फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 11th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Update: तमिलनाडु के श्रीवैकुंठम इलाके में छात्र पर हमला; गुजरात के कच्छ में लगे भूकंप के झटके, कोई नुकसान नहीं

Tue, 11 Mar 2025 09:02 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Tue, 11 Mar 2025 09:02 PM IST
विज्ञापन
News Updates 11th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

तमिलनाडु के श्रीवैकुंठम इलाके में 17 वर्षीय छात्र पर बस स्टॉप के पास अज्ञात भीड़ ने हमला किया। छात्र के पिता ने अपने बेटे को प्राथमिक उपचार के लिए श्रीवैकुंठम सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पिता की शिकायत के आधार पर श्रीवैकुंठम पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच में पता चला कि लक्ष्मणन और दो अन्य युवकों की पहचान हमलावरों के रूप में हुई है। लक्ष्मणन को गिरफ्तार कर लिया गया और दो अन्य को हिरासत में लिया गया। घटना की जांच जारी है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में थूथुकुडी जिला पुलिस ने बताया कि 17 वर्षीय छात्र को आगे के इलाज के लिए तिरुनेलवेली सरकारी कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया।

विज्ञापन


असम में पकड़ाए चार बांग्लादेशी घुसपैठिए
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि बांग्लादेश से चार घुसपैठियों को पकड़ा गया है और उन्हें पड़ोसी देश में निर्वासित किया गया है। उनकी पहचान अब्दुल कबीर, बोधिउर रहमान, मोहम्मद तैयब और अब्दुल कलाम के रूप में की गई है। एक्स पर एक पोस्ट में, सीएम ने कहा, 'चार अवैध घुसपैठियों को पकड़ा गया और निर्वासित किया गया... घुसपैठ से निपटने के अपने प्रयासों को जारी रखते हुए, असम पुलिस ने चार बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा और उन्हें सीमा पार वापस भेज दिया। शानदार काम करने वाली टीम!'
विज्ञापन


हालांकि, सरमा ने यह नहीं बताया कि उन्हें कहाँ पकड़ा गया या किस सीमावर्ती जिले से उन्हें निर्वासित किया गया। सीएम ने पहले दावा किया था कि पिछले सात महीनों में बांग्लादेश से 305 घुसपैठियों को पकड़ा गया है और उन्हें उनके देश वापस भेजा गया है और राज्य सरकार घुसपैठ-मुक्त असम के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं बीएसएफ ने पिछले साल पड़ोसी देश में अशांति शुरू होने के बाद से पूर्वोत्तर में 1,885 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा पर अपनी चौकसी बढ़ा दी है। एक अधिकारी ने बताया कि असम पुलिस भी सीमा पर हाई अलर्ट बनाए हुए है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से राज्य में प्रवेश न कर सके।
विज्ञापन
विज्ञापन


असम में 30 करोड़ रुपये की याबा टैबलेट जब्त
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया है कि, कछार जिले में 30 करोड़ रुपये की याबा टैबलेट जब्त की गई हैं और इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि सोमवार रात लखीपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में अभियान के दौरान कुल 98,000 टैबलेट और 3.5 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'असम में बड़े पैमाने पर ड्रग का भंडाफोड़: 30 करोड़ रुपये की कीमत की 98,000 याबा गोलियां जब्त की गईं! विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर, कछाक पुलिस ने लखीपुर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत चंद्रपुर पार्ट 2, काकमारा में मादक पदार्थ विरोधी अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप 30 करोड़ रुपये की कीमत की 98,000 याबा गोलियां और 3.5 लाख रुपये नकद के साथ एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया। नशा मुक्त असम की दिशा में उनके अथक प्रयासों के लिए असम पुलिस को बधाई।' याबा, जिसे 'क्रेजी मेडिसिन' भी कहा जाता है, देश में अवैध है क्योंकि इसमें मेथमफेटामाइन होता है, जो नियंत्रित पदार्थ अधिनियम के तहत अनुसूची II पदार्थ है।

झारखंड में पटाखों की दुकान में आग से 5 की मौत
झारखंड के गढ़वा में पटाखों की दुकान में आग लगने से तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन लोग झुलस गए हैं। पुलिस ने बताया कि हादसा सोमवार दोपहर रांका थाना क्षेत्र के गोदरमाना बाजार में हुआ। घायलों को पड़ोसी छत्तीसगढ़ के एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, दमकल ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। एक अधिकारी ने बताया कि यहां एक लकड़ी के तख्त पर रखकर पटाखे बेचे जा रहे थे.. तभी आग भड़क गई।

बंगाल : सब इंस्पेक्टर की हत्या में जीटीए के पूर्व सदस्य को दबोचा
2017 में गोरखालैंड आंदोलन के दौरान पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर की हत्या के आरोप में गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन (जीटीए) के पूर्व सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय गोरखा जनशक्ति मोर्चा (आईजीजेएफ) के नेता प्रकाश गुरुंग को रविवार सुबह दार्जिलिंग के बसबोटे रिम्बिक स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। एक स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गुरुंग 2017 में केस दर्ज होने के बाद से ही फरार था।  

ड्रोन रोधी समग्र प्रणाली विकसित करने की जरूरत : सीडीएस चौहान
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने मानव रहित हवाई प्रणाली (यूएएस) यानी ड्रोन रोधी एक समग्र प्रणाली विकसित करने की आवश्यकता जताई है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से ड्रोन युद्ध अर्थशास्त्र को नया आकार दे रहे हैं, उसको देखते हुए इस क्षेत्र में भारत की स्वदेशी तकनीकी क्षमता को बढ़ावा देना जरूरी है, ताकि देश भविष्य में आत्मनिर्भर रक्षा प्रणाली विकसित कर सके।

सोमवार को यहां ड्रोन युद्ध पर एक उच्च स्तरीय सेमिनार को संबोधित करते हुए सीडीएस ने आधुनिक युद्ध में ड्रोन के परिवर्तनकारी प्रभाव की चर्चा की। वर्तमान संघर्षों का संदर्भ देते हुए उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किस प्रकार ड्रोन कम लागत और उच्च प्रभाव के साथ युद्ध अर्थशास्त्र को नया आकार दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूएएस के उपयोग में प्रमुख प्रवृत्तियों को उजागर किया, जिसमें तेज गति, रोबोटिक्स में प्रगति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित इंटेलिजेंस शामिल हैं। इन तकनीक के चलते यूएएस आधुनिक युद्ध में अत्यधिक प्रभावी और विघटनकारी बन जाते हैं।  


 

अमेरिका से वार्ता में भारत किसानों के हितों की रक्षा करे : स्वदेशी जागरण मंच
 राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े स्वदेशी जागरण मंच (एसजेएम) ने सोमवार को कहा कि भारत सरकार को बहुपक्षीय के बजाय द्विपक्षीय व्यापार समझौतों के तहत अपने विदेशी व्यापार को बढ़ाना चाहिए और अमेरिका के साथ बातचीत करते समय अपने राष्ट्रीय हितों, खासकर किसानों और छोटे उद्यमियों के हितों की रक्षा करनी चाहिए।

छत्तीसगढ़ के रायपुर में दो दिवसीय बैठक के दौरान एसजेएम की राष्ट्रीय परिषद में इसको लेकर एक प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक में बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य के बीच देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की पारस्परिक शुल्क नीति समेत कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। एसजेएम के प्रस्ताव में कहा गया कि ट्रंप ने दुनियाभर के कई देशों से आयात पर उच्च शुल्क (पारस्परिक आधार पर) लगाने की अपनी मंशा की घोषणा करके वैश्विक मुक्त व्यापार प्रणाली पर सीधा हमला किया है। एसजेएम ने कहा कि वह सुझाव देती है कि भारत को बहुपक्षीय के बजाय द्विपक्षीय व्यापार समझौतों के माध्यम से अपने विदेशी व्यापार को बढ़ाना चाहिए।  

अमेरिका और अन्य देशों के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते करते समय राष्ट्रीय हितों, विशेषकर हमारे किसानों और छोटे उद्यमियों के हितों की रक्षा की जानी चाहिए। 

बंगलूरू : सैम पित्रोदा और अन्य पर भूमि हड़पने का मामला दर्ज
कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा और अन्य के खिलाफ सोमवार को भूमि हड़पने के मामलों की सुनवाई करने वाली विशेष अदालत के समक्ष मामला दर्ज किया गया। मामला कर्नाटक के बंगलूरू में सरकारी जमीन के अवैध इस्तेमाल से जुड़ा है। आरोप है कि सरकारी वन भूमि का पट्टा खत्म होने के बाद भी पित्रोदा के संगठन ने वहां उगाए दुर्लभ हर्बल पौधों को बेचकर सालाना लगभग 5 से 6 करोड़ रुपये कमाए हैं।

विशेष कोर्ट के समक्ष दर्ज कराए गए मामले में पित्रोदा, फाउंडेशन फॉर रिवाइटलाइजेशन ऑफ लोकल हेल्थ ट्रेडिशन (एफआरएलएचटी ) संगठन के संस्थापक दर्शन शंकर और राज्य वन विभाग के चार वरिष्ठ अधिकारियों पर सरकारी जमीन हड़पने का आरोप लगाया गया है। पित्रोदा के अनुरोध पर कर्नाटक राज्य वन विभाग ने 1996 में येलहंका के पास जराकबांडे कवल के बी ब्लॉक में पांच हेक्टेयर (12.35 एकड़) आरक्षित वन भूमि पांच साल के पट्टे पर आवंटित की थी।
शिकायत में कहा गया है, एफआरएलएचटी की लीज अवधि 2 दिसंबर 2011 को समाप्त हो गई और इसे आगे नहीं बढ़ाया गया। पट्टा अवधि समाप्त होने के बाद भी वन विभाग इस जमीन को पुन: प्राप्त करने की कोशिश नहीं की, जिसकी कीमत अब 150 करोड़ से अधिक है। इस मामले में 24 फरवरी 2025 को लोकायुक्त और प्रवर्तन निदेशालय में शिकायत दर्ज की गई थी। 

अवैध ढंग से 400 करोड़ रुपये विदेश भेजा,यूपी समेत तीन राज्यों में छापे
 प्रवर्तन निदेशालय ने गैरकानूनी ढंग से 400 करोड़ रुपये विदेश भेजने के मामले में यूपी, राजस्थान और महाराष्ट्र में 16 जगह छापे मारे। ईडी के मुताबिक यह रकम सोने, हीरे और कीमती पत्थरों के फर्जी आयात के बदले भारत भेजे गए थे। ईडी ने छापों में 10 लाख की नकदी, आपत्तिजनक रिकॉर्ड और डिजिटल डिवाइस जब्त की हैं।

ईडी ने जयपुर स्थित विशेष अदालत के समक्ष सीमा शुल्क विभाग के आरोपपत्र के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू की है। ईडी प्रवक्ता ने बताया कि टीमों ने राजस्थान के जयपुर, अजमेर और उदयपुर के अलावा नोएडा (यूपी) और मुंबई (महाराष्ट्र) में 16 ठिकानों पर छापे मारे। सीमा शुल्क विभाग ने जांच में पाया था कि बेलस्टार टेक्नो सॉल्यूशन (ओपीसी) प्रा. लि. और विजुअल बर्ड टेक्नोलॉजी के विभिन्न बैंक खातों से हांगकांग और यूएई में स्थित विभिन्न विदेशी संस्थाओं को लगभग 400 करोड़ रुपये भेजे गए।  

ओडिशा में दो नाबालिग बच्चों की हत्या का आरोप पिता पर
ओडिशा के नयागढ़ जिले में सोमवार को दो नाबालिग भाई मृत अवस्था में पाए गए। इस मामले में दोनों की हत्या का आरोप उनके पिता पर ही लगा है। मृतकों के मामा ने आरोप लगाया कि नाबालिग अपने पिता के पुनर्विवाह का विरोध कर रहे थे इसलिए उसने अपने दोनों बेटों की हत्या कर दी। मृतक लड़कों में से एक की उम्र 14 साल थी, जबकि दूसरे की उम्र 11 साल थी।

 उन्होंने आरोप लगाया कि मासूम लड़के आत्महत्या क्यों करेंगे? पहले दोनों लड़कों की हत्या की गई और फिर उनके शवों को आत्महत्या दिखाने के लिए लटका दिया गया। उनके पिता ने दूसरी शादी का रास्ता साफ करने के लिए उनकी हत्या कर दी। वहीं, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि लड़कों की मां का तीन साल पहले निधन हो गया था और उनके पिता दूसरी शादी की तैयारी कर रहे थे।

गुजरात के कच्छ में लगे भूकंप के झटके, किसी नुकसान की खबर नहीं
भूकंप विज्ञान अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने बताया कि मंगलवार को गुजरात के कच्छ जिले में 3.0 और 2.8 तीव्रता के दो झटके महसूस किए गए। जिला अधिकारियों के अनुसार, किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। गांधीनगर में मौजूद संस्थान ने बताया कि सुबह 11.12 बजे 3.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसका केंद्र जिले के रापर से 16 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम (डब्ल्यूएसडब्ल्यू) में था। भचाऊ से उत्तर-उत्तर-पूर्व (एनएनई) में 2.8 तीव्रता के भूकंप के एक मिनट बाद यह भूकंप दर्ज किया गया। बता दें कि, कच्छ बहुत उच्च जोखिम वाले भूकंपीय क्षेत्र में है और वहां कम तीव्रता के भूकंप अक्सर आते रहते हैं। इससे पहले जनवरी 2001 में जिले में विनाशकारी भूकंप आया था जिसमें 13,800 लोग मारे गए थे और 1.67 लाख लोग घायल हुए थे। भूकंप के कारण जिले के कई कस्बों और गांवों में संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा था।

बस और बाइक की चपेट में आकर पांच की मौत
आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस और दो मोटरसाइकिलों की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। हादसा सुबह करीब 11 बजे अडोनी मंडल के पांडवगल्लू गांव के पास जालिमंची क्रॉस पर हुआ। अधिकारी ने बताया कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य की स्थानीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दो लोग मोटरसाइकिल पर सवार थे जबकि तीन अन्य दोपहिया वाहन पर थे, तभी बस ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। 

ओडिशा: कांग्रेस विधायक सात दिन के लिए विधानसभा से निलंबित
ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा और कांग्रेस विधायकों के बीच हाथापाई के बाद कांग्रेस विधायक तारा बाहिनीपति को असंसदीय व्यवहार के लिए सदन से 7 दिनों के लिए निलंबित कर दिया।

रान्या राव के पति की नहीं होगी गिरफ्तारी
रान्या राव सोना तस्करी मामले में कर्नाटक हाईकोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया कि वह रान्या राव के पति जतिन हुक्केरी को कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना गिरफ्तार न करें।

जलवायु परिवर्तन पर भारी पड़ रही दुनिया की निष्क्रियता : जिम स्की
जलवायु परिवर्तन का असर अनुमान से अधिक तेजी से सामने आने लगा है और वैश्विक स्तर पर तापमान वृद्धि की गति ने वैज्ञानिकों को हतप्रभ कर दिया है। इस पर आगाह करते हु ए संयुक्त राष्ट्र के जलवायु विज्ञान समिति (आईपीसीसी) के अध्यक्ष जिम स्की ने कहा कि यह तमाम देशों की निष्क्रियता का ही नतीजा है कि दुनिया तीन वर्ष पहले की तुलना में काफी बदतर स्थिति में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा, पिछले पांच वर्षों पर नजर डालें तो स्पष्ट है कि वैश्विक स्तर पर तापमान कितनी तेजी से बढ़ा है। विश्व के कुछ भागों में जंगलों में आग लगना, बाढ़ आना या अन्य चरम घटनाएं इनमें शामिल हैं। उन्होंने कहा, ऐसा लगता है कि चीजें अपेक्षा से भी अधिक तेजी से घटित हो रही हैं। वर्ष 2024 सबसे गर्म वर्ष था और यह पहला ऐसा वर्ष था जिसमें वैश्विक औसत तापमान पूर्व-औद्योगिक स्तर से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया था।उन्होंने कहा कि आईपीसीसी का 2019 के स्तर से 2030 तक 43 प्रतिशत उत्सर्जन कटौती का लक्ष्य अब निष्क्रियता के कारण पुराना हो चुका है। इसका सीधा सा मतलब है कि और अधिक आवश्यक कटौती की जरूरत है। 

पीएम सूर्य घर योजना से 10 लाख से अधिक घर रोशनः प्रह्लाद जोशी
केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत अबतक 10 लाख से अधिक घर सौर ऊर्जा से रोशन हो चुके हैं। जोशी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि भारत ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 10 लाख घरों को सौर ऊर्जा से सशक्त बनाया गया है। इससे पर्यावरण के मोर्चे पर स्थिरता, सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता का नया युग शुरू हुआ है। प्रधानमंत्री ने 75,021 करोड़ रुपये के व्यय के साथ पिछले वर्ष 15 फरवरी को इस योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत मार्च, 2027 तक एक करोड़ घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed