फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 07 Dec North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News

Updates: वक्फ संपत्ति डिजिटल रिकॉर्डिंग अभियान का पहला चरण पूरा; त्रिपुरा के कांग्रेस विधायक ने BLO को धमकाया

Sun, 07 Dec 2025 11:25 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Sun, 07 Dec 2025 11:25 PM IST
विज्ञापन
News Updates 07 Dec North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
देशभर की वक्फ संपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने के लिए 6 जून को लॉन्च की गई 'उम्मीद' केंद्रीय पोर्टल का पहला चरण पूरा हो गया है। पोर्टल पर अब अपलोड प्रक्रिया 6 दिसंबर से आधिकारिक रूप से बंद कर दी गई। यह छह महीने की समय-सीमा 'उम्मीद' अधिनियम, 1995 और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत तय की गई थी।
विज्ञापन


अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने बताया कि जैसे-जैसे अंतिम तिथि नजदीक आई, राज्यों की ओर से अपलोड की गति तेज हुई। लगातार समीक्षा बैठकों, प्रशिक्षण सत्रों और सचिव स्तर की हस्तक्षेपों से अपलोड में तेजी आई और अंतिम घंटों में पोर्टल पर गतिविधि बढ़ गई। मंत्रालय के अनुसार, पोर्टल पर 5,17,040 वक्फ संपत्तियों की एंट्री की गई। इनमें से 2,16,905 संपत्तियां अधिकारियों द्वारा मंजूर की गईं, जबकि 2,13,941 संपत्तियां अनुमोदन की प्रक्रिया में हैं। सत्यापन के दौरान 10,869 संपत्तियों को खारिज किया गया। प्रगति रिपोर्ट में बताया गया कि उत्तर प्रदेश सुन्नी वक्फ बोर्ड ने सबसे अधिक 86,345 संपत्तियों की एंट्री की, और अपलोडिंग की शुरुआत करने में भी वह सबसे आगे रहा।
विज्ञापन


मंत्रालय ने इस व्यापक राष्ट्रीय अभियान के लिए राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के वक्फ बोर्डों के साथ निरंतर प्रशिक्षण कार्यशालाएं कीं। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव चंद्रशेखर कुमार ने छह महीनों में 20 से अधिक समीक्षा बैठकें कर राज्यों को मार्गदर्शन दिया। मंत्रालय ने कहा कि इस चरण का समापन वक्फ संपत्तियों के पारदर्शी और एकीकृत डिजिटल प्रबंधन की दिशा में बड़ा कदम है, जिससे जवाबदेही और दक्षता बढ़ेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


एअर इंडिया विमान हादसे जांच के लिए अमेरिका जाएंगे जांचकर्ता
जून में हुए एअर इंडिया विमान हादसे की जांच को आगे बढ़ाने के लिए भारत के जांचकर्ता अगले सप्ताह संयुक्त राज्य अमेरिका जाएंगे। वहां वे नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) के साथ अब तक जुटाए गए सबूतों पर चर्चा करेंगे। यह जानकारी ब्लूमबर्ग ने शनिवार को अपनी रिपोर्ट में दी है।

जुबीन मौत मामले में 12 को दाखिल होगा आरोपपत्र
लोकप्रिय गायक ज़ुबीन गर्ग की मौत के मामले में जांच लगभग पूरी हो चुकी है। असम पुलिस मामले में 12 दिसंबर को अदालत में चार्जशीट दाखिल करेगी। सीआईडी के विशेष पुलिस महानिदेशक मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने बताया कि मामले में अब तक सात गिरफ्तारियां हुई हैं। 300 से अधिक गवाहों से पूछताछ की गई है। जुबीन की मौत 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय हुई थी। मुख्यमंत्री ने इस घटना को हत्या करार दिया था। गिरफ्तार किए गए लोगों में फेस्टिवल के आयोजक, जुबीन के मैनेजर, बैंड सदस्य, उनके चचेरे भाई (जो डीएसपी हैं), और उनके दो पीएसओ शामिल हैं। सिंगापुर पुलिस भी मामले की अलग से जांच कर रही। हालांकि, उन्होंने प्राथमिक जांच में किसी साजिश की आशंका से इन्कार किया था।

त्रिपुरा में सत्ताधारी गठबंधन में दरार के संकेत

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि किसी व्यक्ति या राजनीतिक पार्टी को किसी भी तरह की धमकी देना या डराना-धमकाना और उन्हें राज्य में किसी खास जगह पर जाने से रोकना, बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति या राजनीतिक पार्टी को राज्य के किसी भी हिस्से में जाने या किसी कार्यक्रम में शामिल होने का अधिकार है।

साहा ने शनिवार को बरकथल में एक पार्टी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, 'मैंने सुना है कि यहां भाजपा का कोई भी कार्यक्रम न करने की धमकियां दी गई थीं। सीएम, आदिवासी कल्याण मंत्री और भाजपा नेताओं को किसी भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बरकथल इलाके में घुसने नहीं देने की धमकी दी गई है। मैं कहना चाहता हूं कि यह इलाका किसी की निजी संपत्ति नहीं है।' कार्यक्रम में, साहा ने आदिवासी कल्याण मंत्री विकास देबबर्मा और पार्टी महासचिव बिपिन देबबर्मा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होने वाले 107 परिवारों का स्वागत किया।

बरकथल इलाका सिमना विधानसभा सीट के अंदर आता है, जिस पर टिपरा मोथा पार्टी (TMP) का कब्ज़ा है, जो राज्य में BJP की गठबंधन सरकार की सहयोगी है। ऐसे में राज्य में सत्ताधारी गठबंधन में दरार के संकेत मिल रहे हैं। अपनी सहयोगी (TMP) का नाम लिए बिना सीएम साहा ने कहा कि हर व्यक्ति और राजनीतिक पार्टी को राज्य में कहीं भी जाने या प्रोग्राम में शामिल होने का अधिकार है। सीएम ने दावा किया कि भाजपा देश की सबसे अच्छी पार्टी है और पार्टी का क्षेत्रीय पार्टियों से कोई झगड़ा नहीं है। साहा ने कहा कि कुछ लोग उग्रवाद की ओर झुके हुए हैं, खासकर जनजाति (आदिवासी) तबके से।
 

मणिपुर में दस उग्रवादी गिरफ्तार

सुरक्षा बलों ने मणिपुर में कथित तौर पर जबरन वसूली में शामिल अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों के 10 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया ये गिरफ्तारियां पिछले कुछ दिनों में थौबल, काकचिंग और इंफाल वेस्ट जिलों में की गईं।

प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (कोइरेंग) संगठन के एक सक्रिय कैडर को शुक्रवार को इंफाल वेस्ट जिले के मिनुथोंग से गिरफ्तार किया गया। जिसकी पहचान हिजाम मरजीत सिंह (51) के रूप में हुई है, वह इंफाल-दीमापुर रोड पर चलने वाले ट्रक ड्राइवरों से जबरन वसूली करने में शामिल था। संगठन के एक और कैडर को भी उसी दिन थौबल जिले के लाइफ्राकपम ममांग से गिरफ्तार किया गया था।

सिक्योरिटी फोर्स ने शुक्रवार को थौबल जिले के याइरिपोक वांगखेम इलाके से प्रतिबंधित KCP (अपुनबा) संगठन के दो कैडर को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान कोनसम अनाओ सिंह (26) और खोइरोम लांगाम्बा मेइतेई (27) के तौर पर हुई। बयान में कहा गया कि उनके पास से एक SMG कार्बाइन और दो खाली मैगज़ीन ज़ब्त की गईं।

पुलिस ने शुक्रवार को काकचिंग जिले के सेकमाइजिन खोइदुम से बैन KCP (MFL) संगठन के दो एक्टिव कैडर को गिरफ्तार किया। PREPAK के एक कैडर को शनिवार को तेरा उरक चेक-पॉइंट से गिरफ्तार किया गया, जबकि PREPAK (PRO) के दूसरे कैडर को शनिवार को इंफाल वेस्ट जिले के नागमपाल कांगजाबी लीराक से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने शनिवार को इंफाल वेस्ट जिले के लाम्बोइखोंगनांगखोंग से KCP (अपुनबा) के एक एक्टिव कैडर को गिरफ्तार किया, जबकि KCP (ताइबांगनबा) के एक कैडर को गुरुवार को काकचिंग जिले के काकचिंग लमखाई से गिरफ्तार किया गया। प्रतिबंधित कांगलेई यावोल कन्ना लुप संगठन के एक सक्रिय कैडर को शनिवार को थौबल जिले के कैरेम्बिखोक से गिरफ्तार किया गया।

गीता पाठ में शामिल हुए बंगाल के गवर्नर

बंगाल लोक भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के गवर्नर सी वी आनंद बोस रविवार को कोलकाता में एक बड़े भगवद गीता पाठ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्यपाल कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में लोगों को संबोधित भी करेंगे। इस पाठ कार्यक्रम में लाखों लोग जुटे हैं। आयोजकों का दावा है कि इसमें पांच लाख लोग शामिल हुए हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के जाने-माने धार्मिक लोग भी इस इवेंट में शामिल हैं। 'पांच लाख लोगों कोंठे गीता पाठ' (पांच लाख लोगों द्वारा गीता का जाप) नाम का यह कार्यक्रम सनातन संस्कृति संसद नामक संगठन आयोजित कर रहा है, जो अलग-अलग मठों और हिंदू धार्मिक संस्थानों से आए साधुओं और आध्यात्मिक नेताओं का एक समूह है।

गुरुग्राम की रियल एस्टेट कंपनी के खिलाफ चार्जशीट दायर करेगी ईडी

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जल्द ही गुरुग्राम की एक रियल एस्टेट कंपनी और उसके प्रमोटरों के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) में कथित गड़बड़ियों और घर खरीदने वालों के साथ धोखाधड़ी के मामले में चार्जशीट दायर करेगी। ईडी का कहना है कि इन मामलों में करोड़ों रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग की गई। ओशन सेवन बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड (OSBPL) नाम की कंपनी के एमडी और मुख्य आरोपी स्वराज सिंह यादव को संघीय जांच एजेंसी ईडी ने 13 नवंबर को गिरफ्तार किया था और वह अभी न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है। ED ने आरोप लगाया है कि यादव ने पीएम आवास योजना के तहत बेचे जाने वाले घरों को कैंसल करके, उन्हें बढ़ी हुई कीमतों पर दोबारा बेचकर, काफी पैसा जुटाया। इस 222 करोड़ रुपये की रकम को शेल (डमी) कंपनियों में डायवर्ट किया। पीएम आवास योजना का मकसद आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को घर देना है, जो केंद्र सरकार की 'सभी के लिए घर' पक्का करने की बड़ी योजना का हिस्सा है।
 

टीएमसी से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर अब एक लाख लोगों से कराएंगे कुरान पाठ 

टीएमसी से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने रविवार को कहा कि वह फरवरी में 1 लाख लोगों को जुटाकर कुरान पाठ का आयोजन करेंगे। हुमायूं कबीर का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब रविवार को ही कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में 5 लाख लोग भगवद गीता का पाठ कर रहे हैं। कबीर ने इससे पहले शनिवार को मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद की नींव रखी। उन्होंने कहा कि वह सभी लोगों को मीट और चावल की दावत देंगे। कबीर ने कहा, 'इसके बाद, बाबरी मस्जिद बनाने का काम शुरू होगा।'
 

'गोवा अग्निकांड प्रशासनिक विफलता का नतीजा'

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गोवा में नाइट क्लब में लगी आग पर दुख जताया, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई। पीड़ितों के प्रति संवेदना जाहिर करते हुए राहुल गांधी ने हादसे के लिए प्रशासन को आड़े हाथों लिया। राहुल गांधी ने लिखा 'यह सिर्फ हादसा नहीं है बल्कि प्रशासनिक विफलता का नतीजा है। हादसे की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हो सकें।'

50.94 करोड़ से अधिक गणना फॉर्म बांटे गए- ईसीआई
निर्वाचन आयोग ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण फेज-2 की शुरुआत के बाद से 50.94 करोड़ से अधिक गणना फॉर्म मतदाताओं के बीच वितरित किए गए हैं। इस फेज में लगभग 51 करोड़ वोटरों में से 99.94% को कवर किया जाएगा।
 

केरल के कोल्लम में भीषण आग में 10 मछली पकड़ने वाली नावें जलकर खाक
कोल्लम पुलिस ने बताया कि रविवार तड़के अष्टमुडी झील में खड़ी लगभग 10 मछली पकड़ने वाली नावें भीषण आग में जलकर खाक हो गईं। यह घटना अंचलुमूद पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले कुरीपुझा इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार, आग सबसे पहले आधी रात के बाद देखी गई और एक पंक्ति में खड़ी नावों में आग लग गई। स्थानीय निवासी और दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के लिए दौड़ पड़े।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'प्रारंभिक आकलन के अनुसार, लगभग 10 नावें जलकर खाक हो गईं। सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन गैस सिलेंडर में विस्फोट होने का संदेह है।' उन्होंने आगे बताया कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लोकसभा सांसद एन के प्रेमचंद्रन ने सरकार से इस घटना की व्यापक जांच कराने का आग्रह किया। उन्होंने क्षेत्र में बार-बार आग लगने की घटनाओं का हवाला दिया, जिसमें कुछ दिन पहले मुक्कड़ में हुई एक ऐसी ही घटना भी शामिल है। प्रेमचंद्रन ने कहा, 'बार-बार हो रही घटनाओं ने मत्स्य पालन क्षेत्र पर निर्भर लोगों में व्यापक चिंता पैदा कर दी है।' उन्होंने बताया कि प्रारंभिक संदेह गैस स्टोव विस्फोट की ओर इशारा करता है। उन्होंने कारण का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की मांग की और सरकार से प्रभावित लोगों को मुआवजा देने का आग्रह किया।

IUML नेता ने मस्जिद में महिलाओं के प्रवेश पर बेटी की टिप्पणी पर दी सफाई
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता सैय्यद मुनव्वार अली शिहाब थंगल ने रविवार को अपनी बेटी के हालिया बयान पर सफाई दी। उनकी 16 वर्षीय बेटी फ़ातिमा नर्गिस ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा था कि महिलाओं को मस्जिदों में प्रवेश से रोकना सिर्फ़ एक सांस्कृतिक प्रथा है, और इसमें बदलाव होना चाहिए।

उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया और समुदाय के भीतर चर्चा तेज हो गई थी। फेसबुक पर जारी बयान में थंगल ने कहा कि यह टिप्पणी उनकी बेटी की ओर से आया अचानक प्रतिक्रिया का हिस्सा थी और वह इस विषय पर धार्मिक दृष्टि से अभी पूरी जानकारी नहीं रखती। उन्होंने लिखा, 'मैं एक पिता के तौर पर यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि फातिमा की टिप्पणी इस विषय पर मुस्लिम समुदाय की मुख्यधारा की मान्यता या विद्वानों के निष्कर्षों से मेल नहीं खाती।' थंगल ने आगे कहा कि इस मुद्दे पर इस्लामी कानून से जुड़ी गहरी समझ और शिक्षा की जरूरत होती है, जो उनकी बेटी के पास अभी नहीं है।

उन्होंने कहा, 'उसका बयान एक परिपक्व राय नहीं बल्कि एक नासमझ प्रतिक्रिया थी। इसलिए इस विषय पर पहले से मौजूद विद्वानों के फैसले ही मान्य हैं।' इस मामले पर आईयूएलएल के राज्य अध्यक्ष सैय्यद सादिक अली शिहाब थंगल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि यह टिप्पणी एक बच्चे की थी और इसे लेकर कोई विवाद नहीं खड़ा किया जाना चाहिए।

त्रिपुरा के कांग्रेस विधायक की धमकी, अनियमितता पर बीएलओ की होगी पिटाई
त्रिपुरा में कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने अनियमितताओं पर बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को पीटने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान यदि बीएलओ किसी भी असली वोटर का नाम हटाने या फर्जी नाम शामिल करने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें सरेआम पीटा जाएगा। अगरतला में एसआईआर के लिए पार्टी के बूथ स्तरीय एजेंटों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बर्मन ने कहा कि कांग्रेस एक पारदर्शी मतदाता सूची चाहती है और त्रिपुरा में वह नहीं होने देगी जो महाराष्ट्र, बिहार और हरियाणा में हुआ था।

उन्होंने कहा, कांग्रेस को मतदाता सूची से मृतकों और विदेशी लोगों को नाम हटाने से कोई आपत्ति नहीं है लेकिन फर्जी वोटरों के नाम शामिल करने की कोई भी गलत हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, गलती रहित वोटर लिस्ट तैयार करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। अगर बीएलओ सूची में फर्जी नाम शामिल करने के लिए कोई गलत तरीका अपनाते हैं, तो इसके गंभीर नतीजे होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed