फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news and update today sunday, maharashtra, uttar pradesh, bengaluru, north east, crime news

Updates: गणित ओलंपियाड में भारत के प्रदर्शन पर पीएम ने जताया गर्व, राजनेताओं ने खरगे को दी जन्मदिन की बधाई

Sun, 21 Jul 2024 03:20 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: काव्या मिश्रा Updated Sun, 21 Jul 2024 03:20 PM IST
विज्ञापन
news and update today sunday, maharashtra, uttar pradesh, bengaluru, north east, crime news
बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

गणित ओलंपियाड में चौथे स्थान पर भारत, पीएम मोदी ने जताई खुशी 

विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि यह बेहद खुशी और गर्व की बात है कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया है। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, हमारे दल ने 4 स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है। यह उपलब्धि कई अन्य युवाओं को प्रेरित करेगी और गणित को और भी लोकप्रिय बनाने में मदद करेगी।

राहुल गांधी ने खरगे को दी जन्मदिन की बधाई
कांग्रेस के कई नेताओं ने रविवार को पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे को उनके 82वें जन्मदिन पर बधाई दी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि जनहित के प्रति उनकी अथक सेवा और समर्पण प्रेरणादायी है। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं, खरगे जी! लोगों के लिए आपकी अथक सेवा और समर्पण एक प्रेरणा है। आपको ढेर सारा प्यार और अच्छे स्वास्थ्य की शुभकामनाएं।

खरगे ने नेताओं का शुक्रिया अदा किया
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खरगे को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। इस कड़ी में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, एनसीपी नेता सुप्रिया सुले और कांग्रेस के कई नेताओं ने खरगे को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुखू, तेलंगाना के सीएम ए रेवंत रेड्डी, कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डी के शिवकुमार ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। अक्टूबर 2022 में कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं देने वाले कई नेताओं का शुक्रिया अदा किया।

प्रियंका गांधी ने भी खरगे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
प्रियंका गांधी ने एक्स पर हिंदी में एक पोस्ट में कहा, देश के संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अटूट है। हमारी पार्टी की विचारधारा को अक्षुण्ण रखते हुए उन्होंने 2024 के चुनावों में निडर नेतृत्व दिया और हर कार्यकर्ता को हर परिस्थिति में लड़ने का साहस दिया। प्रियंका गांधी ने कहा, मैंने खुद उन्हें चिलचिलाती धूप में लगातार बैठकें करते देखा। अपने स्वास्थ्य की अनदेखी करते हुए, व्यक्तिगत समस्याओं को दरकिनार करते हुए, उन्होंने काम करना बंद नहीं किया। उनकी अथक मेहनत हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

मल्लिकार्जुन खरगे ने ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी को किया भंग 
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भंग कर दिया। बता दें कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के कुछ दिन बाद यह फैसला लिया गया। कांग्रेस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि खरगे ने ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी को तत्काल प्रभाव से पूरी तरह भंग करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसमें इसके अध्यक्ष, पीसीसी, पदाधिकारी और कार्यकारी समिति, जिला/ब्लॉक/मंडल समितियां, फ्रंटल संगठन, विभाग और प्रकोष्ठ शामिल हैं। बयान में कहा गया है, नए डीसीसी अध्यक्षों की नियुक्ति होने तक मौजूदा डीसीसी अध्यक्ष कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में काम करेंगे। बता दें कि भंग हो चुकी ओडिशा पीसीसी के अध्यक्ष सरत पटनायक थे।
विज्ञापन

खराब मौसम के कारण अहमदाबाद डायवर्ट की गई मुंबई एयरपोर्ट आने वाली फ्लाइट

अमृतसर से मुंबई (ATQ-BOM) जाने वाली फ्लाइट UK696 को मुंबई एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण अहमदाबाद (AMD) डायवर्ट कर दिया गया है। यह फ्लाइट 12.15 बजे अहमदाबाद (AMD) पहुंचने की सकती है।

झारखंड के मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित असम को सहायता की पेशकश की

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस पूर्वोत्तर राज्य के बाढ़ प्रभावित लोगों को सहायता के रूप में 2 करोड़ रुपये की पेशकश की है। असम सीएम ने इसके लिए झारखंड सीएम और झारखंड के लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी ने बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में 2 करोड़ रुपये की पेशकश की है। असम के लोगों की ओर से, मैं झारखंड के दयालु लोगों और माननीय मुख्यमंत्री की उदारता की गहराई से सराहना करता हूं।" राज्य में बाढ़, भूस्खलन, बिजली और तूफान में अब तक कम से कम 113 लोग मारे गए हैं। 10 जिलों में 1.30 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।

महाराष्ट्र: यौन उत्पीड़न के आरोपी को पांच साल की सजा
महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक अदालत ने तीन साल की मासूम बच्ची का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक व्यक्ति को पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश डी. एस. देशमुख ने शनिवार को दीवा निवासी आरोपी को यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) के तहत आरोपों में दोषी ठहराया है। आरोपी को पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई और उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। विशेष सरकारी वकील संध्या एच. म्हात्रे ने अदालत को बताया कि आरोपी और पीड़िता पड़ोसी हैं। 17 सितंबर, 2022 को बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने घर में ले गया और उसका यौन उत्पीड़न किया था।

नवी मुंबई में पहाड़ी फंसे 60 लोग, पिकनिक मनाने गए थे सभी
नवी मुंबई के बेलापुर नोड में भारी बारिश के बीच एक पहाड़ी पर पानी के तेज बहाव में फंसने के बाद रविवार को पिकनिक मनाने गए 60 लोगों को बचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि बेलापुर में आर्टिस्ट कॉलोनी के पीछे मौजूद पहाड़ी पर करीब 60 पिकनिक मनाने वाले लोग फंस गए थे। जिसकी सूचना मिलने के बाद दमकल, पुलिस और नवी मुंबई आपदा प्रबंधन कर्मियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और रस्सियों के सहारे बचाव अभियान चलाया। बता दें कि नवी मुंबई में रविवार को दोपहर 1:30 बजे तक पांच घंटों में 83.38 मिमी बारिश हुई, जिससे वाशी, नेरुल और सानपाड़ा के कई इलाकों में जलभराव हो गया। वहीं मुंबई और महानगर क्षेत्र में सुबह से ही भारी बारिश हो रही है, जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए हैं।

पालघर में फार्मा इकाई में लगी आग, कोई हताहत नहीं
महाराष्ट्र के पालघर जिले में रविवार दोपहर एक फार्मास्युटिकल फैक्ट्री में आग लग गई। मामले में जिला आपदा नियंत्रण प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि पालघर एमआईडीसी क्षेत्र में मौजूद इकाई में दोपहर करीब 2 बजे लगी आग में कोई हताहत नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं और आग बुझाने का काम अभी भी जारी है। अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री में दो विस्फोट हुए और दूर से धुएं और आग का गुबार देखा जा सकता था। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अभी भी पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की तरफ से आग लगने की सूचना मिलने के तुरंत बाद कंपनी को खाली करा लिया गया। फिलहाल जिला कलेक्टर गोविंद बोडके भी मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

ओडिशा विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता बने राम चंद्र कदम
कांग्रेस ने रविवार को पोट्टांगी के विधायक राम चंद्र कदम को ओडिशा विधानसभा में विधायक दल का नेता नियुक्त किया। कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने पार्टी के ओडिशा प्रभारी अजय कुमार को लिखे पत्र में कहा कि- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राम चंद्र कदम को विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसी तरह विधानसभा में, बासुदेवपुर के विधायक अशोक दास कांग्रेस विधायक दल का उपनेता और राजगांगपुर के विधायक सी. एस. राजेन एक्का को मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है। बता दें कि 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में कांग्रेस के 14 विधायक हैं।

आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के कल्पना सेंटर के पास कल देर रात एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। काकीनाडा के डीएसपी हनुमंत राव ने कहा कि जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को काकीनाडा सरकारी अस्पताल पहुंचाया। आगे की जांच जारी है। 

मणिपुर के इंफाल ईस्ट में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
मणिपुर के पूर्वी इंफाल जिले में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को लामलैन थाना क्षेत्र के टेकचम में हुई। व्यक्ति की पहचान आरके पृथ्वी सिंह के रूप में हुई है, उसकी आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी, उसके हाथ उसकी पीठ के पीछे बंधे हुए थे और उसे पॉइंट ब्लैंक रेंज से गोली मारी गई थी। एक प्रतिबंधित संगठन केसीपी (प्रोग्रेसिव) ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि सिंह सुरक्षा बलों के लिए जासूसी कर रहा था।दावा किया गया कि सिंह एक पूर्व आतंकवादी था, जिसने आत्मसमर्पण करने वाले अन्य आतंकवादियों के साथ मिलकर सुरक्षा बलों के लिए जासूसी की थी। 

इस बीच, पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित केसीपी (ताइबनबा) के एक उग्रवादी को काकचिंग जिले के तेजपुर माखा लीकई से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि 33 साल के निंगथौजम आशाकुमार वसूली गतिविधियों में शामिल था

गुजरात के मोजाप बीच से बरामद किया गया 23.68 किलो नशीला पदार्थ
द्वारका से सटे मीठापुर बीच से द्वारका पुलिस ने करोड़ों की कीमत की नशीले पदार्थ बरामद की। मोजाप बीच से 23.68 किलोग्राम हशीश जब्त की गई। पुलिस ने कुल 21 पैकेट नशीले पदार्थ जब्त किए गए। देवभूमिक द्वारका के डीएसपी नितेश पांडे ने बताया कि जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 11.84 करोड़ रुपये है।

असम में अलग-अलग तालाबों में डूबने से पांच लड़कों की मौत
असम के लखीमपुर और जोरहाट जिलों में रविवार को दो तालाबों में पांच लड़के डूब गए। पुलिस ने बताया कि लखीमपुर जिले के धकुआखाना इलाके के चानीमारी गांव के तीन बच्चे चिलचिलाती गर्मी से बचने के लिए तालाब में नहाने गए थे। इस दौरान तालाब के बीच की ओर तैरने की कोशिश करते समय तीनों लड़के डूब गए। हालांकिं ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वे उन्हें बचा नहीं सके। वहीं दूसरी घटना जोरहाट जिले के नो-पोमुवा बालीगांव गांव में मवेशी चराने गए दो किशोर तालाब में गिर गए और डूब गए। शुरुआत में दोनों लड़कों के लापता होने की आशंका थी, क्योंकि वे कई घंटों तक घर नहीं लौटे। इसके बाद जब स्थानीय लोगों ने इलाके की तलाश की, तो उन्हें चरागाह के गहरे तालाब में शव मिले।

तमिलनाडु: सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती सेंथिल बालाजी
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में बंद तमिलनाडु के पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी को बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद रविवार को पुझल सेंट्रल जेल के अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती कराया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उन्हें पहले सरकारी स्टेनली अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की जांच के बाद उन्हें सरकारी ओमनदुरार मल्टी-सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर कर दिया गया। अभी यह पता नहीं चला है कि बालाजी कितने समय तक अस्पताल में रहेंगे। गिरफ्तारी के बाद पिछले साल बालाजी को कई बार अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। एक निजी अस्पताल में उनकी बाईपास सर्जरी भी हो चुकी है। सत्र अदालत ने बालाजी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 22 जुलाई को आरोप तय करने का फैसला किया था। उन्हें पिछले साल 14 जून को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। मद्रास हाईकोर्ट और सत्र न्यायालय उनकी जमानत याचिकाओं को खारिज कर चुके हैं।

गुजरात जेल से शराब, मोबाइल जब्त, नशे में पाए गए 6 कैदी
गुजरात के गांधीधाम में गलपदर जिला जेल के औचक निरीक्षण के दौरान शराब, मोबाइल फोन और नकदी समेत कई प्रतिबंधित सामान बरामद किए गए हैं, जबकि छह कैदी नशे में पाए गए। इस मामले में कार्रवाई करते हुए जेलर एलवी परमार और चार अन्य कर्मियों को निलंबित कर दिया गया। कच्छ के पुलिस अधीक्षक सागर बागमार पुलिस ने कहा कि जेल में छापे के दौरान शराब से भरी पानी की बोतल, चार मोबाइल फोन और 50 हजार रुपये की नकदी मिली। ये प्रतिबंधित वस्तुएं हत्या के मामलों में गिरफ्तार कुछ खूंखार अपराधियों समेत नौ कैदियों से मिली हैं। कैदियों के खिलाफ कच्छ के ए डिवीजन पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस उस चैनल का पता लगाने के लिए जांच कर रही है, जिसके माध्यम से ये सामान जेल बैरक के अंदर पहुंचीं।

जिंदल समूह के कार्यकारी अधिकारी के खिलाफ फ्लाइट में छेड़छाड़ के आरोप में केस दर्ज
बिधाननगर सिटी पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि जिंदल समूह की एक कंपनी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी के खिलाफ कोलकाता-अबू धाबी फ्लाइट में एक महिला सह-यात्री के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि महिला के माता-पिता की तरफ से कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके में मौजूद एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में शनिवार को दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता यात्री ने भी मामले के बारे में अपनी शिकायत ईमेल की है, जिसे वे औपचारिक मान रहे हैं। उन्होंने कहा कि, हमने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं महिला यात्री ने एक्स पर कई पोस्ट में आरोप लगाया था कि कार्यकारी अधिकारी ने उसे मूवी क्लिप बताकर कुछ अश्लील वीडियो दिखाए, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। अधिकारी ने बताया कि बीएनएस की धारा 74 और 75 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed