों की सूची से "हटा दिया" गया है। सांसद का आरोप है कि यह एक निर्वाचित सांसद के रूप में उनके अधिकारों और विशेषाधिकारों का "गंभीर उल्लंघन" है। उन्होंने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और संसदीय कार्य मंत्री से मुलाकात कर इस "असामान्य प्रकरण" से अवगत कराया। एक्स पर एक पोस्ट में कांग्रेस सांसद ने लिखा, "मेरा नाम 11 मार्च, 2025 के लिए निर्धारित तारांकित प्रश्नों में सूचीबद्ध (सूची में 16वां) था। हालांकि, जब उक्त तिथि के लिए तारांकित प्रश्नों की सूची जारी की गई, तो मेरा नाम गायब पाया गया। इसका मतलब है कि मेरे प्रश्न हटा दिए गए।"

मंगलुरु में पड़ोसी की हत्या के प्रयास के आरोप में शख्स गिरफ्तार
कर्नाटक के मंगलुरु में पुलिस शुक्रवार को बताया कि एक दूरसंचार कंपनी के सेवानिवृत्त अधिकारी ने बेजई इलाके में गुस्से में कार चलाई, जिससे एक पैदल यात्री और एक दोपहिया सवार घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घटना गुरुवार को मंगलुरु उर्वा पुलिस थाने की सीमा में हुई। सेवानिवृत्त अधिकारी ने बेजई में एक हाउसिंग कॉलोनी की संकरी गली में तेज गति से कार चलाई, जिससे एक महिला पैदल यात्री को टक्कर लगी और बाद में कार एक मोटरसाइकिल से जा टकराई। पुलिस ने बताया कि कार ने मोटरसाइकिल और सवार दोनों को संकरी गली में 50-60 मीटर से अधिक दूर तक घसीटा।

उन्होंने बताया कि कार के चालक सतीश कुमार को मोटरसाइकिल सवार की हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जो उसका पड़ोसी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़ित मुरली प्रसाद के साथ पिछले पड़ोस के विवादों को लेकर कथित तौर पर दुश्मनी रखी थी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया है, जिससे शहर के लोगों में गुस्सा है।

गिरफ्तार TMC मंत्री पार्थ चटर्जी के दामाद स्कूल नौकरी घोटाले मामले में सरकारी गवाह बनेंगे
गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के दामाद को स्कूल नौकरी घोटाले में सरकारी गवाह बनने की विशेष अदालत ने अनुमति दे दी है, ईडी सूत्रों ने यह जानकारी दी। इस मामले में उनके दामाद कल्याणमय भट्टाचार्य को भी आरोपी लाभार्थी के रूप में नामित किया गया है। करोड़ रुपये के प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले में कथित संलिप्तता के लिए ईडी ने चटर्जी को 2022 में गिरफ्तार किया था। उस समय उनकी करीबी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी को भी गिरफ्तार किया गया था।

एक सूत्र ने बताया, 'कल्याणमय भट्टाचार्य इस मामले में सरकारी गवाह बनना चाहते थे। उन्होंने इस संबंध में विशेष ईडी अदालत का दरवाजा खटखटाया और अदालत ने उन्हें इसकी अनुमति दे दी।' सूत्र ने बताया कि भट्टाचार्य मजिस्ट्रेट के समक्ष गोपनीय बयान दे सकते हैं। प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने भट्टाचार्य से पूछताछ की है और इसके एक पूरक आरोप पत्र में उनका नाम आरोपी लाभार्थी के रूप में पाया गया है। सूत्रों ने कहा कि भट्टाचार्य विशेष अदालत के समक्ष धन के लेन-देन का खुलासा करने के इच्छुक हैं। 2022 में चटर्जी की गिरफ्तारी के दिन, ईडी ने उनकी करीबी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के घर से 20 करोड़ रुपये नकद बरामद किए थे।

एआर उन्नीकृष्णन CII TN के अध्यक्ष चुने गए, सी देवराजन उपाध्यक्ष नियुक्त
उद्योग निकाय भारतीय उद्योग परिसंघ ने शुक्रवार को घोषणा की कि सेंट-गोबेन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में ग्लास, ग्लास सॉल्यूशंस और हॉस्पिटैलिटी बिजनेस के प्रबंध निदेशक, उद्योग के दिग्गज ए आर उन्नीकृष्णन को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए तमिलनाडु राज्य परिषद का अध्यक्ष चुना गया है। उद्योग में 32 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्नीकृष्णन ने सीआईआई के भीतर विभिन्न भूमिकाएँ निभाई हैं, जिनमें सीआईआई टीएन सीईओ फोरम के अध्यक्ष और सीआईआई ग्रीन प्रोडक्ट काउंसिल के अध्यक्ष शामिल हैं। उन्होंने 2023-24 में सीआईआई तमिलनाडु राज्य परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में भी काम किया, उद्योग निकाय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा।

इसके अतिरिक्त, उन्नीकृष्णन मद्रास प्रबंधन संघ के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य करते हैं। इस बीच, यूआरसी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सी देवराजन को 2025-26 के लिए सीआईआई तमिलनाडु राज्य परिषद का उपाध्यक्ष चुना गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि देवराजन, जो पहले सीआईआई इरोड के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे, निर्माण और बुनियादी ढांचा विकास क्षेत्र में 37 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं।

असम ने नए अभियोजन निदेशालय के पदाधिकारियों की नियुक्ति की
असम सरकार ने शुक्रवार को अपने नए स्थापित अभियोजन निदेशालय के पदाधिकारियों की नियुक्ति की, जो राज्य के कानून प्रवर्तन और न्यायपालिका की सहायता करेगा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने तत्काल प्रभाव से स्थापना के लिए निदेशक और तीन उप निदेशकों की नियुक्ति के संबंध में एक अधिसूचना साझा की। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'हम उन पहले राज्यों में से एक हैं, जिनके पास कानून प्रवर्तन और न्यायपालिका की सहायता के लिए एक समर्पित अभियोजन कैडर है, ताकि निष्पक्ष और कुशल न्याय वितरण तंत्र का निर्माण किया जा सके।'

अधिसूचना के अनुसार, सरकार ने माखन फुकन को चार महीने की अवधि के लिए अभियोजन निदेशक के रूप में नियुक्त किया। गृह और राजनीतिक विभाग के आदेश में कहा गया है कि उनके साथ, राज्य सरकार ने धनेश दास, शांतनु भट्टाचार्य और मानष हलोई को भी अभियोजन के उप निदेशक के रूप में नियुक्त किया। दिसंबर 2022 में असम सरकार ने अभियोजन निदेशालय स्थापित करने और कई अन्य सार्वजनिक सेवा शाखाओं की तरह सरकारी अभियोजकों के लिए एक अलग कैडर बनाने का फैसला किया था, जिससे वे इसके कर्मचारी बन गए। सीएम सरमा ने तब कहा था कि सरकार निचली अदालतों में कई मामले हार गई है और हार का विश्लेषण करने के साथ-साथ सरकारी अभियोजकों (पीपी) के प्रदर्शन की समीक्षा भी नहीं की गई।

बंगाल में होली मनाने के दौरान युवक की हत्या
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में शुक्रवार को होली मनाने के दौरान हुई झड़प में 20 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। आकाश चौधरी उर्फ अमर को टीटागढ़ में अपने घर के पास अपने दोस्तों के साथ होली मनाते समय तीन से चार युवकों ने घेर लिया। अधिकारी ने बताया कि बहस होने पर हमलावरों ने उसकी गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर बार-बार चाकू से वार किया। आकाश को सरकारी बलराम अस्पताल खरदाहा ले जाया गया और फिर बेलघरिया के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि अंत में उसे कोलकाता के आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पवन राजभर, जो पहले इलाके में एक अन्य आपराधिक मामले के सिलसिले में जेल जा चुका था, को हमले के लिए गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि राजभर के दो अन्य साथी फरार हैं। आकाश के चाचा ने बताया कि वह स्थानीय कॉलेज में तीसरे वर्ष का छात्र था और तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (टीएमसीपी) का सदस्य था। हालांकि, न तो पुलिस और न ही आकाश के परिवार ने किसी राजनीतिक पहलू को जिम्मेदार ठहराया, बल्कि कहा कि हमलावर की मृतक के साथ व्यक्तिगत दुश्मनी थी।

गुजरात के भरूच में आग का तांडव

गुजरात के भरूच के अंकलेश्वर इलाके में मौजूद एक कबाड़ गोदाम में आग लग गई। इस दौरान आग पर काबू पाने के लिए 10 से ज्यादा दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। जानकारी के मुताबिक, आग में करीब 5 कबाड़ गोदाम जलकर खाक हो गए।
 

म्यांमार में साइबर घोटाला: 24 तेलंगाना निवासियों की तस्करी के आरोप में आठ गिरफ्तार
तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो ने राज्य के 24 व्यक्तियों की तस्करी में शामिल आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी नौकरी के प्रस्तावों के लालच में आए सैकड़ों भारतीयों में से थे और म्यांमार में साइबर घोटाले के संचालन में फंस गए थे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत ने म्यांमार-थाईलैंड सीमा पर साइबर अपराध केंद्रों से रिहाई के बाद दो सैन्य विमानों में 549 नागरिकों को वापस लाया है।

तेलंगाना पुलिस ने कहा कि उनमें से 24 तेलंगाना के थे और 11 और 12 मार्च को दिल्ली से हैदराबाद लौटे थे। उनके लौटने के बाद, टीजीसीएसबी ने आकर्षक विदेशी नौकरियों के बहाने पीड़ितों की तस्करी करने के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए एक जांच शुरू की। टीजीसीएसबी की निदेशक शिखा गोयल ने कहा कि राज्य भर के विभिन्न साइबर अपराध पुलिस स्टेशनों में नौ मामले दर्ज किए गए हैं।

अब तक 15 एजेंटों और मध्यस्थों की पहचान की गई है, जिनमें से आठ को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष संदिग्ध फरार हैं। उन्होंने कहा कि उनमें से पांच वर्तमान में विदेश में हैं, और उन्हें खोजने और आवश्यक कार्रवाई करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने लोगों से विदेशों में नौकरी के प्रस्तावों को स्वीकार करते समय सावधानी बरतने का आग्रह किया है, खासकर उन प्रस्तावों को जो न्यूनतम योग्यता के साथ उच्च वेतन का वादा करते हैं।

करुवन्नूर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में CPM सांसद को ED का समन
केरल के करुवन्नूर सर्विस कोऑपरेटिव बैंक में अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने सीपीआई(एम) सांसद के. राधाकृष्णन (60) को शुक्रवार को पूछताछ के लिए समन भेजा है। अधिकारियों के अनुसार, अलथूर से सांसद राधाकृष्णन से पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) के तहत बयान दर्ज करने को कहा गया है। यह मामला केरल पुलिस क्राइम ब्रांच की ओर से जुलाई 2021 में दर्ज की गई 16 एफआईआर पर आधारित है। सीपीआई(एम) नियंत्रित बैंक में 150 करोड़ रुपये की अनियमितताओं का आरोप है। ईडी के अनुसार, बैंक ने एक ही संपत्ति पर कई बार फर्जी लोन स्वीकृत किए और बेनामी लेनदेन के जरिये मनी लॉन्ड्रिंग की। ईडी ने दावा किया कि बैंक ने सदस्यों की जानकारी के बिना अतिरंजित संपत्ति मूल्यांकन पर गैर-सदस्यों को ऋण दिए, जिन्हें आरोपियों ने हड़प लिया। अगस्त-सितंबर 2023 में की गई छापेमारी में 117 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई और चार लोग गिरफ्तार किए गए। ईडी ने जनवरी में जारी बयान में आरोप लगाया था कि सीपीआई(एम) जिला समिति के निर्देश पर यह घोटाला हुआ और पार्टी को इन ऋणों से दान प्राप्त हुए।

मणिपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
इंफाल घाटी के विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों को अलग-अलग अभियानों में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के एक सदस्य को गुरुवार को इंफाल पश्चिम जिले के सागोलबंद सयांग कुराओ माखोंग में उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि उसकी पहचान थोकचोम ओंगबी अनीता देवी (46) के रूप में हुई है। उसके पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन, 33 जिंदा राउंड, पांच सिम कार्ड और छह मोबाइल फोन बरामद हुए। प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ-के) के एक सदस्य को तेनुगोपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान इंफाल पूर्व जिले के खुरई चैरेनथोंग के मोइरंगथम रिकी सिंह (22) के रूप में हुई। एक अन्य उग्रवादी लैशराम बिशोरजीत मीतेई (33) को गिरफ्तार किया गया।  पुलिस ने बताया कि लकड़ी ले जाने वाले वाहनों से पैसे वसूलने के आरोप में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। युमनाम प्रेमजीत मीतेई (54) को इंफाल पश्चिम जिले के काकवा में एक फर्नीचर की दुकान से गिरफ्तार किया गया। वह प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (अपुनबा) से जुड़ा था।

इसके अलावा मणिपुर के थौबल जिले में 100 किलोग्राम से अधिक वाइट वाइन की गोलियों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।  पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त टीम ने लिलोंग पुलिस थाने के निकट से यह जब्ती की। गिरफ्तार किये गये लोगों में से दो असम के हैं। आरोपियों की पहचान असम के गोलाघाट के अमलदास ज़ालक्सो, असम के मोरीगांव के महेदी अलोम और थौबल के लिलोंग हंगमथाबी के मोहम्मद खुर्शीद के रूप में हुई। अभियान में एक ट्रक और एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed