Updates: राशन वितरण घोटाले में TMC नेता गिरफ्तार; 15 साल पहले के हत्या मामले में 14 लोगों को आजीवन कारावास
पश्चिम बंगाल सरकार ने गुरुवार को नौकरशाही में फेरबदल किया गया है। सरकारी की तरफ से जारी एक अधिसूचना के मुताबिक आईएएस अधिकारी सुब्रत गुप्ता को विज्ञान और प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया।
गुप्ता ने ह्रदयेश मोहन का स्थान लिया जिन्हें जन शिक्षा विस्तार और पुस्तकालय सेवा विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया। वहीं गुप्ता की जगह खलील अहमद को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और बागवानी विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है।
वहीं युवा सेवा और खेल विभाग के अतिरिक्त प्रभार के साथ आवास विभाग के प्रमुख सचिव राजेश सिन्हा को कोलकाता मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (केएमडीए) का सीईओ बनाया गया है।
Satara: तीसरी मंजिल से गिरकर एमबीबीएस छात्रा की मौत, कॉलेज के साथी पर धक्का देने का आरोप
महाराष्ट्र के सतारा जिले के कराड में 21 वर्षीय एमबीबीएस की छात्रा की गुरुवार को तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि छात्रा के कॉलेज के ही एक साथी पर बिल्डिंग से धक्का देने का आरोप है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतका बिहार का रहने वाली थी और कृष्णा विश्व विद्यालय में पढ़ाई कर रही थी।
Maharashtra: शिवाजी काल के 12 किलों को विश्व धरोहर स्थल सूची में शामिल करवाएंगे, CM ने की घोषणा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के स्वराज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 12 किलों को विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल करने के लिए सभी प्रयास जारी हैं।
शिंदे ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा निर्मित किले केवल वास्तुकला के बारे में नहीं हैं बल्कि ऐतिहासिक विरासत हैं जो हर किसी को प्रेरित करते हैं।
स्मिता वत्स शर्मा ने छोड़ा सेंसर बोर्ड का सीईओ पद
बीते साल दिसंबर में ही केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनीं स्मिता वत्स शर्मा ने पद छोड़ दिया है। भारतीय सूचना सेवा की अधिकारी स्मिता ने ये पद उस समय संभाला था, जब सेंसर बोर्ड के मुंबई दफ्तर में रिश्वत की शिकायतों के बाद तत्कालीन सीईओ रविंद्र भाकर से इस्तीफा मांग लिया गया था। स्मिता ने सेंसर बोर्ड के कामकाज में आ रही दिक्कतों के बारे में सूचना और प्रसारण मंत्रालय में कार्यरत संबंधित अधिकारियों को भी अवगत कराया था। हाल के कुछ मामलों के मीडिया में आने के बाद स्मिता ने इसे सीधे अपने कामकाज पर प्रश्नचिन्ह मानते हुए खुद ही अपने पद की जिम्मेदारी से मुक्त होने का फैसला किया है। सेंसर बोर्ड के मुंबई दफ्तर की कार्यप्रणाली को लेकर सामने आ रही इन दिक्कतों को लेकर स्मिता वत्स शर्मा ने इसमें जल्द बदलाव नजर आने की बात लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कही थी लेकिन हालातों में कुछ खास सुधार नहीं हो पाया था।
सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार बने कोरिया पर्यटन के मानद राजदूत सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार को इस वर्ष के लिए कोरिया पर्यटन का मानद राजदूत नियुक्त किया गया है। इस संबंध में कोरिया पर्यटन संगठन (केटीओ) के भारत और दक्षेस देशों के क्षेत्रीय निदेशक म्योंग किल यून और आनंद कुमार ने बुधवार को नई दिल्ली में समझौते पर हस्ताक्षर किए।
यून ने कहा कि कोरिया पर्यटन के मानद राजदूत के रूप में आनंद कुमार का चयन सांस्कृतिक आदान-प्रदान के साथ संबंधों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आनंद ने कहा, मेरे लिए, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसका हिस्सा बनना एक नया अनुभव होगा। आधुनिक समय में दूरी मायने नहीं रखती है। मैं इस नए अभियान को लेकर काफी उत्सुक हूं।
ई-वीजा धारक विदेशी पोर्ट ब्लेयर बंदरगाह से अंडमान में आ सकेंगे
ई-वीजा धारक विदेशी भी अब पोर्ट ब्लेयर बंदरगाह से अंडमान निकोबार द्वीप समूह में प्रवेश कर सकेंगे। गृह मंत्रालय ने अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में पोर्ट ब्लेयर बंदरगाह को ई-वीजा रखने वाले विदेशी नागरिकों के प्रवेश के लिए अधिकृत एकीकृत चेक पोस्ट के रूप में मंजूरी दे दी है। अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के पर्यटन सचिव विश्वेंद्र ने बताया कि आदर्श रूप से, अक्तूबर से मई तक का वक्त द्वीपसमूह में नौका किराये पर लेने के लिए सबसे अच्छा समय होगा। क्योंकि यहां की जलवायु उष्णकटिबंधीय है। इन महीनों के दौरान समुद्र शांत रहता है, जो नौका किराये पर लेने के लिए सबसे अच्छा समय होगा।
ओडिशा की अदालत ने हत्या के मामले में 14 लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई
ओडिशा के गजपति जिले की एक अदालत ने करीब 15 साल पहले एक व्यक्ति की हत्या के जुर्म में 14 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (एडीजे) प्रदीप कुमार सामल ने गुरुवार को कुल 16 आरोपियों को 12 मार्च 2009 को होली के दिन परलाखेमुंडी के घासी साही स्थित अपने आवास पर पूर्व रंजिश के कारण सिबा नागबांसा की बुरी तरह पिटाई करने के लिए दोषी ठहराया, जिसके कारण बाद में उनकी मौत हो गई थी।
लोक अभियोजक बृंदाबन नायक ने कहा कि दो आरोपियों की पहले ही मौत हो चुकी है जबकि 14 अन्य को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। अदालत ने आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
आरोपी सामल के घर में घुस गया था और उस पर हमला किया था, जब वह होली खेलने के बाद गहरी नींद में था। नायक ने बताया कि छह दिन बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपियों के खिलाफ उसी दिन एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था और नौ अगस्त, 2010 को पुलिस द्वारा आरोप पत्र दायर किया गया था। आरोपी जमानत पर थे।
बंगाल: ईडी ने राशन वितरण घोटाले में टीएमसी नेता को गिरफ्तार किया
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के देगंगा से तृणमूल कांग्रेस के एक नेता को करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाले से कथित संबंधों को लेकर गिरफ्तार किया है।
एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने तृणमूल कांग्रेस के डेगंगा ब्लॉक के अध्यक्ष अनीसुर रहमान और उनके बड़े भाई को उनके कोलकाता कार्यालय में करीब 14 घंटे पूछताछ करने के बाद गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने कहा, 'रहमान और उनके भाई को राशन वितरण घोटाले के संबंध में गिरफ्तार किया गया है। हम चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें शहर की अदालत में पेश करेंगे।'
रहमान राज्य के पूर्व वन मंत्री ज्योतिप्रियो मलिक के बहुत करीबी माने जाते हैं, जिन्हें घोटाले के सिलसिले में केंद्रीय जांच एजेंसी ने गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि ईडी अधिकारियों ने चावल मिल मालिक और पूर्व मंत्री के एक अन्य करीबी सहयोगी बारिक बिस्वास को पूछताछ के लिए शहर के अपने कार्यालय में पेश होने के लिए समन जारी किया है।
उन्होंने कहा कि ईडी ने मंगलवार को बिस्वास के आवासों और चावल मिल पर छापेमारी के दौरान 40 लाख रुपये नकद और यूएई में संपत्तियों में उनके निवेश के संबंध में कुछ दस्तावेज जब्त किए।
केरल के बाद कर्नाटक में भी भूस्खलन हुआ है। पुत्तूर बाईपास के पास भूस्खलन हुआ है। इसे जगह को बंतवाल-मैसूर रोड भी कहा जाता है और राष्ट्रीय राजमार्ग 275 भी।
स्थानीय लोगों के हवाले से अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे भूस्खलन हुआ, जिसके बाद मैसूर और मंगलुरु जाने वाले वाहन पुत्तूर शहर से होकर गुजरने लगे।
पुलिस के अनुसार, भूस्खलन के कारण किसी के या किसी वाहन के फंसने की कोई घटना नहीं हुई। भूस्खलन स्थल के दोनों रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए हैं, जिससे पुत्तूर शहर के माध्यम से यातायात को मोड़ दिया गया है। शहर की पुलिस ने भी यातायात को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए हैं।
राज्य राजमार्ग विभाग ने खुदाई मशीनरी और श्रमिकों की टीम को घटनास्थल पर भेजा। टीम ने सुबह आठ बजे मलबे को साफ करना शुरू कर दिया। कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र ने तटीय और अंदरूनी तटीय क्षेत्रों में और अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है, जिससे प्रभावित हिस्सों से लोगों को साफ करने के काम में बाधा आ सकती है।
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को निर्देश दिया कि पश्चिम बंगाल के घाटल लोकसभा क्षेत्र में चुनाव से संबंधित सभी दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हिरण्मय चट्टोपाध्याय द्वारा दायर चुनाव याचिका के निपटारे तक सुरक्षित रखे जाएं। घाटल से तृणमूल कांग्रेस के दीपक अधिकारी को विजेता घोषित किया गया, जहां 25 मई को चुनाव हुए थे।
अदालत ने निर्देश दिया कि चुनाव याचिका पर निर्णय होने तक, घाटल निर्वाचन क्षेत्र में हुए चुनाव से संबंधित सभी दस्तावेज, उपकरण, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) को ऐसे दस्तावेजों के संरक्षक प्राधिकारी द्वारा संरक्षित रखा जाए। न्यायमूर्ति बिवास पटनायक ने उच्च न्यायालय के संबंधित रजिस्ट्रार को इस आदेश की एक प्रति मुख्य निर्वाचन आयुक्त को देने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के फॉरेंसिक ऑडिट के लिए याचिकाकर्ता के वकील के अनुरोध पर छह सितंबर को अगली सुनवाई में फैसला किया जाएगा।