{"_id":"68747ae24f641c0f7f0354ae","slug":"new-nipah-death-in-palakkad-6-districts-in-kerala-put-on-alert-know-all-about-it-2025-07-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kerala: पलक्कड़ में निपाह से एक और मौत; छह जिलों में अलर्ट, लोगों से अनावश्यक अस्पताल जाने से बचने को कहा गया","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Kerala: पलक्कड़ में निपाह से एक और मौत; छह जिलों में अलर्ट, लोगों से अनावश्यक अस्पताल जाने से बचने को कहा गया
Mon, 14 Jul 2025 09:04 AM IST
अभिषेक दीक्षित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोच्चि
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोच्चि
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Mon, 14 Jul 2025 09:04 AM IST
सार
वीना जॉर्ज ने यह भी कहा कि पलक्कड़ जिले में निपाह के दूसरे मामले के मद्देनजर 6 जिलों के अस्पतालों को अलर्ट जारी कर दिया गया है। पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड, कन्नूर, वायनाड और त्रिशूर जिलों के अस्पतालों को विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
विज्ञापन
निपाह
- फोटो : Adobe Stock Photos
विस्तार
केरल के पलक्कड़ जिले में निपाह का दूसरा मामला सामने आया है। मन्नारक्कड़ के पास कुमारमपुथुर निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति की पेरिंथलमन्ना के एक निजी अस्पताल में मौत के बाद निपाह वायरस की पुष्टि हुई। घटना के बाद पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, कन्नूर, वायनाड और त्रिशूर जिलों के अस्पतालों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
विज्ञापन
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि इस मामले में संपर्क सूची तैयार कर ली गई है। सरकार पुणे इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी से पुष्टि का इंतजार कर रही है। मंत्री ने बताया कि मरीज की 12 जुलाई को मृत्यु हो गई थी। मंजेरी मेडिकल कॉलेज में किए गए परीक्षण में उसके नमूने पॉजिटिव पाए गए थे। मृतक के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने के लिए तुरंत ट्रेसिंग शुरू कर दी गई। संपर्क सूची में 46 लोग हैं। सीसीटीवी सहित अन्य जानकारी एकत्र की गई है। उपलब्ध जानकारी के आधार पर एक रूट मैप तैयार किया गया है। मंत्री ने बताया कि एक वंशावली भी तैयार की गई है।
विज्ञापन
मोबाइल टावर लोकेशन सहित आगे की निगरानी की जाएगी
उन्होंने बताया कि इलाके में क्षेत्रीय गतिविधियां तेजं कर दी गई हैं। बुखार की निगरानी भी जारी है। मोबाइल टावर लोकेशन सहित आगे की निगरानी की जाएगी। मंत्री ने एक और मामला मिलने की स्थिति में टीम को और मजबूत करने का भी निर्देश दिया।
विज्ञापन
स्वास्थ्य कर्मियों, मरीजों और उनके साथियों को मास्क पहनने की सलाह
वीना जॉर्ज ने लोगों से (खासकर पलक्कड़ और मलप्पुरम जिलों में) अनावश्यक अस्पताल जाने से बचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जितना हो सके, अस्पताल में इलाज करा रहे रिश्तेदारों और दोस्तों से मिलने से बचें। मरीजों के साथ सहायक के रूप में केवल एक व्यक्ति ही होना चाहिए। मंत्री ने कहा कि अस्पताल आने वाले स्वास्थ्य कर्मियों, मरीजों और उनके साथियों को मास्क पहनना चाहिए।
निपाह संपर्क सूची में कुल 543 लोग
बता दें कि निपाह संपर्क सूची में कुल 543 लोग हैं। इनमें से 46 लोग नए मामले की संपर्क सूची में हैं। संपर्क सूची में मलप्पुरम जिले में 208, पलक्कड़ में 219, कोझीकोड में 114 और एर्नाकुलम में दो लोग हैं। मलप्पुरम में 10 लोगों का इलाज चल रहा है। दो लोग आईसीयू में उपचाराधीन हैं। मलप्पुरम जिले में अब तक 62 नमूनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पलक्कड़ में एक व्यक्ति आइसोलेशन में उपचाराधीन है। राज्य में कुल 36 लोग सबसे अधिक जोखिम वाली श्रेणी में हैं। 128 लोग उच्च जोखिम वाली श्रेणी में निगरानी में हैं।
6 जिलों के अस्पतालों को अलर्ट जारी
वीना जॉर्ज ने यह भी कहा कि पलक्कड़ जिले में निपाह के दूसरे मामले के मद्देनजर 6 जिलों के अस्पतालों को अलर्ट जारी कर दिया गया है। पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड, कन्नूर, वायनाड और त्रिशूर जिलों के अस्पतालों को विशेष अलर्ट जारी किया गया है। निपाह के लक्षणों वाले बुखार या इंसेफेलाइटिस के किसी भी मामले की सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।