फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 14th April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

News Updates: मणिपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार जब्त; बिष्णुपुर, चुराचांदपुर में बढ़ाई गई सुरक्षा

Mon, 14 Apr 2025 10:27 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 14 Apr 2025 10:27 AM IST
विज्ञापन
News Updates 14th April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
मणिपुर पुलिस ने इंफाल पूर्वी जिले में दो अलग-अलग स्थानों से प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ) के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से हथियार और 21 लाख रुपये नकद जब्त किए। रविवार को इंफाल पूर्वी जिले के वांगखेई इलाके से जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल एक यूएनएलएफ उग्रवादी को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक बेरेटा पिस्तौल और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। उसके ठिकाने पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक एसएमजी कार्बाइन गन, एक 9 एमएम पिस्तौल, चार मैगजीन, एक हथगोला, 66 स्नाइपर जिंदा कारतूस और 69,000 रुपये नकद बरामद किए। अधिकारी ने बताया कि रविवार को इंफाल पूर्वी जिले के खुंद्रकपम अवांग लेईकाई इलाके से यूएनएलएफ (पाम्बेई) के एक अन्य कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया। वह इंफाल और उसके आसपास के इलाकों में जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल था। उसके पास से 21,50,000 रुपये की नकदी जब्त की गई।
विज्ञापन


बिष्णुपुर, चुराचांदपुर जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई
मणिपुर के बिष्णुपुर और चुराचांदपुर में सोमवार को सुरक्षा कड़ी कर दी गई। यहां कई मैतेई लोग थांगजिंग तलहटी की अपनी वार्षिक तीर्थयात्रा के लिए मोइरांग में डेरा डाले हुए हैं।  जबकि कुकी-जो समुदाय के सदस्यों ने उनसे यात्रा से परहेज करने का आग्रह किया है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बिष्णुपुर जिले के क्वाकता और फोगाकचाई इखाई में सुरक्षा तैनाती बढ़ा दी गई है। थांगजिंग की तीर्थयात्रा का मार्ग इन्हीं इलाकों से होकर गुजरता है। थांगजिंग हिल को मैतेई समुदाय द्वारा पवित्र स्थल माना जाता है। रविवार को इंफाल घाटी के विभिन्न हिस्सों से कई मैतेई तीर्थयात्रियों ने बिष्णुपुर में थांगजिंग मंदिर में प्रार्थना की और आने वाले दिनों में तीर्थयात्रा की तैयारी के लिए मोइरंग और आसपास के इलाकों में रात भर डेरा डाला। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को सैकड़ों कुकी-जो समुदाय के सदस्य मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के थांगजिंग पहाड़ी पर एकत्र हुए और मैतेई लोगों को इस पवित्र स्थल की वार्षिक तीर्थयात्रा करने से रोकने के लिए प्रदर्शन किया।
विज्ञापन


बंगलूरू में छेड़छाड़
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस महीने की शुरुआत में सुद्दागुंटेपल्या में एक महिला से कथित तौर पर छेड़छाड़ के आरोपी संदिग्ध को केरल के कोझिकोड से गिरफ्तार किया गया है। 29 वर्षीय संतोष पर 3 अप्रैल को सुबह 1.55 बजे सुड्डागुंटेपल्या में महिला के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगा है। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया था। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो महिलाएं सड़क पर चल रही थीं। तभी एक आदमी उनमें से एक को पकड़ लेता है। शख्स का चेहरा साफ नहीं दिख रहा है। छेड़खानी होने पर महिलाएं मदद के लिए चीखने लगीं तो शख्स फरार हो गया। इस मामले में बंगलूरू शहर के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने बताया था कि 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सत्यापन कर संदिग्ध का पता लगाया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

अमरावती परियोजना शुरू, पीएम मोदी भूमि पूजन के लिए आमंत्रित
आंध्र प्रदेश की नई राजधानी तैयार करने के लिए कृष्णा नदी के तट पर 65,000 करोड़ रुपये की अमरावती शहर परियोजना पर काम शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को परियोजना के शिलान्यास समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रधानमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार किया है या नहीं और शिलान्यास समारोह कब होगा। एक बयान में कहा गया कि इस परियोजना का मकसद एक लोगों की राजधानी बनाना है, जो दुनियाभर से कुशल प्रवासियों, उद्योगों, पेशेवरों और व्यवसायों को आकर्षित करे। वर्ष 2019 और 2024 के बीच पांच साल तक ये परियोजना ठंडे बस्ते में रही। हालांकि, राज्य में पिछले साल मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की अगुवाई में नई सरकार बनने के बाद अमरावती परियोजना को पुनर्जीवित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि एम्स्टर्डम, सिंगापुर और तोक्यो जैसे वैश्विक शहरों से प्रेरित एक विश्वस्तरीय शहरी केंद्र बनाने पर काम फिर से शुरू हो गया है। यह शहर न केवल जीवंत, विविध, समावेशी और आधुनिक होगा, बल्कि दुनियाभर के कुशल प्रवासियों, उद्योगों, व्यवसायों और पेशेवरों को आकर्षित भी करेगा।

सेना ने स्वदेशी तकनीक से मार गिराया पाकिस्तानी ड्रोन; नियंत्रण रेखा के पास मंडरा रहा था चीन में बना ड्रोन
भारतीय सेना ने स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित इंटीग्रेटेड ड्रोन डिटेक्शन एंड इंटरडिक्शन सिस्टम का उपयोग करके पाकिस्तानी सेना के एक ड्रोन को मार गिराया। यह ड्रोन चीन में बना था और जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास जासूसी कर रहा था। रक्षा सूत्रों ने बताया कि जम्मू के पीर पंजाल पर्वतमाला के दक्षिण में स्थित 16 कोर क्षेत्र में तैनात सेना की एयर डिफेंस यूनिट ने मार गिराया। यह घटना तब हुई जब ड्रोन को एलओसी के साथ भारतीय क्षेत्र के करीब संचालित होते हुए पाया गया। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन डीआरडीओ की ओर से विकसित सिस्टम  2-किलोवाट लेजर बीम से भी लैस है, जो 800 से 1,000 मीटर की प्रभावी सीमा से दुश्मन के ड्रोन को मारकर गिरा सकता है।

त्रिपुरा में नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म, एक गिरफ्तार
त्रिपुरा के कदमतला इलाके में एक परित्यक्त मदरसे के हॉस्टल में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना शनिवार रात को उस समय हुई जब लड़की धर्मनगर उपखंड के कुर्ती गांव की निवासी अपने रिश्तेदार के विवाह समारोह में जा रही थी। एक आरोपी को िगरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई अब आखिरी दौर में: सीएम हेमंत सोरेन
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई अब आखिरी दौर में हैं। यह बात सोरेन ने आईईडी विस्फोट में बलिदान हुए जवान सुनील धान को पुष्पांजलि देते वक्त कही। सोरेन ने कहा, नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हमने अपने कई जवानों को खोया है। उनकी बदौलत हम एक कामयाब अभियान की तरफ बढ़ रहे हैं। जवानों का यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। वहीं, राज्यपाल गंगवार ने कहा, यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। 

हजारीबाग में फिर तनावपूर्ण माहौल, धार्मिक जुलूस पर पथराव

झारखंड के हजारीबाग जिले के बरकट्टा गांव में धार्मिक जुलूस के दौरान कथित पथराव के बाद माहौल तनावपूर्ण है। पुलिस ने बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे हुई इस घटना के बाद झुरझुरी गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बरही के उपविभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO) अजीत कुमार बिमल ने बताया कि उपद्रवियों ने धार्मिक जुलूस के दौरान पथराव किया, जिसके बाद दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया। आक्रोशित लोगों ने जीचटी रोड के एक हिस्से को जाम कर दिया। 

सामूहिक आत्महत्या की कोशिश दंपती की मौत, तीन बच्चे भर्ती
गुजरात के साबरकांठा जिले के वडाली कस्बे में एक किसान ने परिवार सहित आत्महत्या की कोशिश की। किसान ने पत्नी और तीन किशोर बच्चों सहित जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे 42 साल के किसान विनू सागर और उसकी 40 साल की पत्नी कोकिलाबेन की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे 19 साल की बेटी सहित 17 और 18 साल के बेटों का इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे की सही वजह अभी पता नहीं चल पाई है। मामले की जांच की जा रही है।

फरार हीरा कारोबारी चोकसी की गिरफ्तारी मोदी सरकार की सफल कूटनीति का नजीजा
कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को कहा कि भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी की बेल्जियम में गिरफ्तारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्र सरकार की सफल कूटनीति का नतीजा है। जयपुर में पत्रकारों से बात करते हुए मेघवाल ने कहा, "यह भारत के लिए गर्व की बात है। यह गिरफ्तारी मोदी सरकार की कूटनीतिक ताकत और गंभीर प्रयासों का परिणाम है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, मेहुल चोकसी को भारत की जांच एजेंसियों द्वारा भेजे गए प्रत्यर्पण अनुरोध के बाद बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया है। चोकसी पर पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में करीब 13,000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। गौरतलब है कि चोकसी लंबे समय से भारत से फरार है और उस पर देश की आर्थिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का गंभीर आरोप है। अब भारत सरकार की कोशिश है कि उसे जल्द से जल्द भारत लाया जाए और कानून के तहत सजा दी जाए।

 

तेलंगाना में कार के अंदर बंद होने से दो बच्चियों की दम घुटने से मौत
तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में दुर्घटनावश कार के अंदर बंद होने से दो बच्चियों की दम घुटने से सोमवार को मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि एक बच्ची चार और दूसरी पांच साल की थी। पुलिस ने बताया कि घटना दामरगिद्दा गांव में दोपहर करीब दो बजे उस समय हुई, जब दोनों चचेरी बहनें खेलते समय अपने रिश्तेदार के घर के पास खड़ी कार में बैठ गईं। न तो उनके माता-पिता और न ही उनके परिवार के अन्य सदस्यों को पता चला कि बच्चे कार के अंदर बंद हो गए हैं। करीब 30-45 मिनट बाद उन्होंने बच्चियों को कार में बेहोश पाया और उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बच्चे अपने माता-पिता के साथ दामरगिद्दा में रिश्तेदार के घर विवाह समारोह में शामिल होने आए थे।

वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ YSRCP पहुंची सुप्रीम कोर्ट
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) ने सोमवार को हाल ही में लागू किए गए वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। पार्टी का कहना है कि यह कानून मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता है और मुस्लिम समुदाय के हितों की रक्षा करने में विफल रहता है। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि यह अधिनियम भारतीय संविधान के अनुच्छेद 13, 14, 25 और 26 का उल्लंघन करता है। ये अनुच्छेद नागरिकों को समानता, धर्म की स्वतंत्रता, और धार्मिक संस्थानों को अपने कामकाज को खुद संभालने का अधिकार देते हैं।

 

'संविधान का नहीं हो रहा पालन', भाजपा छोड़ने के बाद बोले आदिवासी नेता महेश वसावा
आदिवासी नेता और गुजरात के पूर्व विधायक महेश वसावा ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह फैसला लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले लिया है। महेश वसावा ने भाजपा में शामिल हुए एक साल भी पूरा नहीं किया था। महेश वसावा ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी.आर. पाटिल को एक खुले पत्र के ज़रिए अपने इस्तीफे की जानकारी दी। उन्होंने यह पत्र सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि देश में संविधान का पालन नहीं हो रहा है और भाजपा सरकार ने आदिवासियों और गरीबों के साथ धोखा किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed