फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News And Updates East West North South Northeast India National Incident News In Hindi

Updates: 14 हजार छात्रों संग राष्ट्रगान, रिकी केज का वर्ल्ड रिकॉर्ड; कर्नाटक का जिक्र कर राहुल पर BJP का हमला

Sat, 10 Aug 2024 09:45 PM IST
विशांत श्रीवास्तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: विशांत श्रीवास्तव Updated Sat, 10 Aug 2024 09:45 PM IST
विज्ञापन
News And Updates East West North South Northeast India National Incident News In Hindi
13 अप्रैल की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

प्रख्यात संगीतकार और तीन बार के ग्रैमी पुरस्कार विजेता रिकी केज ने ओडिशा के कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (केआईएसएस) के लगभग 14 हजार आदिवासी छात्रों के साथ मिलकर राष्ट्रगान के सबसे बड़े गायन पाठ का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इसे आधिकारिक तौर पर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को जारी किया जाएगा। इसमें बांसुरी वादक हरिप्रसाद चौरसिया, संतूर वादक राहुल शर्मा, सरोद वादक अमान, अयान, नादस्वरम वादक शेख महबूब सुभानी जैसे दिग्गजों ने संगत की है।

विज्ञापन


झूठ और धोखे की राजनीति के पर्याय बने राहुल : भाजपा
भाजपा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह दुष्प्रचार, धोखे और झूठ की राजनीति का पर्याय बन गए हैं। इसके साथ ही कांग्रेस पर कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में किए गए चुनावी वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दावा किया कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने विधानसभा चुनावों के दौरान किए 59 वादों में से सिर्फ दो को पूरा किया है। कर्नाटक के लोग ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। भाटिया ने कहा, हिमाचल समेत जहां भी कांग्रेस सत्ता में है, वहां के लोग ठगा महसूस कर रहे हैं। भाटिया ने कर्नाटक में किसानों की आत्महत्या का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेता पर वोट हासिल करने के लिए दिखावे की राजनीति करने का आरोप लगाया। भाजपा नेता ने कहा, उनके पास दिल्ली में किसानों के प्रतिनिधिमंडल से मिलने का समय है, लेकिन मीडिया में ऐसी खबरें हैं कि कर्नाटक में 1,200 से अधिक किसानों ने आत्महत्या कर ली है। 
विज्ञापन


लेफ्टिनेंट जनरल एएस पेंढारकर को जीओसी स्पीयर कोर का प्रभार
लेफ्टिनेंट जनरल एचएस साही ने शनिवार को भारतीय सेना की सबसे बड़ी कोर स्पीयर कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग का प्रभार लेफ्टिनेंट जनरल अभिजीत एस पेंढारकर को सौंप दिया। उत्कृष्ट नेतृत्व और परिचालन प्रभावशीलता को देखते हुए लेफ्टिनेंट जनरल साही अब महू में आर्मी वॉर कॉलेज में इसके कमांडेंट के रूप में स्थानांतरित हो गए हैं। भारत की उत्तरी सीमाओं के साथ-साथ म्यांमार और बांग्लादेश के साथ सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने में उनका नेतृत्व महत्वपूर्ण था।

विज्ञापन
विज्ञापन

अग्निवीर योजना राष्ट्र सेवा का सुनहरा अवसर: नौसेना प्रमुख
नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि अग्निवीर योजना युवाओं के लिए राष्ट्र की सेवा करने का एक सुनहरा अवसर है। यह नौसेना, थल और वायुसेना में शामिल होकर युवाओं को देश की सेवा करने के लिए चार साल का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि 16 सप्ताह के प्रशिक्षण के बाद 214 महिलाओं सहित कुल 1,389 अग्निवीर सेवा में शामिल हुए। अग्निवीरों की रात्रि पासिंग आउट परेड के लिए ओडिशा के खोर्धा जिले में आईएनएस चिल्का में मौजूद नौसेना प्रमुख ने कहा, अग्निवीर में शामिल होना सभी के लिए गर्व की बात है। चार साल बाद यदि आप जारी नहीं रखना चाहते हैं, तो आप बाहर जा सकते हैं और समाज में उपलब्ध कई अन्य विकल्पों को चुन सकते हैं। योजना को लेकर उठे सवालों पर एडमिरल ने जोर देकर कहा कि अग्निवीर पर कोई विवाद नहीं है। युवा तेजी से इसका हिस्सा बन रहे हैं। 


तेलंगाना में आठवीं के छात्र की मौत के 15 दिन बाद एक और लड़के की मौत हो गई
तेलंगाना के जगतियाल जिले में एक सरकारी आवासीय हाई स्कूल में 15 दिन बाद एक और छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को स्वास्थ्य कारणों की वजह से उसकी 12 साल के लड़के की मौत हो गई। इसके पहले 26 जुलाई को भी दौरा पड़ने से आठवीं के एक छात्र की मौत हो गई थी। 


 

West Bengal: ममता ने झाड़ग्राम के विकास के लिए 247 करोड़ रुपये की 454 परियोजनाएं शुरू कीं
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को झाड़ग्राम जिले में 247.26 करोड़ रुपये की 454 परियोजनाओं की आधारशिला रखी। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि ये योजनाएं लोगों के जीवन स्तर में जरूरी सुधार लाने के उद्देश्य से शुरू की गईं हैं। 

अपनी यात्रा के दौरान, बनर्जी ने पुरुलिया जिले में मानबाजार और झालदा उप-मंडलों के लिए नवनिर्मित झाड़ग्राम जिला प्रशासन भवन और कार्यालयों का उद्घाटन किया। यह आयोजन 'विश्व के स्वदेशी लोगों के अंतर्राष्ट्रीय दिवस' के उत्सव के साथ हुआ, जिसे स्थानीय रूप से 'आदिवासी दिवस' के रूप में मनाया जाता है।

बिहार: पंजीकरण के लिए अयोग्य 124 कोचिंग संस्थानों को बंद करने के आदेश
बिहार में पटना जिला प्रशासन ने शुक्रवार को राज्य की राजधानी में संचालित ‘पंजीकरण के लिए अयोग्य’ पाए गए 124 कोचिंग संस्थानों को बंद करने के आदेश जारी किए। दिल्ली के एक कोचिंग सेंटर के ‘बेसमेंट’ में पानी भरने के बाद हुए हादसे के बाद से पटना में जिला प्रशासन ने कोचिंग संस्थानों को पंजीकरण कराने को कहा था। पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने शुक्रवार को बताया, हमें कोचिंग संस्थानों के 936 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 523 आवेदनों में से 138 पंजीकरण के लिए अयोग्य पाए गए। इन 138 कोचिंग संस्थानों में से 14 कार्यरत नहीं थे और पंजीकरण के लिए अयोग्य पाए गए बाकी 124 कोचिंग संस्थानों को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। पटना के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में 124 कोचिंग संस्थानों के बारे में यह आदेश जारी किया गया।  

तेलंगाना: राजस्व अधिकारी की 6 करोड़ की संपत्ति जब्त
तेलंगाना के निजामाबाद जिले में नगर निगम कार्यालय में कार्यरत एक अधिकारी के घर एवं अन्य ठिकानों पर तलाशी के दौरान लगभग छह करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने प्रभारी अधीक्षक राजस्व अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है।

एसीबी के एक अधिकारी ने शुक्रवार को कहा, प्रभारी अधीक्षक राजस्व अधिकारी को अपनी सेवाओं के दौरान भ्रष्ट आचरण से आय अर्जित करने और ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति का पता चलने के बाद कार्रवाई की गई। तलाशी अभियान के दौरान 2.93 करोड़ रुपये की नकदी, आरोपी अधिकारी, उनकी पत्नी व मां के नाम पर कुल 1.10 करोड़ का बैंक बैलेंस, छह लाख का सोना और 1.98 करोड़ की 17 अचल संपत्तियां जब्त की गई।

असम और बांग्लादेश में तेजी से घट रही हिंदुओं की आबादी : हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को कहा कि असम और बांग्लादेश में हिंदुओं की आबादी तेजी से घट रही है और जनसांख्यिकीय में बदलाव हो रहा है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में सरमा ने जनगणना के आंकड़ों का हवाला देते हुए आशंका जताई कि प. बंगाल और झारखंड में भी स्थिति ऐसी ही होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, दोनों स्थानों के 2011 तक के आधिकारिक जनगणना आंकड़े जनसांख्यिकीय में बदलाव को दर्शाते हैं। सरमा ने अपनी पोस्ट के साथ एक ग्राफिक भी साझा किया। इसमें दिखाया गया कि असम में हिंदू आबादी 1951 में 70.78 प्रतिशत से घटकर 2011 में 61.47 प्रतिशत हो गई, जबकि इसी अवधि में बांग्लादेश में यह 22 प्रतिशत से घटकर 8.5 प्रतिशत हो गई।

भारत और जाम्बिया में छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा सहयोग की मजबूती अहम
भारत और जाम्बिया ने लुसाका में चौथा विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) आयोजित कर रक्षा तथा स्वास्थ्य सहित सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा की।

एफओसी के दौरान दोनों देशों में संस्थागत तंत्र, छात्रवृत्ति, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण, उच्च शिक्षा में सहयोग और व्यापार तथा वाणिज्यिक संबंधों की समीक्षा सहित दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा भी की। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया, भारतीय पक्ष का नेतृत्व अतिरिक्त सचिव (पूर्वी और दक्षिणी अफ्रीका) पुनीत आर. कुंडल ने किया, जबकि जाम्बिया पक्ष का नेतृत्व विदेश मामलों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय के स्थायी सचिव एताम्बुयु अनामेला गुंडर्सन ने किया।

कोच्चि में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ रखने के आरोप में नौ गिरफ्तार

केरल के कोच्चि में एक महिला समेत नौ लोगों को प्रतिबंधित नशीले पदार्थ रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी 20 साल के हैं। उन्हें काकानाड में एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया है। एफआईआर के अनुसार, कुल 13.52 ग्राम प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद किया गया है।

तमिलनाडु में चोल युग के मूर्ति चुराने के आरोप में सात गिरफ्तार

तमिलनाडु में चोल युग के विष्णु की मूर्ति चुराने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से दो करोड़ की मूर्ति बरामद की गई। आठ अगस्त को एक खुफिया जानकारी के आधार पर सीआईडी टीम ने तंजावुर-तिरुचिराप्पल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग में एक कार की जांच की और उसमें से उन्हें एक ढाई फीट की मूर्ति मिली। इस मूर्ति को कुंभकोणम कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। जांच के दौरान मालूम चला कि यह मूर्ति 15वीं-16वीं सदी की है। फिलहाल इस बात की जांच जारी है कि मूर्ति किस मंदिर से चुराया गया था। 

गोवा- सनबर्न फेस्टिवल के आयोजकों के खिलाफ शिकायत दर्ज

आम आदमी पार्टी की गोवा इकाई के प्रमुख अमित पालेकर ने शनिवार को कहा कि उन्होंने सनबर्न संगीत महोत्सव के आयोजकों और प्रमोटरों के खिलाफ पणजी पुलिस में धोखाधड़ी, छल और धोखाधड़ी के आरोप में शिकायत दर्ज कराई है। अमित पालेकर ने कहा कि गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और पर्यटन मंत्री रोहन खाउंटे ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि प्रीमियर ईडीएम महोत्सव के लिए अनुमति मांगने वाला कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, इसके बावजूद आयोजक जनता को टिकट बेच रहे हैं।

लेफ्टिनेंट जनरल एएस पेंढारकर ने संभाला जीओसी स्पीयर कोर का प्रभार

लेफ्टिनेंट जनरल एच एस साही ने शनिवार को भारतीय सेना की सबसे बड़ी कोर स्पीयर कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग का प्रभार लेफ्टिनेंट जनरल अभिजीत एस पेंढारकर को सौंप दिया। अधिकारियों ने बताया कि उत्कृष्ट नेतृत्व और परिचालन प्रभावशीलता, विशेष रूप से मणिपुर में जातीय संघर्ष के दौरान, की विशेषता वाले एक प्रतिष्ठित कार्यकाल के बाद, लेफ्टिनेंट जनरल साही अब महू में आर्मी वॉर कॉलेज में इसके कमांडेंट के रूप में स्थानांतरित हो गए हैं। उन्होंने बताया कि अपने 17 महीने के कमांड के दौरान, लेफ्टिनेंट जनरल साही ने दीमापुर मुख्यालय वाली स्पीयर कोर के भीतर एक महत्वपूर्ण आधुनिकीकरण पहल की अगुवाई की, जिसमें परिचालन क्षमताओं को मजबूत करने के लिए उन्नत तकनीक और उपकरणों को एकीकृत किया गया।

बांग्लादेश से लोगों का आना चिंता का विषय: मणिपुर के मुख्यमंत्री

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने शनिवार को कहा कि पड़ोसी देश में अशांति के मद्देनजर बांग्लादेश से लोगों का आना चिंता का विषय है और उनकी सरकार ने घुसपैठ को रोकने के लिए कुछ जिलों में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया है। सीएम बीरेन सिंह ने पत्रकारों से कहा, मैं विदेश मंत्रालय के संपर्क में हूं। जहां तक हमारी सुरक्षा का सवाल है, हमने घुसपैठ को रोकने के लिए फेरजावल और जिरीबाम जिलों में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया है।

मिजोरम-असम सीमा विवाद को सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध: लालदुहोमा

मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार पड़ोसी राज्य असम के साथ राज्य के सीमा विवाद को सुलझाने और सीमा पर शांति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। असम के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक संक्षिप्त बैठक के दौरान, एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि दोनों राज्यों के नेताओं को शांति की हार्दिक इच्छा के साथ मिलकर काम करना चाहिए और दो पूर्वोत्तर राज्यों के बीच सीमा विवाद को सुलझाना चाहिए। अपने बयान में लालदुहोमा ने कहा कि उनकी सरकार मौजूदा कार्यकाल के दौरान अंतर-राज्यीय सीमा विवाद को सुलझाने की इच्छुक है। वहीं राज्य के सीमा सुरक्षा और विकास मंत्री अतुल बोरा के नेतृत्व में असम प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को आइजोल में लालदुहोमा के आधिकारिक आवास पर उनसे शिष्टाचार भेंट की।

नागपुर में हिरासत में लिए गए 350 लोग 

नागपुर में विदर्भ राज्य के दर्जे की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान 350 लोगों को हिरासत में लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार को विदर्भ क्षेत्र को राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर यहां आयोजित विरोध मार्च के दौरान पुलिस ने 350 लोगों को हिरासत में लिया। ये सभी पूर्व विधायक वामनराव चटप के नेतृत्व में विदर्भ राज्य आंदोलन समिति (वीआरएएस) के कार्यकर्ता यशवंत स्टेडियम में एकत्र हुए और विधान भवन की ओर बढ़ रह थे। हालांकि सभी को शाम में रिहा कर दिया गया।

पणजी में खाली पड़ी इमारत का एक हिस्सा ढहा, कोई हताहत नहीं

पणजी शहर के घनी आबादी वाले सेंट इनेज इलाके में मौजूद एक खाली पड़ी जर्जर इमारत का एक हिस्सा शनिवार शाम को ढह गया। गनीनत ये रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ क्योंकि चार मंजिला इमारत का मलबा ढलान पर गिरा। पणजी शहर निगम के मेयर रोहित मोनसेराटे ने कहा कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने कहा, यह इमारत खाली पड़ी थी और इसमें कोई रहता नहीं था।

एनसीबी ने अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का किया भंडाफोड़ 

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने ठाणे जिले के उल्हासनगर से संचालित एक अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया और दो दिनों के अभियान में छह लोगों से कोडीन सिरप की बोतलें और मारिजुआना जब्त किया, जिनकी अनुमानित कीमत 1.75 करोड़ रुपये है। जानकारी के मुताबिक जब्त की गई दवाओं में कोडीन सिरप की 4,800 बोतलें और 75 किलोग्राम गांजा शामिल है। एनसीबी अधिकारी ने शनिवार को बताया कि प्रथम दृष्टया, ड्रग रैकेट अवैध रूप से डायवर्ट किए गए सीबीसीएस (कोडीन कफ सिरप) की बोतलों की अंतरराज्यीय तस्करी में शामिल था।

एनसीबी ने लगभग 5,489 किलो अवैध ड्रग्स का जलाकर किया निपटारा

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की मुंबई जोनल यूनिट ने लगभग 5,500 किलोग्राम अवैध ड्रग्स का जलाकर निपटारा किया। एनसीबी ने शनिवार को कहा ये ड्रग्स राष्ट्रीय नोडल ड्रग कानून प्रवर्तन एजेंसी ने जब्त की थीं। इस दौरान जांच में विदेशी नागरिकों सहित कई अपराधियों को गिरफ्तार भी किया गया । एनसीबी के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार एक उच्च स्तरीय ड्रग निपटान समिति (एचएलडीडीसी) का गठन किया गया था। इसमें मनीष कुमार, आईआरएस, उप महानिदेशक-एनसीबी, अमित घावटे, आईआरएस, अतिरिक्त निदेशक, एनसीबी-मुंबई और राजेंद्र शिरटोडे, एसीपी, एएनसी-मुंबई शामिल थे। इसके बाद मामलों की समीक्षा की गई। सभी कानूनी शर्तों का पालन करते हुए जब्त नशीली दवाओं को 8 और 9 अगस्त 2024 को मुंबई अपशिष्ट प्रबंधन लिमिटेड, तलोजा, महाराष्ट्र में जलाकर निपटारा दिया गया। एनसीबी ने कहा कि नशीली दवा मुख्य तौर से लैटिन अमेरिका से ड्रग खच्चरों में छुपा कर अवैध तरीके से भारत में तस्करी की गई थी। निपटान की गई ड्रग्स में 52,130 से अधिक सीबीसीएस बोतलें और लगभग 5,479 किलो अवैध तरीके से खरीदे गए कोडीन वाले सिरप भी थे।

मुंबई: बिल्डर पर 13.65 करोड़ की धोखाधड़ी का के दर्ज

मुंबई पुलिस ने भांडुप में एक प्रोजेक्ट में 71 फ्लैटों पर जाली दस्तावेज से दावा करने वाले एक बिल्डर पर प्रतीक वीरा अपने भागीदारों से 13.65 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया है। रियल एस्टेट डेवलपर कश्यप मेहता ने आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में शिकायत दी थी। पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि प्रतीक वीरा ने सिवाना रियल्टी के समृद्धि गार्डन परियोजना में कॉर्पोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) के जरिये धोखाधड़ी से लाभ कमाया। एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता ने अतुल भरानी के साथ मिलकर 2002 में सनशाइन ग्रुप की स्थापना की। इसने 2006 में सब-कंपनी सनशाइन हाउसिंग के तहत 3.75 एकड़ भूमि विकसित करने के लिए भांडुप में एक परियोजना का अधिग्रहण किया। जयेश वीरा के चार्टर्ड अकाउंटेंट बेटे प्रतीक वीरा ने 2010 में कई कंपनियों के निदेशक के रूप में सनशाइन ग्रुप में शामिल हुए और अकाउंटिंग, वित्त और मार्केटिंग का काम देखने लगे। हालांकि, भागीदारों के बीच विवाद पैदा हो गया और कई निपटान विकल्पों पर चर्चा की गई। एफआईआर के अनुसार, प्रतीक वीरा ने सनशाइन हाउसिंग का अधिग्रहण किया और दिसंबर 2019 में इसके निदेशक बन गया। उसने कंपनी का नाम बदलकर सिवाना रियल्टी कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी सिवाना रियलिटी प्राइवेट लिमिटेड (एसआरपीएल) को मात्र 13 लाख रुपए बकाया दिखाकर दिवालिया घोषित कर दिया, जबकि एसआरपीएल में उनके पास पर्याप्त धनराशि और करोड़ों रुपए का लेन-देन था।

प्रतिष्ठित केशवराव भोसले नाट्यगृह का 20 करोड़ से होगा मरम्मत

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कोल्हापुर में प्रतिष्ठित 109 साल पुराने केशवराव भोसले थिएटर के मरम्मत के लिए 20 करोड़ रुपये के अनुदान की घोषणा की, जो 8 अगस्त की रात को आग में जलकर खाक हो गया था। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। सीएम एकनाथ शिंदे ने साइट का निरीक्षण करते हुए कहा कि मुझे बताया गया है कि बीमा कवर 5 करोड़ रुपये का है। कोल्हापुर के कलाकार और लोग चाहते हैं कि थिएटर को उसी तरह से फिर से बनाया जाए जैसा वह है। चूंकि हमारी सरकार लोगों की भावनाओं का सम्मान करती है, इसलिए मैं थिएटर को युद्ध स्तर पर फिर से बनाने के लिए 20 करोड़ रुपये की घोषणा करता हूं। थिएटर के मरम्मत का अनुमान 25 करोड़ रुपये है।

ओडिशा में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत

ओडिशा के बालासोर जिले में पुलिस ने बताया कि शनिवार को बिजली गिरने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोरो पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत रायपीतांबर गांव में उस समय हुई जब वे अपने धान के खेतों में काम कर रहे थे। उन्हें ग्रामीणों और उनके परिवार के सदस्यों की तरफ से सोरो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनमें से दो को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed