Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news update politics pm modi Government Medical Colleges Cashless Treatment Satellites 3D Images of Cities

समाचार अपडेट: गोवा में 24 घंटे खुल सकेंगी दुकानें और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स; केरलम में 50 छात्रों की तबीयत बिगड़ी

Wed, 18 Nov 2026 11:25 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Wed, 18 Nov 2026 11:25 PM IST
विज्ञापन
news update politics pm modi Government Medical Colleges Cashless Treatment Satellites 3D Images of Cities
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
सड़क हादसों में घायल मरीजों को अब सरकारी मेडिकल कॉलेजों और उनसे जुड़े अस्पतालों में भी कैशलेस इलाज मिल सकेगा। केंद्र सरकार प्रधानमंत्री-राहत योजना का दायरा बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों के डीन, निदेशक और प्राचार्यों को योजना से जुड़ने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। 13 फरवरी 2026 को शुरू हुई योजना के तहत मोटर वाहन हादसे में घायल पात्र व्यक्ति को अधिकतम सात दिन तक डेढ़ लाख रुपये का कैशलेस इलाज मिलता है। इसके लिए अस्पताल का योजना में पंजीकृत होना जरूरी है। इसका उद्देश्य आर्थिक परेशानी के कारण इलाज में देरी रोकना और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों के जुड़ने से योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा का दायरा और बढ़ेगा। 
विज्ञापन


कोलकाता पुलिस में नई आरएएफ बटालियन बनेगी,790 जवान होंगे शामिल
पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता पुलिस के तहत नई रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) बटालियन बनाने को मंजूरी दे दी है। राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन


इसका मकसद शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करना है। साथ ही आपात स्थिति में पुलिस की कार्रवाई को तेज करना है। राज्य के गृह विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। अधिकारी के मुताबिक, प्रस्तावित बटालियन में कुल 790 कर्मचारी होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


इनमें करीब 500 कांस्टेबल शामिल होंगे। इनमें पुरुष और महिला दोनों होंगे। इसके अलावा निरीक्षक, उप-निरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी भी तैनात किए जाएंगे।

केरल का केरोसिन कोटा बहाल करने से केंद्र का इनकार 
केंद्र सरकार ने केरल का कम किया गया केरोसिन कोटा बहाल करने से इनकार कर दिया है। हालांकि, राज्य की विशेष मांग पर एक बार अतिरिक्त केरोसिन देने पर विचार करने का आश्वासन दिया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप जैकब ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह आश्वासन उन्हें नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में हुई बैठक के दौरान मिला। जैकब ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी से मुलाकात की थी। केरल के मंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई।

केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने पीएम मोदी से की मुलाकात
केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पर हुई।

कोलकाता में एसएफआई और एबीवीपी समर्थकों के बीच झड़प
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार को एसएफआई और एबीवीपी के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों छात्र संगठनों के समर्थकों के बीच कॉलेज स्ट्रीट पर झड़प हुई।

गोवा में दुकानें, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मॉल अब 24 घंटे खुल सकेंगे,सरकार ने 3 साल के लिए दी मंजूरी
गोवा में अब दुकानें, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मॉल 24 घंटे खुले रह सकेंगे। राज्य सरकार ने इन्हें चौबीसों घंटे कारोबार करने की अनुमति दे दी है। यह अनुमति तीन साल के लिए दी गई है। इससे दुकानदार और कारोबारी सामान्य समय के बाद भी ग्राहकों को सामान बेच सकेंगे। इसका फायदा पर्यटकों को भी मिलेगा। वे अपनी सुविधा के हिसाब से कभी भी खरीदारी कर सकेंगे।

सरकार का यह फैसला तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। गोवा के श्रम विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। यह आदेश गोवा दुकान एवं प्रतिष्ठान (रोजगार और सेवा शर्तों का नियमन) अधिनियम, 2025 के तहत जारी किया गया है। इसके तहत राज्य की दुकानें, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मॉल चौबीसों घंटे खुले रह सकते हैं।

 सरकार ने यह अनुमति तीन साल के लिए दी है। हालांकि, सरकार चाहे तो इस अवधि से पहले भी अनुमति वापस ले सकती है। यानी तीन साल की अवधि पूरी होने से पहले भी इस फैसले को रद्द किया जा सकता है। सरकार ने 24 घंटे दुकान खोलने की छूट कुछ शर्तों के साथ दी है।

अधिसूचना के मुताबिक, सभी दुकानों और प्रतिष्ठानों को अधिनियम के कानूनी प्रावधानों का पालन करना होगा। अगर कोई नियोक्ता यानी कारोबारी किसी कानूनी प्रावधान या तय शर्त का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने साफ किया है कि 24 घंटे दुकान खोलने की अनुमति का मतलब नियमों से छूट मिलना नहीं है। सभी प्रतिष्ठानों को कानून के दायरे में रहकर ही काम करना होगा।

केरलम में 60 स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ी
केरलम के कोट्टियम में एक निजी स्कूल के कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बुधवार को बच्चों को सांस लेने में परेशानी हुई। कुछ बच्चों ने खुजली और दूसरी शारीरिक दिक्कतों की शिकायत भी की। पुलिस के मुताबिक, इन बच्चों की परेशानी पास में चल रहे टार मिक्सिंग प्लांट से होने वाले प्रदूषण से जुड़ी हो सकती है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों के मुताबिक, अलग-अलग कक्षाओं के करीब 55 से 60 बच्चे प्रभावित हुए हैं। इनमें छोटी कक्षाओं से लेकर प्लस टू यानी 12वीं तक के छात्र शामिल हैं। बच्चों ने शरीर में परेशानी और सांस लेने में दिक्कत बताई। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत मेडिकल मदद का इंतजाम किया।

करीब आठ एंबुलेंस तैनात की गईं। इनसे प्रभावित बच्चों को इलाज के लिए पास के अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस घटना के बाद स्कूल के पास स्थित टार मिक्सिंग प्लांट के संचालन को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पंचायत प्रशासन ने पहले इस प्लांट को बंद करने का नोटिस दिया था। हालांकि, कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद प्लांट ने दोबारा काम शुरू कर दिया।

स्थानीय लोगों ने दावा किया कि प्लांट दोबारा शुरू होने के बाद ही बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें सामने आईं। घटना के बाद पुलिस और पंचायत प्रशासन ने मामले में दखल दिया है।

जनजातीय गौरव दिवस पर बंगाल सीएम ने छात्रावास का निरीक्षण किया 
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को अलीपुरद्वार के लोकनाथपुर आश्रम स्थित एसटी गर्ल्स हॉस्टल का दौरा किया। यह दौरा राज्यभर में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस समारोह का हिस्सा था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को एक अहम निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 324 सरकारी छात्रावासों में हारमोनियम और संगीत के दूसरे वाद्ययंत्र उपलब्ध कराए जाएं।

इन छात्रावासों में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के छात्र रहते हैं। इस फैसले से करीब 14,700 एससी और एसटी छात्रों को फायदा होगा। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रावास में रहने वाले बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने छात्रों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने को कहा।

उन्होंने सलाह दी कि अगर उन्हें किसी तरह की कमी या परेशानी दिखाई देती है, तो वे इसकी जानकारी अपने माता-पिता के जरिए अधिकारियों तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों और छात्रावास अधीक्षकों से भी सुझाव मांगे। उन्होंने छात्रावासों की व्यवस्था और कामकाज को लेकर उनकी राय जानी।

केरल: उगाही के मामले में गिरफ्तार कांग्रेस नेता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित
उगाही के एक मामले में एक दिन पहले गिरफ्तार किए गए कांग्रेस नेता को पार्टी से निकाल दिया गया है। उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। पार्टी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

तिरुवनंतपुरम जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) के सचिव सुहैल शाहजहां को पार्टी से निकाला गया है। सूत्रों के मुताबिक, उनकी गिरफ्तारी के बाद मंगलवार रात को ही यह फैसला ले लिया गया था। शाहजहां पर एक डॉक्टर से 10 लाख रुपये की उगाही करने का आरोप है। उन्होंने डॉक्टर को धमकी दी थी। कहा था कि वह उनके अस्पताल के बारे में अपमानजनक वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देंगे। इस मामले को लेकर वामपंथी दलों ने कांग्रेस की आलोचना की है।

भाजपा पदाधिकारियों की कार्यशाला 27-28 नवंबर को होगी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की कार्यशाला 27 और 28 नवंबर को हरियाणा के सूरजकुंड में होगी। इसके बाद 19 और 20 दिसंबर को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। यह बैठक नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

ऑस्ट्रेलिया के राजदूत ने बंगाल भाजपा अध्यक्ष से की मुलाकात, राज्य के विकास में सहयोग पर हुई चर्चा
भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने बुधवार को पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य से मुलाकात की। यह मुलाकात कोलकाता में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में हुई। दोनों के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें ऑस्ट्रेलिया और पश्चिम बंगाल के बीच आपसी सहयोग की संभावनाओं पर बात हुई। 

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब भाजपा सरकार बंगाल में निवेश लाने पर जोर दे रही है। सरकार का लक्ष्य औद्योगिक विकास को तेज करना है। साथ ही रोजगार के नए अवसर पैदा करना भी है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद ये मुद्दे सरकार की प्राथमिकता में हैं।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, ग्रीन ने भट्टाचार्य के साथ लंबी बातचीत की। उन्होंने पश्चिम बंगाल के विकास के लिए हरसंभव मदद देने की इच्छा जताई। बैठक के बाद ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त ने पत्रकारों से बात की।

उन्होंने कहा, अगले महीने आईएमएमई (इंटरनेशनल माइनिंग एंड मशीनरी एग्जिबिशन) खनन सम्मेलन है। यह भारत का सबसे बड़ा खनन सम्मेलन है। ऑस्ट्रेलिया इस बार अपना अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल भेजेगा। इसमें 50 से ज्यादा कंपनियां शामिल होंगी। मैंने अध्यक्ष को भरोसा दिया है कि मैं इन कंपनियों का उनकी सरकार से संपर्क कराऊंगा। खनन कार्यों के जिन भी क्षेत्रों में यहां की सरकार की रुचि होगी, उनमें यह संपर्क कराया जाएगा।  

ओडिशा में आदिवासियों का प्रदर्शन, पूजा स्थल पर हमले का आरोप; बजरंग दल के पांच सदस्य गिरफ्तार
ओडिशा के क्योंझर जिले में बुधवार को सैकड़ों आदिवासियों ने प्रदर्शन किया। वे संताल समुदाय के पूजा स्थल 'जाहिरा' पर हुए हमले का विरोध कर रहे थे।

माझी परगना महल और मिलिता आदिवासी कल्याण मंच के संयुक्त आह्वान पर संताल समुदाय के बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं जुटे। विपक्षी बीजू जनता दल (बीजेडी) ने भी आदिवासियों के इस प्रदर्शन का समर्थन किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासन में वे खुद को लगातार असुरक्षित और उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका आरोप है कि राज्य सरकार आदिवासी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रही है। सरकार आदिवासियों और उनके पवित्र पूजा स्थलों पर हमलों को रोकने में नाकाम रही है।

आरोप है कि 23 अक्तूबर को क्योंझर जिले के घासीपुरा इलाके के बसंतपुर गांव में एक जाहिरा पर हमला किया गया था। उस समय संताल समुदाय के लोग अपने पवित्र पूजा स्थल पर धार्मिक अनुष्ठान कर रहे थे। आरोप है कि बजरंग दल से जुड़े कुछ लोग वहां पहुंचे। उन्होंने पवित्र स्थल में घुसकर तोड़फोड़ की।



उपग्रहों से अब बनेगी देश के शहरों की सटीक 3डी तस्वीर
अंतरिक्ष क्षेत्र को बढ़ावा देने वाली सरकारी संस्था इन-स्पेस ने मंगलवार को तीन भारतीय कंपनियों का चयन किया। ये कंपनियां देश के शहरों की त्रिआयामी (3डी) तस्वीरें तैयार करने वाली स्वदेशी उपग्रह आधारित प्रणाली विकसित करेंगी। इन-स्पेस के मुताबिक, स्पेसपिक्सल टेक्नोलॉजीज, कलीडियो स्पेस सिस्टम्स और अजिस्ता इंडस्ट्रीज को कुल 1.46 करोड़ रुपये की शुरुआती मदद दी जाएगी। यह राशि बीज निधि योजना के तहत मिलेगी। पहल का उद्देश्य मानव बस्तियों की उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें और सटीक भौगोलिक आंकड़े जुटाना है। इनका इस्तेमाल शहरी नियोजन, बुनियादी ढांचे के विकास, आबादी के आकलन और आपदा जोखिम की पहचान में होगा। प्रणाली से इमारतों, सड़कों और अन्य निर्माणों की विस्तृत जानकारी मिलेगी। इससे शहरी क्षेत्रों की निगरानी और विकास योजनाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। जो भारतीय उपग्रहों के आंकड़ों पर आधारित होगी। इसका शुरुआती परीक्षण बंगलूरू और शिमला में किया जाएगा। 

नौकरी के लिए भेजा एक ई-मेल मिला 45 लाख रुपये का ऑफर
अच्छी नौकरी पाने के लिए अब सिर्फ जॉब पोर्टल पर आवेदन करना ही एकमात्र रास्ता नहीं है। कंपनियों के संस्थापकों    और भर्ती प्रबंधकों को सीधे         ई-मेल भेजकर भी लाखों रुपये सालाना का नौकरी प्रस्ताव हासिल किया जा सकता है। मनीकंट्रोल के मुताबिक, रेडिट पर एक गैर-तकनीकी पेशेवर ने दावा किया है कि इस तरीके से उसे 45 लाख रुपये सालाना तक का नौकरी प्रस्ताव मिला। उसने बताया कि उसे करीब-करीब हर नौकरी सीधे ई-मेल के जरिये ही मिली।

कंपनी को बताएं, आप क्यों हैं सही उम्मीदवार ः इस पेशेवर ने नौकरी तलाशने वालों को सलाह दी कि वे कंपनी के संस्थापक या भर्ती प्रबंधक को व्यक्तिगत ई-मेल भेजें। इसमें अपना परिचय, अनुभव और प्रमुख कौशल संक्षेप में बताएं। साथ ही यह भी स्पष्ट करें कि संबंधित कंपनी में काम करने में उनकी रुचि क्यों है और वे किस पद के लिए उपयुक्त हैं। ई-मेल के साथ बायोडाटा और काम के नमूनों का लिंक भी भेजें। सिर्फ नौकरी मांगने के बजाय कंपनी के उत्पाद या कारोबार के बारे में अपनी समझ और कोई उपयोगी सुझाव साझा करें। इससे सामने वाले को आपकी तैयारी और क्षमता का अंदाजा मिलता है। हर कंपनी के लिए अलग और व्यक्तिगत ई-मेल लिखें। एक ही संदेश कई कंपनियों को भेजने से बचें। जवाब नहीं मिलने पर चार से पांच दिन बाद विनम्रता से फॉलोअप भी करें। पेशेवर का कहना है कि नौकरी मांगने के बजाय कंपनी को यह वजह बताएं कि उसे आपसे बात क्यों करनी चाहिए।
Trending Videos

हैदराबाद में नकली चांदी के वर्क बनाने वाली चार इकाइयों का भंडाफोड़
हैदराबाद पुलिस ने मंगलवार को चार ऐसी इकाइयों का भंडाफोड़ किया, जहां चांदी के नाम पर एल्युमिनियम का वर्क बनाकर बेचा जा रहा था। चारमीनार और आसपास के इलाकों में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 49 बंडल नकली चांदी की पत्तियां, एल्युमिनियम के फ्लेक्स और एक किलो नकली चांदी की परत चढ़ी चीनी की गोलियां जब्त कीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिना वैध एफएसएसएआई लाइसेंस के खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाला नकली वर्क बना रहे थे। इसे काजू कतली, काजू रोल और मीठे पान में इस्तेमाल के लिए मिठाई की दुकानों तक पहुंचाया जाता था। वहीं, एल्युमिनियम की परत चढ़ी चीनी की गोलियां बेकरी में केक की सजावट के लिए भेजी जाती थीं। पुलिस ने चारों इकाइयों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। ऐसे गैर-खाद्य ग्रेड एल्युमिनियम के लंबे समय तक सेवन से किडनी, तंत्रिका तंत्र, हड्डियों और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।

तेलंगाना में एक करोड़ परिवारों को मिलेगा पांच लाख रुपये का बीमा
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने राज्य के एक करोड़ परिवारों को पांच लाख रुपये का बीमा देने वाली इंदिरम्मा फैमिली इंश्योरेंस योजना शुरू करने की घोषणा की है। योजना की आवेदन प्रक्रिया 19 नवंबर को सिद्दीपेट में आयोजित जनसभा से शुरू होगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलग-अलग सरकारी विभागों की मौजूदा बीमा योजनाओं को एक ही योजना के तहत लाने का निर्देश दिया है। अभी सरकारी योजनाओं में दो लाख रुपये तक का जीवन बीमा और 10 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा मिलता है। नई योजना के तहत जीवन बीमा की राशि बढ़ाकर पांच लाख रुपये की जाएगी, जबकि मौजूदा दुर्घटना बीमा का लाभ जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पहले से सरकारी बीमा का लाभ ले रहे किसी भी व्यक्ति को योजना से बाहर नहीं किया जाना चाहिए। इसी कार्यक्रम में गरीब महिलाओं को इंदिरम्मा साड़ियों का वितरण भी शुरू होगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि हर पात्र महिला तक साड़ी पहुंचे। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

कर्नाटक में सात सरकारी अधिकारियों के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा
कर्नाटक में लोकायुक्त की टीम ने बुधवार सुबह से सात सरकारी अधिकारियों के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामलों में की गई। धारवाड़, चित्रदुर्ग, बागलकोट, हासन, मैसूर, चामराजनगर और बीदर जिलों में छापे मारे गए। कार्रवाई की जद में परिवहन निगम के कर्मचारी, जिला सर्जन, कानूनी माप विभाग के निरीक्षक, पंचायत राज विभाग के सहायक निदेशक और वन अधिकारी शामिल हैं। लोकायुक्त की टीमें अधिकारियों से जुड़े परिसरों की तलाशी ले रही हैं। हालांकि, अब तक बरामद संपत्ति और दस्तावेजों का पूरा ब्योरा सामने नहीं आया है।

केरल एयरपोर्ट के पास बिना अनुमति चल रही थी क्रेन, दो उड़ानों की लैंडिंग प्रभावित

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बिना अनुमति ऊंचाई पर क्रेन चलाने के मामले में पुलिस ने क्रेन मालिक और उसे किराये पर लेने वाले व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। क्रेन एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के रडार पर दिखाई दी, जिसके बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया। एहतियातन लैंडिंग ऑपरेशन कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। इस दौरान दो उड़ानों की लैंडिंग में देरी हुई और उन्हें काफी देर तक हवा में चक्कर लगाने पड़े। पुलिस के निर्देश के बावजूद तकनीकी खराबी के कारण क्रेन तुरंत नीचे नहीं आ सकी। बाद में तकनीशियनों की मदद से उसे नीचे उतारा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सबरीमाला में कम भीड़ से परेशान होने की जरूरत नहीं, देवस्वम बोर्ड ने बताई वजह
केरल के सबरीमाला मंदिर में इस बार श्रद्धालुओं की कम भीड़ को लेकर त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड (TDB) के अध्यक्ष के जयकुमार ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि मंदिर में भीड़ कम होने का मतलब यह नहीं है कि श्रद्धालु दर्शन के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। इसके पीछे बेहतर भीड़ प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था है। जयकुमार के मुताबिक, मंगलवार को वर्चुअल क्यू और स्पॉट बुकिंग के जरिए दर्शन के लिए पंजीकरण कराने वाले सभी 80 हजार श्रद्धालु पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि AI कैमरों, विभागों के बीच बेहतर तालमेल और निर्धारित समय पर श्रद्धालुओं के पहुंचने से व्यवस्था सुधरी है। इससे भक्तों को बिना परेशानी दर्शन करने का मौका मिल रहा है।

कोलकाता यूनिवर्सिटी के बाहर ABVP का प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में बुधवार को कॉलेज स्ट्रीट इलाके में एबीवीपी समर्थकों के प्रदर्शन के कारण एक घंटे से ज्यादा समय तक यातायात बाधित रहा। प्रदर्शनकारी कलकत्ता यूनिवर्सिटी के बाहर सड़क पर बैठ गए। वामपंथी छात्र संगठन SFI ने आरोप लगाया कि एबीवीपी समर्थकों ने उसके बुक स्टॉल के बैनर फाड़े, किताबें उठाकर फाड़ दीं और होर्डिंग्स को नुकसान पहुंचाने के साथ उनमें आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर बुक स्टॉल तक पहुंचने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। ABVP समर्थकों का कहना था कि वे ऐसी किताबों की बिक्री नहीं होने देंगे, जिन्हें वे राष्ट्रविरोधी या सनातन परंपराओं के खिलाफ मानते हैं।

बंगलूरू को मिला नया मुख्य पुलिस आयुक्त, आर हितेंद्र नियुक्त
कर्नाटक सरकार ने बुधवार को एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। सरकार ने बंगलूरू शहर के लिए नया मुख्य पुलिस आयुक्त पद बनाया है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आर हितेंद्र को बंगलूरू शहर का मुख्य पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। हितेंद्र ने सीमंत कुमार सिंह का स्थान लिया है। शहर में पुलिस व्यवस्था मजबूत करने के लिए पांच नए क्षेत्रीय पुलिस आयुक्त पद भी बनाए गए हैं। इनमें सेंट्रल, ईस्ट, वेस्ट, नॉर्थ और साउथ बंगलूरू शामिल हैं। लाभु राम को सेंट्रल बंगलूरू का पुलिस आयुक्त बनाया गया है। हेमंत एम निंबालकर को बंगलूरू शहर का पुलिस आयुक्त (यातायात) नियुक्त किया गया है। हितेंद्र ने कहा कि कर्मचारियों की कमी को दूर किया जाएगा। उन्होंने यातायात भीड़ को कम करने के लिए काम करने का भी आश्वासन दिया।

तमिलनाडु: हिरासत में हिंसा पर जीरो टॉलरेंस, हर पुलिस स्टेशन में छह CCTV कैमरे
तमिलनाडु के डीजीपी महेश कुमार अग्रवाल ने कहा है कि पुलिस हिरासत में हिंसा के मामलों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि मदुरै पुलिस स्टेशन में एक व्यक्ति की मौत के मामले की जांच क्राइम ब्रांच-सीआईडी को सौंप दी गई है। मामले में न्यायिक जांच भी कराई जा रही है। डीजीपी के मुताबिक, राज्य के हर पुलिस स्टेशन में छह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि शिकायतकर्ता और आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने ऑनलाइन शिकायत के लिए ई-सीएसआर पोर्टल भी शुरू किया। इसके जरिए गैर-संज्ञेय अपराधों की शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।

कोल्लम रेलवे स्टेशन पर टिकट जांच, एक दिन में 1.15 लाख रुपये जुर्माना वसूला
केरल के कोल्लम रेलवे स्टेशन पर रेलवे की विशेष जांच में बिना टिकट और अनियमित यात्रा के 197 मामले पकड़े गए। रेलवे ने एक ही दिन में कुल 1,15,775 रुपये का जुर्माना वसूला। यह अभियान 16 नवंबर को ट्रेनों और स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर चलाया गया था। जांच के दौरान ट्रेन में बिना वैध टिकट यात्रा करने के 21 मामले मिले, जिनसे 10,920 रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं, प्लेटफॉर्म पर जांच के दौरान 175 लोग बिना टिकट पकड़े गए। उनसे 1,04,555 रुपये की वसूली हुई। इस अभियान में रेलवे सुरक्षा बल, वाणिज्य विभाग और जीआरपी के जवान शामिल थे। रेलवे ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर सफर करने की अपील की है।
 

चक्रवात अकवन के कारण 21 नवंबर तक भारी बारिश का अलर्ट
चक्रवात अकवन के रास्ते में बदलाव के बाद पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने 19 से 21 नवंबर के बीच दक्षिण बंगाल के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, झाड़ग्राम और बांकुड़ा में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की संभावना है। मछुआरों को 19 और 20 नवंबर को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed