फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News And Updates East West North South Northeast India National Incidents News In Hindi

Updates: महाराष्ट्र में ओमीक्रॉन के KP.2 वैरिएंट के 91 मामले, पुणे से डराने वाली खबर

Tue, 14 May 2024 01:02 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Tue, 14 May 2024 01:02 AM IST
विज्ञापन
News And Updates East West North South Northeast India National Incidents News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

महाराष्ट्र में अब तक ओमीक्रॉन के केपी.2 वैरिएंट के 91 मामले दर्ज किए गए हैं, इनमें अकेले पुणे में 51 मामले शामिल हैं। वहीं, मुंबई और पुणे शहर में सोमवार को तीन-तीन मामलों के साथ कोविड-19 के छह मामले दर्ज किए गए।  

विज्ञापन

 
राज्य के जीनोम अनुक्रमण समन्वयक डॉ. राजेश कार्यकार्ते ने बताया कि यह ओमीक्रॉन के जेएन.1, केपी.2 और केपी.1.1 सब-वैरिएंट के अतिरिक्त है। उन्होंने कहा कि केपी.2 और केपी.1.1 दोनों जेएन.1 की उप-वंशावली हैं। 
विज्ञापन

 
उन्होंने बताया कि ठाणे में ओमीक्रॉन के केपी.2 सब-वैरिएंट के 20, अमरावती और छत्रपति संभाजी नगर में सात-सात, सोलापुर में दो और सांगली, लातूर, अहमदनगर और नासिक में एक-एक मामला दर्ज किया गया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

गुवाहाटी में एबीटी के दो आतंकवादी गिरफ्तार 
अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एबीटी) के दो संदिग्ध बांग्लादेशी आतंकवादियों को सोमवार को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। वह शहर में युवाओं को आतंकवादी संगठन में शामिल करने के लिए कट्टरपंथी बनाने की फिराक में थे। दोनों आतंकवादियों की पहचान बांग्लादेश के ब्राह्मणबाड़ी जिले के बहार मिया और नेट्रोकोना जिले के रसेल मिया के रूप में की गई है। 
 
पुलिस के अनुसार, दोनों आतंकवादी बांग्लादेश के नागरिक हैं। बिना पासपोर्ट के अवैध रूप से भारत में रह रहे थे। दोनों ने असम में आतंकी नेटवर्क फैलाने के लिए भारतीय दस्तावेज हासिल किए थे। जिन्हें गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। 
 
पुलिस के अनुसार, दोनों भारतीय उपमहाद्वीप में अल कायदा (एक्यूआईएस) के सहयोगी एबीटी के संदिग्ध कैडर हैं, जो अपने सभी संबद्ध समूहों के साथ देश में प्रतिबंधित है। दोनों आतंकियों के पास से आधार और पैन कार्ड सहित आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं, जिनके फर्जी होने का संदेह है। 

बंगाल में तीन विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की नियुक्ति 
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस ने सोमवार को झाड़ग्राम के साधु राम चंद मुर्मू विश्वविद्याल, हुगली जिले के तारकेश्वर में रानी रशमोनी ग्रीन विश्वविद्यालय और उत्तर 24 परगना के ठाकुरनगर में हरिचंद गुरुचंद विश्वविद्यालय के कुलपतियों की नियुक्ति की। राज्यपाल सभी राज्य संचालित विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति हैं।  

एक अधिकारी ने बताया कि प्रोफेसर कल्लोल पॉल को झाड़ग्राम के साधु राम चंद मुर्मू विश्वविद्यालय के वीसी के रूप में नियुक्त किया गया। प्रोफेसर आशुतोष घोष को रानी रशमोनी ग्रीन और हरिचंद गुरुचंद विश्वविद्यालय का दोहरा प्रभार दिया गया। उन्होंने बताया कि सभी नियुक्तियां तुरंत प्रभाव से होंगी। 

सिक्किम में 12 छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार 
सिक्किम के सोरेंग जिले में एक सरकारी स्कूल शिक्षक को 12 छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। छात्राओं ने 8 मई को स्कूल अधिकारियों को शिक्षक द्वारा छेड़छाड़ की विभिन्न घटनाओं की जानकारी दी थी। 
 
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि स्कूल ने 10 मई को शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। 8 से 14 साल की 12 छात्राओं ने बताया था कि शिक्षक लंबे समय से उनके साथ छेड़छाड़ कर रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी शिक्षक पर पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है। 

पेपर लीक की खबर अफवाह, दोबारा नहीं होगी नीट यूजी परीक्षा : एनटीए

मेडिकल स्नातक दाखिले के लिए आयोजित नीट यूजी 2024 की परीक्षा दोबारा नहीं होगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने छात्रों और अभिभावकों से सोशल मीडिया की अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया है। एनटीए अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर नीट यूजी 2024 की परीक्षा दोबारा आयोजित करने की बात कही जा रही है, जबकि कहीं कोई प्रश्नपत्र नहीं मिला है। सोशल मीडिया पर जो प्रश्नपत्र है, वो असल प्रश्नपत्र नहीं है।  

मणिपुर : चार पुलिसकर्मियों के अपहरण में 2 आरोपी गिरफ्तार

मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में चार पुलिसकर्मियों के अपहरण और हमले के मामले में कट्टरपंथी संगठन अरामबाई तेंगगोल के दो सदस्यों ताइबंगनबा सनौजम और मोइरांगथेम बोबो को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि दस हथियाबंद लोगों ने कोइरेंगेई इलाके से शनिवार को पुलिसकमियों का अपहरण किया, जिन्हें बाद में मुक्त कर दिया था।  

 
 

खरगे ही नहीं, शाह और नड्डा के हेलिकॉप्टर की भी ली गई तलाशी, कांग्रेस के आरोप पर चुनाव आयोग ने दिया जवाब
लोकसभा चुनावों के दौरान हेलिकॉप्टर की तलाशी भी एक मुद्दा बन गया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हेलिकॉप्टर की तलाशी को लेकर कांग्रेस की तरफ से जताई गई आपत्ति के बाद चुनाव आयोग ने बताया कि यह सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। आयोग ने कांग्रेस ने इस आरोप को निराधार बताया है कि सिर्फ विपक्ष को निशाना बनाया जा रहा है।

बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की तरफ से सोशल मीडिया पर कहा गया, इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के हेलिकॉप्टर की भी तलाशी ली गई थी। दरअसल, खरगे शनिवार को बिहार में चुनाव सभाओं को संबोधित करने पहुंच थे। इसी दौरान उन्हें समस्तीपुर में हेलिकॉप्टर जांच प्रक्रिया से होकर गुजरना पड़ा। इसी पर बिहार के सीईओ के कार्यालय की तरफ से स्पष्ट किया गया कि 21 मई को कटिहार पहुंचे शाह और 24 मई को भागलपुर पहुंचे नड्डा के हेलिकॉप्टर की भी तलाशी ली गई थी। बयान में कहा गया कि एक राष्ट्रीय पार्टी के नेता का यह बयान पूरी तरह निराधार है कि सिर्फ उनके हेलिकॉप्टर की तलाश ली गई थी। 

अंधविश्वास की मुखर विरोधी रहीं पद्मश्री बिरुबाला का निधन 

अंधविश्वास जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने वाली पद्मश्री से सम्मानित बिरुबाला राभा का कैंसर से निधन हो गया। उन्होंने सोमवार को एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। जीएमसीएच के अधीक्षक अभिजीत सरमा ने बताया कि राभा (75) को 22 अप्रैल को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) के राज्य कैंसर संस्थान में गंभीर कमजोरी के कारण भर्ती कराया गया था। छह महीने पहले निगलने में परेशानी होने के कारण उसे धातु का स्टेंट लगाया गया था। 


 

केरल : जहाज-नाव की भीषण टक्कर में दो मछुआरों की मौत

केरल तट के पास सोमवार तड़के एक जहाज और मछुआरों की नाव आपस में टकरा गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना त्रिशूर जिले में मनक्काकादावु तटीय पुलिस थाने से लगभग 16 समुद्री मील दूर की है। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नाव के दो टुकड़े हो गए। इसमें चार मछुआरे सवार थे। उनमें से दो लोगों को जहाज पर मौजूद लोगों ने बचा लिया। 


 

मुंबई हवाईअड्डे पर 13.56 करोड़ का सोना जब्त, 11 यात्री गिरफ्तार 

सीमा शुल्क विभाग ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर अवैध रूप से लाया गया 13.56 करोड़ मूल्य का 22.14 किलो सोना जब्त किया है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि शुक्रवार और रविवार के बीच छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर की गई कार्रवाई के दौरान सोने की तस्करी के 20 मामलों में 11 यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। सोना यात्रियों ने अंत:वस्त्रों, उनके शरीर में और एक कार्डबोर्ड शीट में छिपाकर लाया गया था। एक मामले में सोने के आभूषण यात्री ने बुर्के में छिपाए थे। 

ओडिशा : सांसद मोहंती के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
ओडिशा के कटक जिले की अदालत ने सोमवार को सांसद अनुभव मोहंती के खिलाफ उनकी तलाकशुदा पत्नी की ओर से दर्ज चार साल पुराने घरेलू हिंसा मामले में गैर-जमानती वारंट जारी किया। 

प्रियदर्शनी ने दिसंबर 2020 में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि मोहंती और उनके दो सहयोगियों ने उसे शहर में स्थित अपने पैतृक घर के एक कमरे में बंद कर दिया था। पुलिस ने वहां पहुंचकर उसे बचाया था। उड़ीसा हाईकोर्ट ने पिछले साल दिसंबर में मोहंती को उनकी पत्नी वर्षा प्रियदर्शनी से तलाक दे दिया था। बीजद के केंद्रपाड़ा से सांसद रहे सिने स्टार एक अप्रैल को भाजपा में शामिल हो गए थे।  

अदालत ने मोहंती के खिलाफ आरोप तय करने के लिए 10 मई की तारीख तय की थी, लेकिन बाद में जब उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए कुछ और समय मांगा तो उन्हें 13 मई को अदालत में पेश होने का समय दिया गया। हालांकि, वह दिन में उपस्थित नहीं हुए थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed