फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates Bengal school dress code skirt Amit Shah Goa visit north east west south politics crime news

न्यूज डायरी: आंध्र प्रदेश में गोदावरी नदी में परिवार के चार लोगों ने लगाई छलांग, तीन की मौत; महिला बचाई गई

Sun, 06 Sep 2026 11:04 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 06 Sep 2026 11:04 PM IST
विज्ञापन
National Updates Bengal school dress code skirt Amit Shah Goa visit north east west south politics crime news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

आंध्र प्रदेश के एलामंचिली में एक परिवार के चार सदस्यों ने कथित तौर पर एक पुल से गोदावरी नदी में छलांग लगा दी। पुलिस के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान तीन लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि स्थानीय मछुआरों ने एक महिला को बचा लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना शनिवार सुबह करीब 6.15 बजे चिंचिनाडा पुल पर हुई।

विज्ञापन


अधिकारी ने पीटीआई से कहा, "परिवार ने चिंचिनाडा में पुल से गोदावरी नदी में छलांग लगा दी। तलाशी अभियान के दौरान अब तक तीन शव बरामद किए गए हैं, जबकि स्थानीय मछुआरों ने एक महिला को बचा लिया।" बचाई गई महिला की पहचान 42 वर्षीय नंबूरी पद्मिनी के रूप में हुई है। उन्हें इलाज के लिए रजोल स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
विज्ञापन


पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर दो मोटरसाइकिलें मिली थीं। उनके पंजीकरण नंबरों के आधार पर परिवार की पहचान तणुकू शहर के निवासियों के रूप में हुई। मृतकों की पहचान पद्मिनी के पति 45 वर्षीय नंबूरी श्रीनिवास और उनके दो नाबालिग बच्चों के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


पश्चिम बंगाल में 'राष्ट्रविरोधी' नारों पर सख्त कार्रवाई की मांग, जादवपुर विश्वविद्यालय में बढ़ी नारेबाजी की जंग
भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रमुख शमिक भट्टाचार्य ने रविवार को कहा कि पार्टी विश्वविद्यालय परिसरों में प्रवेश नहीं करेगी, लेकिन राष्ट्रविरोधी नारे लिखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। यह बयान जादवपुर विश्वविद्यालय में वामपंथी छात्र संगठनों और आरएसएस से जुड़े अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बीच नारेबाजी और दीवारों पर लिखे नारों की जंग तेज होने के बीच आया है।

विश्वविद्यालय में दीवारों पर नारे लिखने और मिटाने का सिलसिला जारी है। प्रतिद्वंद्वी छात्र संगठन बार-बार एक-दूसरे के नारों को मिटाकर नए नारे लिख रहे हैं। उत्तर कोलकाता में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भट्टाचार्य ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर भाजपा विश्वविद्यालय परिसरों में प्रवेश नहीं करेगी। उन्होंने परिसर के भीतर पुलिस के हस्तक्षेप की संभावना से भी इनकार किया।

उन्होंने कहा, "कुछ लोग विश्वविद्यालय के परिसर में प्रवेश कर नारे लिख रहे हैं। हम उनसे सिर्फ इतना कहना चाहते हैं कि हम किसी भी परिसर या विश्वविद्यालय में प्रवेश नहीं करेंगे। पुलिस भी नहीं जाएगी।" हालांकि, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि देश के हित के खिलाफ नारे लिखने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, "जो लोग ऐसा कर रहे हैं, उनकी पहचान की जाएगी। कदम उठाए जाने चाहिए... जो भी 'भारत तेरे टुकड़े होंगे' लिखता है, उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जानी चाहिए। आगे भी पश्चिम बंगाल में ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए।" भट्टाचार्य की यह टिप्पणी विश्वविद्यालय की दीवारों पर "राष्ट्रविरोधी नारे" लिखे जाने के आरोपों के बीच आई है।

सिक्किम की मतदाता सूची से एसआईआर के बाद 11 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के नाम हटे
सिक्किम की मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कुल 52,551 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इससे मतदाताओं की संख्या करीब 11.16 प्रतिशत घट गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी। अंतिम मतदाता सूची में 4,18,467 पात्र मतदाता हैं। एसआईआर से पहले मतदाताओं की संख्या 4,71,018 थी।

जुलाई में जारी मसौदा मतदाता सूची में 4,33,294 मतदाता थे। इनमें से 3,61,159 यानी 83.35 प्रतिशत मतदाताओं का पिछली अर्हता सूची या पिछले एसआईआर के रिकॉर्ड में उनके या उनके माता-पिता के मतदाता विवरण से सफलतापूर्वक मिलान किया गया। बयान के अनुसार, 72,135 मतदाताओं यानी 16.65 प्रतिशत का मिलान नहीं हो सका।

मिलान किए गए मतदाताओं में से 52,384 के रिकॉर्ड में निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली ने "तार्किक विसंगतियां" पाईं। मिलान नहीं हो पाने वाले और तार्किक विसंगति वाली श्रेणी के कुल 1,24,519 मतदाताओं को सुनवाई के लिए नोटिस जारी किए गए। उन्हें अपनी पात्रता साबित करने को कहा गया।

सुनवाई और सत्यापन के बाद 16,485 मतदाताओं को अपात्र पाया गया। इसके अलावा 324 मतदाताओं के नाम फॉर्म-7 के जरिये हटाए गए। इनमें मृत्यु और पता बदलने जैसे कारण शामिल थे। इस तरह दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के दौरान कुल 16,809 मतदाताओं के नाम हटाए गए।

बाद में दावे और आपत्तियों के आधार पर 1,982 मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में फिर जोड़े गए। इससे मसौदा सूची के 4,33,294 मतदाताओं की संख्या घटकर 4,18,467 हो गई। अंतिम सूची में 2,12,534 पुरुष, 2,05,931 महिलाएं और तीसरे लिंग के दो मतदाता हैं।
बयान के अनुसार, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के आदेश से असंतुष्ट लोग अपील कर सकते हैं।

तेलंगाना: मंत्री प्रभाकर ने विधानसभा से गैरहाजिरी को लेकर केसीआर पर साधा निशाना
तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव पर विधानसभा से अधिकतर समय दूर रहने को लेकर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री से सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा के मानसून सत्र में शामिल होने की अपील की। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने रविवार को यहां 'महाधरना' किया। इसमें राव से विधानसभा से दूर रहने के लिए इस्तीफे की मांग की गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राव विधानसभा नहीं आने के बावजूद वेतन और अन्य सुविधाएं ले रहे हैं।

केसीआर के नाम से चर्चित राव पर निशाना साधते हुए प्रभाकर ने कहा, "10 साल तक मुख्यमंत्री रहे राव को सदन में आना चाहिए था और जिम्मेदार विपक्ष के नेता के तौर पर अपने विचार रखने चाहिए थे। लेकिन वह विधानसभा में नहीं आकर जनता के पैसे का दुरुपयोग कर रहे हैं। समाज इस पर सवाल उठा रहा है।"

उन्होंने कहा, "अगर कोई सरकारी कर्मचारी काम पर नहीं आता है तो उसे सेवा से हटा दिया जाता है। लोग अब यह सवाल उठा रहे हैं और कांग्रेस उनकी ओर से विपक्ष के नेतृत्व का मुद्दा उठा रही है।" प्रभाकर ने कांग्रेस सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। इनमें आरटीसी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, अच्छी किस्म के चावल का वितरण, गरीबों के लिए इंदिरम्मा आवास योजना और 72,000 सरकारी रिक्तियों को भरना शामिल है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं के बारे में लोगों को बताने की अपील की। भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रभाकर ने कहा कि पार्टी को लोगों को बताना चाहिए कि केंद्र की एनडीए सरकार ने तेलंगाना के लिए क्या किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस और भाजपा मिलकर कांग्रेस सरकार को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। 

असम के गोलपाड़ा में हाथी ने पुलिस कांस्टेबल को कुचलकर मार डाला
असम के गोलपाड़ा जिले में रविवार तड़के एक जंगली हाथी ने पुलिस के एक कांस्टेबल को कुचलकर मार डाला। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। घटना डाकुरभिटा स्थित 17वीं असम पुलिस बटालियन के शिविर में हुई। मृतक की पहचान कांस्टेबल अमजद अली के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया, "वह गश्त ड्यूटी पर थे, तभी एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें कुचल दिया। उन्हें शहीद निधानुराम सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।" पुलिस के अनुसार, घटना के समय कुल सात जवान ड्यूटी पर थे।

केरल में झील में मिला युवा दंपती का शव, परिवारों की आपत्ति के बावजूद साथ रह रहे थे
केरल के कोल्लम जिले में परिवारों के विरोध के बावजूद साथ रह रहे एक युवा दंपती के शव रविवार को सस्थामकोट्टा झील में मिले। पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला बताया है। पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय अभिरामी और 26 वर्षीय राजीव के शनिवार शाम झील पर पहुंचने और पानी में छलांग लगाने की आशंका है। दोनों के शव रविवार सुबह बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि दोनों कुछ समय से रिश्ते में थे और हाल के महीनों में साथ रह रहे थे। उनके रिश्ते को लेकर परिवारों के संपर्क करने के बाद पुलिस ने भी पहले हस्तक्षेप किया था। 

हाल ही में दोनों को पुलिस थाने बुलाया गया था। वहां उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने साथ रहने का फैसला किया है। दोनों ने इस संबंध में एक लिखित बयान भी दिया था, जिस पर दोनों के हस्ताक्षर थे। इसके बाद भी वे साथ रह रहे थे, लेकिन उनके परिवारों के साथ संबंध अच्छे नहीं थे। पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम दोनों सस्थामकोट्टा झील गए थे। बाद में उनके बैग झील के किनारे मिले। राजीव के बैग से दवाइयां भी मिली हैं। पुलिस मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या परिवारों के साथ तनावपूर्ण संबंधों के कारण दोनों भावनात्मक परेशानी में थे।

गुजरात के हर जिले और शहर में बनेगा अलग एंटी-नारकोटिक्स विंग: डीजीपी मलिक
गुजरात पुलिस मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने और इसे अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य के हर जिले और पुलिस आयुक्तालय में अलग एंटी-नारकोटिक्स विंग बनाएगी। पुलिस महानिदेशक जीएस मलिक ने यह जानकारी दी। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, नई इकाइयां विशेष टास्क फोर्स के रूप में काम करेंगी और केवल स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत आने वाले अपराधों से निपटेंगी। इन्हें सात दिन के भीतर काम शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

मलिक की ओर से सभी पुलिस आयुक्तों, रेंज आईजी और जिला पुलिस अधीक्षकों को जारी आदेश के अनुसार, प्रत्येक विंग में आठ पुलिसकर्मी होंगे। इनमें एक निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक, दो सहायक उपनिरीक्षक या हेड कांस्टेबल और चार कांस्टेबल शामिल होंगे।  प्रत्येक इकाई को अलग वाहन और चालक भी दिया जाएगा। जिला स्तर पर एंटी-नारकोटिक्स विंग सीधे पुलिस अधीक्षक की निगरानी में काम करेगा।

विज्ञप्ति के अनुसार, अहमदाबाद और सूरत शहर में दो-दो इकाइयां बनाई जाएंगी। वहीं, वडोदरा और राजकोट में एक-एक इकाई होगी। इनकी निगरानी संयुक्त या अतिरिक्त पुलिस आयुक्त करेंगे। इन इकाइयों को शराब या जुए से जुड़ा काम नहीं सौंपा जाएगा। वे स्थानीय अपराध शाखा, विशेष अभियान समूह, अपराध रोकथाम शाखा या अपराध जांच शाखा की निगरानी में भी काम नहीं करेंगी।

विंग एनडीपीएस अधिनियम के तहत आने वाले सभी मादक पदार्थों के बारे में खुफिया जानकारी जुटाएगा। साथ ही मादक पदार्थ बेचने वालों, चिन्हित संवेदनशील इलाकों और राज्य स्तरीय एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स की सूची में शामिल होटलों पर लगातार नजर रखी जाएगी। विज्ञप्ति के अनुसार, इकाई उन आदतन अपराधियों की भी पहचान करेगी, जिनके खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत एहतियाती हिरासत की कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे मामलों में सीआईडी अपराध शाखा को प्रस्ताव भेजे जाएंगे।

आदेश में यह भी चेतावनी दी गई है कि एंटी-नारकोटिक्स विंग की जांच में स्थानीय पुलिसकर्मियों की लापरवाही, कर्तव्य में चूक या उदासीनता सामने आने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इकाई को हर महीने अपने काम का ब्योरा तय प्रारूप में तैयार कर संबंधित पुलिस आयुक्त और रेंज आईजी को महीने की पहली से पांच तारीख के बीच सौंपना होगा।

मणिपुर में एसआईआर के बाद मतदाता सूची जारी, 19.60 लाख मतदाता; 1.89 लाख नाम हटे, 56,871 जुड़े
निर्वाचन आयोग ने रविवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मणिपुर की अंतिम मतदाता सूची जारी की। सूची में 19.60 लाख मतदाता हैं। पुनरीक्षण के दौरान 1.89 लाख नाम हटाए गए और 56,871 नए मतदाता जोड़े गए। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिन्हा ने बताया कि एसआईआर के बाद मतदाता सूची में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है।

उन्होंने कहा, "एसआईआर प्रक्रिया के बाद राज्य की 60 विधानसभा सीटों में अब 19.60 लाख से अधिक मतदाता हैं। कुल मतदाताओं में 9,53,350 पुरुष और 10.06 लाख महिलाएं हैं। तीसरे लिंग के 308 मतदाता हैं।" सिन्हा ने बताया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया इस साल 18 मई को मतदाता सूची में दर्ज 20.93 लाख मतदाताओं के साथ शुरू हुई थी। अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या पुनरीक्षण शुरू होने से पहले की संख्या से 6.33 प्रतिशत कम है। 5 जुलाई को जारी मसौदा मतदाता सूची में 19.34 लाख मतदाता थे।

चेन्नई में पुलिस दिवस पर समुद्र तट की सफाई में 1,000 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
पुलिस दिवस के मौके पर रविवार को चेन्नई के बेसेंट नगर में समुद्र तट की सफाई अभियान में 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों, नगर निकाय कर्मचारियों और कॉलेज छात्रों ने हिस्सा लिया। चेन्नई शहर के पुलिस आयुक्त ए अमलराज ने अभियान की शुरुआत की और प्रतिभागियों के साथ समुद्र तट से कचरा हटाया। अभियान में ग्रेटर चेन्नई पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी, होम गार्ड, चेन्नई निगम के सफाई कर्मचारी तथा एनसीसी और एनएसएस के छात्र स्वयंसेवक शामिल हुए।

एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस दिवस हर साल 6 सितंबर को मनाया जाता है। इस दिन 1859 में मद्रास जिला पुलिस अधिनियम लागू किया गया था, जिससे आधुनिक और व्यवस्थित पुलिस बल की शुरुआत हुई थी। अतिरिक्त आयुक्त एजी बाबू और केएस नरेंद्रन नायर तथा संयुक्त आयुक्त पी विजयकुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी भी सफाई अभियान में मौजूद रहे।

ओडिशा में सतर्कता विभाग ने इंजीनियर को गिरफ्तार किया, पांच प्लॉट और 63 लाख रुपये की जमा राशि का पता चला
ओडिशा सतर्कता विभाग ने रविवार को एक महिला इंजीनियर को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, उसके पास से 7.15 लाख रुपये नकद, 63 लाख रुपये की जमा राशि और पांच प्लॉट समेत कई संपत्तियों का पता चला है। गिरफ्तार इंजीनियर की पहचान केंद्रापड़ा की जल निकासी शाखा की सहायक कार्यकारी अभियंता अनुपमा साहू के रूप में हुई है। सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने एक सूचना के आधार पर शनिवार को एनएच-53ए पर मार्शाघाई चौराहे के पास साहू की सरकारी गाड़ी को रोका। वह केंद्रापड़ा जिले स्थित अपने घर जा रही थीं।

कटक के सतर्कता पुलिस अधीक्षक केबी आचार्य ने बताया कि तलाशी के दौरान उनके पास से कथित तौर पर आय से अधिक 3.15 लाख रुपये नकद बरामद हुए। उन्होंने बताया कि इंजीनियर की अन्य संपत्तियों की तलाशी के दौरान केंद्रापड़ा के नयनविहार स्थित उनके घर से चार लाख रुपये और बरामद किए गए। इससे नकद बरामदगी की कुल राशि 7.15 लाख रुपये हो गई। आचार्य के अनुसार, छापेमारी के दौरान 63 लाख रुपये की जमा राशि, भुवनेश्वर में एक फ्लैट, ढेंकानाल जिले के कामाक्ष्यानगर में सरिया और सीमेंट का एक गोदाम, बोलांगीर में एक दुकान और भुवनेश्वर, अंगुल तथा ढेंकानाल में पांच प्लॉट का भी पता चला।

कर्नाटक में बिना लाइसेंस वाले परिसरों से चार लाख रुपये से अधिक की दवाएं जब्त
कर्नाटक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने अनेकल और देवनहल्ली में बिना लाइसेंस वाले ई-कॉमर्स भंडारण केंद्रों पर छापेमारी कर चार लाख रुपये से अधिक कीमत की दवाएं जब्त की हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, दोनों परिसरों में दवाओं के अवैध भंडारण और वितरण की सूचना मिलने के बाद औषधि प्रवर्तन शाखा ने एक साथ कार्रवाई की। एफडीए ने एक विज्ञप्ति में कहा कि बिना लाइसेंस वाले ई-कॉमर्स भंडारण केंद्रों पर कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में अनधिकृत दवाएं जब्त की गईं। विभाग ने इसे दवाओं के अवैध भंडारण और वितरण के खिलाफ समन्वित कार्रवाई बताया।

अनेकल में एफडीए की राज्य खुफिया शाखा के सहायक औषधि नियंत्रक मनोहर के नेतृत्व में क्षेत्रीय औषधि निरीक्षकों की टीम ने अनेकल तालुक के थट्टानहल्ली स्थित एमेजॉन सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के परिसर पर छापा मारा। विज्ञप्ति के अनुसार, वैध औषधि लाइसेंस के बिना दवाओं का भंडारण करने पर 2,45,352 रुपये कीमत की दवाएं जब्त की गईं। अलग से बेंगलुरु ग्रामीण जिले के देवनहल्ली स्थित एयरोस्पेस इलाके में एमेजॉन के परिसर पर औषधि निरीक्षक विभा के नेतृत्व में छापा मारा गया। यहां से 1,57,000 रुपये कीमत की दवाएं जब्त की गईं। दोनों जगहों से जब्त दवाओं की कुल कीमत 4,02,352 रुपये है। संबंधित संस्थाओं की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

केरल में भवानी नदी से महिला और बच्चे के शरीर के अंग बोरे में मिले
केरल के पलक्कड़ जिले के अगली में चेरकाडव के पास भवानी नदी में रविवार को दो बोरों में महिला और एक बच्चे के शरीर के अंग मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मवेशी चराने वालों ने दोपहर करीब 3.30 बजे नदी के सूखे हिस्से में पड़े दोनों बोरों को देखा। बोरों से तेज बदबू आने पर उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने पुदूर पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बोरों की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि उनमें महिला और बच्चे के सिर समेत शरीर के अन्य अंग मिले।

पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी ली, लेकिन कोई अन्य बोरा या शरीर के अंग नहीं मिले। पुलिस ने बताया कि शरीर के अंग काफी सड़ चुके हैं, जिससे मृतकों की पहचान करना मुश्किल है। एक गवाह के बयान के आधार पर पुदूर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शरीर के अंगों को मुर्दाघर भेज दिया गया है। सोमवार को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम किया जाएगा।

पुलिस केरल और तमिलनाडु के पड़ोसी जिलों में हाल में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है, ताकि मृतकों की पहचान हो सके। अधिकारियों ने बताया कि जांच के तहत इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

त्रिशूर में लंबी कतार देखकर सुरेश गोपी ने टोल प्लाजा के सभी गेट खोलने के निर्देश दिए
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने रविवार को यहां पालियेक्करा टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार देखकर संचालकों को सभी गेट खोलने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पालियेक्करा टोल प्लाजा गोपी के त्रिशूर लोकसभा क्षेत्र में कोच्चि-सलेम राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। सप्ताहांत और छुट्टियों के दिनों में यहां वाहनों की लंबी कतार लगने की शिकायत रहती है। पुलिस के अनुसार, गोपी त्रिशूर से एर्नाकुलम जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल प्लाजा के दोनों ओर दो किलोमीटर से अधिक लंबी वाहनों की कतार देखी।

उनके साथ चल रहा सुरक्षा वाहन यातायात को पार कर टोल प्लाजा तक पहुंच गया। इसके बाद गोपी अपने वाहन से उतरे और टोल बूथ पर पहुंचकर सभी गेट खोलने के निर्देश दिए। उनके सुरक्षाकर्मियों ने भी इस काम में मदद की और टोल गेट खोल दिए। पुलिस के अनुसार, करीब आधे घंटे में वाहनों की कतार खत्म हो गई। इसके बाद गोपी ने अपनी यात्रा फिर शुरू कर दी। एक टीवी चैनल से बातचीत में गोपी ने कहा कि लंबी कतार देखकर उन्हें अपनी जिम्मेदारी का एहसास हुआ और उन्होंने हस्तक्षेप करने का फैसला किया।

उन्होंने कहा, "स्पष्ट कानूनी दिशानिर्देश हैं कि अगर वाहन इतनी दूरी तक कतार में खड़े हों- जिससे इंजन चालू रहने के कारण ईंधन की बर्बादी, अत्यधिक गर्मी और धुएं का उत्सर्जन होता है- तो अदालत ने सख्त निर्देश दिए हैं कि एक निश्चित सीमा से आगे वाहनों की कतार लगने पर टोल गेट खोलकर उन्हें गुजरने दिया जाना चाहिए।" गोपी ने कहा कि टोल वसूलने के लिए संचालकों को दोष नहीं दिया जा सकता, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने पर इस प्रक्रिया में काफी समय लग सकता है।

कोलकाता: मकान में फंदे से लटका मिला युवक का शव
कोलकाता के उल्टाडांगा इलाके में रविवार को एक व्यक्ति का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान विधाननगर रोड स्थित बासंती कॉलोनी निवासी मधाई हलदर (31) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह सुबह करीब 5:30 बजे घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। उसे आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने कहा कि मौत के कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। 

कांथापुरम की टिप्पणी पर बहस के बाद टीवी एंकर को धमकी, दो के खिलाफ केस
पुलिस ने इस्लामिक विद्वान कांथापुरम एपी अबूबकर मुसलियार की महिलाओं के सार्वजनिक मंचों पर आने को लेकर की गई टिप्पणी पर राजनीतिक बहस के बाद एक टीवी न्यूज एंकर को कथित तौर पर शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के मामले में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को कोच्चि सिटी साइबर पुलिस थाने में मलयालम न्यूज चैनल बिग टीवी की वरिष्ठ समन्वय संपादक अपर्णा कुरुप की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। आरोपियों में कोझिकोड निवासी अब्दुल बासिल और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है। एफआईआर के मुताबिक, आरोपियों ने चैनल पर प्रसारित चर्चा को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो, संदेश और तस्वीरें प्रसारित कीं। पुलिस के अनुसार, इनका उद्देश्य कुरुप की प्रतिष्ठा और मान-सम्मान को नुकसान पहुंचाना था।

एफआईआर में कहा गया है कि आरोपियों ने उन्हें शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी, जिससे उनके बीच भय और तनाव पैदा हुआ। इससे सार्वजनिक शांति भंग होने की स्थिति बनी और उनकी सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 192, 351(1), 353 और 3(5) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, कुरुप ने उस चर्चा से पहले शुरुआती टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने कंथापुरम की उस टिप्पणी की आलोचना की थी कि महिलाओं को सार्वजनिक मंचों पर लाने से "बहुत बड़ा विनाश" होगा। प्रसारण के बाद सोशल मीडिया पर कुरुप को निशाना बनाया गया। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर उन्हें धमकी देने वाले अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ धमकी देने वाले अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया जाएगा।

ओडिशा में प्रदूषण प्रमाणपत्र के बिना चल रहे वाहनों की पहचान के लिए ऑनलाइन व्यवस्था शुरू
ओडिशा सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र और बीमा के बिना चल रहे वाहनों की पहचान के लिए ई-डिटेक्शन प्रणाली शुरू की है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। राज्य के परिवहन आयुक्त अमिताभ ठाकुर ने बताया कि यह प्रणाली एक सितंबर से लागू की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) और बीमा के चलते पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ मौजूदा नियमों और इलेक्ट्रॉनिक प्रवर्तन प्रक्रिया के तहत ई-चालान जारी किया जाएगा।

ठाकुर ने वाहन मालिकों से अपने पीयूसीसी और बीमा की वैधता जांचने तथा समय पर उनका नवीनीकरण कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि जिन वाहनों के चालान निर्धारित अवधि के बाद भी लंबित रहेंगे, उनके पंजीकरण प्रमाणपत्र को परिवहन सेवा पोर्टल पर अस्थायी रूप से फ्रीज कर दिया जाएगा। इससे क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की सभी ऑनलाइन और ऑफलाइन सेवाएं रुक जाएंगी। ऐसे वाहनों का पंजीकरण नवीनीकरण भी नहीं किया जा सकेगा और उन्हें वाहन आधारित पीयूसी जांच एप्लिकेशन में नवीनीकरण की सुविधा नहीं मिलेगी।

ठाकुर ने कहा, "इन उपायों को यातायात अनुशासन, पर्यावरण नियमों के पालन, तीसरे पक्ष की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लागू किया जा रहा है।" हाल में राज्य सरकार ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगने वाले जुर्माने में बदलाव किया है। पहले सभी मामलों में 10,000 रुपये का जुर्माना था, जिसे अलग-अलग प्रकार के वाहनों के लिए घटाकर 1,000 से 6,000 रुपये के बीच कर दिया गया है।

सुप्रीम कोर्ट शुरू करेगा मासिक व्याख्यान शृंखला
कानून, न्याय और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण समकालीन मुद्दों पर संवाद और विचारों के आदान-प्रदान के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एक अनूठी पहल की घोषणा की है। शिक्षक दिवस के अवसर पर भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने शनिवार को कानून, न्याय और कानूनी शिक्षा पर एक मासिक व्याख्यान शृंखला शुरू करने और एक वार्षिक पुरस्कार देने का प्रस्ताव रखा। सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह शृंखला एक महत्वपूर्ण विचार, हर महीने की अवधारणा पर आधारित होगी। इसका उद्देश्य न्यायपालिका (पीठ), वकीलों (बार), शिक्षाविदों, विशेषज्ञों और युवा कानूनी प्रतिभाओं को एक मंच पर लाना है। इस पहल के तहत विषयों, वक्ताओं और पूरे प्रारूप का मार्गदर्शन स्वयं मुख्य न्यायाधीश करेंगे। हर संस्करण किसी समकालीन और महत्वपूर्ण विषय पर केंद्रित होगा। प्रख्यात न्यायविद, विद्वान और विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। व्याख्यान के बाद एक संचालित चर्चा होगी, जिसमें युवा अधिवक्ताओं, कानून के छात्रों और शोधकर्ताओं को सवाल पूछने और भाग लेने का मौका मिलेगा।

अरुणाचल पुलिस ने मानव तस्करी मामले का खुलासा किया, 38 लोगों को बचाया
अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने मानव तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और अलग-अलग स्थानों से 34 बच्चों समेत 38 लोगों को बचाया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बच्चों को अरुणाचल प्रदेश के आलो, मेचुका, पासीघाट, नाहरलागुन, ईटानगर और लोंगडिंग इलाकों के अलावा असम से बचाया गया।

पिछले महीने नामसाई थाने में मानव तस्करी का मामला दर्ज किया गया था। इसकी जांच नामसाई के पुलिस उपाधीक्षक केंगो दिर्ची कर रहे हैं। यह जांच पुलिस अधीक्षक सांगे थिनले की निगरानी में बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई के समन्वय से चल रही है। थिनले ने बताया कि पुलिस अब तक चार मददगारों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें हाल में गिरफ्तार की गई रूपाली पाडुंग भी शामिल है। पीड़ितों को ले जाने और अवैध तरीके से अलग-अलग जगह रखने में उसकी कथित भूमिका की कानूनी जांच की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि जांच का उद्देश्य पूरे तस्करी नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाना है। पीड़ितों को कथित तौर पर जहां रखा गया था, वहां के माता-पिता, अभिभावकों और अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। सबूतों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई बचाए गए बच्चों को जरूरी देखभाल, सुरक्षा, परामर्श और पुनर्वास सहायता दे रही हैं। उन्होंने कहा कि कानून के मुताबिक नाबालिगों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही है। मामले की आगे जांच जारी है।

पश्चिम बंगाल में ट्रैक बहाल होने के बाद दक्षिण-उत्तर मार्ग पर ट्रेन सेवाएं सामान्य
पश्चिम बंगाल में न्यू फरक्का और तिलडांगा के बीच जमीन धंसने से प्रभावित रेल पटरी बहाल होने के बाद रविवार को दक्षिण-उत्तर मार्ग पर ट्रेन सेवाएं सामान्य हो गईं। पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि पूर्वोत्तर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग से गुजरने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके मूल मार्ग पर बहाल कर दिया गया है।

तीन सितंबर की रात लगातार हुई बारिश के कारण न्यू फरक्का और तिलडांगा के बीच रेलवे तटबंध के पास जमीन धंस गई थी। पटरी को जल्द बहाल करने के लिए बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लगाया गया। इससे पहले ट्रेनों के रद्द होने और मार्ग बदले जाने से यात्रियों को परेशानी हुई थी। राज्य परिवहन निगमों एनबीएसटीसी और एसबीएसटीसी ने कोलकाता को सिलीगुड़ी और उत्तर बंगाल के अन्य शहरों से जोड़ने के लिए अतिरिक्त बसें चलाई थीं। यात्रियों ने यह भी शिकायत की थी कि कुछ निजी बस संचालकों ने स्थिति को देखते हुए अधिक किराया वसूला।

अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में झड़प मामले में कोलकाता पुलिस ने पूर्व टीएमसी विधायक को तलब किया
कोलकाता पुलिस ने पूर्व आईपीएस अधिकारी और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर को नोटिस भेजकर बुधवार को पेश होने को कहा है। यह नोटिस पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय वाले भवन से "अवैध" होर्डिंग हटाने के दौरान कथित झड़प के मामले की जांच के संबंध में भेजा गया है। पूर्व विधायक को बुधवार दोपहर शेक्सपियर सरणी थाने में पेश होने के लिए कहा गया है।

अधिकारियों ने 27 अगस्त को मध्य कोलकाता के कैमक स्ट्रीट स्थित उस इमारत के ऊपर से टीएमसी का "अवैध" होर्डिंग हटाया था, जहां अभिषेक बनर्जी का कार्यालय है। इस दौरान बनर्जी के कार्यालय के निजी सुरक्षाकर्मियों, उनके समर्थकों और पार्टी के कुछ नेताओं की पुलिस तथा कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों से झड़प हुई थी।

शेक्सपियर सरणी थाने में इस मामले में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बनर्जी को दो एफआईआर में आरोपी बनाया गया है। राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन, पूर्व विधायक कबीर और पूर्व पार्षद बैशवानार चटर्जी समेत अन्य लोगों के नाम भी मामलों में शामिल हैं। 

पुलिस इस मामले में बनर्जी, उनके निजी सहायक सुमित रे, ओ'ब्रायन और चटर्जी से पहले ही पूछताछ कर चुकी है। रविवार को शेक्सपियर सरणी थाने की पुलिस टीम ने दक्षिण कोलकाता के कसबा इलाके स्थित कबीर के घर जाकर नोटिस दिया। उन्होंने नोटिस प्राप्त कर लिया। सूत्रों के अनुसार, कबीर ने पुलिस टीम से कहा कि वह सोमवार को पेश होना चाहते हैं और दोपहर 1.30 बजे थाने पहुंच सकते हैं। पुलिस इससे पहले मामले में नोटिस देने के लिए कबीर के घर दो बार गई थी, लेकिन उस समय पूर्व विधायक वहां मौजूद नहीं थे। अब तक इस घटना के सिलसिले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवकुमार ने छात्रों से विदेश में पढ़ाई कर रोजगार देने वाला बनने को कहा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को छात्रों से विदेश में पढ़ाई करने और नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने यहां कौशल विकास विभाग के 'स्टडी अब्रॉड 2026' कार्यक्रम की शुरुआत के बाद यह बात कही। पैलेस ग्राउंड्स में शुरू किए गए इस कार्यक्रम के तहत छात्रों को विदेशी विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। इसमें 80 से अधिक विश्वविद्यालय हिस्सा ले रहे हैं और 300 से अधिक विषयों में पढ़ाई के अवसर उपलब्ध हैं।

शिवकुमार ने कहा, "हमारे प्रतिभाशाली मानव संसाधन देश के किसी भी अन्य राज्य की तुलना में बेजोड़ हैं। हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे वैश्विक स्तर पर सीखें। हमारी इच्छा है कि वे केवल कर्मचारी न बनें, बल्कि नियोक्ता बनें।" उन्होंने कहा कि सरकार ने विदेश में शिक्षा के लिए नया अवसर उपलब्ध कराया है और ज्ञान में निवेश को सबसे अच्छी संपत्ति बताया।

उन्होंने कहा, "मनुष्य की सीमाएं हैं, लेकिन ज्ञान की कोई सीमा नहीं है। वैश्विक स्तर की शिक्षा तक पहुंच लोगों को मानसिक रूप से मजबूत बनाती है।" शिवकुमार ने बताया कि क्वींसलैंड विश्वविद्यालय के साथ समझौते के बाद 3,145 छात्रों का विदेशी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई के लिए चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से छात्रवृत्तियां दी जा रही हैं। बैंक दो करोड़ रुपये तक के शिक्षा ऋण भी दे रहे हैं। उन्होंने कहा, "80 से अधिक विश्वविद्यालय इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं और 300 से अधिक विषयों में पढ़ाई के अवसर दे रहे हैं।" 

तेलंगाना में पोर्क करी को लेकर विवाद के बाद पति ने पत्नी की हत्या की
तेलंगाना के नलगोंडा जिले में पोर्क करी बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद 72 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 66 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना शनिवार देर रात शबदुलापुर गांव स्थित दंपती के घर में हुई। महिला जब सो रही थी, तभी आरोपी ने कथित तौर पर धारदार वस्तु से उस पर हमला किया।

हमले में महिला के माथे, सीने और पेट पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दंपती के बीच छोटी-छोटी पारिवारिक बातों को लेकर अक्सर विवाद होता था। शनिवार को महिला ने पोर्क करी बनाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों में बहस हुई। पुलिस अधिकारी के अनुसार, इससे नाराज व्यक्ति ने कथित तौर पर महिला पर हमला कर दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दंपती की बेटी की शिकायत पर पुलिस ने कनागल थाने में हत्या का मामला दर्ज किया और रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

ओडिशा के जगतसिंहपुर में पैसे के विवाद में व्यक्ति ने कथित तौर पर पत्नी की हत्या की
ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पैसे को लेकर हुए विवाद में अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। घटना शनिवार रात बलरामपुर गांव में हुई। मृतका की पहचान पुष्पलता स्वैन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिला राज्य सरकार की एक योजना के तहत बैंक खाते में मिले पैसे निकालना चाहती थी। व्यक्ति ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों में विवाद हो गया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "गुस्साए व्यक्ति ने धारदार वस्तु से महिला की गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी और खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे यह कदम उठाने से रोक दिया।" आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।

केरल में निजी बस संचालकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की धमकी दी
केरल में निजी बस संचालकों ने रविवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि केएसआरटीसी की प्रियदर्शिनी योजना से उनके कारोबार पर पड़ रहे वित्तीय असर को देखते हुए उनकी मांगों को लेकर गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशें पर्याप्त नहीं हैं। निजी बस संचालकों का कहना है कि केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की प्रियदर्शिनी योजना लागू होने के बाद उनके कारोबार पर असर पड़ा है। इस योजना के तहत महिलाओं को सामान्य श्रेणी की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है।

निजी बस संचालकों की चिंताओं के बाद राज्य सरकार ने उनकी समस्याओं का अध्ययन करने के लिए विशेषज्ञ समिति बनाई थी। समिति ने अध्ययन के बाद निजी बस सेवाओं को उद्योग का दर्जा देने और बसों की परिचालन अवधि 22 से बढ़ाकर 25 वर्ष करने की सिफारिश की थी, ताकि इस क्षेत्र में जारी गिरावट को रोका जा सके। हालांकि, निजी बस संचालकों का दावा है कि समिति की सिफारिशों में उनकी प्रमुख मांगों का कोई समाधान नहीं है।

ऑल केरल बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन (एकेबीओए) के महासचिव टी गोपीनाथन ने रविवार को कहा कि राज्य में बस सेवाएं रोकने का फैसला संगठन की राज्य समिति की 8 सितंबर को पालक्काड में होने वाली बैठक में लिया जाएगा। 

पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बुधवार तक भारी बारिश और आंधी की संभावना
पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में सक्रिय मानसून और उत्तर प्रदेश से पूर्व की ओर बढ़ रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण 9 सितंबर तक भारी बारिश और आंधी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक हवाओं के साथ गरज-चमक होने की संभावना है।

आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ सकता है। इसके चलते पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, हुगली, नदिया और उत्तर 24 परगना जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार के उप-हिमालयी जिलों में भी 9 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है।

रविवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में कोलकाता में 47 मिलीमीटर और पड़ोसी साल्ट लेक में 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हालांकि, इस दौरान दक्षिण बंगाल के अन्य इलाकों में मौसम लगभग सूखा रहा।

गुजरात के पाटन में कार खड़े ट्रक से टकराई, तीन की मौत, चार घायल
गुजरात के पाटन जिले में रविवार को एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसा रात करीब दो बजे राधनपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। अधिकारी ने कहा, "कार सड़क पर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक की सीट खून से भर गई थी। तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय बच्चे समेत चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।"

राधनपुर थाने के अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान सुनील चावड़ा, महेश मेहता और शक्तिसिंह जडेजा के रूप में हुई है। वे कच्छ जिले के अंजार के रहने वाले थे। घायलों को पहले एंबुलेंस से राधनपुर के सरकारी रेफरल अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए धारपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

बंगालः जमीन विवाद को लेकर भाजपा के दो विधायक आमने-सामने
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एक जमीन को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा के दो विधायक आमने-सामने आ गए हैं। दोनों एक ही जमीन को अपना बता रहे हैं। बताया जा रहा है कि जब मामला बातचीत से नहीं सुलझा तो मुख्यमंत्री दरबार तक पहुंच गया है। मामला नदिया जिले के चाकदह थाना क्षेत्र के शिमुराली स्थित नरपतिपाड़ा मौजा का है। राष्ट्रीय राजमार्ग-12 से लगी कुल 32 कट्ठे जमीन में 11 डेसिमल हिस्से पर रानाघाट दक्षिण के विधायक असीम कुमार विश्वास और हरिणघाटा के विधायक असीम सरकार अपना-अपना अधिकार जता रहे हैं। दोनों के पास जमीन के स्वामित्व से जुड़े अलग-अलग दस्तावेज होने का दावा है। कई दौर की बातचीत के बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो पाया है।

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विवेक कुमार देवांगन एनसीएससी के सचिव नियुक्त
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विवेक कुमार देवांगन को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) का सचिव नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने देवांगन की नियुक्ति को मंजूरी दी है। 1993 बैच के मणिपुर कैडर के आईएएस अफसर देवांगन अब आयोग में सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।

केरल दलित महिला विधायक के साथ हाथापाई, एफआईआर
केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के चिरायिनकीझु में कांग्रेस विधायक रम्या हरिदास और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। आरोप है कि इस दौरान लोगों ने विधायक के साथ धक्का- मुक्की की और उनका हाथ मरोड़ दिया। एक वायरल वीडियो में रम्या के साथ कुछ लोग हाथापाई भी करते दिखे। शुक्रवार रात हुई इस घटना के बाद रम्या को अस्पताल ले जाना पड़ा। पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य सजीत मुत्तमबलम तथा पार्टी नेता सजाद समेत 7 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है।

खुफिया सूचना पर सेना की कार्रवाई, 20 किलो विस्फोटक बरामद

मणिपुर के जंगलों में भारतीय सेना ने खुफिया सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई की है। यहां भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया है। भारतीय सेना की स्पीयर कोर के तहत सुरक्षा बलों ने स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान मणिपुर के लेशाबीथोल और अहमादाबाद के बीच घने जंगलों में छिपाकर रखे गए तीन आईईडी बरामद किए गए। 

सेना के मुताबिक, इन तीनों आईईडी का कुल वजन करीब 20 किलोग्राम है। जंगल के बीच विस्फोटकों की यह मौजूदगी सामने आने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को सुरक्षित कर लिया। इसके बाद नियंत्रित कार्रवाई के तहत मौके पर ही तीनों आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से संभावित बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया गया। घने जंगल में छिपाकर रखे गए इन विस्फोटकों से आम लोगों के साथ-साथ सुरक्षा बलों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।

दरअसल सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई मणिपुर के संवेदनशील इलाकों में लगातार बरती जा रही सतर्कता को भी रेखांकित करती है। सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। ऐसे में करीब 20 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री का जंगल से बरामद होना सुरक्षा बलों के लिए एक अहम सफलता है। समय रहते इन आईईडी को निष्क्रिय कर सुरक्षा बलों ने एक बार फिर साबित किया है कि खुफिया सूचना, सतर्कता और संयुक्त कार्रवाई के दम पर बड़े खतरे को टाला जा सकता है।
 

डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी ने स्कूलों में सितंबर से नवंबर तक अस्थायी रूप से ड्रेस कोड बदलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लड़कियों को स्कर्ट की जगह सलवार सूट, जबकि लड़कों को पूरी बाजू की शर्ट और फुल पैंट पहनाई जाए, ताकि शरीर मच्छरों से ज्यादा ढका रहे। मंत्री ने कहा कि स्कूलों में पहने जाने वाले घुटनों तक के पतले मोजे भी मच्छरों से पूरी सुरक्षा नहीं देते। मच्छर मोजे के जरिए भी काट सकते हैं। इसलिए डेंगू के पीक सीजन में बच्चों के शरीर को ज्यादा से ज्यादा ढकना जरूरी है। यह व्यवस्था सिर्फ तीन महीने के लिए अस्थायी होगी और नई वर्दी सिलवाने की जरूरत नहीं होगी। सरकारी स्कूलों के लिए जल्द निर्देश जारी होने की संभावना है, जबकि निजी स्कूल अपने स्तर पर फैसला ले सकेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गोवा के तीन दिवसीय दौरे पर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर गोवा पहुंचे। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने उनका स्वागत किया। 6 सितंबर को शाह गृह मंत्रालय की गोवा संबंधी बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वह नारकोटिक्स पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। शाह भाजपा के नवनिर्मित राज्य कार्यालय अटल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद पार्टी की राज्य कोर समिति की बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। 7 सितंबर को वह पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम, तलेगांव में गोवा पुलिस प्रेसिडेंट्स कलर्स अवार्ड समारोह में भी भाग लेंगे।

पश्चिम बंगाल: बैंकुरा में महिला से छेड़छाड़ के आरोप में दो गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के बैंकुरा शहर के पास हरियालगड़ा इलाके में रविवार दोपहर एक महिला से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, महिला ने बैंकुरा सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करने से पहले उससे पैसे भी वसूले। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला और उसके साथ मौजूद व्यक्ति द्वारा दिए गए हुलिए के आधार पर आरोपियों को पास के इलाके से पकड़ लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मालदा : एक माह में 89 बच्चे मरे अस्पताल अधीक्षक को हटाया
पश्चिम बंगाल के मालदा मेडिकल कॉलेज में एक ही दिन 10 नवजात बच्चों की मौत के बाद मामले की जांच के दौरान सामने आए आंकड़ों ने स्वास्थ्य विभाग को हैरान कर दिया। बच्चों की मौतों की वजह जानने के लिए बनाई गई चार सदस्यीय विशेषज्ञ समिति ने अस्पताल के रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि अगस्त में इलाज के दौरान 89 बच्चों की मौत हुई थी। समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल के अधीक्षक सह एमएसवीपी प्रसनजीत बर को पद से हटा दिया।

फर्जी एसटी सर्टिफिकेट पर की 30 साल नौकरी, लेकिन पेंशन मिलेगी; सुप्रीम कोर्ट से मुंबई के इंजीनियर को बड़ी राहत
अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रमाणपत्र अमान्य पाए जाने के बावजूद मुंबई नगर निगम के सेवानिवृत्त जूनियर सिविल इंजीनियर शिरीष पंढरीनाथ पाटिल की पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ सुरक्षित रहेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों को छह  माह में सभी बकाये-पेंशन का भुगतान करने का निर्देश दिया। पाटिल ने 1984 में खुद को टोकरे कोली एसटी समुदाय का बताते हुए प्रमाणपत्र लिया था, जिसके आधार पर उन्हें 1994 में नियुक्ति मिली। बाद में जाति जांच समिति ने प्रमाणपत्र रद्द कर दिया। बॉम्बे हाईकोर्ट ने भी इसे बरकरार रखा। अब न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने शिरीष को राहत देते हुए कहा कि प्रमाणपत्र अमान्य होने के बावजूद तीन दशक से अधिक की निर्बाध सेवा के बाद पेंशन पूरी तरह रोकना उचित नहीं होगा।

हैदराबाद पब में दो गुटों के बीच मारपीट
हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके में स्थित कारा कारा पब में शनिवार देर रात दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। बताया गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कुर्सियों और बीयर की बोतलों से हमला किया। घटना के दौरान कांग्रेस सांसद अनिल कुमार यादव के भाई अरविंद कुमार यादव भी पब में मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जुबली हिल्स पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की जा सकती है।

ओडिशा में ट्रेन की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत
ओडिशा के जाजपुर जिले में रविवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति और उसके 18 महीने के बेटे की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नाया बागापटिया गांव निवासी 30 वर्षीय बिसु पेंथई और उनके बेटे धरमा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हादसा सुकिंदा थाना क्षेत्र के नौबहाली के पास हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) मौके पर पहुंची और दोनों के शव बरामद किए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पिता-पुत्र रेलवे ट्रैक के पास कैसे पहुंचे और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed