फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 10th June North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: मणिपुर में विरोध प्रदर्शन जारी, दो पुलिसकर्मी घायल; सिक्किम में भूस्खलन के बाद दो और शव बरामद

Tue, 10 Jun 2025 11:47 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Tue, 10 Jun 2025 11:47 AM IST
विज्ञापन
News Updates 10th June North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

मणिपुर में अरामबाई तेंगगोल नेता की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया और इंफाल घाटी के कई जिलों में सुरक्षा बलों के साथ झड़प की। वे गिरफ्तार अरमबाई तेंगगोल नेता कानन सिंह और चार अन्य की बिना शर्त रिहाई की मांग कर रहे हैं। हमलों में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

विज्ञापन


पुलिस ने कहा कि सोमवार रात को इंफाल पूर्वी जिले के खुरई लामलोंग इलाके में झड़पें हुईं। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कई राउंड आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियां चलानी पड़ीं। प्रदर्शनकारियों ने एक चार पहिया वाहन को आग के हवाले कर दिया।
विज्ञापन


सोमवार शाम को इंफाल पश्चिम जिले के तेरा इलाके में भी अज्ञात बदमाशों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की। तेरा इलाके में जब सीआरपीएफ के जवान प्रदर्शनकारियों के अवरोधकों को हटा रहे थे, तब छोटे हथियारों से कम से कम सात राउंड गोलियां चलाई गईं। बिष्णुपुर जिले के नाम्बोल में प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प के दौरान कम से कम दो पुलिस कर्मियों को मामूली चोटें आईं। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मंगलवार की सुबह इंफाल की सड़कों पर सामान्य व्यापारिक गतिविधियां देखी गईं।  
विज्ञापन
विज्ञापन


सिक्किम भूस्खलन में दो और शव बरामद
उत्तरी सिक्किम के चतेन में भूस्खलन स्थल से मंगलवार को दो और शव बरामद किए गए। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोनम देचू भूटिया ने कहा कि एक जून को भूस्खलन स्थल से दो और शव बरामद किए गए हैं। शवों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। भूटिया ने बताया कि दो शवों की बरामदगी के बाद चेतन में सेना शिविर पर भूस्खलन में लापता छह लोगों में से तीन को बरामद कर लिया गया है। बचावकर्मियों ने सोमवार को सेना के जवान सैनुद्दीन पीके का शव बरामद किया था। लापता लोगों के अलावा भूस्खलन में तीन सैन्यकर्मियों की मौत हो गई तथा चार अन्य घायल हो गए।
 

कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नाथुला-लिपुलेख दर्रा अस्थायी इमिग्रेशन चेकपोस्ट
केंद्र सरकार ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए सिक्किम के नाथु ला और उत्तराखंड के लिपुलेख ला (गुंजी) को अस्थायी इमिग्रेशन चेकपोस्ट के रूप में नामित किया है। गृह मंत्रालय ने सोमवार को अधिसूचना जारी कर बताया कि पूर्वी सिक्किम के नाथु ला और पिथौरागढ़ जिले के लिपुलेख ला को यात्रियों के लिए भारत में प्रवेश और निकास के लिए वैध यात्रा दस्तावेजों के साथ अस्थायी चेकपोस्ट बनाया गया है। विदेश मंत्रालय हर साल जून से सितंबर के बीच लिपुलेख दर्रा और नाथु ला दर्रा मार्गों से इस यात्रा का आयोजन करता है।

कोविड-19 महामारी के कारण 2020 में यात्रा स्थगित कर दी गई थी और बाद में भारत-चीन सैन्य गतिरोध के चलते यह रुकी रही। इस साल यह यात्रा महामारी के बाद पहली बार आयोजित होगी। कैलाश मानसरोवर यात्रा का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है, जो हिंदुओं के लिए भगवान शिव का निवास, साथ ही जैन और बौद्ध समुदायों के लिए भी पवित्र स्थल है। यह यात्रा वैध भारतीय पासपोर्ट धारक नागरिकों के लिए खुली है, जो धार्मिक उद्देश्यों से यात्रा करना चाहते हैं। हर साल सैकड़ों लोग इस यात्रा में शामिल होते हैं।

गृह मंत्री अमित शाह से मिले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। शाह के कार्यालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में मुलाकात की जानकारी दी। वहीं आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया और उन्हें वक्त देने के लिए गृहमंत्री शाह का आभार जताया।

 सीबीआई ने घूसखोरी में यूपी सीजीएसटी के अधीक्षक समेत दो को गिरफ्तार किया
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तर प्रदेश में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के अधीक्षक समेत दो लोगों को एक निजी कंपनी पर लगा जुर्माना माफ करने के लिए कथित तौर पर एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि सीबीआई ने जिस दूसरे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है वह एक वकील है जो मामले में शिकायतकर्ता का प्रतिनिधित्व कर रहा था। अधिकारियों ने बताया कि सीजीएसटी अधीक्षक निशान सिंह मल्ली ने कथित तौर पर एक निजी कंपनी को संचालित करने वाले व्यवसायी को जीएसटी रिटर्न दाखिल न करने के कारण जुर्माना नोटिस जारी किया था।

सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा कि अमरोहा के अतिरिक्त प्रभार के साथ गजरौला में तैनात मल्ली ने टैक्स वकील अमित खंडेलवाल के साथ मिलीभगत कर व्यवसायी से उसकी कंपनी पर जुर्माना माफ करने के लिए 4 लाख रुपये की मांग की। व्यवसायी का प्रतिनिधित्व करने वाले खंडेलवाल मल्ली से मिलीभगत कर शिकायतकर्ता घूस देने के लिए दबाव बना रहा था। व्यवसायी ने सीबीआई से इसकी शिकायत की, जिसके बाद एजेंसी ने जाल बिछाकर दोनों को एक लाख रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।

असम के धुबरी शहर में सांप्रदायिक तनाव के बाद निषेधाज्ञा लागू  
असम के धुबरी शहर में सांप्रदायिक तनाव के बाद सोमवार को निषेधाज्ञा लागू कर दी गई। यहां मंदिर के पास कथित तौर पर मांस फेंके जाने के विरोध में उग्र प्रदर्शन हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को एक मंदिर के पास संदिग्ध गाय का सिर मिला था। फिर इसका विरोध करते हुए भीड़ ने धुबरी मजिस्ट्रेट कॉलोनी और न्यू मार्केट के पास सब्जी विक्रेताओं और ई-रिक्शा चालकों पर हमला किया।

बाद में यह प्रदर्शन भड़क गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। विरोध प्रदर्शन के चलते जिला मजिस्ट्रेट दिवाकर नाथ ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए निषेधाज्ञा लागू कर दी। उन्होंने आदेश देते हुए कहा कि प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और अगले आदेश तक लागू रहेंगे। उन्होंने धुबरी नगर क्षेत्र में सभी दुकानें और बाजार बंद रखने का आदेश दिया तथा किसी भी सार्वजनिक स्थान पर पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया। उनके द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि किसी भी प्रकार की रैली, जुलूस, बैठक या प्रदर्शन आयोजित करने पर भी सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि इस दौरान आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही को प्रतिबंधों के दायरे से छूट दी गई है।

बंगलूरू : सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने विवाहित प्रेमिका को चाकू से गोदकर मार डाला
 बंगलूरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी प्रेमिका की चाकुओं से बुरी तरह गोदकर हत्या कर दी। महिला हरिणी (33) विवाहित थी और उसकी दो बेटियां हैं। पुलिस के मुताबिक, हरिणी ने आरोपी यशस (25) से संबंध रखने से इन्कार कर दिया था, जिससे वह बौखला गया। यशस ने उसे आखिरी बार मिलने के लिए होटल बुलाया था, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया। वह शव को कमरे में छोड़कर चला गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। दोनाें एक साल पहले मिले थे। पति को प्रेम संबंधों की जानकारी होने के बाद हरिणी ने यशस से नाता तोड़ लिया था। 

कुनो में प्रोजेक्ट चीता की आलोचना पक्षपाती व वैज्ञानिक रूप से निराधार
फ्रंटियर्स इन कंजर्वेशन साइंस में प्रकाशित एक नए शोधपत्र में भारत में प्रोजेक्ट चीता की आलोचना को पक्षपाती, वैज्ञानिक रूप से निराधार और गलत सूचना पर आधारित बताया गया है। कुनो नेशनल पार्क में शुरू किया गया यह प्रोजेक्ट देश में विलुप्त हो चुके चीतों को 70 साल से भी अधिक समय बाद भारत में फिर से लाने का प्रयास कर रहा है।

फ्रंटियर्स इन कंजर्वेशन साइंस में बयानबाजी से परे: भारत के प्रोजेक्ट चीता पर मिथकों और गलत सूचनाओं का खंडन  शीर्षक से प्रकाशित शोधपत्र में पशु कल्याण से लेकर वैज्ञानिक वैधता व सामुदायिक प्रभाव तक की चिंताओं की बात की गई है। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के सदस्य सचिव जीएस भारद्वाज समेत पर्यावरण मंत्रालय के अधिकारियों के इस शोधपत्र में कहा गया है कि प्रोजेक्ट चीता के बारे में आलोचकों ने प्रमुख पहलुओं को गलत तरीके से पेश किया है, जैसे कि सॉफ्ट-रिलीज बोमास का उपयोग, नैतिक चिंताएं और पशु चिकित्सा हस्तक्षेप, जबकि परियोजना की अनुकूली प्रबंधन रणनीतियों को नजरअंदाज किया गया है।

प्रवासी मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग प्रतिबद्ध : सीईसी
स्वीडन में चुनावी अखंडता पर अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र व चुनावी सहायता संस्थान (आईडीईए) स्टॉकहोम सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने  भारतीयों के साथ मुलाकात कर उनसे चुनाव में प्रवासी मतदाताओं की भागीदारी को सक्षम बनाने के बारे में चर्चा की। सीईसी ने चुनाव आयोग के गैर-निवासी भारतीयों (एनआरआई) व भारत के विदेशी नागरिकों (ओसीआई) के बीच समावेशी भागीदारी व नागरिक सहभागिता पर ध्यान केंद्रित करने की बात दोहराई। वह मंगलवार को आईडीईए में मुख्य भाषण देंगे। उन्होंने भारतीयों से बातचीत में ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण प्रणाली व डाक मतपत्र प्रबंधन प्रणाली के इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसमिशन जैसी पहलों की भी जानकारी दी। इसका उद्देश्य विदेशी मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाना है। सीईसी को सम्मेलन में उद्घाटन भाषण देने के लिए आमंत्रित किया गया है।  

विजयन ने बेटी की कंपनी पर लगे आरोप नकारे सीबीआई जांच का विरोध
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने अपनी बेटी टी. वीना की बंद हो चुकी कंपनी और एक निजी खनन कंपनी के बीच लेनदेन की सीबीआई जांच की मांग करने वाली याचिका का विरोध किया है। उन्होंने बेटी की कंपनी पर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

केरल हाईकोर्ट में सोमवार को दायर जवाबी हलफनामे में विजयन ने पूर्व पत्रकार की ओर से दायर जनहित याचिका में लगाए गए आरोपों को झूठा और निराधार बताया। उन्होंने कहा कि जब अन्य एजेंसियां पहले से ही जांच कर रही हैं और उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं बनता, तो ऐसे में सीबीआई जांच का कोई औचित्य नहीं है। विजयन ने कहा, मुझे न्यायपालिका और कानून के शासन पर पूरा भरोसा है। मेरे पास छिपाने को कुछ नहीं है, लेकिन इस समय सीबीआई को शामिल करना अनावश्यक और अनुचित होगा। उन्होंने याचिका खारिज करने की मांग की। 

दुनिया का सबसे बड़ा कंटेनर जहाज इरिना विझिनजाम पहुंचा
दुनिया का सबसे बड़ा कंटेनर जहाज एमएससी इरिना सोमवार को सुबह 8 बजे विझिनजाम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह पर पहुंच गया। बंदरगाह के अधिकारियों के मुताबिक, बंदरगाह पहुंचने पर जहाज काे पारंपरिक जल सलामी दी गई। एमएससी इरिना जहाज का यह आगमन दो मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटित गहरे पानी के इस बंदरगाह के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 399.9 मीटर लंबा और 61.3 मीटर चौड़ा जहाज आधुनिक पर्यावरण मानकों के अनुरूप है। यह जहाज 4% तक कार्बन उत्सर्जन कम करने वाली ऊर्जा-संरक्षण तकनीकों से लैस है।  
 

टीवी शो में अमरावती के खिलाफ टिप्पणी, तेलुगू पत्रकार गिरफ्तार
ग्रीनफील्ड कैपिटल सिटी अमरावती के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी मामले में वरिष्ठ तेलुगू पत्रकार कोमिनेनी श्रीनिवास राव को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया गया। राव, एक स्थानीय चैनल पर उस कार्यक्रम को होस्ट कर रहे थे, जिसमें पत्रकार वीवीआर कृष्ण राजू ने अमरावती और वहां की महिलाओं के खिलाफ कुट टिप्पणियां की थीं। राव पर प्रसारण के दौरान हस्तक्षेप करने में विफल रहने का आरोप लगाया गया है। 

टीएमसी सांसद साकेत गोखले ने पूर्व राजनयिक लक्ष्मी पुरी से माफी मांगी
तृणमूल कांग्रेस के सांसद साकेत गोखले ने मंगलवार को पूर्व राजनयिक लक्ष्मी मुर्देश्वर पुरी से उनके खिलाफ की गई टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगी। यह टिप्पणी उन्होंने जिनेवा में उनके अपार्टमेंट के संदर्भ में की थी। गोखले ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'मैं 13 और 23 जून 2021 को राजदूत लक्ष्मी मुर्देश्वर पुरी के खिलाफ कई ट्वीट करने के लिए बिना शर्त माफ़ी मांगता हूं। इन ट्वीट में राजदूत पुरी द्वारा विदेश में संपत्ति खरीदने के संबंध में गलत और अपुष्ट आरोप थे, जिसका मुझे ईमानदारी से खेद है।' ये माफी दिल्ली उच्च न्यायालय के मानहानि मामले में दिए गए निर्देशों के बाद आई है।

भाजपा नेता अमित मालवीय ने टीएमसी सांसद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने सुबह-सुबह एक पोस्ट लिखी थी, 'इस उम्मीद में कि बहुत से लोग उन्हें अपने शब्द वापस लेते नहीं देखेंगे"। मालवीय ने कहा, 'टीएमसी सांसद साकेत गोखले ने पूर्व राजदूत लक्ष्मी पुरी से एक अखबार में और फिर सुबह 3:28 बजे एक्स पर माफ़ी मांगी, उम्मीद है कि बहुत से लोग उन्हें अपने शब्द वापस लेते नहीं देखेंगे। लेकिन इससे मामला और बिगड़ गया। उन पर कपटपूर्ण होने का आरोप लगाया जा रहा है।' 'मुझे यह भी बताया गया है कि उन्हें अभी भी 50 लाख रुपये का हर्जाना देना है। अदालत ने इस बीच उनके वेतन को जब्त करने का आदेश दिया है। मामले को आक्रामक तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। ऐसा लगता है कि टीएमसी में उनके आकाओं ने उन्हें छोड़ दिया है।'
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed