फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 12th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: एडीआर की स्थापना करने वाले जगदीप छोकर का निधन, मेघालय विधानसभा को मिला नया डिप्टी स्पीकर

Fri, 12 Sep 2025 04:25 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Fri, 12 Sep 2025 04:25 PM IST
विज्ञापन
News Updates 12th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

चुनावी सुधार और पारदर्शिता के प्रखर पैरोकार जगदीप एस. छोकर का 80 वर्ष की आयु में दिल्ली में निधन हो गया। शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से उनका देहांत हुआ। छोकर भारतीय प्रबंधन संस्थान-अहमदाबाद (आईआईआईएम-ए) में प्रोफेसर रह चुके थे और 1999 में अपने साथियों के साथ एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की स्थापना की थी।

विज्ञापन


दो दशकों से अधिक समय तक उन्होंने भारतीय राजनीति में जवाबदेही और पारदर्शिता लाने के लिए संघर्ष किया। एडीआर की पहल पर सुप्रीम कोर्ट ने 2002 में ऐतिहासिक फैसला सुनाया, जिसमें चुनावी उम्मीदवारों को अपने आपराधिक मामलों, संपत्ति और शैक्षिक योग्यता का ब्योरा देना अनिवार्य किया गया। हाल ही में 2024 में आए चुनावी बॉन्ड योजना को खारिज करने का फैसला भी एडीआर की याचिका पर ही आया था। जगदीप छोकर का जन्म 25 नवंबर 1944 को हुआ था। उन्होंने करियर की शुरुआत भारतीय रेल से की, फिर दिल्ली विश्वविद्यालय से एमबीए किया और अमेरिका की लुइसियाना स्टेट यूनिवर्सिटी से पीएचडी प्राप्त की। उनके योगदान को भारतीय लोकतंत्र की मजबूती में एक अहम स्तंभ माना जाता है।
विज्ञापन


मेघालय विधानसभा को मिला नया डिप्टी स्पीकर
शिलॉन्ग में शुक्रवार को नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) के तीन बार के विधायक लिमिसन डी संगमा को निर्विरोध मेघालय विधानसभा का नया उपाध्यक्ष चुना गया। स्पीकर थॉमस ए. संगमा ने घोषणा की कि केवल एक ही नामांकन पत्र प्राप्त हुआ और वैध पाया गया, इसलिए लिमिसन को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया। रक्समग्रे के विधायक लिमिसन को मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा और नेता प्रतिपक्ष मुकुल संगमा ने औपचारिक रूप से उनके नए पद पर बैठाया। इस अवसर पर स्पीकर ने कहा कि विधानसभा की गरिमा, दक्षता और समावेशिता बनाए रखने के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे। अपने स्वीकार भाषण में लिमिसन डी संगमा ने कहा कि सच्ची नेतृत्व क्षमता सत्ता में नहीं, बल्कि विनम्रता और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करने में है।
विज्ञापन
विज्ञापन


केरल में प्राइमरी एमोएबिक मेनिंगोएन्सेफलाइटिस से 52 लोग संक्रमित
केरल में अगस्त-सितंबर 2025 में प्राइमरी एमोएबिक मेनिंगोएन्सेफलाइटिस के मामले लगातार सामने आ रहे है। मौजूदा समय में इस बीमारी से 52 लोग संक्रमित हैं, जिनमें 33 पुरुष और 19 महिलाएं शामिल हैं। मरीजों की उम्र 3 महीने से लेकर 91 साल तक पाई गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह बीमारी बेहद घातक मानी जाती है। नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल और राज्य स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं। लक्षणों की जांच और लेबोरेटरी कन्फर्मेशन जारी है।

राज्य में पर्यावरणीय सैंपलिंग, सतर्कता और सूचना-संवाद गतिविधियां तेज की गई हैं। स्वास्थ्य अधिकारी लोगों को साफ पानी, व्यक्तिगत स्वच्छता और सुरक्षात्मक उपाय अपनाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। स्थिति पर नज़र रखी जा रही है और महामारी की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।

रेलवे बोर्ड के सदस्य ब्रज मोहन अग्रवाल ने ली स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति
रेलवे बोर्ड ने अपने चार सदस्यों में से एक, ब्रज मोहन अग्रवाल को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति प्रदान कर दी है। अग्रवाल ट्रैक्शन और रोलिंग स्टॉक विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। आईआरएमएस अधिकारी अग्रवाल ने 24 सितंबर से सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया था, जिसे रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी। उनके कार्यकाल में रेलवे ने कई इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार और रोलिंग स्टॉक प्रोजेक्ट्स पर काम किया।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अग्रवाल के जाने के बाद उनके विभाग के कार्यों की जिम्मेदारी अन्य सदस्यों में विभाजित होगी। यह कदम प्रबंधन में नया परिवर्तन और उत्तराधिकारी योजना का हिस्सा माना जा रहा है।

कर्नाटक में जुलूस पथराव मामले में एक और BJP विधायक पर केस
मद्दुर गणेश जुलूस के दौरान पथराव मामले में एक और भाजपा विधायक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। भाजपा नेता सीटी रवि के बाद पार्टी विधायक बसनगौड़ा आर पाटिल (यतनाल) के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। दूसरे समुदाय के धर्म को ठेस पहुंचाने और समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा करने वाले भाषण देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत बीएनएस की धारा 196(1)(ए), 299 और 353(2) के तहत दर्ज की गई है। मद्दुर थाने के पीएसआई मंजूनाथ की शिकायत पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई है।

श्रीलंकाई अदालत ने चार तेलुगु मछुआरों को रिहा किया
आंध्र प्रदेश के तीन और पुडुचेरी केंद्र शासित प्रदेश के यनम के एक निवासी सहित चार तेलुगु मछुआरों को श्रीलंका की एक अदालत ने रिहा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, श्रीलंकाई नौसेना ने उन्हें तीन सितंबर को उस समय गिरफ्तार किया जब वे तमिलनाडु में कन्याकुमारी तट के पास नाव में सवार थे। अधिकारी ने बताया कि चार मछुआरों को श्रीलंकाई अदालत ने रिहा कर दिया है और उन्हें जल्द ही भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। दस्तावेजों और पूर्ववृत्त की जांच के बाद श्रीलंकाई अधिकारियों ने गुरुवार को उनकी रिहाई के आदेश जारी कर दिए। जिसमें अवैध मछली पकड़ने या समुद्री मछली पकड़ने की गतिविधियों का कोई सबूत नहीं होने की पुष्टि की गई। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मछुआरों और जब्त की गई नाव को आगामी सप्ताह के भीतर भारतीय तटरक्षक या नौसेना अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। मछुआरों की पहचान काकीनाडा जिले और यनम क्षेत्र से संबंधित पी ब्रह्मानंदम (53), सी नागेश्वरराव (49), के नुकराजू (40) और के श्रीनू (44) के रूप में की गई। 

पुरी में व्यभिचार के संदेह में पत्नी को पीटने और सड़क पर घुमाने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
ओडिशा पुलिस ने एक 43 वर्षीय कॉलेज लेक्चरर सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर अपनी 37 वर्षीय अलग रह रही पत्नी और उसके पुरुष साथी को विवाहेतर संबंध के संदेह में पीटने और सड़क पर घुमाने का आरोप है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, प्राध्यापक और उसका सहयोगी मंगलवार रात महिला के किराए के घर में जबरन घुस गए। वहां उन्होंने महिला और उसके साथी से मारपीट की और फिर उन्हें सार्वजनिक रूप से सड़क पर अपमानित करते हुए घुमाया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें दोनों आरोपित महिला और उसके साथी को पीटते और घुमाते दिख रहे हैं। 

लेक्चरर ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का किसी अन्य पुरुष के साथ संबंध है, जिसके कारण उसने उसके साथ मारपीट की। हालांकि, पुलिस ने बताया कि पत्नी और उसके पुरुष साथी दोनों ने इस आरोप को खारिज कर दिया।

कोच्चि नगर निगम के पूर्व पार्षद को बेटे ने चाकू मारा
कोच्चि नगर निगम की पूर्व पार्षद और कांग्रेस नेता ग्रेसी जोसेफ की यहां कलूर स्थित उनकी दुकान पर उनके बेटे ने कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना के बाद से ग्रेसी का बेटा शेफिन (21) फरार है। पुलिस ने बताया कि गुरुवार शाम करीब छह बजे वह कलूर के जजेज एवेन्यू रोड स्थित अपनी मां की दुकान पर पहुंचा और पैसे मांगे। पुलिस ने बताया कि जब ग्रेसी ने मना कर दिया, तो दोनों पक्षों में गरमागरम बहस हुई, जिसके बाद शेफिन ने कथित तौर पर उसे चाकू मार दिया।
ग्रेसी को तीन मामूली चोटें आईं और उसे पास के अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बताया कि उन्हें अस्पताल अधिकारियों से घटना की जानकारी मिली।

अजगर मारने पर दो गिरफ्तार
केरल के थालीपरम्बा वन रेंज अधिकारी सुरेश पी ने कहा कि कन्नूर के पानापुझा में दो लोगों प्रमोद और बिनीश को एक अजगर को मारने और उसका मांस पकाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी स्थानीय हैं और उन पर 10 सितंबर को अपने घर के पास एक रबर के बागान से एक वयस्क अजगर का शिकार करने का आरोप है। इसके बाद उन्होंने प्रमोद के घर पर अजगर को मारा गया और करी बनाई। गुप्त सूचना के आधार पर, थालीपरम्बा रेंज अधिकारी सुरेश पी और उनकी टीम ने घर पर छापा मारा और अजगर के कुछ हिस्से और पका हुआ व्यंजन जब्त कर लिया। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नोटबंदी संबंधी घोटाले में वांछित कोलकाता से गिरफ्तार
सीबीआई ने 11.79 करोड़ रुपये के नोटबंदी संबंधी घोटाले में वांछित को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। बिरंची नारायण दास फर्जी बैंक खातों के जरिये विमुद्रीकृत मुद्रा के धोखाधड़ीपूर्ण लेन-देन में शामिल थे। इससे सरकार को 11.79 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को बताया कि हमने 1 जनवरी, 2017 को एफआईआर दर्ज की थी। जांच में पता चला कि बिरंची अपराध को अंजाम देने के लिए फर्जी पहचान पत्र से खुलवाए गए बैंक खाते का इस्तेमाल कर रहा था। एजेंसी ने दिसंबर 2019 में उनके खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था, लेकिन वह मुकदमे, बार-बार समन और गैर-जमानती वारंट से बचते हुए जांच में शामिल नहीं हुए और बार-बार निवास बदलकर अपनी पहचान छिपाई। प्रवक्ता ने बताया कि उसे बुधवार को गिरफ्तार किया गया। अगले दिन सक्षम अदालत में पेश किया गया।

बीजद ने ओडिशा के पूर्व मंत्री प्रफुल्ल कुमार मलिक को निलंबित किया
बीजू जनता दल (बीजद) ने शुक्रवार को ओडिशा के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल कुमार मल्लिक को पार्टी विरोधी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के कारण निलंबित कर दिया। पार्टी की यह कार्रवाई बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक के करीबी माने जाने वाले मलिक के उस बयान के एक दिन बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि क्षेत्रीय पार्टी ठीक से काम नहीं करती है तो वह पार्टी छोड़ सकते हैं। बीजद उपाध्यक्ष (मुख्यालय) प्रताप जेना ने आदेश में कहा कि प्रफुल्ल कुमार मल्लिक पूर्व विधायक कामाख्यानगर को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए तत्काल प्रभाव से बीजू जनता दल से निलंबित किया जाता है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed