न्यूज अपडेट्स: सीजेआई से बोला वकील- आप इस कुर्सी पर बैठने के योग्य नहीं; गुजरात के डिप्टी CM का तमिलनाडु दौरा
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सोमवार को तमिलनाडु स्थित ऑरोविल का दौरा किया। उन्होंने यहां की सांस्कृतिक विरासत, साउंड थेरेपी और मातृमंदिर की गतिविधियों को देखा। सांघवी ने यहां संचालित साउंड थेरेपी की पहल को गुजरात में भी शुरू करने और विस्तार देने की बात कही। ऑरोविल फाउंडेशन की सचिव और गुजरात सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जयंत एस. रवि और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक वीपी रामलिंगम भी मौजूद रहे। संघवी ने सबसे पहले यूनिटी पवेलियन का दौरा किया। यहां उन्हें विश्व एकता के प्रतीक पीस टेबल और कलाकृतियों के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने सावित्री भवन में श्री अरविंद के विचारों और दर्शन को समझा। श्री अरविंद और तमिल कवि सुब्रमण्यम भारती के संबंधों के साथ तमिल साहित्य के प्रति उनकी रुचि पर भी प्रकाश डाला। संघवी ने पारंपरिक ध्वनि चिकित्सा में इस्तेमाल होने वाले वाद्य यंत्रों को देखा और उन्हें बनाने वाले कारीगरों से बातचीत की। केंद्र में ध्वनि और संगीत के जरिये स्वास्थ्य एवं मानसिक शांति से जुड़े प्रयोग किए जाते हैं। इस अनुभव को गुजरात में भी पहुंचाने और इसका विस्तार करने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने ऑरोविल बेकरी का भी दौरा किया। यहां उन्होंने मातृमंदिर में ध्यान किया।
सीजेआई से बोला वकील, आप इस कुर्सी पर बैठने के योग्य नहीं
सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को एक अप्रत्याशित घटना हुई। एक वकील ने मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत के खिलाफ तीखी और आपत्तिजनक टिप्पणी की। वकील ने कहा, आप इस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते। आप इसके योग्य नहीं हैं। आपके अंदर ईमानदारी नहीं है। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने वकील को कोर्ट रूम से बाहर निकाल दिया। कुछ अन्य वकीलों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना उस समय हुई, जब वकील अचानक सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ के सामने खड़े हो गए और अपने मामले की जल्द सुनवाई की मांग करने लगे। वकील ने कहा कि उन्होंने 2 नवंबर को सीजेआई के कार्यालय में अपने मामले की जल्द सुनवाई के लिए आवेदन दिया था लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। वह अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले को लेकर नाराज थे। शुरुआत में वकील ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना दोपहर दो बजे मामले का उल्लेख करने के लिए माफी मांगी। इस पर जस्टिस मोहना ने उन्हें टोका और कहा, आप इस तरह कुछ नहीं कह सकते। सीजेआई ने कहा, हम देखेंगे, आप इंतजार करें। लेकिन वकील नहीं माने। उन्होंने कहा, मैं इंतजार नहीं करूंगा। इसके बाद उन्होंने सीजेआई के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी कर दी।
यूपी चुनाव: सीट बंटवारे पर समिति में प्रियंका, वेणुगोपाल, राजेंद्र गौतम भी शामिल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत के लिए कांग्रेस ने पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति में प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और मोना तिवारी शामिल हैं। यह समिति तय करेगी कि कांग्रेस को कितनी और कौन सी सीटें मांगनी चाहिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर पर सोमवार को हुई एक अहम बैठक में कांग्रेस ने साफ किया कि वह सपा से केवल उन्हीं सीटों की मांग करेगी, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में उसका प्रदर्शन अच्छा था। बैठक के बाद खरगे ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव राज्य की जनता को एक मजबूत विकल्प देंगे। कांग्रेस, इंडिया गठबंधन के दूसरे दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और गठबंधन की जिम्मेदारी निभाएगी। इधर, कांग्रेस ने सीट बंटवारे को लेकर सपा को 181 संभावित विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है। सपा की ओर से कहा गया कि जीत उम्मीदवार के चयन का आधार होगी। सीटों पर चयन प्रत्याशियों की वरीयता नहीं योग्यता से होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, आगामी चुनाव राज्य की राजनीति को नई दिशा देंगे। जनता बदलाव चाहती है। सामाजिक न्याय, सभी को बराबर अवसर देने और वंचित वर्गों के अधिकार मजबूत करने के प्रयास जारी हैं।
