फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 11th Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

News Updates: राष्ट्रपति मुर्मू ने गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर में की पूजा; केरल में भारी बारिश की अलर्ट

Sat, 11 Oct 2025 10:44 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Sat, 11 Oct 2025 10:44 PM IST
विज्ञापन
News Updates 11th Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विज्ञापन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने द्वारका में द्वारकाधीश मंदिर में की पूजा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को गुजरात के प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। अपने गुजरात दौरे के तीसरे और अंतिम दिन वह जूनागढ़ से द्वारका पहुंचीं। इस दौरान उनकी बेटी इति श्री मुर्मू और अन्य गणमान्य लोग भी उनके साथ मौजूद थे। राष्ट्रपति ने भगवान द्वारकाधीश से देशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

शाम को राष्ट्रपति अहमदाबाद में गुजरात विद्यापीठ के 71वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगी। इससे पहले शुक्रवार को राष्ट्रपति मुर्मू ने जूनागढ़ के गिर राष्ट्रीय उद्यान में शेरों की सफारी का आनंद लिया और सासन में सिद्दी जनजाति के लोगों से मुलाकात की। राष्ट्रपति का यह दौरा न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है, बल्कि जनजातीय समुदायों से जुड़ाव और शिक्षा के क्षेत्र में भी खास संदेश देता है।

विज्ञापन


केरल में भारी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग ने इडुक्की, कन्नूर और कासरगोड जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इसके अलावा पथानमथिट्टा, पलक्कड़, मल्लापुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों में 'येलो अलर्ट' घोषित किया गया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन


आईएमडी ने यह भी बताया कि राज्य के कई इलाकों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं (40 किमी प्रति घंटे तक) चल सकती हैं। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पूर्व अरब सागर और उत्तरी केरल तट के आसपास चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके चलते 11 से 15 अक्टूबर के बीच केरल में तेज बारिश और हवाओं की संभावना बनी हुई है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

ओडिशा: किशोरी से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की जेल
 भुवनेश्वर की एक अदालत ने पिछले महीने 13 साल की एक लड़की से दुष्कर्म के मामले में एक व्यक्ति को 20 साल की जेल की सजा सुनाई। खुर्दा के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुभंजन मोहंती ने घटना के 37 दिन बाद बृहस्पतिवार को फैसला सुनाया। अदालत ने दोषी पर 50,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, लड़की 2 सितंबर की शाम शहर के चंदका इलाके में खुदुरुकुनी पूजा में शामिल होने जा रही थी, तभी दोषी उसे जबरन एक सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। अदालत ने आठ गवाहों और पुलिस के जुटाए अन्य सबूतों की जांच के बाद उसे दोषी ठहराया। अदालत ने अधिकारियों को पीड़ित को 6 लाख रुपये का मुआवजा देने का भी निर्देश दिया।

पुणे से दिल्ली जा रहा अकासा एयर का विमान पक्षी से टकराया, सुरक्षित लैडिंग
पुणे से दिल्ली आ रहा अकासा एयर का विमान शुक्रवार को पक्षी से टकराया गया। हालांकि, विमान को दिल्ली में सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि फ्लाइट संख्या क्यूपी-1607 10 अक्तूबर को पुणे से दिल्ली जा रही थी। तभी विमान से पक्षी टकरा गया। विमान सुरक्षित रूप से उतरा गया और सभी यात्रियों व चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रवक्ता ने बताया कि विमान को इंजीनियरिंग टीम की ओर से जांचा जा रहा है और संपूर्ण निरीक्षण के बाद ही उसे फिर से सेवा में लाया जाएगा।

केरल के स्वयंभू स्वामी को 5.5 करोड़ की धोखाधड़ी में मिली जमानत
बोरीवली कोर्ट ने शुक्रवार को केरल के एक स्वयंभू स्वामी सुनीलदास प्रभाकरन को एक समाजसेवी से 5.5 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में जमानत दे दी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश केआर देशपांडे ने प्रभाकरन की याचिका स्वीकार कर कहा कि मामले में आरोपपत्र दाखिल हो चुका है। जांच पूरी हो गई है। आरोपी को अनिश्चितकाल तक जेल में रखने का मतलब नहीं है।

प्रभाकरण को 6 जून को गिरफ्तार किया गया था। एफआईआर के अनुसार, आरोपी शिकायतकर्ता से 10 साल पहले मिला था। प्रभाकरण केरल के पलक्कड़ में मुथलामाडा स्नेहम चैरिटेबल ट्रस्ट का संस्थापक है। शिकायतकर्ता भी एक चैरिटेबल ट्रस्ट चलाता है। प्रभाकरण ने पहले लोन चुकाने के लिए 1.5 करोड़ और फिर 4 करोड़ रुपये शिकायतकर्ता से लिए थे। आरोपी ने जमानत याचिका में दावा किया कि पूरा विवाद दीवानी प्रकृति का है। उसे फंसाया गया है। जांच अधिकारी ने इस आधार पर आवेदन का विरोध किया कि आवेदक के खिलाफ केरल में इस प्रकृति के 4 अन्य अपराध दर्ज हैं। हालांकि, अदालत ने एक लाख रुपये के जमानत मुचलके पर उसकी याचिका स्वीकार कर ली।

 दीपिका बनीं भारत की पहली मानसिक स्वास्थ्य राजदूत
 भारत में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा लोगों तक डिजिटल स्वास्थ्य योजनाएं पहुंचाने के लिए सरकार ने टेली मानस एप का विस्तार किया। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नेशनल टेली मेंटल हेल्थ प्रोग्राम (टेली-मानस) के तहत कई नई योजनाएं शुरू कीं।

एप पर मल्टीलिंगुअल इंटरफेस, चैटबॉट फीचर, एक्सेसिबिलिटी टूल्स और इमरजेंसी मॉड्यूल भी मिलेंगे। इनका इस्तेमाल करते हुए लोग हिंदी और अंग्रेजी के अलावा 10 क्षेत्रीय भाषाओं असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, तमिल, तेलुगु, ओड़िया और पंजाबी में भी मदद ले सकेंगे। इस एप में सरकार ने दृष्टिबाधितों के लिए भी एक अलग से अस्मि नामक चैटबॉट दिया है। नड्डा ने कहा कि एक स्वस्थ मन से स्वस्थ शरीर बनता है और स्वस्थ शरीर से स्वस्थ राष्ट्र बनता है। भारत सरकार मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की समान, सस्ती और समावेशी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को मानसिक स्वास्थ्य एंबेसडर नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी भागीदारी से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर मदद लेने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। टेली-मानस की शुरुआत से अब तक लगभग देश के 28 लाख लोग फोन के जरिये मदद ले चुके हैं। औसतन हर दिन करीब चार हजार लोग मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए संपर्क कर रहे हैं।

अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी कामेंग जिले में भूकंप के झटके

अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी कामेंग जिले में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.5  रही। भूकंप के झटके सुबह 8.31 बजे महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र जमीन के पांच किलोमीटर नीचे था। अभी तक भूकंप से किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। 
 

इंडिगो के विमान की विंडशील्ड टूटी, 76 यात्रियों की जान अटकी रही

मदुरै से 76 यात्रियों को लेकर चेन्नई जा रहे इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान के विंडशील्ड में लैंडिंग से पहले दरार आ गई। जिससे विमान में सवार 76 यात्रियों की जान पर बन आई। पायलट ने विंडशील्ड में दरार की जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को दी। इसके बाद विमान को पार्किंग में अलग बे में ले जाया गया और यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया। फिलहाल विमान की विंडशील्ड को बदला जा रहा है। विंडशील्ड के टूटने की वजह अभी पता नहीं चली है, इसकी जांच की जा रही है।  

मेघालय में दुष्कर्म के बाद नाबालिग की हत्या, आरोपी गिरफ्तार 

मेघालय के री-भोई जिले में एक 13 वर्षीय लड़की के दुष्कर्म और हत्या के आरोप में एक 22 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी उमियाम थाना क्षेत्र का निवासी है। दुष्कर्म की घटना 9 अक्टूबर को उमियाम थाना क्षेत्र में हुई। जब नाबालिग लड़की स्कूल से लौटने के बाद सुबह करीब 11 बजे लापता हो गई थी और उसी दिन शाम करीब 7.20 बजे उसका शव बरामद हुआ।

जिला पुलिस अधीक्षक विवेकानंद सिंह ने कहा, 'जांच जारी है और हम सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 14 दिनों के भीतर आरोपपत्र दाखिल कर देंगे। हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि मामले की सुनवाई तेज हो ताकि अगले तीन से चार महीनों के भीतर आरोपी को दोषी ठहराया जा सके।'

तेलंगाना में तीन माओवादी नेताओं का आत्मसमर्पण
प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के तीन वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। कुंकटी वेंकटैया (52), मोगिलिचेरला वेंकटराजू (45) और थोडेम गंगा (42) ने पुलिस महानिदेशक बी शिवधर रेड्डी की मौजूदगी में हथियार डाल दिए। पुलिस महानिदेशक ने माओवादियों की माड डिवीजन कमेटी के कथित पत्र (आत्मसमर्पण के समर्थन में) के बारे में पूछे जाने पर कहा कि यह पत्र विश्वसनीय प्रतीत होता है और वरिष्ठ स्तर पर नेताओं के बीच मतभेद की खबरें अक्सर सामने आती रही हैं। आत्मसमर्पण करने वाले तीनों माओवादी नेता कई वर्षों से भूमिगत थे।
 

बंगलूरू में सरकारी अधिकारी बनकर डकैती करने वाले सात आरोपी गिरफ्तार
बंगलूरू के येलहंका इलाके में एक घर में डकैती करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने सरकारी अधिकारी बनकर डकैती करने वाले 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और 1.27 करोड़ रुपये की नकदी, दस्तावेज़ और दो कारें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की सुबह विनायक नगर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि चार अज्ञात लोग सरकारी अधिकारी बनकर उसके घर में घुस आए, जहां उसकी पत्नी और मां मौजूद थीं। आरोपियों ने उन्हें डराकर नकदी, दस्तावेज और बैग से भरा सूटकेस लूट लिया।

येलहंका थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 23 सितंबर को संजय नगर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूलते हुए अपने साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने एक गोदाम और ऑफिस से 38.8 लाख रुपये नकद, दस्तावेज और एक कार बरामद की। बाद में बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। सभी को कोर्ट में पेश कर 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

सबरीमला रोपवे प्रोजेक्ट को लेकर केंद्र की टीम ने किया निरीक्षण
बहुप्रतीक्षित सबरीमला रोपवे परियोजना के सिलसिले में केंद्र सरकार की एक टीम ने सबरीमला मंदिर परिसर (सन्निधानम), मरक्कूटम और पम्पा हिलटॉप का निरीक्षण किया है। यह जानकारी त्रावणकोर देवस्वंम बोर्ड (टीडीबी) ने दी, जो सबरीमला श्री अयप्पा मंदिर का प्रबंधन करता है। टीम ने शुक्रवार और शनिवार को प्रस्तावित प्रोजेक्ट स्थलों का दौरा किया। इस दौरान वन भूमि और देवस्वंम बोर्ड की जमीनों का बारीकी से सर्वे किया गया। परियोजना के लिए आंशिक या पूर्ण रूप से काटे जाने वाले पेड़ों की भी पहचान की गई।

टीडीबी ने कहा कि केंद्रीय टीम की रिपोर्ट के आधार पर रोपवे परियोजना को अंतिम मंजूरी दी जाएगी। निरीक्षण टीम में वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, केंद्रीय वन एवं वन्यजीव विभाग और नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी के अधिकारी शामिल थे। इसके अलावा राज्य वन विभाग और टीडीबी के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

पीएमके में टकराव डॉ. रामदास की तबीयत पर बेटे अंबुमणि की टिप्पणी को लेकर बवाल
तमिलनाडु में पाट्टाली मक्कल काची (PMK) के महासचिव मुरली शंकर ने पार्टी के संस्थापक डॉ एस रामदास के बेटे अंबुमणि रामदास की एक टिप्पणी पर नाराज़गी जताई है। उन्होंने अंबुमणि पर अपने बीमार पिता की अस्पताल में भर्ती को राजनीतिक दिखावा बताने का आरोप लगाया है। शंकर के अनुसार, 10 अक्तूबर को अंबुमणि ने अपने समर्थकों की बैठक में कथित रूप से कहा, “डॉ. रामदास को राजनीतिक फायदे के लिए अस्पताल में दिखाया जा रहा है।

शंकर ने अंबुमणि के उस बयान की भी आलोचना की जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर रामदास के साथ कुछ बुरा होता है, तो पार्टी नेताओं को इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। शंकर ने कहा कि रामदास के अस्पताल में भर्ती होने पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन सहित कई बड़े नेताओं ने या तो फोन कर हालचाल पूछा या मिलने आए। ऐसे में अंबुमणि की बात न सिर्फ डॉ. रामदास का अपमान है, बल्कि उन सभी नेताओं का भी जो उनकी सेहत को लेकर चिंतित थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed