फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 10th August North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: कर्नाटक में कल बंगलूरू भगदड़ की घटना को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन; रिटायर्ड महिला से 3.09 करोड़ की ठगी

Sun, 10 Aug 2025 09:50 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 10 Aug 2025 09:50 PM IST
विज्ञापन
News Updates 10th August North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

कर्नाटक में भाजपा और जेडीएस नेताओं ने एक निजी होटल में समन्वय बैठक की और उन मुद्दों पर चर्चा की, जिसे कल से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में उठाया जाएगा। भाजपा और जेडीएस नेताओं ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ की घटना के विरोध में कल सुबह 10 बजे गांधी प्रतिमा पर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी।

विज्ञापन


मणिपुर में छह उग्रवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के विभिन्न जिलों से पांच प्रतिबंधित संगठनों के छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में बिष्णुपुर, इम्फाल पश्चिम और थौबल जिलों में अलग-अलग अभियानों के दौरान उग्रवादियों को पकड़ा गया। प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (ताइबांगनगांबा) की एक सक्रिय महिला कार्यकर्ता को शुक्रवार को इम्फाल पश्चिम के चिंगमेइरोंग से गिरफ्तार किया गया, जबकि केसीपी (एमएफएल) के एक सदस्य को जिले के हाओबाम मारक स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित केसीपी (अपुनबा) के दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को शनिवार को इम्फाल पश्चिम जिले के फयेंग से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा शनिवार को थौबल के समाराम ममांग से प्रतिबंधित कांगलेई यावोल कन्ना लूप के एक सदस्य और इंफाल पश्चिम के थांगटेक से पीआरईपीएके (पीआरओ) के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन


खरगे ने सांसदों को रात्रिभोज पर बुलाया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सोमवार को इंडिया ब्लॉक के सांसदों के लिए रात्रिभोज का आयोजन करेंगे। इससे पहले विपक्षी नेता और सांसद सोमवार को चुनाव धोखाधड़ी मुद्दे पर संसद से चुनाव आयोग कार्यालय तक विरोध मार्च निकालेंगे। सूत्रों ने बताया कि उसी दिन राज्यसभा में विपक्ष के नेता खड़गे चाणक्यपुरी स्थित होटल ताज पैलेस में इंडिया ब्लॉक के सांसदों के लिए रात्रि भोज का आयोजन करेंगे। इससे पहले इंडिया ब्लॉक के शीर्ष नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर रात्रि भोज के दौरान बैठक की थी और बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के साथ-साथ भाजपा-चुनाव आयोग के वोट चोरी मॉडल के खिलाफ लड़ने की शपथ ली थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में तृणमूल कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में शनिवार को टीएमसी के एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, 31 वर्षीय अमर रॉय चिकन खरीदने जा रहे थे तभी पुंडीमाड़ी के डोडेयर हाट इलाके में उन पर नजदीक से  गोली चलाई गई। रॉय की मां कुंतला रॉय डोवागुरी पंचायत की प्रधान हैं। घटना के बाद रॉय को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। उनके साथी को भी गोली लगी लेकिन उसकी हालत स्थिर है। टीएमसी नेता रवींद्रनाथ घोष ने भाजपा पर हत्या का आरोप लगाया जबकि भाजपा ने इसे टीएमसी के आंतरिक विवाद का नतीजा बताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तमिलनाडु में सत्ताधारी दल के विरोधी पार्टी प्रमुख का कार्यकाल बढ़ा
तमिलनाडु में सत्तारूढ़- DMK के धुर विरोधी दल पीएमके के चीफ अंबुमणि का कार्यकाल एक साल बढ़ाए जाने की खबर है। तमिलनाडु की राजनीति से जुड़े अहम घटनाक्रम में पीएमके ने पार्टी प्रमुख के रूप में अंबुमणि का कार्यकाल एक साल बढ़ाने का फैसला लिया है। इस मामले में पार्टी के संस्थापक एस रामदास ने टिप्पणी से इनकार किया है। दरअसल, पहली बार रामदास की उपस्थिति के बिना पीएमके की बैठक आयोजित की गई। पट्टाली मक्कल काची (PMK) की आम परिषद की बैठक में शनिवार को पार्टी अध्यक्ष अंबुमणि का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ाने के अलावा पार्टी महासचिव एस वदिवेल रावणन और कोषाध्यक्ष एम तिलकबामा भी अगस्त 2026 तक अपने-अपने पदों पर बने रहेंगे। अंबुमणि ने कहा, उनका मुख्य लक्ष्य डीएमके को सत्ता से बेदखल करना है। पार्टी लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप एक विशाल गठबंधन बनाएगी। पिता रामदास के साथ चल रहे विवाद पर उन्होंने कहा, कुछ लोग हैं जो रामदास को समझाने और शांत करने के उनके प्रयासों के बावजूद अड़चन पैदा कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि वह कुछ चीजों का खुलासा नहीं कर सकते। पीएमके की बैठक में रामदास मौजूद नहीं रहे। पार्टी ने इस आयोजन पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। रामदास के समर्थक और पीएमके महासचिव मुरली शंकर ने कहा कि इस आम परिषद की बैठक की कोई वैधता नहीं है।

शारजाह में पत्नी की आत्महत्या के मामले में एनआरआई को हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया
पिछले महीने शारजाह में अपने अपार्टमेंट में फांसी पर लटकी पाई गई महिला के पति को रविवार को तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया और पुलिस को सौंप दिया गया। अधिकारी ने बताया कि कोल्लम जिले के सस्थमकोट्टा निवासी 40 वर्षीय सतीश पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी अतुल्या (29) को आत्महत्या के लिए उकसाया। वह 19 जुलाई को अपने फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में लटकी हुई पाई गई थी। वलियाथुरा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि उस व्यक्ति के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था और जब वह हवाई अड्डे पर उतरा तो उसे आव्रजन अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया और फिर पुलिस को सौंप दिया। हमने उसे थाने में हिरासत में ले लिया है और उसे अपराध शाखा को सौंप दिया जाएगा जो मामले की जांच कर रही है।

ऑक्सफोर्ड से संस्कृत और शास्त्रीय हिंदी में स्नातक - अरानी हजारिका ने रचा इतिहास
अरानी एस हजारिका (21) ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से संस्कृत और शास्त्रीय हिंदी में स्नातक करने वाली पहली असमिया बन गई हैं। शनिवार (9 अगस्त) को विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित शेल्डोनियन थिएटर ऑडिटोरियम में आयोजित स्नातक समारोह में अरानी को कला स्नातक की डिग्री प्रदान की गई।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अरानी ने विश्वविद्यालय के बैलिओल कॉलेज में संस्कृत और शास्त्रीय हिंदी में बीए की पढ़ाई पूरी की। उनके पिता पार्थ प्रतिम हजारिका गुवाहाटी स्थित एक अंग्रेजी दैनिक के वरिष्ठ पत्रकार हैं। अरानी को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय ने कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा के बाद संस्कृत में बीए करने के लिए साइमन और जून ली स्नातक छात्रवृत्ति के जरिये चुना था। अरानी असम के गुवाहाटी के नूनमती इलाके में स्थित आनंद नगर की रहने वाली हैं। उन्होंने गुवाहाटी के कृष्णा नगर स्थित होली चाइल्ड स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की है।

असम में फर्जी नियुक्ति पत्र घोटाले में छह गिरफ्तार
असम में फर्जी नियुक्ति पत्र घोटाले में सीआईडी ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) के आगामी चुनाव का एक उम्मीदवार भी शामिल है, जिसने जल संसाधन विभाग में नौकरी देने के नाम पर पैसे लिए थे। सीआईडी के एक अधिकारी ने बताया कि फरवरी में जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता के कार्यालय से एक शिकायत मिली थी कि कुछ लोग विभाग के विभिन्न प्रभागों में जाली हस्ताक्षर वाले फर्जी नियुक्ति पत्र दे रहे हैं। जांच के दौरान पता चला कि एक आरोपी दूसरे आरोपी के खाते में काफी बड़ी रकम जमा करता था, जो बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के लिए बीटीसी चुनाव में उम्मीदवार भी है। अधिकारी ने बताया कि दूसरा आरोपी ठगे गए उम्मीदवारों को फर्जी नियुक्ति पत्र सौंपता था।

मंगलूरू- सेवानिवृत्त महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 3.09 करोड़ की ठगी
साइबर ठगों ने कर्नाटक के मंगलूरू में एक सेवानिवृत्त महिला लेनी प्रभु को डिजिटल अरेस्ट कर 3.09 करोड़ रुपये ठग लिए गए। 15 जनवरी को एक अज्ञात नंबर से मिस्ड कॉल मिलने के बाद जब उन्होंने कॉल बैक किया तो एक महिला ने खुद को जनरल पोस्ट ऑफिस अधिकारी बताते हुए कहा कि चीन जाने वाले उनके नाम के पार्सल में 150 ग्राम एमडीएमए ड्रग बरामद हुआ है। धमकी देकर उनसे 55 लाख रुपये आरटीजीएस से और 17 जनवरी से 4 जुलाई के बीच कुल 3.09 करोड़ रुपये कई खातों में ट्रांसफर करवाए गए। साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोलकाता में पांच पुलिसकर्मी घायल
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आयोजित रैली के दौरान अव्यवस्था के कारण पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक रिपोर्ट के मुताबिक 'नवान्न अभियान' रैली के दौरान पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें से तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि रैली कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई हत्या-बलात्कार मामले की बरसी पर आयोजित की गई थी। आक्रोशित लोगों ने सड़कों पर उतरकर इंसाफ मांगा। इस दौरान कई भाजपा नेताओं पर लाठीचार्ज की खबरें भी सामने आईं।

कल एक राष्ट्र एक चुनाव पर जेपीसी विशेषज्ञों संग करेगी चर्चा
कल 11 अगस्त को दोपहर 3 बजे, एक राष्ट्र एक चुनाव पर संयुक्त संसदीय समिति यानी जेपीसी कई प्रख्यात विशेषज्ञों से बातचीत करेगी। इसमें प्रो. जी गोपाल रेड्डी, मिरांडा हाउस, दिल्ली विश्वविद्यालय, प्रो. सुषमा यादव, हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, पूर्व राज्यसभा सदस्य, प्रो. शीला राय, राष्ट्रीय समाज विज्ञान परिषद, प्रो. ननी गोपाल महंत, गुवाहाटी विश्वविद्यालय; शामिल हैं। वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता वाली विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति को कल (11 अगस्त) शाम 4 बजे विदेश मंत्रालय और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के प्रतिनिधि भारत की विदेश नीति के वर्तमान घटनाक्रमों, विशेष रूप से अमेरिका-भारत व्यापार वार्ता और शुल्कों के संदर्भ में, के बारे में जानकारी देंगे।

भारत-ऑस्ट्रेलिया सेना प्रमुखों का आपस में है कॉलेज कनेक्शन- सेना
ऑस्ट्रेलियाई सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल साइमन स्टुअर्ट पांच दिन की भारत यात्रा पर हैं। वर्ष 2015 में अमेरिका के आर्मी वॉर कॉलेज में उन्होंने भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के साथ प्रशिक्षण लिया था। भारतीय सेना के बयान के अनुसार, यह साझा अनुभव दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को मजबूत करेगा। भारत के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे आईएमए, एनडीसी, डीएसएससी और एनडीए में कई देशों के अधिकारियों ने प्रशिक्षण लिया है। श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश, मलेशिया समेत कई देशों के वरिष्ठ अधिकारी भारतीय संस्थानों के पूर्व छात्र हैं। भारतीय अधिकारी भी अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस जैसे देशों में प्रशिक्षण ले चुके हैं। सेना ने एलुमनी कनेक्ट को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म भी शुरू किए हैं। यह पहल द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को मजबूत करने में मदद करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed