फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates BRICS environment Group meet north east west south politics crime education sports news

Updates: आज से ब्रिक्स पर्यावरण समूह की बैठक; भारत-थाईलैंड का संयुक्त सैन्य अभ्यास 'मैत्री' 18 से 31 अगस्त तक

Mon, 17 Aug 2026 11:21 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 17 Aug 2026 11:21 PM IST
विज्ञापन
National Updates BRICS environment Group meet north east west south politics crime education sports news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
भारत आज से शुरू हो रहे दो दिवसीय ब्रिक्स पर्यावरण समूह की अहम बैठकों की मेजबानी करेगा। आज पहले दिन यानी सोमवार को ब्रिक्स पर्यावरण कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक और जलवायु परिवर्तन और सतत विकास पर संपर्क समूह की बैठक होगी। इसके बाद मंगलवार को 12वीं ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की बैठक आयोजित की जाएगी। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय केमुताबिक, ये बैठकें भारत मंडपम नई दिल्ली में होगीं। इसकी व्यापक थीम भारत की 2026 की ब्रिक्स की अध्यक्षता: लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता का निर्माण है। ईडब्ल्यूजी की स्थापना 2015 में मॉस्को में हुई पहली ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की बैठक के दौरान की गई थी। इसका उद्देश्य पर्यावरणीय प्राथमिकताओं पर सहयोग, अनुभवों और बेहतर कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान तथा सामूहिक कार्रवाई को मजबूत करना है। वहीं, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास पर संपर्क समूह की स्थापना 2024 में ब्रिक्स देशों के बीच जलवायु सहयोग के लिए की गई थी। बैठकों में मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, नीति-निर्माता और विशेषज्ञ भाग लेंगे। चर्चा में सतत जीवनशैली, वनीकरण, जंगलों में आग प्रबंधन और आपदा-रोधी क्षमता जैसे मुद्दे प्रमुख होंगे। मंत्रिस्तरीय बैठक में परिणाम दस्तावेज और पर्यावरणीय सहयोग व सतत विकास पर केंद्रित विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा।
विज्ञापन

भारत-थाईलैंड का संयुक्त सैन्य अभ्यास 'मैत्री' 18 से 31 अगस्त तक
भारत और थाईलैंड की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'मैत्री' का 15वां संस्करण 18 से 31 अगस्त तक थाईलैंड में आयोजित किया जाएगा। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं की संयुक्त क्षमताओं को बढ़ाना और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत जंगल तथा अर्ध-शहरी इलाकों में आतंकवाद और उग्रवाद विरोधी अभियानों के संचालन में तालमेल मजबूत करना है। अभ्यास का आयोजन थाईलैंड के सूरत थानी स्थित विभावदी रंगसित कैंप में किया जाएगा। भारतीय सेना की टुकड़ी सोमवार को अभ्यास में शामिल होने के लिए थाईलैंड रवाना हो गई।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, अभ्यास में भारतीय सेना और रॉयल थाई आर्मी की टुकड़ियों में 85-85 सैनिक शामिल होंगे। भारतीय दल का प्रतिनिधित्व मुख्य रूप से 9 गोरखा राइफल्स के जवान करेंगे। वहीं, थाईलैंड की सेना की टुकड़ी 5वीं डिवीजन की 25वीं इन्फैंट्री ब्रिगेड की तीसरी बटालियन के जवानों से बनी है। अभ्यास के दौरान कंपनी स्तर पर संयुक्त प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें जंगल और अर्ध-शहरी इलाकों में अभियान चलाने की रणनीति पर विशेष जोर रहेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

गिरफ्तार TMC विधायक दिलीप मंडल का दावा- मेरे खिलाफ 39 FIR, हाईकोर्ट से जल्द सुनवाई की मांग
गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस विधायक दिलीप मंडल ने सोमवार को कलकत्ता हाईकोर्ट में दावा किया कि उनके खिलाफ अब तक अलग-अलग मामलों में 39 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज चार एफआईआर को चुनौती देते हुए याचिका पर जल्द सुनवाई की मांग की। मामले का न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य के समक्ष उल्लेख किया गया। अदालत ने कहा कि मंडल की जल्द सुनवाई की मांग पर शुक्रवार को सुनवाई की जाएगी।

दिलीप मंडल के वकील किशोर दत्ता ने अदालत को बताया कि उनकी ओर से चार एफआईआर को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का रुख किया गया है। वकील के मुताबिक, उनकी जानकारी में विधायक के खिलाफ अब तक 39 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। वकील ने जल्द सुनवाई के लिए आवेदन का उल्लेख करते हुए अदालत से आग्रह किया कि इसे अदालत की सुविधा के अनुसार किसी भी तारीख पर सुना जाए।

ड्रग तस्करों के कारण हुई पुलिसकर्मी की मौत? हिमंत बिस्व सरमा ने जताया शक
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को दावा किया कि हाल ही में पुलिस सब-इंस्पेक्टर नाबाजीत दास की मौत के पीछे ड्रग तस्करों का हाथ होने की विश्वसनीय जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद अधिक जानकारी सामने आएगी। दास दिमा हसाओ जिले की लाइसोंग चौकी के प्रभारी थे। शुक्रवार शाम इलाके में नाका चेकिंग के दौरान एक कार की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य फरार हैं।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह ने असम में ड्रग्स पहुंचाने का रास्ता बदल दिया है। पहले म्यांमार से मणिपुर और मिजोरम के रास्ते मादक पदार्थ असम लाए जाते थे। अब तस्करों द्वारा अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग और उसके बाद तिनसुकिया के रास्ते का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। सरमा ने कहा कि सरकार इस बदलाव से अवगत है और इसे रोकने के लिए काम कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि तीन दिन पहले गुवाहाटी में पंजाब तक जुड़े एक ड्रग कार्टेल को खत्म किया गया था।

25 अगस्त से शुरू होगा मिजोरम विधानसभा का मानसून सत्र
मिजोरम विधानसभा का दो दिवसीय मानसून सत्र 25 अगस्त से शुरू होगा। इस दौरान ‘रो मिन रेल साक आंग चे’ को राज्य के आधिकारिक गीत के रूप में औपचारिक मंजूरी देने के लिए प्रस्ताव लाए जाने की संभावना है। सत्र का कार्यक्रम 14 अगस्त को स्पीकर लालबियाकजामा की अध्यक्षता में हुई बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में तय किया गया था। सत्र के दौरान कई विधेयक भी पेश किए जाने की संभावना है। राज्य मंत्रिमंडल ने 10 अगस्त को इस गीत को मिजोरम के आधिकारिक राज्य गीत के रूप में मंजूरी दी थी। प्रसिद्ध मिजो लेखक और संगीतकार रोकुंगा ने इसे 1947 में रचा था। इसके शीर्षक का अर्थ ‘हमारे सलाहकार बनो’ है।

विज्ञापन

ओडिशा: NGO से 30 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में सरकारी डॉक्टर गिरफ्तार
भुवनेश्वर में ओडिशा विजिलेंस ने कैपिटल अस्पताल के एक सहायक सर्जन को कथित तौर पर 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। अधिकारी के अनुसार, डॉक्टर पर NGO के कर्मचारियों के कार्य प्रमाणपत्र पर हस्ताक्षर करने के बदले पैसे मांगने का आरोप है। यह NGO अस्पताल के कैजुअल्टी वार्ड में इलाज के लिए आने वाले अज्ञात और बेसहारा मरीजों की मदद के लिए काम करता है। NGO जून और जुलाई के कर्मचारियों के वेतन जारी कराने के लिए जरूरी कार्य प्रमाणपत्र पर डॉक्टर के हस्ताक्षर चाहता था। आरोप है कि डॉक्टर ने इसके लिए 30 हजार रुपये की मांग की।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए डॉक्टर को कथित तौर पर रिश्वत लेते पकड़ लिया। इसके बाद डॉक्टर से जुड़े तीन ठिकानों पर एक साथ तलाशी भी ली गई। एक अन्य मामले में विजिलेंस विभाग ने बोलांगीर जिले की तुसुरा प्राथमिक कृषि सहकारी समिति (PACS) के पूर्व सचिव को वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामला 2014-15 के खरीफ विपणन सत्र से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि सरकारी धन से खरीदा गया बड़ी मात्रा में धान न तो मिलर्स को पहुंचाया गया और न ही सोसायटी के स्टॉक रिकॉर्ड में उसका हिसाब मिला। कथित गड़बड़ी के कारण सोसायटी को 42.31 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान होने की बात कही गई है।

तेलंगाना में सरकारी बस और ट्रक की टक्कर, 25 यात्री घायल; पांच की हालत गंभीर
तेलंगाना के जगतियाल जिले में सोमवार शाम सरकारी बस और ट्रक की टक्कर में कम से कम 25 यात्री घायल हो गए। इनमें पांच लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, हादसा कोंडागट्टू गांव के बाहरी इलाके में शाम करीब 5:45 बजे हुआ। TGSRTC की बस करीब 50 यात्रियों को लेकर करीमनगर से निजामाबाद जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने कथित तौर पर बस को टक्कर मार दी। हादसे में 25 यात्री घायल हुए। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को इलाज के लिए करीमनगर जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कोलकाता एयरपोर्ट पर 900 ग्राम सोना जब्त

कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को सुरक्षा जांच के दौरान दो यात्रियों के पास से करीब 900 ग्राम सोना बरामद किया गया। बरामद 24 कैरेट सोने की अनुमानित कीमत करीब 1.35 करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, दोनों यात्री बैंकॉक से कोलकाता पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर तलाशी अभियान के दौरान उनके पास से सोना बरामद किया गया। अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई पहले से मिली एक सूचना के आधार पर की गई। सूचना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा टीम ने यात्रियों की जांच की, जिसमें 24 कैरेट सोना बरामद हुआ।

सोना बरामद होने के बाद दोनों यात्रियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोना उनके पास कहां से आया और इसे कोलकाता लाने का उद्देश्य क्या था। मामले में आगे की जांच जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed