फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 10 December North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Update: लोकसभा में केंद्र ने दी जानकारी- कई देशों से 23 भगोड़े प्रत्यर्पित; कर्नाटक लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

Tue, 10 Dec 2024 07:35 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Tue, 10 Dec 2024 07:35 PM IST
विज्ञापन
News Updates 10 December North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को लोकसभा को बताया कि, पिछले पांच वर्षों में कई देशों से कुल 23 भगोड़ों को सफलतापूर्वक प्रत्यर्पित किया गया है, जिसके दौरान भारत ने आतंकवादी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों समेत 178 ऐसे अनुरोध किए हैं। उन्होंने कहा विदेश मंत्रालय, जो प्रत्यर्पण मामलों के लिए नोडल प्राधिकरण है, से प्राप्त रिकॉर्ड के अनुसार, भगोड़े अपराधियों के प्रत्यर्पण के लिए भारत द्वारा 65 अनुरोध संयुक्त राज्य अमेरिका के अधिकारियों के विचाराधीन हैं।

विज्ञापन


केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि भारत सरकार भगोड़े अपराधियों के प्रत्यर्पण के लिए कूटनीतिक प्रयास कर रही है और अब तक भारत ने 48 देशों और क्षेत्रों के साथ प्रत्यर्पण संधियों पर हस्ताक्षर किए हैं और 12 देशों के साथ प्रत्यर्पण व्यवस्था की है। उन्होंने कहा, सरकार की नीति अधिक से अधिक देशों के साथ प्रत्यर्पण संधियां करने की है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भगोड़े अपराधी न्याय से बच न सकें।
विज्ञापन


 

राज्यपाल बोस से मिलीं पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस द्वारा चाय पर बुलाए जाने पर सोमवार शाम राजभवन में उनसे मुलाकात की। एक अधिकारी के अनुसार, यह मुलाकात लगभग 45 मिनट तक चली। राज्यपाल बोस ने कहा कि बंगाल में राज्यपाल और मुख्यमंत्री के बीच यह 'भाई-बहन' का रिश्ता है। बैठक के बाद राज्यपाल ने एक्स पर एक पोस्ट में रवींद्रनाथ टैगोर को उद्धृत करते हुए लिखा, 'असली दोस्ती प्रतिदीप्ति की तरह है, यह तब बेहतर चमकती है जब सब कुछ अंधेरा हो जाता है। भले ही हम अलग हो जाएं, लेकिन हम पेड़ की शाखाओं की तरह जुड़े रहेंगे जो एक-दूसरे की ओर बढ़ती हैं।'

विज्ञापन

राज्यसभा उपचुनाव के लिए टीएमसी के ऋतब्रत ने पर्चा दाखिल किया
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज्यसभा उपचुनाव उम्मीदवार ऋतब्रत बनर्जी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। बनर्जी के साथ सुब्रत बख्शी, मुख्य सचेतक निर्मल घोष और मंत्री अरूप विश्वास सहित वरिष्ठ टीएमसी नेता भी थे। बाद में उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से विधानसभा परिसर में उनके कार्यालय में मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। सितंबर में पार्टी के राज्यसभा सदस्य के रूप में जवाहर सरकार के इस्तीफे के बाद, टीएमसी ने शनिवार को 20 दिसंबर के उपचुनाव के लिए ऋतब्रत को अपना उम्मीदवार घोषित किया था।

विज्ञापन

हैदराबाद में आशा कार्यकर्ता ने पुलिस अधिकारी को जड़ा थप्पड़
हैदराबाद में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान सोमवार को एक आशा कार्यकर्ता ने कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी को थप्पड़ जड़ दिया। चिकित्सा शिक्षा निदेशालय (डीएमई) के कार्यालय के पास एकत्र हुईं महिला आशा कार्यकर्ता तेलंगाना की कांग्रेस सरकार से उनका वेतन बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रति माह करने के अपने वादे को पूरा करने की मांग कर रही थीं। जैसे ही पुलिस ने उन्हें एहतियातन हिरासत में लेने की कोशिश की, प्रदर्शनकारी महिलाओं में से एक ने कथित तौर पर सुल्तान बाजार स्टेशन हाउस अधिकारी को थप्पड़ जड़ दिया, क्योंकि उसका पैर एक वाहन के दरवाजे में फंस गया था। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद विरोध प्रदर्शन की जांच शुरू कर दी है।

पीएम मोदी कल स्मार्ट इंडिया हैकथॉन प्रतिभागियों के साथ बातचीत करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2024 के ग्रैंड फिनाले में युवा इनोवेटर्स के साथ बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि सातवां स्मार्ट इंडिया हैकथॉन देश भर में 51 केंद्रों पर एक साथ चलेगा। पीएम मोदी शाम करीब साढ़े चार बजे युवा इनोवेटर्स से बातचीत करेंगे। ग्रैंड फिनाले में 1,300 से अधिक छात्र टीमें भाग लेंगी और प्रधानमंत्री सभा को भी संबोधित करेंगे। सॉफ्टवेयर संस्करण 36 घंटे तक बिना रुके चलेगा जबकि हार्डवेयर संस्करण बुधवार से रविवार तक चलेगा।

700 करोड़ के कुवैत बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में 10 एफआईआर दर्ज

कुवैत के 'गल्फ बैंक ऑफ कुवैत' की ओर से लोन धाेखाधड़ी की शिकायत मिलने के बाद केरल पुलिस ने राज्य के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में लगभग 10 एफआईआर दर्ज की हैं। शिकायत है कि भारतीय नागरिकों ने लोन लेने के बाद बैंक को धोखा दिया है। उनमें से ज्यादातर नर्स हैं। जानकारी के मुताबिक, लगभग 1,425 भारतीय नागरिकों ने कुवैत बैंक को लगभग 700 करोड़ रुपये का चूना लगाया है और उनमें से अधिकांश केरल से हैं। बैंक ने अपनी शिकायत में कहा है कि भारतीयों ने कर्ज लिया और कुवैत से छुट्टी पर चले गए। इसके बाद उन्होंने कर्ज चुकाना बंद कर दिया। अधिकांश मामलों में वे कनाडा और यूरोप समेत अन्य देशों में चले गए। केरल पुलिस के अनुसार, जिन 10 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई हैं इनमें बैंक को करीब 10.21 करोड़ रुपये मिलने हैं। पुलिस ने कहा कि वे एक-एक शिकायतों की जांच कर रही है।

वय वंदना कार्ड...दो माह में 25 लाख बुजुर्गों ने कराया पंजीयन

आयुष्मान वय वंदना कार्ड योजना में अब तक 25 लाख बुजुर्गों ने पंजीकरण कराया है। दो माह पूर्व लाॅन्च योजना के तहत 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति के बावजूद 5 लाख रुपये का मुफ्त स्वास्थ्य कवर देती है। वहीं, पहले से ही कवर किए गए परिवारों से जुड़े 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को सालाना 5 लाख रुपये तक का अतिरिक्त टॉप-अप कवर मिलता है।

पीएम को धमकी देने के मामले में एक आरोपी अजमेर से गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने यातायात पुलिस हेल्पलाइन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मारने की धमकी वाला संदेश भेजने के आरोप में राजस्थान के अजमेर से 37 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। झारखंड निवासी मोहम्मद नदीम बेग मिर्जा को वर्ली पुलिस की एक टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने कहा, हमारी जांच में पाया गया है कि निजी फर्म में टर्नर के रूप में काम करने वाला मिर्जा इस बात से नाराज था कि उसके मालिक ने उसे शराब पीकर काम पर आने के लिए घर जाने को कहा था।

जर्मन नागरिकता छिपाने पर पूर्व बीआरएस विधायक पर जुर्माना

तेलंगाना हाईकोर्ट ने सोमवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पूर्व विधायक चेन्नामनेनी रमेश पर अपनी जर्मन नागरिकता से संबंधित तथ्यों को छिपाने और गलत तरीके से प्रस्तुत करने के लिए 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। रमेश की याचिका खारिज करते हुए हाईकोर्ट ने उनकी भारतीय नागरिकता रद्द करने के केंद्रीय गृह मंत्रालय के 2019 के आदेश को बरकरार रखा।

असम : मोहम्मद यूनुस के खिलाफ नोबेल समिति को लिखा पत्र

असम के कछार जिले के सौ से अधिक नागरिकों ने मोहम्मद यूनुस के खिलाफ नार्वे की नोबेल समिति को पत्र लिखा। इसमें कहा गया है कि यूनुस को दिया गया नोबेल पुरस्कार तो वापस नहीं लिया जा सकता, लेकिन समिति यूनुस के नेतृत्व में बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ जारी हिंसा की निंदा करते हुए एक बयान जारी करें। तीन वकीलों और 107 नागरिकों ने समिति को पत्र लिखा और आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

भूजल नियमों का उल्लंघन...पतंजलि फूड्स पर एक लाख रुपये का जुर्माना

पतंजलि फूड्स लि. ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय भूजल प्राधिकरण ने कुछ नियमों के उल्लंघन के लिए उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। पतंजलि फूड्स ने एक विनियामक में इस संबंध में सूचना दाखिल की। इसमें कहा गया है, एक लाख के जुर्माने के अलावा पतंजलि फूड्स की वित्तीय या परिचालन गतिविधियों इससे प्रभावित नहीं होंगी।

जगन के 100 करोड़ के मानहानि केस में मीडिया घरानों को समन

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी की ओर से कई मीडिया घरानों के खिलाफ दायर मानहानि मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को समन जारी किया। न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद ने रेड्डी के खिलाफ अपमानजनक रिपोर्टों को हटाने की मांग करने वाले आवेदन पर भी नोटिस जारी किया। अपनी याचिका में रेड्डी ने अमेरिका में अदाणी समूह के खिलाफ मुकदमे की कार्यवाही से जोड़ने वाली रिपोर्टों पर आपत्ति जताई है। रेड्डी ने हर्जाने के रूप में 100 करोड़ की मांग की है।

ओडिशा में छह साल में 59 हजार लोग ऑनलाइन ठगी के शिकार

ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने विधानसभा को बताया कि बीते छह वर्षों के दौरान राज्य में 59,000 से अधिक लोग ऑनलाइन ठगी के शिकार हुए हैं। माझी ने सोमवार को लिखित बयान में कहा कि 2019 से इस साल नवंबर तक राज्य में ऑनलाइन धोखाधड़ी के 769 मामले सामने आए और 59,437 लोग इस तरह की ठगी के शिकार हुए। सबसे अधिक मामले 2023-24 में दर्ज किए गए। 

भाजपा ने राज्यसभा उपचुनाव में तीन प्रत्याशी उतारे

आंध्र प्रदेश से रायागा कृष्णैया और ओडिशा से सुजीत कुमार को भाजपा ने राज्यसभा उपचुनाव में उम्मीदवार घोषित किया है। आंध्र प्रदेश की तीन सीटों सहित छह सीटों पर 20 दिसंबर को मतदान होना है। भाजपा ने ओडिशा में बीजद के सत्ता से बाहर होने के बाद राज्यसभा से इस्तीफा देने वाले सुजीत कुमार पर तो आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी और राज्यसभा से इस्तीफा देने वाले कृष्णैया को उम्मीदवार बनाया है। सुजीत का कार्यकाल 2 अप्रैल, 2026 तक था और कृष्णैया का कार्यकाल 21 जून, 2028 तक था। हरियाणा से राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष रहीं रेखा शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। मूलत: पंचकूला की रहने वाली रेखा शर्मा लगातार नौ सालों तक महिला आयोग की अध्यक्ष रही हैं। उन्हें पीएम मोदी का करीबी माना जाता है।

मस्क की स्टारलिंक से अंडमान पुलिस ने ब्योरा मांगा
अंडमान पुलिस ने एलन मस्क के स्वामित्व वाली कंपनी स्टारलिंक से ड्रग्स तस्करी में रास्ता देखने के लिए इस्तेमाल हुई डिवाइस के खरीदार का पूरा ब्योरा से मांगा है। अंडमान पुलिस ने नवंबर में भारतीय जल क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी 4.2 अरब डॉलर की ड्रग्स खेप पकड़ने के मामले में चल रही जांच के अंतर्गत अमेरिकी कंपनी से कानूनी जवाब मांगा है। पुलिस ने स्टारलिंक से खरीदार का नाम, भुगतान का मोड, रजिस्ट्रेशन विवरण और म्यांमार से भारत के जल क्षेत्र में प्रवेश करते वक्त डिवाइस ने कहां का इंटरनेट इस्तेमाल किया इसका ब्योरा मांगा है। यह पहली बार है जब स्टारलिंक के डिवाइस का इस्तेमाल किसी बड़ी ड्रग खेप को भारतीय जलक्षेत्र में पहुंचाने के लिए किया गया है। यह जांच ऐसे समय में हुई है जब मस्क के स्वामित्व वाली कंपनी भारत में अपनी सैटेलाइट ब्रॉडबैंड सेवाओं को लॉन्च करने के लिए हरी झंडी मिलने से पहले किसी भी संभावित सुरक्षा चिंताओं को दूर करने की कोशिश कर रही है।

गुजरात में दो एडीजीपी समेत 19 आईपीएस अधिकारियों का तबादला 
गुजरात सरकार ने सोमवार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी-अपराध और रेलवे) राजकुमार पांडियन और एडीजीपी (कानून व्यवस्था) शमशेर सिंह सहित भारतीय पुलिस सेवा के 19 अधिकारियों का तबादला कर दिया। 1991 बैच के अधिकारी सिंह अगले आदेश तक एसीबी प्रमुख बने रहेंगे। 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी पांडियन को सिंह के स्थान पर एडीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) के रूप में तैनात किया गया है। इसके अलावा, अजय चौधरी को गांधीनगर में एडीजीपी, महिला सेल, एमएल निनामा को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राज्य यातायात शाखा गांधीनगर, विधि चौधरी को अतिरिक्त सीपी विशेष शाखा अहमदाबाद, जयपालसिंह राठौड़ को अहमदाबाद के सेक्टर 2 में विशेष पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। जबकि वडोदरा शहर में जोन-3 के अतिरिक्त सीपी के रूप में कार्यरत लीना पाटिल को नया अतिरिक्त सीपी अपराध और कानून व्यवस्थआ नियुक्त किया गया है। बलराम मीना को अहमदाबाद में जोन I डीसीपी, हिमांशु कुमार वर्मा को गांधीनगर में सीआईडी-अपराध की आर्थिक अपराध विरोधी शाखा के एसपी के रूप में नियुक्त किया गया है।


इस साल 1,75,025 जायरीन कर सकेंगे तीर्थ,  सऊदी अरब ने तय किया भारत का कोटा
2025 के लिए सऊदी अरब ने 1,75,025 जायरीनों के लिए हज कोटा निर्धारित किया है। इन भारतीय तीर्थयात्रियों का जत्था अलग-अलग समूहों में हज करने जाएगा। अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में कहा, भारतीय हज समिति और हज समूह आयोजकों (एचजीओ) के बीच वर्ष 2025 के लिए कोटा 70:30 के अनुपात में बांटा गया है। एचजीओ को आवंटित हज यात्रियों का कोटा 30 प्रतिशत यानी 52,507 यात्री है। सरकार के मुताबिक हज कोटा आवंटन और हज समूह आयोजकों से संबंधित नियम-शर्तें दोनों देशों के द्विपक्षीय समझौते पर आधारित होते हैं। क्योंकि हज करने दुनियाभर के जायरीन सऊदी आते हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में प्रबंधन जटिल प्रक्रिया होती है। भारत और सऊदी अरब के बीच हस्ताक्षरित द्विपक्षीय समझौते में कई जमीनी हकीकतों को ध्यान में रखा गया है।

पीएम मोदी से सीएम एमके स्टालिन की अपील

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर एससी, एसटी और ओबीसी छात्रों के लिए पोस्ट-मैट्रिक और प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए वार्षिक पारिवारिक आय सीमा को 2.5 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये करने का अनुरोध किया है।
 

पुणे से अगवा भाजपा MLC के चाचा की हत्या, CCTV खंगाल रही पुलिस
महाराष्ट्र में भाजपा एमएलसी योगेश तिलेकर के 55 वर्षीय चाचा सतीश वाघ का सोमवार सुबह अपहरण कर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार वाघ को पुणे शहर के हडपसर क्षेत्र में शेवालवाड़ी चौक के पास चार से पांच अज्ञात लोगों ने जबरन एक एसयूबी में बैठा लिया। घटना के समय वाघ सुबह की सैर पर निकले थे। अपहरण की सूचना सोमवार को सुबह करीब छह बजकर 20 मिनट पर पुणे जिले के मंजरी के फुरसुंगी फाटा स्थित होटल ब्लूबेरी के पास मिली। शाम को वाघ का शव अपहरण स्थल से करीब 40 किलोमीटर दूर यवत पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र से बरामद किया गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज पाटिल ने बताया कि वाघ का शव पुणे-सोलापुर राजमार्ग पर यवत इलाके में मिला। उनके शरीर पर चाकू से वार के निशान थे। पुलिस ने इलाके की सीसीटीवी फुटेज जुटाकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों सहित 5 स्पेशल टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं।

बेटे ने दी अपहरण और हत्या की सूचना
परिवार की ओर से किसी पर शक नहीं जताया गया है और न ही फिरौती के लिए कोई कॉल आया। मृतक के बेटे ओमकार वाघ (27) ने शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके पिता सुबह की सैर के लिए निकले थे, तभी 4 से 5 अज्ञात लोगों ने उन्हें जबरन एक कार में बिठा लिया और सोलापुर रोड की ओर ले गए। पुलिस उपायुक्त आर राजा ने बताया कि सतीश वाघ की हत्या यवत पुलिस स्टेशन की सीमा में की गई। अज्ञात संदिग्धों का पता लगाने के लिए काम कर रही हैं। 

कर्नाटक लोकायुक्त ने कई जगह मारे छापे

कर्नाटक लोकायुक्त ने बेंगलुरु, कोप्पल, कलबुर्गी, चन्नापट्टना और गडग में विभिन्न स्थानों पर छापे मारे। कई सरकारी अधिकारियों के घरों, खेतों और अन्य परिसरों पर छापे मारे जा रहे हैं

मणिपुर के उखरुल में अफीम की 55 एकड़ अवैध फसल नष्ट
मणिपुर पुलिस और वन विभाग ने उखरूल जिले के शिहाई खुल्लेन के पहाड़ी क्षेत्र में लगभग 55 एकड़ में अफीम की अवैध फसल को नष्ट कर दिया है। पुलिस ने बताया कि सोमवार को अभियान के दौरान अफीम के खेतों में मिली पांच झोपड़ियों को भी जला दिया गया तथा अवैध फसल में शामिल अपराधियों को चिह्नित करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

 एक आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, मणिपुर सरकार ने 2017 से अब तक कम से कम 12 जिलों में कुल 19,135.6 एकड़ पर अफीम की अवैध फसल को नष्ट कर दिया है।

रिमोट सेंसिंग और जीआईएस प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए अफीम पोस्त की खेती वाले क्षेत्र का मानचित्रण और आकलन नामक अध्ययन से पता चला है कि इस अवधि के दौरान कांगपोकपी जिले में सबसे अधिक 4,454.4 एकड़ भूमि नष्ट हुई, इसके बाद उखरूल में 3,348 एकड़ और चुराचांदपुर में 2,713.8 एकड़ भूमि नष्ट हुई।

अजय सेठ को मिला राजस्व विभाग के सचिव के पद का अतिरिक्त प्रभार
आर्थिक मामलों के सचिव अजय सेठ को मंगलवार को तत्काल प्रभाव से राजस्व विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। सरकार ने सोमवार को राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा को भारतीय रिजर्व बैंक का गवर्नर नियुक्त किया, जिसके बाद सेठ को दोहरी भूमिका दी गई। संजय मल्होत्रा 11 दिसंबर से तीन साल के लिए आरबीआई का कार्यभार संभालेंगे। सरकारी आदेश में कहा गया है: सक्षम प्राधिकारी ने नियमित पदधारी की नियुक्ति या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, तत्काल प्रभाव से आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव अजय सेठ को राजस्व विभाग के सचिव के पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपने को मंजूरी दे दी है। कर्नाटक कैडर के 1987 बैच के आईएएस अधिकारी सेठ अप्रैल 2021 से आर्थिक मामलों के विभाग में सचिव हैं।

गुजरात: सड़क किनारे बने एक ढाबे में घुसी कार, तीन लोग घायल
गुजरात के छोटा उदयपुर जिले के बोडेली कस्बे में एक तेज रफ्तार एसयूवी के मुख्य मार्ग से हटकर अस्थायी ढाबे में घुसने से सड़क किनारे बने ढाबे में खाना खा रहे तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि एसयूवी चालक कुछ सेकंड के लिए बेहोश हो गया और इसी कारण यह दुर्घटना हुई। बोडेली के पुलिस निरीक्षक डीएस वधेर ने बताया कि दुर्घटना सोमवार रात करीब 10:35 बजे हुई, लेकिन अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, क्योंकि ढाबे के मालिक और घायल ग्राहकों ने औपचारिक शिकायत देने से इनकार कर दिया है। यह दुर्घटना अस्थायी ढाबे में बने ढाबे के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक एसयूवी को अस्थायी ढाबे में घुसते और खाना खा रहे कुछ ग्राहकों को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है।
 

पंजाब, एमपी, यूपी, बिहार के 90% से अधिक गांव खुले में शौच से मुक्त

पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के 90 प्रतिशत से अधिक गांवों ने खुले में शौच मुक्त का दर्जा हासिल कर लिया है। खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) प्लस स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के तहत एक स्वच्छता बेंचमार्क है। इसका उद्देश्य स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाना है। ओडीएफ का दर्जा तब प्राप्त होता है जब कोई समुदाय खुले में शौच को पूरी तरह समाप्त कर देता है, ओडीएफ प्लस इस स्थिति की स्थिरता है। इसका अर्थ व्यापक स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन उद्देश्यों को एकीकृत करना और इस क्षेत्र में आगे बढ़ना है।

जल शक्ति मंत्रालय की ओर से मंगलवार को कहा गया है कि पंजाब और उत्तर प्रदेश ने 98 प्रतिशत ओडीएफ प्लस की स्थिति हासिल कर ली है। मध्य प्रदेश 99 प्रतिशत गांवों ने ओडीएफ प्लस मानदंडों को पूरा करने में अग्रणी है, जिसमें 95 प्रतिशत ने उन्नत ओडीएफ प्लस मॉडल का दर्जा हासिल कर लिया है। बिहार, हालांकि थोड़ा पीछे है। यह 92 प्रतिशत ओडीएफ प्लस कवरेज तक पहुंच गया है।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने राज्य के अधिकारियों और मिशन निदेशकों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सिर्फ एक बुनियादी ढांचे के लक्ष्य से कहीं अधिक है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed