फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 4th Oct Pravasi Bharatiya Divas Kolkata north east west south politics crime and other news

न्यूज डायरी: कोलकाता में 7 जनवरी से प्रवासी भारतीय सम्मेलन; क्वांटम-सिक्योर कम्युनिकेशन लिंक का सफल परीक्षण

Sun, 04 Oct 2026 03:26 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 04 Oct 2026 03:26 AM IST
विज्ञापन
National Updates 4th Oct Pravasi Bharatiya Divas Kolkata north east west south politics crime and other news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

19वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का आयोजन अगले साल 7 से 9 जनवरी के बीच कोलकाता में होगा। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को इसकी घोषणा की। तीन दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, सम्मेलन का आयोजन मंत्रालय पश्चिम बंगाल सरकार के साथ साझेदारी में करेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार प्रदान करेंगी और समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगी। सम्मेलन में ‘यूथ पीबीडी’ खंड भी होगा। इसमें दुनियाभर से भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्य, युवा प्रवासी नेता, उद्यमी, पेशेवर, शिक्षाविद और नवोन्मेषक समेत अन्य हितधारक शामिल होंगे। प्रवासी भारतीय दिवस महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटने की स्मृति में हर वर्ष मनाया जाता है। गांधी 9 जनवरी 1915 को भारत लौटे थे।

विज्ञापन


पाकिस्तान को नौसेना की गोपनीय जानकारी देने के आरोप में नाविक गिरफ्तार
भारतीय नौसेना के एक नौसैनिक को पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को गोपनीय समुद्री जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस जासूसी मामले में सोशल मीडिया के जरिए हनीट्रैप का इस्तेमाल किया गया था।आंध्र प्रदेश पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) टीम ने 3 अक्तूबर को 31 वर्षीय प्रदीप मुखर्जी को गिरफ्तार किया। उसे तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित आईएनएस अग्रणी से पकड़ा गया। यह नौसेना में नेतृत्व प्रशिक्षण देने वाला संस्थान है।पश्चिम बंगाल के रहने वाले मुखर्जी वर्ष 2014 में नौसेना में भर्ती हुआ था। वह विशाखापत्तनम स्थित पूर्वी नौसेना कमान में तैनात था। गिरफ्तारी के समय वह प्रबंधन विकास पाठ्यक्रम में शामिल होने के लिए कोयंबटूर आए हुए थे।
विज्ञापन


 

Trending Videos

कर्नाटक में सीएम से अविवाहित पुरुषों के लिए दुल्हन योजना की मांग

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार से शनिवार को एक किसान ने अनोखी अपील की। किसान ने अविवाहित पुरुषों, खासकर किसानों के लिए दुल्हन ढूंढने की योजना बनाने का आग्रह किया। किसान ने बताया कि 35 से 40 साल के कई पुरुष अभी भी अविवाहित हैं। ये लोग जीवन से हताश होकर आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए कुछ किया जाना चाहिए। किसान ने बताया कि इन पुरुषों ने घर और जमीन बनाई है, लेकिन कोई अपनी बेटी की शादी उनसे नहीं करना चाहता। माता-पिता किसानों के परिवारों को बेटियां देने में झिझकते हैं। किसान ने कहा कि यह समस्या पूरे कर्नाटक में लाखों युवाओं की है। मुख्यमंत्री ने किसान की यह बात सुनकर हंस दिया।

विज्ञापन

गुवाहाटी नाइटक्लब में महिला से मारपीट, कपड़े फाड़ने का आरोप

असम के गुवाहाटी के खानापारा के नाइटक्लब में महिला से मारपीट और उसके कपड़े फाड़ने का मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने शनिवार को क्लब के मैनेजर और इवेंट मैनेजर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना शुक्रवार तड़के करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि क्लब में महिला और बाउंसरों के बीच विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई।
विज्ञापन

रूस 70,000 कुशल भारतीय कामगारों को देगा रोजगार: विदेश मंत्री जयशंकर ने संसदीय सलाहकार समिति को दी जानकारी

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को रूस के साथ भारत के बहुआयामी संबंधों पर संसदीय सलाहकार समिति को जानकारी दी। उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और ऊर्जा सहयोग को बढ़ाने की साझा इच्छा पर जोर दिया। भारत-रूस संबंधों पर हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए जयशंकर ने सदस्यों को यूक्रेन संकट पर नई दिल्ली के रुख और शांतिपूर्ण समाधान में योगदान देने के लिए हाल की राजनयिक कोशिशों के बारे में भी बताया। बैठक की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि विदेश मंत्री ने समिति को यह भी बताया कि रूस इस साल लगभग 70,000 कुशल भारतीय कामगारों को काम पर रखने के लिए सहमत हो गया है। ये काम निर्माण व लॉजिस्टिक्स के क्षेत्रों से संबंधित होंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों पर चर्चा करते हुए जयशंकर ने कहा कि संतुलित तरीके से द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने की साझा इच्छा है। इसमें रूस को भारत से सात क्षेत्रों ऑटो, फार्मा, खाद्य पदार्थ, समुद्री उत्पाद, इंजीनियरिंग सामान, रसायन और टेक्सटाइल में निर्यात बढ़ाना शामिल है। 

केरल में पड़ोसी महिला पर एयरगन से चलाईं तीन गोलियां, संपत्ति विवाद में आरोपी हिरासत में
केरल के कोझिकोड में संपत्ति की सीमा और कचरा फेंकने को लेकर चल रहे विवाद में 40 वर्षीय शिमजित ने कथित तौर पर अपनी 59 वर्षीय पड़ोसी पुष्पलता पर एयरगन से तीन गोलियां चला दीं। घटना रविवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। गोलियां महिला के पेट में लगीं और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के घर की सीमा के पास दो घोड़े रखने और अस्तबल बनाने को लेकर दोनों परिवारों में अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन पुष्पलता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। घर लौटते समय आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें रोका और गोली चला दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

केरल में आकाशीय बिजली गिरने से हाथी की मौत, मंदिर उत्सवों में था खास स्थान
केरल के कोट्टायम जिले में रविवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से करीब 45 वर्षीय हाथी पल्लाट्टू ब्रह्मदत्तन की मौत हो गई। वन अधिकारियों के मुताबिक, हाथी एराट्टुपेट्टा के पास मेलमपारा में अपने मालिक के घर के नजदीक नहा रहा था, तभी बारिश के दौरान बिजली गिर गई। हाथी की मौके पर ही मौत हो गई। पशु चिकित्सक ने घटनास्थल पर पहुंचकर उसकी मौत की पुष्टि की। राजेश पल्लाट्टू के इस हाथी को करीब 25 साल पहले अरुणाचल प्रदेश से केरल लाया गया था। 298 सेंटीमीटर ऊंचा ब्रह्मदत्तन राज्य के मंदिर उत्सवों में प्रमुख रूप से शामिल होता था। त्रिशूर पूरम में परमेक्कावु की रात्रि शोभायात्रा के दौरान वह देवी की प्रतिमा लेकर चलता था। हाथी प्रेमियों के बीच भी वह काफी लोकप्रिय था।

ओडिशा में शादी का दबाव बनाने पर प्रेमिका की पिटाई, प्रेमी गिरफ्तार
ओडिशा के जाजपुर जिले में शादी का दबाव बनाने पर 24 वर्षीय युवती की उसके प्रेमी और परिवार के सदस्यों ने कथित तौर पर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार रात धर्मशाला थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव की है। आरोपी 27 वर्षीय समीर साहू और युवती पिछले पांच साल से प्रेम संबंध में थे। आरोप है कि समीर ने शादी का वादा करके युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन हाल में शादी की बात करने पर वह मुकर गया। शनिवार को उसने शादी पर बातचीत के बहाने युवती को घर बुलाया, जहां दोनों के बीच बहस हो गई। इसके बाद आरोपी और उसके परिजनों ने कथित तौर पर युवती को पीटा। समीर बाद में उसे धर्मशाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छोड़कर फरार हो गया। वहां से युवती को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस ने युवती के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर समीर को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

बंगाल में छात्रों के लिए निबंध प्रतियोगिता कराएगा लोक भवन, एक लाख रुपये तक का पुरस्कार
पश्चिम बंगाल का लोक भवन पहली बार राज्यस्तरीय निबंध प्रतियोगिता आयोजित करेगा, जिसमें स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में अंग्रेजी और बांग्ला में निबंध आमंत्रित किए गए हैं। कक्षा 10 से 12 के विद्यार्थियों के लिए विषय 1946 का कलकत्ता नरसंहार और उसके कारण व परिणाम रखा गया है। कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को मुस्लिम लीग के प्रत्यक्ष कार्रवाई दिवस और भारतीय सभ्यतागत विरासत पर उसके कथित घातक हमले के विषय पर लिखना होगा। स्कूल वर्ग में पहला पुरस्कार 50 हजार, दूसरा 35 हजार और तीसरा 25 हजार रुपये है। कॉलेज और विश्वविद्यालय वर्ग में ये पुरस्कार क्रमशः एक लाख, 75 हजार और 50 हजार रुपये हैं। दोनों भाषाओं में अलग-अलग पुरस्कार दिए जाएंगे। निबंध जमा करने की अंतिम तारीख 15 नवंबर है और विजेताओं को 26 जनवरी 2027 को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में कृत्रिम बुद्धिमत्ता से तैयार सामग्री के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस के कुनाल घोष और माकपा के सुजन चक्रवर्ती ने इस पहल की आलोचना करते हुए राज्यपाल पर भाजपा के राजनीतिक एजेंडे को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

तमिलनाडु: चुनाव प्रचार में नाबालिग को शामिल करने के आरोप में उदयनिधि स्टालिन पर केस
तमिलनाडु में द्रमुक नेता उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ चुनाव प्रचार में नाबालिग को शामिल करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को धारापुरम में पेरियार की प्रतिमा के पास आयोजित प्रचार सभा के दौरान उदयनिधि ने कथित तौर पर एक नाबालिग लड़के को प्रचार वाहन पर बुलाकर उसके हाथ में माइक दिया था। आरोप है कि लड़के ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं। धारापुरम टाउन पुलिस ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 123(1) और किशोर न्याय अधिनियम, 2015 की धारा 83 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों के अनुसार, चुनाव प्रचार में बच्चों को शामिल करना निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का भी उल्लंघन है। उदयनिधि छह अक्तूबर को होने वाले धारापुरम उपचुनाव में द्रमुक प्रत्याशी एस. सुगन्या के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे थे। रविवार को प्रचार समाप्त हो गया। मामले में आगे की जांच जारी है। द्रमुक की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

दिल्ली की रिंग रोड पर धूल नियंत्रण के इंतजामों में मिलीं 17 खामियां, एजेंसियों को निर्देश
दिल्ली की रिंग रोड पर सड़क की धूल और सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए किए गए निरीक्षण में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग को 25 हिस्सों में 17 उल्लंघन मिले हैं। आयोग के मुताबिक, शनिवार को उसके विशेष दलों ने करीब 35 किलोमीटर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों पर अधिक मात्रा में धूल और निर्माण एवं तोड़फोड़ का मलबा जमा मिला। वाहनों की आवाजाही से यह धूल दोबारा हवा में फैल सकती है, जिससे वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है। आयोग ने कहा कि सड़क की नियमित सफाई, झाड़ू लगाने और धूल रोकने के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने की जरूरत है। दिल्ली लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों को प्राथमिकता के आधार पर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

त्रिपुरा में ग्राम समितियों के चुनाव की मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे से, सुरक्षा कड़ी
त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद के अंतर्गत आने वाली 587 ग्राम समितियों के चुनाव की मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी। अधिकारियों के मुताबिक, मतगणना राज्य के सभी आठ जिलों के 44 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच कराई जाएगी। 28 सितंबर को हुए मतदान में 81 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। कुल 4,597 सीटों में से 2,950 सीटों पर मतदान हुआ, जबकि टिपरा मोथा पार्टी और भाजपा ने 1,644 सीटें निर्विरोध जीत ली थीं। विभिन्न दलों के 8,176 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतपत्रों से मतदान होने के कारण मतगणना की रफ्तार धीमी रहने की आशंका है। टिपरा मोथा पार्टी के प्रमुख प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने लोगों से मतगणना के दौरान और उसके बाद गांवों में हिंसा नहीं करने की अपील की है।

केरल में पति की गला घोंटकर हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार, संपत्ति विवाद की भी जांच
केरल के कोल्लम जिले में 48 वर्षीय महिला लेखा मैरी को अपने पति राजू एडवर्ड की कथित तौर पर बेल्ट से गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 53 वर्षीय राजू का शव शुक्रवार तड़के चेरुमूडू के वेल्लिमोन स्थित उनके घर में मिला था। शुरुआत में महिला ने पति की अचानक तबीयत बिगड़ने की बात कही। पड़ोसी उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि, रिश्तेदारों को मौत पर संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पोस्टमार्टम में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार किया है। परिवार और आर्थिक मामलों के साथ संपत्ति को लेकर होने वाले झगड़ों को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या से पहले राजू को दवा की अधिक खुराक दी गई थी या नहीं और क्या इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति ने मदद की थी। विसरा जांच के लिए भेजा गया है।

मणिपुर में 71 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला, अपहरण के बाद हत्या की आशंका
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में शनिवार शाम लापता हुए 71 वर्षीय हेमजांग हाओकिप का शव रविवार को एक दुर्गम जंगली इलाके में मिला। अधिकारियों के मुताबिक, वह लीमाखोंग सेना मुख्यालय के पास स्थित खुंखो कुकी गांव के रहने वाले थे। शनिवार को खेत पर जाने के बाद देर शाम तक घर नहीं लौटने पर ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान खेत में बनी उनकी झोपड़ी भी नष्ट मिली। रविवार दोपहर उनका शव पास के जंगल से बरामद हुआ। उनके हाथ रस्सी से बंधे थे और शरीर पर मारपीट के निशान थे। गांव प्राधिकरण ने घटना की निंदा करते हुए इसे एक निहत्थे बुजुर्ग के खिलाफ लक्षित हिंसा बताया। प्राधिकरण ने अपहरण में एक नगा सशस्त्र संगठन की संलिप्तता का आरोप भी लगाया है। फरवरी से अब तक कुकी और नगा समुदायों के बीच हिंसा में 40 से अधिक लोगों की मौत होने की खबर है।

बंगाल में नंदीग्राम और रेजिनगर उपचुनाव का प्रचार खत्म, छह अक्टूबर को मतदान
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए रविवार शाम प्रचार समाप्त हो गया। छह अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना नौ अक्टूबर को की जाएगी। नंदीग्राम में भाजपा प्रत्याशी हसिरानी रथ के समर्थन में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पदयात्रा की और पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भाजपा नेताओं को फंसाने के लिए सीआईडी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान ने जमानत मिलने के बाद गुरुवार से प्रचार शुरू किया था। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए हर तरीका अपना रही है और मीडिया को भी धमकाया जा रहा है। मिलन प्रधान को 2007 के नंदीग्राम भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन से जुड़े छह मामलों में 18 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। नंदीग्राम में भाजपा, कांग्रेस, वाम दल, आईएसएफ और अन्य दलों के उम्मीदवार मैदान में हैं। रेजिनगर में भाजपा, कांग्रेस, आम जनता उन्नयन पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के दोनों धड़ों के बीच मुकाबला है। नंदीग्राम सीट सुवेंदु अधिकारी और रेजिनगर सीट हुमायूं कबीर के अन्य सीटों पर जीतने के कारण खाली हुई थी।

ओडिशा में थप्पड़ मारने पर गैंगस्टर की हत्या, दोस्त ने चाकू से गला रेता
ओडिशा के बेरहामपुर में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक ने कथित तौर पर अपने दोस्त की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार रात निमाखंडी इलाके में हुई, जहां 28 वर्षीय तुना नायक अपने दोस्त बिटू साहू और दो अन्य लोगों के साथ शराब पी रहा था। तुना पर हत्या और हत्या के प्रयास समेत कम से कम आठ आपराधिक मामले दर्ज थे। विवाद के दौरान तुना ने कथित तौर पर बिटू को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए बिटू ने अपने स्कूटर की डिक्की से चाकू निकाला और तुना का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बेरहामपुर के पुलिस अधीक्षक अभिनव सोनकर के मुताबिक, आरोपी खून से सने कपड़ों में स्कूटर से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी वाहन जांच के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चाकू जब्त कर लिया है। उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

केरल में प्रवासी मजदूरों के बच्चों को पढ़ाने से इनकार का आरोप, शिक्षिका पर मामला दर्ज
केरल के पलक्कड़ जिले में प्रवासी मजदूर के बच्चों के साथ कथित भेदभाव के मामले में राज्य बाल अधिकार आयोग ने एक शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आयोग के मुताबिक, कंजीकोड स्थित व्यावसायिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले छठी कक्षा के जुड़वां भाइयों चंदन कुमार और कुंदन कुमार को शिक्षिका ने कथित तौर पर कक्षा से बाहर निकाल दिया और कहा कि उन्हें यहां नहीं पढ़ाया जाएगा। दोनों बच्चों ने इसी साल विद्यालय में दाखिला लिया था, लेकिन घटना के बाद उनकी पढ़ाई रुक गई। बच्चों की मां ने मीडिया के सामने आरोप लगाया था कि शिक्षिका ने प्रवासी मजदूरों के बच्चों को पढ़ाने से इनकार किया और अन्य विद्यार्थियों के सामने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। शिकायत में कहा गया है कि इस घटना से बच्चों पर मानसिक असर पड़ा है। आयोग ने मीडिया में आई खबरों के आधार पर मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed