Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News and Updates Case against four persons for cheating doctor oil tanker overturned know more news here

Updates: ठाणे में महिला के साथ धोखाधड़ी मामले में चार के खिलाफ केस दर्ज, असम के बटाद्रव मार्केट में लगी आग

Thu, 28 Dec 2023 05:27 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: श्वेता महतो Updated Thu, 28 Dec 2023 05:27 PM IST
सार

ठाणे में एक महिला डॉक्टर के साथ 1.54 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप में दो डॉक्टरों समेत चार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

विज्ञापन
News and Updates Case against four persons for cheating doctor oil tanker overturned know more news here
News Updates - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

ठाणे जिले में पुलिस ने दो डॉक्टर समेत चार लोगों के खिलाफ एक महिला डॉक्टर के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। अस्पताल बनाने के लिए फंड जमा करने के नाम पर चारों ने महिला डॉक्टर से 1.54 करोड़ ठग लिए। 
विज्ञापन


पीड़िता और आरोपी दोनों ही एक हेल्थकेयर कंपनी में साझेदार थे। मई 2021 में आरोपी ने पीड़िता को बताया कि भिवंडी में उनकी कंपनी द्वारा चलाया जा रहा अस्पताल घाटे में चल रहा है। उसने पीड़िता से अपने पति के नाम पर लोन लेने के लिए कहा। महिला ने अपने पति के नाम पर 1,94,23,180 रुपये का लोन ले लिया और हेल्थकेयर फर्म के अकाउंट में पैसे जमा कर दी। 
विज्ञापन


आरोपियों ने कथित तौर पर महिला को बताए बिना उस पैसे का गलत इस्तेमाल किया। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 06, 420 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

घोड़बंदर रोड पर तेल से भरा टैंकर पलटा

पुणे के घोड़बंदर रोड में गुरुवार की सुबह एक तेल का टैंकर पलट गया। इस हादसे में टैंकर चालक घायल हो गया और कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। यह घटना पाटलीपाड़ा पुल के पास सुबह के 6:12 बजे घटी जब तेल से भरा टैंकर कोल्हापुर से वापी की तरफ जा रहा था।

टैंकर चालक को मामूली चोट आई है, फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है। टैंकर के पलटने से तेल सड़क में फैल गया। हादसे की जानकारी पाकर स्थानीय दमकलकर्मी और आपदा प्रबंधन सेल मौके पर पहुंची।

असम के नागांव जिले के बटाद्रवा मार्केट में बुधवार की रात को भीषण आग लग गई। आग में लाखों का सामान जल कर राख हो गया गया। हालांकि, कुछ देर बाद ही आग पर काबू पा लिया गया था। इस हादसे में कई दुकाने जल गई, लेकिन किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है। आग लगने का कारणों का भी अभी तक पता नहीं चल पाया है। 

भुवनेश्वर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक आरोपी घायल

भुवनेश्वर में कई आपराधिक मामलों में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान रघु बिस्वाल के तौर पर की गई है। मुठभेड़ के दौरान उसे गोली भी लगी। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बलियात्रा मैदान के पास दो संदिग्ध बाइक पर घूम रहे थे, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने दोनों संदिग्ध से उनका परिचय मांगा तो वे वहां से भागने की कोशिश करने लगे। उनमें से एक ने पुलिस पर गोलीबारी की, इसका पलटवार करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। इस गोलीबारी में एक संदिग्ध घायल हो गया। 

पुलिस ने बताया कि आरोपी रघु के खिलाफ लूटपाट, डकैती  और जबरन वसूली के 10 मामले दर्ज है। हाल ही में उसने एक महिला के गले से सोने की चेन खींची थी, जिस वजह से महिला घायल हो गई थी। 



 

तंजानिया के सैन्य प्रमुख ने किया एमआईसी एंड एस का दौरा

तंजानिया के सैन्य प्रमुख जैकोब जॉन मकुंडा ने भारत और तंजानिया के बीच रक्षा संबंध को मजबूत करने के उद्देश्य से पुणे के अहमदनगर में मेकानाइज्ड इनफैंट्री सेंटर एंड स्कूल (एमआईसी एंड एस) का दौरा किया।

मकुंडा ने 20 से 22 दिसंबर तक अपने 15 सदस्यी प्रतिनिधिमंडल के साथ एमआईसी एंड एस का दौरा किया। इस दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल को कमांडेंट द्वारा जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशिक्षण बटालियन का दौरा किया

ओडिशा में तीन नए कोविड-19 के मामले

ओडिशा में तीन नए कोरोनावायरस के मामले दर्ज किए जाने के बाद राज्य में अब कोविड-19 के मामले बढ़कर आठ हो चुके हैं। ये सभी मरीज घर पर ही आइसोलेट हो रहे हैं। 

सार्वजनिक स्वास्थ्य निदेशक निरंजन मिश्रा ने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि अबतक कोई भी अस्पताल में भर्ती नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सभी जिलों ने कोविड-19 की टेस्टिंग बढ़ा दी है। अबतक 690  नमूनों के परीक्षण में तीन पॉजिटिव मामले मिले हैं।

ओडिशा में तेजाब हमले में पिता-बेटे समेत तीन घायल
ओडिशा के कंधमाल जिले के बृहस्पतिवार को फुलबनी शहर में एक तेजाब हमले में पिता-पुत्र सहित तीन लोग घायल हो गए। पीड़ितों की पहचान चंद्र मोहंती, सूरज मोहंती और राकेश मिश्रा के रूप में हुई, वे सभी फुलबनी शहर के रहने वाले हैं।

पुलिस ने कहा कि बृहस्पतिवार को कहा, यह घटना तब हुई जब तीनों शहर के मास्टरपाड़ा चौराहे के पास बातचीत कर रहे थे। तभी आरोपी प्रमोद साहू मौके पर पहुंचा और अचानक उन पर तेजाब फेंक दिया। मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। चारों घायलों को कंधमाल जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया, दो घायलों की हालत गंभीर है। तेजाब हमले का कारण पुरानी दुश्मनी बताई गई है।

ठाणे सिनगॉग में बम का दावा करने वाला ईमेल निकला फर्जी, कड़ी की गई सुरक्षा
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में 'गेट ऑफ हेवन' सिनेगॉग (यहूदी पूजास्थल) में बम रखा होने का दावा करने वाली ईमेल फर्जी निकला। पुलिस ने बृहस्पतिवार को सिनगॉग के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है।

एक अधिकारी ने कहा कि बृहस्पतिवार को दोपहर के आसपास सिनेगॉग में बम रखा होने का दावा करती हुई एक ईमेल प्राप्त हुआ था। ईमेल प्राप्त होने के बाद, पुलिस ने सबसे पहले सिविल अस्पताल के पास सिनेगॉग को खाली कराया, सड़क पर यातायात रोक दिया और एहतियात के तौर पर इलाके में दुकानें बंद करा दीं। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीडीएस) ने परिसर की जांच की और वहां कुछ भी खतरनाक नहीं पाया। इसके बाद पुलिस ने ईमेल को अफवाह घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और धोखाधड़ी करने वालों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी मामले में 3.68 करोड़ की संपत्ति अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ओडिशा में अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के एक मामले से जुड़ी मनी-लॉन्ड्रिंग जांच में 3.68 करोड़ रुपये की बैंक जमा और अचल संपत्ति अटैच की है।

ईडी ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि आरोपियों ने कथित तौर पर अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी में भोली-भाली जनता को इस रैकेट में पैसा लगाने का लालच दिया और उनकी मेहनत की कमाई हड़प ली। आरोपी दिनेश कुमार राठी, आर लाली आचार्य और उनके साथियों पर सबसे पहले ओडिशा पुलिस ने आईपीसी और प्राइज चिट और मनी सर्कुलेशन स्कीम (प्रतिबंध) अधिनियम, 1978 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

दक्षिण एशियाई विश्वविद्यालय के अध्यक्ष बने के के अग्रवाल
के के अग्रवाल को पांच साल के लिए दक्षिण एशियाई विश्वविद्यालय का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नेपाल के काठमांडू में विश्वविद्यालय की गवर्निंग बॉडी की 11वीं बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस बारे में जारी बयान में कहा गया है कि अग्रवाल आईपी विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति और राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड के अध्यक्ष भी थे।

बता दें कि एसएयू भारत में स्थित एक अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय है और दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संघ (सार्क) के आठ सदस्य देशों द्वारा स्थापित किया गया है।

 ओडिशा के कोरापुट में नाव पलटने से एक डूब गया, चार लापता  
ओडिशा के कोरापुट जिले में पाटली नदी में बुधवार रात एक देशी नाव के पलट जाने से कम से कम एक व्यक्ति डूब गया और चार अन्य लापता हो गए। पांचों की पहचान तानसिंग गांव के रहने वाले लाल मणि सिसा (50), ससिरेखा अर्लाब (35), नबीना अर्लाब (14), पुष्पांजलि अर्लाब (5) और क्रांति सिसा (8) के रूप में की गई है।

उत्तरकाशी के सुरंग वॉरियर्स ही असल हीरो: वीके सिंह
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि उत्तरकाशी सुरंग में फंसे मजदूरों को निकालने वाले रैट माइनर्स ही असली हीरो हैं। जब सभी वैज्ञानिक तकनीक विफल हो गई, तब प्राचीन तकनीक ही काम आई। केंद्रीय मंत्री बृहस्पतिवार को ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पॉलिसी फाउंडेशन पुणे (जीएसपीएफपी) की ओर से इंडिया इस्लामिक सेंटर में आयोजित सुरंग वॉरियर्स के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने छह वॉरियर्स को सम्मानित किया। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इन वॉरियर्स ने पहले ही कह दिया था कि जब सब फेल हो जाए, तब रैट माइनर्स को बुला लें। इन्होंने वह कर दिखाया है, जो कोई नहीं कर सका। वहीं, जीएसपीएफपी के अध्यक्ष डॉ. अनंत भागवत ने कहा कि यह देश की मिसाल हैं। इन वॉरियर्स ने जान जोखिम में डालकर 41 लोगों को बचाया है। इस दौरान सुरंग वॉरियर्स मुन्ना कुरेशी, अंकुर कुमार, नसीम मलिक, मोनू कुमार, सौरभ व राशिद अंसारी शामिल हुए।

फर्स्टक्राई में अपना पूरा हिस्सा बेचेंगे रतन टाटा
दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा ब्रेनबीज सॉल्यूशंस लि. (फर्स्टक्राई) के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) में अपने सभी 77,900 शेयर बेच सकते हैं। वह 2016 की शुरुआत में 66 लाख रुपये लगाकर कंपनी में निवेशक बन गए थे। दस्तावेजों के अनुसार, कंपनी के आईपीओ में 1,816 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी होंगे।

जीएसटी: नोटिस जारी करने की समयसीमा बढ़ी
जीएसटी अधिकारियों को वित्त वर्ष 2018-19 और 2019-20 के सालाना रिटर्न में विसंगतियों के लिए ‘मांग नोटिस’ जारी करने की समयसीमा बढ़ा दी गई है। वित्त मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक,  2018-19 के लिए समयसीमा 30 अप्रैल, 2024 तक और 2019-20 के लिए 31 अगस्त, 2024 तक बढ़ाई गई है। अब तक ये समयसीमा क्रमशः 31 मार्च, 2024 और 30 जून, 2024 थी।  
 

मुंबई-जालना वंदे भारत को कल दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मुंबई-जालना वंदे भारत ट्रेन सेवा का उद्घाटन करेंगे। दक्षिण मध्य रेलवे के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। कहा कि पीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे जालना में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।  

आईएस के इशारे पर देश में आतंक फैलाने की रची गई थी साजिश
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बृहस्पतिवार को गैरकानूनी संगठन आईएस के इशारे पर भारत में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने से संबंधित मामले में छह लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया। आईएस मॉड्यूल मामले में एनआईए ने छह आरोपियों ताबिश सिद्दीकी, जुल्फिकार अली, शरजील शेख और आकिफ अतीक नाचन, जुबैर शेख और अदनानली सरकार को जुलाई में महाराष्ट्र में कई छापों के दौरान पकड़ा था। विशेष एनआईए न्यायाधीश एके लाहोटी की अदालत में दायर की गई 400 पेज की चार्जशीट में 16 गवाह शामिल हैं। एनआईए ने कहा, सभी छह आरोपी आईएस सदस्य हैं। वे लोगों में आतंक पैदा करने और देश की सुरक्षा, धर्मनिरपेक्ष लोकाचार, शासन की लोकतांत्रिक प्रणाली और संस्कृति को खतरे में डालने के इरादे से आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की साजिश रच रहे थे। एजेंसी

सुप्रीम कोर्ट ने स्थगनों पर एसओपी तैयार करने के लिए न्यायाधीशों की समिति बनाई
सुप्रीम कोर्ट ने कार्यवाहियों के स्थगन की मांग करने वाले वकीलों के लिए मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के लिए न्यायाधीशों की एक समिति का गठन किया है। समिति ने इस मुद्दे पर बार एसोसिएशन व अन्य हितधारकों के सुझाव मांगे हैं। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) व सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड एसोसिएशन ने स्थगन पर्चियों के वितरण की प्रक्रिया समाप्त करने के बारे में शीर्ष अदालत की तरफ से जारी परिपत्रों को लेकर चिंता जताई थी। शीर्ष अदालत ने प्रक्रिया को समाप्त करने के संबंध में 5 दिसंबर व 22 दिसंबर को दो परिपत्र जारी किए थे। एससीबीए ने अपने सभी सदस्यों से स्थगन का आग्रह करने के वैध आधारों के संबंध में 2 जनवरी, 2024 तक सुझाव साझा करने को कहा है। 

झारखंड में पीएलएफआई से जुड़े दो नक्सली गिरफ्तार, हथियार जब्त
झारखंड में सिमडेगा जिले से सुरक्षाबलों ने बृहस्पतिवार को प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिब्रेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) से जुड़े दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर उनके हथियार और गोला-बारूद जब्त कर लिया। एक अधिकारी ने बताया कि ये नक्सली- सुरेंद्र यादव (22) उर्फ श्रवण कुमार और देवलाल सिंह उर्फ देव कुमार सिंह (28) नवंबर में लेबिरा-मनोहरपुर रोड के निर्माण में लगे उपकरणों में आग लगाने में शामिल थे। 

गोवा के समुद्र तट के पास मिलीं हजारों सार्डिन मछली
गोवा-महाराष्ट्र सीमा पर पणजी से लगभग 40 किलोमीटर दूर केरी-टेरेखोल में हजारों सार्डिन मछलियों का समूह मिला है। सीएसआईआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओशनोग्राफी (एनआई) के पूर्व शोधकर्ता डॉ. बबन इंगोले ने कहा कि यह एक दुर्लभ घटना है। समुद्र की सतह के तापमान में गिरावट या वृद्धि अधिक संख्या में सार्डिन के प्रवास को प्रेरित कर सकती है। कभी-कभी वे उथले पानी में फंस जाती हैं। इंगोले ने कहा कि मछलियां आमतौर पर भोजन की तलाश में यात्रा करती हैं। पानी के बढ़ने के साथ कभी-कभी यह बाहर आ जाती हैं।

चंदा कोचर सहित 10 पर निजी कंपनी से धोखाधड़ी का केस दर्ज
आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व प्रबंध निदेशक और सीईओ चंदा कोचर और 10 अन्य के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी में एक निजी कंपनी के साथ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि धोखाधड़ी के कारण कंपनी को 27 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के आरोप में 20 दिसंबर को एफआईआर दर्ज की। पी एंड आर ओवरसीज प्राइवेट लि. (टोमेटो मैजिक) के निदेशक शम्मी अहलूवालिया की शिकायत के बाद 9 दिसंबर को पटियाला हाउस कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को मामला दर्ज करने का आदेश दिया था। अहलूवालिया की शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर एक विदेशी बैंक के फर्जी लेटर ऑफ क्रेडिट (एलओसी) को असली दस्तावेज के रूप में पेश करने की साजिश रची। 

त्रिपुरा में भाजपा विधायक सुरजीत दत्ता का निधन
त्रिपुरा में भाजपा विधायक सुरजीत दत्ता (70) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने बुधवार रात कोलकाता के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। दत्ता के परिवार में पत्नी और बेटी हैं। रामनगर से विधायक दत्ता कई बीमारियों से पीड़ित थे। उन्हें मंगलवार को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले जाया गया। त्रिपुरा सरकार ने दत्ता के निधन पर बृहस्पतिवार को एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। 

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी में 3.68 करोड़ की संपत्ति अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ओडिशा में अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के एक मामले से जुड़ी मनी-लॉन्ड्रिंग जांच में 3.68 करोड़ रुपये की बैंक जमा और अचल संपत्ति अटैच की है। ईडी ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपियों ने अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी में भोली-भाली जनता को इस रैकेट में पैसा लगाने का लालच दिया और उनकी मेहनत की कमाई हड़प ली। आरोपी दिनेश कुमार राठी, आर लाली आचार्य और उनके साथियों पर सबसे पहले ओडिशा पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

झारखंड में खंभे से टकराई कार, चार युवाओं की मौत
झारखंड की राजधानी में एक तेज रफ्तार कार बिजली के खंभे से टकराकर सड़क पर पलट गई, जिससे चार कार सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि हादसा बुधवार और बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात डेढ़ बजे सदर पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ। कार में चार लोग ही सवार थे। मृतकों की उम्र 25 से 30 साल के बीच है। चारों यहां बारियातू बस्ती के रहने वाले थे। मामले की जांच जारी है।

राजस्थान में 24 लाख की नकदी से भरे एटीएम को उखाड़ ले गए चोर
राजस्थान के नागौर जिले में चोर 24 लाख की नकदी से भरे एटीएम को उखाड़ कर ले गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि छह नकाबपोश चोरों ने श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के जोधियासी गांव के बाजार में लगे एसबीआई के एटीएम को चेन से उखाड़ा और खुली जीप में डालकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर उनकी पहचान की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस भाजपा से मिली हुई तृणमूल के खिलाफ : ममता
बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन होगा, जबकि बंगाल में भाजपा के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस ही लड़ेगी। उन्होंने माकपा और कांग्रेस पर बंगाल में भाजपा के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, तीनों दल गुट बनाकर हमारे खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। ममता ने सीएए के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि भाजपा लोगों को गुमराह कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, विपक्षी गठबंधन इंडिया देशभर में भाजपा का मुकाबला करेगा, जबकि बंगाल में भाजपा के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व तृणमूल कांग्रेस करेगी। 

तृणमूल से समझौते पर कांग्रेस को नुकसान : अधीर
विपक्ष के गठबंधन में तृणमूल को शामिल करने पर कांग्रेस में ही विरोध शुरू हो गया है। नागपुर में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी और दीपादास मुशी ने सीट बंटवारे के लिए बनी समिति के सदस्यों से मुलाकात की और तृणमूल को इंडिया गठबंधन में शामिल करने का विरोध किया। अधीर रंजन और दीपादास ने समिति के सदस्यों को बताया कि इंडिया गठबंधन का मकसद भाजपा को हराना है, लेकिन बंगाल में तृणमूल को इंडिया गठबंधन में शामिल करने से कांग्रेस का नुकसान हो सकता है। वहीं, कार्यकर्ताओं में भी इसका विपरीत संदेश जाएगा। 

बीमा कंपनियों ने बेचीं 2.84 करोड़ पॉलिसियां 
बीमा कंपनियों ने वित्त वर्ष 2022-23 में कुल 2.84 करोड़ पॉलिसियां बेचीं हैं। एक साल पहले के 2.91 करोड़ की तुलना में यह 2.21 फीसदी कम है। निजी कंपनियों ने 80.42 लाख और सरकारी कंपनियों ने 2.04 करोड़ पॉलिसियां बेचीं हैं। इन कंपनियों को कुल 7.82 लाख करोड़ रुपये का प्रीमियम मिला है जो एक साल पहले के 6.92 लाख करोड़ रुपये से 13 फीसदी अधिक है। इरडाई की रिपोर्ट के अनुसार, कुल प्रीमियम में निजी कंपनियों की हिस्सेदारी 2.64 लाख करोड़ से बढ़कर 3.07 लाख करोड़ और सरकारी की 4.28 लाख करोड़ से बढ़कर 4.74 लाख करोड़ रही है। जीवन बीमा कंपनियों को नए बिजनेस प्रीमियम के रूप में 3.71 लाख करोड़ मिला जो एक साल पहले के 2.15 लाख करोड़ रुपये की तुलना में 17.9 फीसदी बढ़ा है। इसमें निजी कंपनियों का हिस्सा 1.39 और सरकारी का 2.32 लाख करोड़ रहा है। नवीनीकरण प्रीमियम के रूप में 2022-23 में कुल 4.11 लाख करोड़ मिले है, जो एक साल पहले 3.78 लाख करोड़ रुपये था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed