फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 27th July Flood Education CJP Dipke Wangchuk North East West South India Politics Crime news

Updates: ओडिशा के पूर्व मंत्री सुशांत सिंह का 53 साल की उम्र में निधन; पश्चिम बंगाल में NIA की छापेमारी

Mon, 27 Jul 2026 07:11 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 27 Jul 2026 07:11 AM IST
विज्ञापन
National Updates 27th July Flood Education CJP Dipke Wangchuk North East West South India Politics Crime news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

ओडिशा के बालासोर जिले में मार्कोना रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के एक डिब्बे में आग लग गई। धौली एक्सप्रेस के एक डिब्बे में धुआं देखे जाने की घटना पर अधिकारियों ने बताया कि किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल के हावड़ा जंक्शन से ओडिशा के पुरी जाने वाली ट्रेन संख्या 12821 धौली एक्सप्रेस के एसएलआरडी (सीटिंग-कम-लगेज रेक) कोच में रात करीब 10.45 बजे धुआं देखा गया। सूचना मिलने के बाद प्रभावित रैक को ट्रेन से अलग कर दिया गया। ईस्ट कोस्ट रेलवे की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक यात्रियों या रेलवे कर्मचारियों को किसी प्रकार की चोट नहीं लगी है। आग और धुएं के कारण की जांच की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आवश्यक जांच पूरी करने के बाद, प्रभावित एसडीआरएल कोच को ट्रेन से अलग कर ट्रेन को रात 11:52 बजे मार्कोना स्टेशन से आगे की यात्रा के लिए हरी झंडी दिखा दी गई।

विज्ञापन

हिंसक झड़प: कैब चालक ने दूसरे को बोनट पर घसीटा, कुत्ता भी घायल
कर्नाटक पुलिस ने 27 जुलाई को बताया कि तेज ड्राइविंग विवाद में एक कैब चालक ने दूसरे को गाड़ी के बोनट पर करीब एक किलोमीटर तक घसीटा। यह घटना 25 जुलाई की रात करीब 11 बजे चौडेश्वरी नगर में हुई, जब आरोपी अनंत तेज गति से गाड़ी चला रहा था। दूसरे चालक मंजूनाथ ने उसे रोका और पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित किया। शिकायत से नाराज अनंत ने मंजूनाथ पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे वह बोनट पर आ गया और उसे घसीटता रहा। इस दौरान एक आवारा कुत्ता भी घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने गाड़ी रोककर अनंत को पकड़ा, पर वह पुलिस के आने से पहले भाग गया। अनंत 26 जुलाई को पुलिस के सामने पेश हुआ, उसका अल्कोहल टेस्ट नेगेटिव आया। मंजूनाथ और अनंत ने बाद में समझौता किया, पर पुलिस ने अनंत पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया।

विज्ञापन

दीपके की CJP की तर्ज पर अब पेट्रोल के लिए ई-20 जनता पार्टी
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की तर्ज पर सोशल मीडिया पर अब ई20 जनता पार्टी नाम का एक नया दल बनाया गया है। इसने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के बजाय 100 फीसदी पेट्रोल चुनने का विकल्प मांगा है। यह पार्टी ई20 पेट्रोल को लेकर विवाद के बीच बनाई गई है। कई उपभोक्ताओं ने ई20 पेट्रोल से अपने वाहन के माइलेज पर असर पड़ने की बात कही है। ई20 जनता पार्टी के एक्स पर 22 हजार और इंस्टाग्राम पर 30 हजार फॉलोअर बन चुके हैं।
विज्ञापन

ओडिशा के पूर्व मंत्री सुशांत सिंह का 53 साल की उम्र में निधन
ओडिशा के पूर्व मंत्री सुशांत सिंह का सोमवार तड़के भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी। परिवार के अनुसार, सिंह 53 वर्ष के थे और लंबे समय से लिवर से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे। पश्चिमी ओडिशा के एक प्रमुख नेता, सिंह ने 2009, 2014 और 2019 में BJD के टिकट पर चुनाव जीतकर लगातार तीन बार भाटली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि, 2024 के विधानसभा चुनावों में उन्हें BJP के इरासिस आचार्य से हार का सामना करना पड़ा था।

सुशांत सिंह ने नवीन पटनायक सरकार में श्रम और रोजगार मंत्री और बाद में ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में कार्य किया था। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विपक्ष के नेता नवीन पटनायक, उपमुख्यमंत्री के.वी. सिंह देव और प्रवती परिदा तथा विभिन्न दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। सीएम माझी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, 'ओडिशा सरकार के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुशांत सिंह के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और महाप्रभु श्री जगन्नाथ के चरणों में उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। ओम शांति'।

पूर्व सीएम पटनायक ने कहा कि उनके निधन से BJD ने एक कुशल संगठनकर्ता और एक लोकप्रिय नेता खो दिया है। उन्होंने कहा, 'बीजू जनता दल को मजबूत करने में उनका योगदान और लोगों की सेवा हमेशा यादगार रहेगी। उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए, मैं इस दुखद समय में शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति भी अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं'। अधिकारियों ने बताया कि अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक स्थान ले जाने से पहले, उनके पार्थिव शरीर को राज्य विधानसभा परिसर ले जाया जाएगा ताकि नेता और विधायक उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें।
विज्ञापन

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एनआईए की छापेमारी
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के औद्योगिक और इस्पात नगरी दुर्गापुर में बिहार के एक कारोबारी के घर पर छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया। जिस व्यक्ति के घर पर यह कार्रवाई की जा रही है, उसकी पहचान गुलाम रजा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि एनआईए की छह सदस्यीय टीम उनके आवास पर तलाशी अभियान चला रही है। एनआईए टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल हैं। वहीं, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की बड़ी संख्या में पुलिस बल भी एनआईए टीम के साथ मौजूद है।

हालांकि, एनआईए अधिकारियों ने अभी तक यह नहीं बताया है कि छापेमारी किस उद्देश्य से की जा रही है। जानकारी के अनुसार, गुलाम रजा मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं और पेशे से कारोबारी हैं। वह अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ दुर्गापुर में आकर बस गए थे। उन्होंने दुर्गापुर स्टील प्लांट के पास एक मकान खरीदा था और वहीं परिवार के साथ रहते थे। यह भी बताया जा रहा है कि रजा अक्सर विदेश यात्राएं करते थे, जिन्हें कारोबारी यात्राएं बताया जाता है। पड़ोसियों ने मीडिया को बताया कि रजा का परिवार स्थानीय लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था और एकांत में रहना पसंद करता था।फिलहाल छापेमारी को लेकर अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

मिजोरम में 14 करोड़ रुपये से अधिक के ड्रग्स और तस्करी की सुपारी जब्त
आसाम राइफल्स ने मिजोरम पुलिस, आबकारी एवं नारकोटिक्स विभाग, कस्टम और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर 24 से 26 जुलाई के बीच चार अलग-अलग अभियान चलाकर 14.2 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के ड्रग्स और तस्करी की सुपारी (अरेका नट) जब्त की। इस दौरान दो म्यांमार नागरिकों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।

सबसे बड़ी कार्रवाई 24 जुलाई को सैरांग में हुई, जहां 2.18 किलोग्राम मेथामफेटामिन टैबलेट बरामद की गई, जिसकी कीमत 6.57 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 468 ग्राम हेरोइन और 40.08 टन तस्करी की सुपारी भी जब्त की गई। अधिकारियों ने दो वाहन और सात मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं। सभी आरोपियों और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस और विभागों को सौंप दिया गया है।

आईआईटी गुवाहाटी में छात्र की इमारत से गिरकर मौत, पुलिस जांच जारी
आईआईटी गुवाहाटी में बीटेक तीसरे वर्ष के छात्र रितेश राज सिंह की पांचवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। रितेश ओडिशा के पुरी जिले के रहने वाले थे। वे कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहे थे और परिसर के ब्रह्मपुत्र छात्रावास में रहते थे। यह घटना 26 जुलाई की दोपहर करीब ढाई बजे शैक्षणिक परिसर में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल आत्महत्या के संदेह समेत सभी कोणों से मामले की जांच कर रही है। संस्थान के निदेशक प्रो. देवेंद्र जलीहाल ने परिजनों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है। पुलिस रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

बंगाल: धर्मतला नीट हिंसा मामले में 2 और आरोपी गिरफ्तार, कुल संख्या 16 हुई
कोलकाता के धर्मतला में शुक्रवार को नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई थी। इस मामले में पुलिस ने पार्क सर्कस और गार्डनरीच से 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। पुलिस हिंसा में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सोमवार को पुलिस 5 आरोपियों को नंगे पांव धर्मतला के डोरिना क्रॉसिंग स्थित घटनास्थल पर लेकर पहुंची। वहां पुलिस ने आरोपियों की मौजूदगी में पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया। इस दौरान पुलिस ने शुक्रवार को हुई हिंसा के क्रम और आरोपियों की भूमिका को समझने की कोशिश की। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

नीदरलैंड की महिला से बदसलूकी, हैदराबाद में आईटी इंजीनियर पर केस
हैदराबाद में नीदरलैंड की 36 साल की एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। महिला ने अपने बॉयफ्रेंड के रूममेट पर छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। आरोपी युवक पेशे से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। यह घटना इसी साल मार्च महीने की है। महिला जब हैदराबाद अपने बॉयफ्रेंड के कमरे पर रुकने आई थी, तब रूममेट ने उसका पीछा किया और उसके साथ गलत व्यवहार किया।

घटना के बाद महिला नीदरलैंड वापस लौट गई थी। हाल ही में वह दोबारा हैदराबाद आई और गच्चीबाउली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को कानूनी नोटिस जारी कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

आंध्र प्रदेश के कुप्पम में भीषण सड़क हादसा, 5 साल के बच्चे समेत 3 की मौत
आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कुप्पम के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित लॉरी ने पहले एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी और फिर सड़क किनारे खड़े पानी के टैक्टर-टैंकर से जा टकराई। इस हादसे में पांच साल के एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना कडापल्ली गांव के पास उस समय हुई जब लॉरी पालमनेर से कुप्पम की ओर जा रही थी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए कुप्पम के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लॉरी चालक बहुत ही लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। घायलों में बच्चे और वयस्क दोनों शामिल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़ी आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

बंगलूरू: हुस्कूर रोड मेट्रो स्टेशन पर पूर्व पत्रकार ने ट्रेन के आगे कूदकर की खुदकुशी, येलो लाइन सेवा दो घंटे बाधित
बंगलूरू के हुस्कूर रोड मेट्रो स्टेशन पर सोमवार शाम करीब 5:50 बजे एक 37 वर्षीय पूर्व पत्रकार, राजेश ने चलती मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पूर्व में एक ऑनलाइन न्यूज पोर्टल में कार्यरत राजेश फिलहाल बेरोजगार थे और पुलिस उनके इस आत्मघाती कदम के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के वक्त ट्रेन चालक ने आपातकालीन ब्रेक भी लगाए, लेकिन यात्री को बचाया नहीं जा सका। इसके बाद बंगलूरू मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए ट्रैक की बिजली बंद की और राहत कार्य शुरू किया।

इस घटना के कारण येलो लाइन (आरवी रोड से बोम्मसंद्रा) पर शाम 5:55 बजे से रात 8 बजे तक ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं और परिचालन केवल इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी से आरवी रोड के बीच ही सीमित रखा गया। ट्रैक की जांच और पुलिस की औपचारिक प्रक्रियाओं के बाद रात 7:57 बजे सेवाओं को पूरी तरह से बहाल कर दिया गया, वहीं प्रभावित यात्रियों के टिकट किराए के रिफंड की व्यवस्था भी बीएमआरसीएल द्वारा की गई।

गुजरात: 330 किलो हेरोइन मामले में 6 पाकिस्तानियों को 8 साल की सजा
अहमदाबाद की विशेष एनआईए अदालत ने मई 2019 में गुजरात के कच्छ जिले (जखाऊ तट) के पास समुद्र में 330 किलोग्राम 'ब्राउन हेरोइन' फेंकने और भारत में अवैध प्रवेश करने के मामले में छह पाकिस्तानी नागरिकों को 8 साल की सख्त कैद और ₹25,000 जुर्माने की सजा सुनाई है। हालांकि, अभियोजन पक्ष द्वारा अदालत में पुख्ता सबूत पेश न कर पाने के कारण सभी अभियुक्तों को कड़े यूएपीए और एनडीपीएस कानून के तहत लगे गंभीर आरोपों से बरी कर दिया गया, वहीं खेप की डिलीवरी लेने आए भारतीय नागरिक को भी संदेह का लाभ देते हुए रिहा कर दिया गया। भारतीय तटरक्षक बल द्वारा घेरे जाने पर पाकिस्तानी नाव 'अल-मदीना' के चालक दल ने ड्रग्स के बैग समुद्र में बहा दिए थे, जिन्हें बाद में सुरक्षा बलों ने बरामद किया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed