फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 11th July North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: BJP ने केरल में नई टीम का किया एलान; जेनरेटर के धुएं से दम घुटने से एक ही परिवार के तीन की मौत

Fri, 11 Jul 2025 03:52 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: नितिन गौतम Updated Fri, 11 Jul 2025 03:52 PM IST
विज्ञापन
News Updates 11th July North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

पश्चिम बंगाल के विद्यासागर यूनिवर्सिटी की सेमेस्टर परीक्षा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को आतंकवादी बताने पर विवाद इतना बढ़ गया कि कुलपति को इसके लिए माफी मांगनी पड़ी। इस संबंध में यूनिवर्सिटी ने जिम्मेदार लोगों को उनके पदों से भी हटा दिया गया है। विद्यासागर यूनिवर्सिटी की तरफ से आयोजित इतिहास विषय की छठे सेमेस्टर की परीक्षा के प्रश्न पत्र में स्वतंत्रता सेनानियों को आतंकी बताया गया है। प्रश्न पत्र में सवाल पूछा गय था कि मिदनापुर के उन तीन जिलाधिकारियों के नाम बताइए, जिनकी आतंकवादियों ने हत्या की थी। विवाद बढ़ने पर यूनिवर्सिटी ने मामले की जांच के लिए एक समिति बनाई है। कुलपति दीपक कुमार ने इस सवाल को गलत बताते हुए माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं की होंगी। कुलपति ने कहा कि इस घटना के जिम्मेदार लोगों को उनके पदों से भी हटा दिया गया है।

विज्ञापन

राज्यसभा सांसद तिरुचि शिवा और राजीव शुक्ला कंस्टीट्यूशन क्लब के सचिव पद पर निर्विरोध चुने गए
राज्यसभा के सांसद तिरुचि शिवा और राजीव शुक्ला को शुक्रवार को कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में क्रमशः सचिव (संस्कृति) और सचिव (खेल) के पद पर सर्वसम्मति से चुना गया। तेलंगाना से ए. पी. जितेन्दर रेड्डी को क्लब का कोषाध्यक्ष चुना गया। वह महबूबनगर लोकसभा क्षेत्र से दो बार सांसद रह चुके हैं। वर्तमान में वह नई दिल्ली में तेलंगाना सरकार के विशेष प्रतिनिधि के तौर पर तैनात हैं और राज्य सरकार को खेल मामलों में सलाह भी देते हैं। संजय कुमार बल्याण और राजीव प्रताप रूड़ी सचिव (प्रशासन) पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। कार्यकारिणी की 11 सीटों के लिए कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


असम: एक ही परिवार के दो लोगों की संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से मौत
असम के सोनितपुर जिले में एक ही परिवार के दो लोगों की संदिग्ध खाद्य विषाक्त (फूड पॉइजनिंग) की वजह से मौत हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी शुक्रवार को दी। बताया जा रहा है कि दोनों पीड़ितों ने घर में बने ‘पीठा’(चावल से बनी मिठाई) खाने के बाद तबीयत खराब होने की शिकायत की। सोनितपुर के जिला आयुक्त अंकुर भराली ने बताया कि परिवार ने सोमवार को नाश्ते में पीठा खाया था, जिसके बाद निरुपमा देवी (53 वर्षीय) की तबीयत बिगड़ गई।

मंगलवार को हालत गंभीर होने पर उन्हें बसेरिया के राज्य औषधालय ले जाया गया, जहां उन्हें हाइपोग्लाइसीमिया (ब्लड शुगर का गिरना) बताया गया और उन्हें तेजपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (टीएमसीएछ) रेफर कर दिया गया। वहां लक्षणों के अनुसार इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई, लेकिन फिर उनकी हालत और बिगड़ गई और बुधवार आधी रात के आसपास उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। भराली ने बताया कि उनकी मौत का कारण रक्त में संक्रमण बताया गया है। दूसरी पीड़िता दीक्षित्ता (नौ वर्षीय) को बुधवार को लगातार उल्टी की शिकायत के बाद बसेरिया औषधालय में भर्ती कराया गया था। भराली ने कहा, उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया था लेकिन गुवाहाटी ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि गुरुवार को एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) और बसेरिया औषधालय के अधिकारियों ने मामले की जांच के लिए पीड़ित परिवार के घर का दौरा किया। चावल और पानी के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं।

अरुणाचल: नाफदफा टाइगर रिजर्व से होकर गुजरने वाले हाईवे को वन्यजीव बोर्ड की मंजूरी 
राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति ने अरुणाचल प्रदेश के नामदफा टाइगर रिजर्व के कोर एरिया से 310 हेक्टेयर वन भूमि को अरुणाचल फ्रंटियर हाईवे (एनएच-913) के निर्माण के लिए डायवर्ट करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह फैसला उस समय आया है, जब कुछ सदस्यों ने इस परियोजना में वन्यजीव संरक्षण के लिए पर्याप्त उपाय न करने और लगभग 1.55 लाख पेड़ों की कटाई को लेकर गंभीर चिंता जताई थी। यह परियोजना चांगलांग जिले में है और यह एनएच-215 को खरसांग से मियाओ-गांधीग्राम-विजयनगर रोड से जोड़ती है। यह सड़क भारत-म्यांमार सीमा के पास स्थित रणनीतिक एनएच-913 कॉरिडोर का हिस्सा है।

अरुणाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस परियोजना के लिए 248.79 हेक्टेयर वन भूमि को सड़क चौड़ीकरण के लिए और 61.21 हेक्टेयर भूमि को मलबा निपटान के लिए मांगा था। 26 जून को समिति की बैठक हुई, जिसमें सदस्य सचिव ने बताया कि इस प्रस्ताव पर सदस्यों एच. एस. सिंह और आर. सुकुमार तथा राज्य के चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन के साथ चर्चा की गई थी। यह देखा गया कि प्रस्तावित बचाव उपाय जैसे अंडरपास आदि बहुत साधारण हैं और पहले के प्रस्तावों की तुलना में कमजोर हैं।

पंजाब और हरियाणा एसवाईएल नहर विवाद दूर करने के लिए सहमत: केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल का बयान
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि सतलुज-यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर विवाद को दूर करने पर पंजाब और हरियाणा सहमत हो गए हैं। दोनों पक्ष समाधान के दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं। अंतर-राज्यीय जल विवाद पर चर्चा के लिए बुलाई गई बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री ने यह दावा किया। बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी समेत दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री पाटिल ने सोशल मीडिया पर लिखा, मंत्रालय जल संसाधनों के न्यायसंगत और बेहतर प्रबंधन के लिए दोनों राज्यों को पूरा सहयोग प्रदान करेगा। दिल्ली में सतलुज-यमुना लिंक नहर से जुड़े मुद्दों पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। केंद्र सरकार दोनों राज्यों को एक संतुलित समाधान खोजने में सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में सभी पक्षों ने खुलकर बातचीत की और समाधान-उन्मुख दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने पर सहमति व्यक्त की।

बंगाल में बंधक बनाए गए गुजरात के पांच लोग रिहा
बंगाल में बंधक बनाए गए गुजरात के पांच लोगों को पुलिस ने रिहा करा दिया। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने समीर दास और जोगेश्वर कामत को अपहरण और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल में इन्हें अलग-अलग जगहों पर कैद किया गया था। 33 वर्षीय योगेश कुमार डाभी, उनकी पत्नी काजलबेन, उनके बेटे और दो बेटियों और डाभी के चचेरे भाई को बुधवार को नादिया जिले के कल्याणी स्थित एक घर से बचाया गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों लोगों पर कनाडा में प्रवास के लिए दस्तावेज तैयार करने के बहाने उनसे पैसे ऐंठने के आरोप में भी मामला दर्ज किया गया है। गुजरात के मेहसाणा जिले के काडी निवासी विशाल पटेल रजनीकांत ने रवींद्र सरोबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें कहा था कि वह पांचों व्यक्तियों के साथ कोलकाता गया था। शिकायतकर्ता ने दावा किया था कि उन्होंने एक ट्रैवल एजेंसी से संपर्क किया, जिसने उन्हें कनाडा जाने में मदद के लिए पासपोर्ट और अन्य यात्रा दस्तावेज बनाने का आश्वासन दिया। उन्हें हवाई अड्डे के पास होटल में ठहराया गया। बाद में पीड़ितों को 26 जून को लेक टेरेस रोड स्थित आवास में स्थानांतरित किया गया। इसके बाद उनसे संपर्क बंद हो गया। शिकायत पर रवींद्र सरोबर थाने की पुलिस टीम ने जांच शुरू की और कल्याणी के एक घर में पांचों को पाया।

शहरी नक्सलवाद पर अंकुश के लिए महाराष्ट्र विधानसभा में पारित हुआ जन सुरक्षा विधेयक
शहरी नक्सलवाद और वामपंथी उग्रवाद पर अंकुश लगाने के लिए महाराष्ट्र विशेष जन सुरक्षा विधेयक 2024 राज्य विधानसभा में पारित कर दिया गया। विधानमंडल की संयुक्त समिति की रिपोर्ट सदन में पेश होने के दूसरे दिन मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को यह विशेष विधेयक सदन में पेश किया और एक दिन में ही इसे पारित कर दिया गया। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और झारखंड के बाद महाराष्ट्र इस तरह का कानून बनाने वाला पांचवां राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि पहले नक्सलवाद, माओवाद जंगलों तक ही सीमित था। लेकिन, अब शहरों में भी फैलने लगा है, जिसपर अंकुश लगाना जरूरी है।  

गणेशोत्सव महाराष्ट्र का राज्य उत्सव बना...
महाराष्ट्र सरकार ने एक सदी से भी अधिक पुराने सार्वजनिक गणेशोत्सव को आधिकारिक रूप से राज्य उत्सव घोषित किया है। राज्य के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में इसकी घोषणा की।

हैदराबाद में जहरीली ताड़ी पीने से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ा

हैदराबाद में जहरीली ताड़ी पीने से हुई मौतों का आंकड़ा अब बढ़कर पांच हो गया है। पुलिस ने बताया कि जहरीली ताड़ी पीने से बीमार हुए एक व्यक्ति की भी मौत हो गई है। अभी भी 48 लोगों का इलाज जारी है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री सी दामोदर राजनरसिम्हा ने गुरुवार को निम्स अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि इस मामले में विस्तृत जांच की जाएगी। मंत्री ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिस ताड़ी को पीने से लोगों की मौत हुई, उसके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। 
 

तिरुमाला ट्रस्ट में एक हजार गैर हिंदू कर्मचारी

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) में करीब 1000 गैर हिंदू काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन गैर हिंदुओं की भगवान वेंकटेश्वरा में आस्था नहीं है और न ही ये सनातन धर्म को मानते हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जो गैर हिंदू भगवान वेंकटेश्वरा के मंदिर जाते हैं, उन्हें भगवान में अपनी आस्था भी घोषित करनी चाहिए। लेकिन करीब एक हजार गैर हिंदू लोग मंदिर के कर्मचारी हैं, जो भगवान वेंकटेश्वरा में आस्था नहीं रखते, वे अभी भी तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम में नौकरी कैसे कर रहे हैं? केंद्रीय मंत्री ने इसकी जांच की मांग की। 

केरल में पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करेंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर रात केरल के तिरुवनंतपुरम पहुंचेंगे, जहां वे नए भाजपा राज्य समिति कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। पार्टी कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही अमित शाह आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत भी करेंगे। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अमित शाह रात लगभग 10 बजे तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर उतरेंगे। जहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और अन्य वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करेंगे।

शनिवार सुबह 11 बजे अमित शाह पार्टी कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस दौरान शाह पार्टी का झंडा फहराएंगे, भवन के सामने एक पौधा लगाएंगे और परिसर में प्रवेश करने के बाद दीप प्रज्वलित करेंगे। बयान में कहा गया है कि समारोह के दौरान, शाह दिवंगत पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के जी मरार की एक कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे, जिसे नए भवन के केंद्रीय कक्ष में स्थापित किया गया है।

गृह मंत्रालय ने पुडुचेरी के तीन विधायकों को मनोनीत विधायक नियुक्त करने की दी मंजूरी
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पुडुचेरी में तीन विधायकों को मनोनीत विधायक नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है।

कर्नाटक: हाईकोर्ट ने लाठीचार्ज की घटना के जांच के आदेश दिए
कर्नाटक हाईकोर्ट ने 2ए आरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज की घटना के जांच के निर्देश दिए। हाईकोर्ट ने एक सेवानिवृत्त जज के नेतृत्व में जांच के आदेश दिए हैं। 
 

जेनरेटर के धुएं से दम घुटने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
गुजरात के सूरत जिले में एक ही परिवार के तीन लोगों की कथित तौर पर जेनरेटर के धुएं से दम घुटने के कारण मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार रात भाठा गांव में हुआ, जब तीनों अपने घर में सो रहे थे। पाल थाने के निरीक्षक के.एल. गढ़ ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार, जेनरेटर का धुआं कमरे में भर गया था, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हुई।

पुलिस को तब सूचना मिली जब सुबह तक तीनों नहीं जगे और परिवार के एक सदस्य ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा। मृतकों की पहचान बालुभाई पटेल (76 वर्षीय), सीताबेन राठौड़ (56 वर्षीय) और वेदाबेन राठौड़ (60 वर्षीय) के रूप में हुई है। उनके शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। बालुभाई पटेल के बेटे सुनील ने बताया कि उनके पिता खेत पर अकेले रहते थे और चौकीदार का काम करते थे। दो महीने पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था। दोनों महिलाएं रिश्तेदार थीं, जो उनसे मिलने आई थीं।

बंगाल में दो बांग्लादेशी तस्कर पकड़े गए, मादक पदार्थ और हथियार बरामद
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने शुक्रवार को बताया कि पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में दो बांग्लादेशी तस्करों को पकड़ा गया है। उनके पास से 10 किलो गांजा, 100 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप और एक धारदार हथियार (माछेटी) बरामद किया गया है। बीएसएफ के बयान के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब डेढ़ बजे जिले के तराली बॉर्डर आउटपोस्ट पर तीन-चार बांग्लादेशी तस्करों के एक गिरोह से मुठभेड़ के दौरान एक जवान भी घायल हुआ। 143 बटालियन के जवान तराली-1 सीमा चौकी पर गश्त कर रहे थे, तभी उन्होंने तस्करों को चुनौती दी। तस्कर आक्रामक हो गए और जवानों को आत्मरक्षा में हवा में कई राउंड गोलीबारी करनी पड़ी।

बीएसएफ ने बताया कि गिरोह के दो सदस्यों को पकड़कर पूछताछ के लिए चौकी लाया गया है, जबकि बाकी तस्कर भागकर अपनी सीमा में वापस चले गए। बीएसएफ के प्रवक्ता ने कहा, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के साथ कई बार फ्लैग मीटिंग कर उन्हें जबरन घुसपैठ और बांग्लादेशी अपराधियों के हमलों की जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बीएसएफ के जवान हर परिस्थिति में देश की सीमाओं की रक्षा करने में पूरी तरह सक्षम हैं।

भाजपा ने केरल में नई टीम का किया एलान 
भाजपा के राज्य अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को पार्टी की नई राज्य पदाधिकारियों की टीम की घोषणा की। पार्टी की सूची के अनुसार, वरिष्ठ नेता एम. टी. रमेश और शोभा सुरेंद्रन के साथ-साथ एस. सुरेश और अनुप एंटनी को महासचिव नियुक्त किया गया है। दस उपाध्यक्षों की सूची में पूर्व डीजीपी आर. श्रीलेखा और पूर्व विधायक पी. सी. जॉर्ज के बेटे शॉन जॉर्ज का नाम भी शामिल है।

अन्य नामों में के. एस. राधाकृष्णन, सी. सदानंदन मास्टर, पी. सुधीर, सी. कृष्णकुमार, बी. गोपालकृष्णन, के. सोमन, के. ए. अनीश कुमार और अब्दुल सलाम शामिल हैं। पार्टी ने दस सचिवों की भी घोषणा की है। ई. कृष्णदास को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। शॉन जॉर्ज और अनूप एंटनी को शामिल करना भाजपा की ईसाई समुदायों तक अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। ये नियुक्तियां उस समय की गई हैं, जब कुछ महीने पहले राजीव चंद्रशेखर ने के. सुरेंद्रन की जगह राज्य अध्यक्ष का पद संभाला था।
 

सीबीएसई व सीआईएससीई स्कूलों में कन्नड़ की अनिवार्यता पर कर्नाटक सरकार से जवाब तलब
कर्नाटक हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को प्रदेश भर में सीबीएसई और सीआईएससीई से संबद्ध स्कूलों में कन्नड़ भाषा की शिक्षा को अनिवार्य करने को चुनौती देने वाली जनहित याचिका (पीआईएल) के जवाब में तीन सप्ताह के भीतर आपत्तियां दर्ज करने का निर्देश दिया है। कार्यवाहक चीफ जस्टिस वी कामेश्वर राव और जस्टिस सीएम जोशी की खंडपीठ ने सोमशेखर सी और अन्य की 2023 में दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया। याचिकाकर्ता एक उन अभिभावकों का एक समूह है जिनके बच्चे विभिन्न गैर-राज्य बोर्ड के स्कूलों में पढ़ते हैं।

35 करोड़ रुपये के चीनी पटाखे जब्त, एक गिरफ्तार
वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि डीआरआई अधिकारियों ने 35 करोड़ रुपये के चीनी पटाखे जब्त किए हैं। इन्हें गलत जानकारी देकर सात कंटेनरों में आयात किया जा रहा था। एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। 100 मीट्रिक टन वजन वाले इन चीनी पटाखों को छोटे सजावटी पौधे, कृत्रिम फूल और प्लास्टिक मैट जैसे सामान बताकर अवैध रूप से आयात किया गया था।

मंत्रालय के अनुसार राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने ऑपरेशन फायर ट्रेल नामक अभियान के तहत कार्रवाई की गई है। जब्त पटाखे सात कंटेनरों में छिपाए गए थे। इनमें से कुछ खेपों को कांडला एसईजेड के माध्यम से एक केएएसईजेड इकाई द्वारा घरेलू टैरिफ क्षेत्र (डीटीए) में भेजने के इरादे से भेजा गया था।

भाजपा विधायक जॉन कुमार पुडुचेरी के मंत्री नियुक्त, 14 जुलाई को लेंगे शपथ
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को एक अधिसूचना जारी कर पुडुचेरी में मुख्यमंत्री एन रंगासामी के नेतृत्व वाली एआईएनआरसी-भाजपा गठबंधन सरकार में भाजपा विधायक ए जॉन कुमार को मंत्री नियुक्त किया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जॉन कुमार 14 जुलाई को मंत्री पद की शपथ लेंगे।

पुडुचेरी सरकार के मुख्य सचिव शरत चौहान को संबोधित अधिसूचना में कहा गया है कि गृह मंत्रालय ने जॉन कुमार की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वह वर्तमान में पुडुचेरी विधानसभा में कामराज नगर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और मुख्यमंत्री के संसदीय सचिव के रूप में कार्यरत हैं। कुमार की नियुक्ति 27 जून को भाजपा विधायक एके साई जे सरवनन के मंत्रिमंडल से इस्तीफे के बाद हुई है।

कर्नाटक: 53 करोड़ की बैंक डकैती में 12 और गिरफ्तार
कर्नाटक के विजयपुरा जिले में केनरा बैंक की मनागुली शाखा से 53.26 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने और नकदी की कथित लूट के सिलसिले में 12 और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारियां तीन आरोपियों से पूछताछ के बाद की गईं, जिनमें पूर्व शाखा प्रबंधक विजयकुमार मिरियाला भी शामिल हैं, जिन्हें पिछले महीने हिरासत में लिया गया था।

विजयपुरा के पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निम्बार्गी ने बताया कि गिरफ्तारियों की कुल संख्या बढ़कर 15 हो गई है। पुलिस ने अब तक 39.26 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की है, जिसमें 39 किलोग्राम पिघला हुआ सोना, 1.16 करोड़ रुपये नकद और पांच कारें शामिल हैं। यह डैकेती 25 मई को बसवनबागेवाड़ी तालुका स्थित बैंक की मनागुली शाखा में हुई, जहां मिरियाला पूर्व में शाखा प्रबंधक के रूप में कार्यरत था। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने बैंक का सीसीटीवी नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर (एनवीआर) भी चुरा लिया।

बंगलूरू भगदड़: जस्टिस डी कुन्हा ने सौंपी रिपोर्ट, 17 को सिफारिशों पर होगी चर्चा
सेवानिवृत्त जज जस्टिस जॉन माइकल डी कुन्हा ने बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ से संबंधित रिपोर्ट कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को सौंपी है। इस भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। सिद्धरमैया ने कहा कि जस्टिस कुन्हा ने दो खंडों में रिपोर्ट सौंपी है, मैंने दोनों खंड नहीं पढ़े हैं। मैं इसे पढ़ूँगा और कैबिनेट अपना निर्णय लेगा। रिपोर्ट में दी गईं सिफारिशों पर 17 जुलाई को कैबिनेट बैठक में चर्चा की जाएगी। आरसीबी के 3 जून को आईपीएल जीतने के बाद 4 जून को विजय परेड में शामिल हुए लोगों की भीड़ में भगदड़ के बाद 11 लोगों कीमौत हुई थी और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे।

साइबर सुरक्षा के लिए स्वदेशी तकनीक जरूरी: आईटी सचिव
इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी सचिव एस कृष्णन ने शुक्रवार को कहा कि भारत को साइबर सुरक्षा के लिए पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक विकसित करनी होगी। इस क्षेत्र में बाहरी समाधानों पर निर्भर नहीं रह सकते। साइबर सुरक्षा फर्म सिसा और सर्ट-इन की ओर से क्वांटम साइबर रेडीनेस श्वेत पत्र जारी करने के मौके पर उन्होंने कहा कि दुनिया भर में क्वांटम कंप्यूटर विकसित करने की होड़ चिंता का विषय है। यहा मौजूदा एन्क्रिप्शन को तोड़ने में सक्षम माने जाते हैं।

कृष्णन ने कहा, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। हमें इस क्षेत्र में स्वदेशी क्षमता विकसित करनी होगी क्योंकि यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां हम किसी और पर निर्भर नहीं रह सकते। हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों में पूरी तरह से स्वदेशी समाधान होने चाहिए। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा अन्य तकनीकी क्षेत्रों से अलग है जहां बाहरी समाधानों का उपयोग किया जा सकता है। श्वेत पत्र के अनुसार, 2030 के बाद किसी भी डाटा को जोखिम में माना जाना चाहिए। इसे भविष्य में क्वांटम डिक्रिप्शन तकनीक से पढ़ा जा सकेगा। अमेरिका ने 16 जनवरी को आदेश जारी कर सरकारी विभागों को निर्देश दिया था कि वे 60 से 270 दिनों के भीतर पोस्ट-क्वांटम क्रिप्टोग्राफी में परिवर्तन शुरू करें। कृष्णन ने कहा कि क्वांटम और क्रिप्टोग्राफी के क्षेत्र में गंभीर कार्य करने की आवश्यकता है।

कर्नाटक: सेवानिवृत्त जज ने भगदड़ मामले में सीएम सिद्धारमैया को सौंपी रिपोर्ट
न्यायमूर्ति (सेवानिृवत्त) माइकल डी. कुन्हा ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम भगदड़ मामले की रिपोर्ट कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को सौंपी है, जिसमें 11 लोगों की मौत हुई थी और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। चार जून को हुई इस भगदड़ की जांच के बाद सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति जॉन माइकल डी. कुन्हा ने अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को सौंप दी है।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा,  सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति जॉन माइकल डी. कुन्हा ने उस भगदड़ से संबंधित रिपोर्ट दो खंडों में सौंपी है, जो केएसीए (केएसीए) के पास हुई थी। यह रिपोर्ट 17 जुलाई को कैबिनेट के सामने रखी जाएगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed