फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News and Updates maharashtra police seized banned tobacco products from a tempo know many news here

Updates: सौरभ चंद्राकर को भारत लाने के प्रयास में जुटीं एजेंसियां, मुंबई के मलाड में शॉपिंग सेंटर में लगी आग

Wed, 27 Dec 2023 04:15 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: श्वेता महतो Updated Wed, 27 Dec 2023 04:15 PM IST
सार

संक्षेप में पढ़ें प्रमुख राष्ट्रीय खबरें...

विज्ञापन
News and Updates maharashtra police seized banned tobacco products from a tempo know many news here
News Updates - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

महादेव एप के सरगना सौरभ चंद्राकर को दुबई में नजरबंद किए जाने के बाद केंद्रीय एजेंसियां अब उसे भारत लाने के प्रयास में जुट गई हैं। इसके लिए कूटनीतिक माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार के सूत्रों ने बताया कि ईडी महादेव एप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ताजा आरोप पत्र दाखिल कर सकती है। बता दें कि ईडी के अनुरोध पर रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद संयुक्त अरब अमीरात सरकार ने मंगलवार को सौरभ को दुबई में नजरबंद कर दिया है। सोशल मीडिया पर बुधवार को उसकी गिरफ्तारी की खबर चलती रही लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। 
विज्ञापन


ठाणे में 13.83 लाख की प्रतिबंधित तंबाकू जब्त
महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने एक टेम्पो से 13.83 लाख रुपये के प्रतिबंधित तंबाकू जब्द किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए एक जाल बिछाया। सोमवार को भिवंडी इलाके में रजनोली ब्रिज के नीचे उन्होंने एक टेम्पो को रोका। टेम्पो से पुलिस ने 13,82,400 रुपये मूल्य के प्रतिबंधित तंबाकू जब्त किए। इस मामले में32 वर्षीय टेम्पो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) नियम के विभिन्न धारओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि आरोपियों को प्रतिबंधित तंबाकू कहां से मिला और वे किसे देने जा रहे थे।
विज्ञापन

कबाड़ दुकान के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज

नवी मुंबई में पुलिस ने एक कबाड़ दुकान के मालिक के खिलाफ एक महिला को कथित तौर पर आत्महत्या करने के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बताया कि 38 वर्षीय महिला पिछले साल जून में आत्महत्या की थी। 

महिला कबाड़ इकट्ठा करती थी और उसे खारघर इलाके में रोपी की दुकान में बेचा करती थी। पीड़िता ने एकबार अपना कबाड़ किसी अन्य डीलर को बेची थी, रोपी को जब इसका पता चला तो वह महिला के घर पर गया। आरोपी ने महिला की पिटाई की और उससे पैसे की मांग करने लगा। आरोपी ने महिला को पिछले साल जून में एक बार फिल बुलाया और पैसे की मांग पूरी न करने पर उसे बदनाम और उसकी बेटी का अपहरण करने की धमकी दी। 

पुलिस के अनुसार उसी दिन शाम में महिला ने चुहे मारने की दवाई खाकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना पर पुलिस ने पहले दुर्घटना में मृत्यु का मामला दर्ज किया था, लेकिन मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 और 506 के तहत मामला दर्ज किया है।

कुंए में मिला मृत शिशु

तिरुवनंतपुरम के एक गांव के कुंए में एक शिशु मृत पाया गया। यह बच्चा अपनी मां के साथ रात में सो रहा था, लेकिन रात के दो बजे वह गायब हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। 

पुलिस ने जांच शुरू किया और उन्हें कुंए के पास शिशु का तौलिया मिला। उन्होंने दमकल कर्मियों की मदद से कुंए में छानबीन की तो उन्हें कुंए में मृत शिशु मिला। मृत शरीर को पोस्ट मॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है। 
विज्ञापन

भाजपा नेता के मुर्गी फार्म पर छापा, अवैध शराब की 14 हजार बोतलें जब्त

केरल पुलिस ने मंगलवार को एक स्थानीय भाजपा नेता और उनके दोस्त के मुर्गी फार्म में छापेमारी की। इस छापेमारी में उन्होंने एक कमरे से 14 हजार से ज्यादा अवैध विदेशी शराब की बोतलें बरामद की। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार उन्हें इस मामले की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता और पूर्व पंचायत सदस्य लालू और उसके साथी लॉरेंस को गिरफ्तार किया। पुलिस को फार्म के अंदर एक गुप्त कमरे में शराब की बोतलें मिली। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के तहत उन्हें खेत में बने गोदाम से शराब और स्प्रिट मिली। इस मामले में अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

RBI दफ्तर में धमकी भरा मेल भेजने के आरोप में गुजरात का व्यक्ति गिरफ्तार

मुंबई की क्राइम ब्रांच ने आरबीआई दफ्तर को धमकी भरा ईमेल भेजने के आरोप में गुजरात के वडोदरा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है। 

आरबीआई को भेजी गई धमकी भरे में ईमेल में आरबीआई दफ्तर, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक में बम होने की सूचना दी गई थी। इस मेल में आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास से इस्तीफे की भी मांग की गई थी। मुंबई के 11 जगहों पर 11 बम होने की जानकारी दी गई थी। पुलिस इन सभी जगहों पर जाकर तलाशी ली, लेकिन उन्हें कुछ भी बरामद नहीं हुआ था। 

ओडिशा में पर्यटकों को ले जा रही बस खाई में गिरी, 32 घायल

ओडिशा के कंधमाल में ब्राह्मणीगांव पुलिस सीमा के पास एक पर्यटक बस के खाई में गिरने से 32 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर दमकल की गाड़ियों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। पर्यटक बस पश्चिम बंगाल की थी। 

चेन्नई में आईओसीएल फैसिलिटी में विस्फोट में एक मजदूर की मौत

चेन्नई में टोंडियारपेट में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल) के फैसिलिटी में बुधवार को विस्फोट के बाद एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह हादसा तब हुआ जब मजदूर इथनॉल स्टोरेज टैंक में वेल्डंग जैसे कार्य निपटाने में लगे हुए थे।

विस्फोट की सूचना पाकर दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची। घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। 

नागपुर में ज्वेलरी शॉप की पांच सेल्सवुमेन पर 75 लाख रुपये के गहने चोरी करने का आरोप
नागपुर की एक आभूषण दुकान की पांच सेल्सवुमेन के खिलाफ कथित तौर पर दुकान से 75 लाख के गहने चोरी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने इस संबंध में मामला भी दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि स्वाति लुटे, प्रिया राउत, पूजा भनारकर, भाग्यश्री इंदलकर और कल्याणी खडतकर के खिलाफ दुकान मालिक शांतनु दीपक चिमुरकर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी।

तहसील पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने 2019 और अगस्त 2023 के बीच सर्राफा बाजार इलाके में चिमुरकर ब्रदर्स ज्वैलर्स की दुकान से कथित तौर पर 74.25 लाख रुपये के सोने और चांदी के गहने चुराए। अधिकारी ने बताया कि पांचों पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 381 और 34 (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

राजीव कुमार पश्चिम बंगाल के नए डीजीपी  
पश्चिम बंगाल सरकार ने बुधवार को कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त राजीव कुमार को राज्य का नया पुलिस महानिदेशक और महानिरीक्षक (डीजी और आईजीपी) नियुक्त किया है। इस संदर्भ में आदेश भी जारी किया जा चुका है। वह मनोज मालवीय का स्थान लेंगे। 
राजीव कुमार वर्तमान में सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव हैं। वे तत्काल प्रभाव से नया कार्यभार संभालेंगे। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल कैडर के 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी कुमार ने पहले राज्य आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) के अतिरिक्त डीजीपी के रूप में कार्य किया था।

तट रक्षक बल ने न्यू मैंगलोर बंदरगाह पर नाविक को बचाया  
भारतीय तट रक्षक (आईसीजी) ने बुधवार सुबह न्यू मैंगलोर बंदरगाह से 9.5 समुद्री मील दूर एक नाविक को बचाया। नाविक लाइबेरिया के ध्वज वाले एमआर आइवरी रे जहाज पर सवार था। जानकारी के मुताबिक, तटरक्षक बल को जहाज से एक कॉल मिली थी। जिसमें बताया गया कि चालक दल का एक सदस्य कमजोरी के कारण शौचालय में गिर गया है। इसके बाद मरीज को तट पर लाया गया और अस्पताल ले जाया गया। 

ओडिशा में आय से अधिक संपत्ति मामले में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गिरफ्तार
ओडिशा में सतर्कता (विजिलेंस) विभाग ने आय से अधिक संपत्ति मामले में बुधवार को एक वरिष्ठ प्रशासिक सेवा अधिकारी को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि आरोपी औद्योगिक अवसंरचना विकास निगम (आईडीसीओ), भुवनेश्वर में सेवारत हैं।

भुवनेश्वर मंडल के सतर्कता अधीक्षक ए जेम्म ने कहा कि एक शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस की एक टीम ने राज्य में सात स्थानों पर छापा मारा। जांच में पता चला है कि अधिकारी के पास कटक में एक तीन मंजिला इमारत, जाजपुर में एक दो मंजिला इमारत, भुवनेश्वर और कटक में दो फ्लैटों के अलावा 10 भूखंड भी हैं।

 महाराष्ट्र में एसयूवी और ट्रक की टक्कर में चार की मौत 
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में बुधवार सुबह एक एसयूवी के एक ट्रक से टकरा जाने से तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। पीड़ित कर्नाटक के गुलबर्गा से महाराष्ट्र के शिरडी तक एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) में जा रहे थे। जब वे सोलापुर जिले के पांडे गांव के पास करमाला-कुर्दुवाड़ी रोड पर सुबह 5.30 बजे पहुंचे तभी ये दुर्घटना हुई।

करमाला पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी के अनुसार, एसयूवी के चालक ने शायद वाहन से नियंत्रण खो दिया और दूसरी तरफ मुड़ गया। इस दौरान एसयूवी सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। 

पंबा नदी में डूबने से सबरीमला के दो श्रद्धालुओं की मौत
सबरीमला के दो श्रद्धालु स्नान के दौरान पंबा नदी में डूब गए। चेन्नई निवासी दोनों श्रद्धालु चेंगानूर के पास स्नान कर रहे थे। वे 22 सदस्यीय यात्रियों के दल में शामिल थे। सभी बुधवार को भगवान अयप्पा की पूजा के बाद घर लौटने वाले थे। दोनों के शव बरामद हो गए हैं।

हिमांता ने उल्फा (आई) से संबंध रखने वाले युवाओं द्वारा आत्महत्या की जांच के आदेश दिए  
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को जोरहाट जिले में एक व्यक्ति द्वारा कथित आत्महत्या की उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया। मृतक व्यक्ति के उल्फा (आई) से जुड़े होने का संदेह है। बता दें कि 14 दिसंबर को जोरहाट में सैन्य शिविर के पास ग्रेनेड विस्फोट के सिलसिले में पुलिस ने टिटाबोर शहर के चौबीस वर्षीय दीपांकर गोगोई को पूछताछ के लिए उठाया था। इसके बाद वह मंगलवार को एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया था।

सुप्रीम कोर्ट के पांच सदस्यीय कॉलेजियम में शामिल हुए जस्टिस बोस
जस्टिस अनिरुद्ध बोस को सुप्रीम कोर्ट के पांच सदस्यीय कॉलेजियम में शामिल किया गया है। शीर्ष अदालत के दूसरे सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस संजय किशन कौल के 25 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस बोस को यह स्थान मिला है। यह कॉलेजियम सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों को प्रोन्नति देने और हाईकोर्ट के जजों के तबादले की सिफारिश करता है। बदलाव के बाद अब कॉलेजियम में मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस संजीव खन्ना, जस्टिस बीआर गवई, जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस बोस शामिल हैं। जस्टिस बोस 10 अप्रैल, 2024 तक कॉलेजियम में बने रहेंगे। जस्टिस कौल के सेवानिवृत्त होने के बाद अब तीन सदस्यीय कॉलेजियम में सीजेआई और जस्टिस खन्ना के साथ जस्टिस गवई शामिल होंगे। तीन सदस्यीय कॉलेजियम हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति के लिए नामों की सिफारिश करता है।

मुंबई के मलाड इलाके में शॉपिंग सेंटर में लगी आग
मुंबई के मलाड (पश्चिम) में बुधवार शाम एक तीन मंजिला शॉपिंग सेंटर में आग लग गई। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। एक अधिकारी ने बताया कि इमारत की पहली और दूसरी मंजिल से चार महिलाओं समेत 11 लोगों को बचाया गया और तीन घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारी ने बताया कि शाम करीब छह बजकर 50 मिनट पर जैन मंदिर रोड पर एक्मे शॉपिंग सेंटर में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की चार गाड़ियां और अन्य गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। उन्होंने कहा कि आग पहली मंजिल पर दो या तीन दुकानों तक ही सीमित थी। फिलहाल आग के कारण का पता लगाया जा रहा है।

ओडिशा के कंधमाल में खाई में गिरी बस, 32 पर्यटक घायल
ओडिशा के कंधमाल में बुधवार को एक पर्यटक बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिससे 32 लोग घायल हो गए। बस पश्चिम बंगाल से आ रही थी। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना ब्राह्मणीगांव पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। पुलिस ने स्थानीय लोगों और अग्निशमन विभाग की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।  

नौ राज्यों तक पहुंचा जेएन.1, अब तक 110 मरीज मिले
पिछले सात सप्ताह में कोरोना का उप स्वरूप जेएन.1 देश के नौ राज्यों तक पहुंचा है। अब तक इसके 110 मामले सामने आए हैं, जिनमें सबसे ज्यादा गुजरात में 38 मरीज मिले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार तक यह आंकड़ा 69 था। केरल में 24 और गोवा में 18 केेस आए हैं। वहीं, कर्नाटक में 8, महाराष्ट्र में 7, राजस्थान में 5, तमिलनाडु में 4, तेलंगाना में दो और दिल्ली में एक मरीज मिला है।

जापान में विश्व का सबसे बड़ा परमाणु संयंत्र फिर शुरू होगा
जापान के परमाणु ऊर्जा नियामक ने बुधवार को टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर के काशीवाजाकी-कारीवा बिजली संयंत्र पर दो साल पहले लगा प्रतिबंध हटा दिया। इसके बाद इसे फिर से शुरू किया जा सकेगा। टेप्को परिचालन लागत घटाने के लिए दुनिया के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र को ऑनलाइन वापस लाने के लिए उत्सुक है। 2021 में, न्यूक्लियर रेगुलेशन अथॉरिटी  ने परमाणु सामग्रियों की सुरक्षा में विफलता और सुरक्षा उल्लंघनों के कारण टेप्को को काशीवाजाकी-करिवा का परमाणु ऊर्जा स्टेशन संचालित करने से रोक दिया था। 

किम जोंग उन ने देश की उपलब्धियों को सराहा
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन ने 2024 में नीति लक्ष्य निर्धारित करने के लिए एक राजनीतिक बैठक के दौरान 2023 में राष्ट्रीय शक्ति व देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने वाली उपलब्धियों की प्रशंसा की। विशेषज्ञों ने कहा कि सत्तारूढ़ ‘वर्कर्स पार्टी’ की साल के अंत में होने वाली पूर्ण बैठक के दौरान उत्तर कोरिया संभवत: हथियारों के विकास में अपनी प्रगति का प्रचार करेगा।

यौन आरोपी अभिनेता डेपर्डियू के समर्थन में फ्रांसीसी कलाकार
यौन शोषण के आरोपों की जांच के बीच फिल्म स्टार जेरार्ड डेपर्डियू के बचाव में फ्रांस के 56 कलाकार, लेखक और निर्माता आगे आए हैं। हस्ताक्षर करने वालों में दो दर्जन महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने राष्ट्रीय आइकन जेरार्ड डेपर्डियू के बचाव में एक निबंध भी प्रकाशित किया है। इस व्यापक समर्थन की यौन शोषण पीड़िताओं के अधिवक्ताओं ने निराशा व्यक्त की है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed