फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 24th Aug Weather Rain RSS Tripura Flood Jharkhand North East West South Politics Crime news

Updates: आप विधायक चैतर वसावा को झटका, जमानत याचिका खारिज; आंध्र प्रदेश में वाहन दुर्घटना, कांस्टेबल की मौत

Mon, 24 Aug 2026 09:20 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 24 Aug 2026 09:20 PM IST
विज्ञापन
National Updates 24th Aug Weather Rain RSS Tripura Flood Jharkhand North East West South Politics Crime news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

गुजरात हाईकोर्ट ने आम आदमी पार्टी के विधायक चैतर वसावा को झटका देते हुए मारपीट और जबरन वसूली के मामले में उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। नर्मदा जिले की सत्र अदालत ने इस मामले में वसावा समेत नौ लोगों को सात साल की सजा सुनाई थी। न्यायमूर्ति विमल के. व्यास की एकल पीठ ने सजा पर रोक लगाने की मांग भी खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि विधायक होने के नाते वसावा को पीड़ित लोगों को कानूनी रास्ता अपनाने के लिए कहना चाहिए था, न कि कथित तौर पर सरकारी कर्मचारियों पर दबाव डालना या डराना। अदालत ने यह भी कहा कि रिकॉर्ड में प्रथमदृष्टया ऐसा दिखता है कि वसावा ने वन भूमि पर अतिक्रमण और अवैध खेती करने वालों को मुआवजा दिलाने की व्यवस्था की। अदालत ने उनके आचरण को सार्वजनिक पद की गरिमा के अनुरूप नहीं माना। हालांकि, वसावा को अभी गुजरात विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित नहीं किया गया है।

विज्ञापन


आंध्र प्रदेश में वाहन दुर्घटना, कांस्टेबल की मौत
आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में ब्रेक फेल होने से पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें कांस्टेबल वेंकट रमना का निधन हो गया। उप-निरीक्षक नागेंद्र प्रसाद और चालक राजबाबू घायल हुए। वे कोंडाकरकम गांव जांच के लिए जा रहे थे। एमएसएमई मंत्री कोंडापल्ली श्रीनिवास और पुलिस अधीक्षक दामोदर ने घायलों से अस्पताल में मुलाकात की।

विज्ञापन

SSKM अस्पताल में महिला पर गिरा पेड़, मौके पर मौत
पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित सरकारी एसएसकेएम अस्पताल परिसर में सोमवार को अचानक पेड़ गिरने से 46 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान बीरभूम जिले के नलहाटी निवासी रहीदा बीबी के रूप में हुई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अस्पताल परिसर में अचानक पेड़ गिरने से महिला उसकी चपेट में आ गई। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पेड़ गिरने के पीछे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

दूसरे राज्य भेजे जाएंगे विचाराधीन गैंगस्टर बंदी, कसेगा शिकंजा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की जेलों में बंद विचाराधीन गैंगस्टर, संगठित अपराधियों और अधिक खतरनाक बंदियों को जरूरत पड़ने पर दूसरे राज्यों की जेलों में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली सरकार ‘ट्रांसफर ऑफ प्रिजनर्स (पंजाब एमेडमेंट) एक्ट-2025’ को दिल्ली में लागू करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इसका उद्देश्य जेल सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए ऐसे बंदियों के अंतरराज्यीय स्थानांतरण को संभव बनाना और संगठित अपराध से निपटने में राज्यों के बीच सहयोग  को मजबूत करना है। दिल्ली की जेलों में सजायाफ्ता कैदियों के साथ बड़ी संख्या में विचाराधीन बंदी भी हैं। मई में दिल्ली में 26 गिरोहों के 188 सदस्य चिह्नित किए गए थे। इनमें से 107 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया गया था।
विज्ञापन

केंद्रीय मंत्रियों के घरों की मरम्मत पर तिगुना खर्च; 2014-15 में 27.47 करोड़, इस बार 92.35 करोड़ खर्च
दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों के लुटियंस स्थित सरकारी बंगलों की मरम्मत, साज-सज्जा और रखरखाव पर 2025-26 में रिकॉर्ड 92.35 करोड़ रुपये खर्च हुए। यह राशि 2014-15 में हुए 27.47 करोड़ रुपये के खर्च से तीन गुना से भी ज्यादा है। सूचना का अधिकार (आरटीआई) से मिली जानकारी में यह खुलासा हुआ है।
  • 11 साल में 547 करोड़ : केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के जरिये 2014-15 से 2025-26 के बीच मंत्रियों के आवासों पर कुल 547.68 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
  • साल 2025-26 का खर्च 2014 के बाद सबसे ज्यादा है। इसकी वजह महंगाई के साथ पुराने और बड़े परिसरों वाले बंगलों के रखरखाव की बढ़ती लागत है।

बंगाल में पूर्व विधायक अराबुल की कार पर बम से हमला, बचे
पश्चिम बंगाल में इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) छोड़ने के एक दिन बाद पूर्व विधायक अराबुल इस्लाम की कार पर बम और ईंट से हमला किया गया। दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में शनिवार रात हुई इस घटना में अराबुल बाल-बाल बच गए। अराबुल शनिवार रात उरियापाड़ा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार को निशाना बनाया गया। उनकी कार पर बम फेंके गए और ईंट से हमला किया गया। इससे उनकी कार का शीशा टूट गया। अराबुल ने कहा कि शुक्रवार को आईएसएफ से इस्तीफा देने के बाद उन पर हमला किया गया। पुलिस हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों की जांच कर रही है।

बंगाल: बसीरहाट में अमोनिया गैस लीक, 25 लोग बीमार
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट में एक आइस फैक्टरी से संदिग्ध अमोनिया गैस रिसाव के बाद कम से कम 25 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। प्रभावित लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे शापुकुर इलाके में यह घटना हुई। गैस आसपास के इलाकों में फैलने के बाद लोगों में अफरातफरी मच गई। गैस की चपेट में आए लोगों ने सांस लेने में परेशानी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें कीं। उन्हें इलाज के लिए हरुआ ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

त्रिपुरा में 1305 बाढ़ पीड़ित बचाए गए, मुख्यमंत्री ने लिया जायजा
पश्चिम त्रिपुरा के निचले इलाकों में भारी बारिश से आई अचानक बाढ़ से 1305 लोगों को बचाया गया। जिलाधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि शनिवार रात की भारी बारिश से हावड़ा और काठाखाल नदियों के किनारे के कई इलाके जलमग्न हो गए। बाल्दाखाल, श्रीलंकाबस्ती, काठाखाल और बंबुटिया सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। कुल 413 परिवारों के 1305 सदस्यों को 17 राहत शिविरों में पहुंचाया गया।मुख्यमंत्री माणिक साहा ने रविवार रात बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का दौरा किया। बरमुरा पहाड़ियों में भारी बारिश से पानी भरा। सरकार बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए कदम उठाएगी। प्रशासन प्रभावितों को मदद दे रहा है। आपदा दल नावों से लोगों को निकाल रहे हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के कर्मी तैयार हैं, प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

खुले में शराब पीने का विरोध करना पड़ा भारी, पूर्व विधायक के पीए की मौत; तीन गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के गरुलिया में खुले में शराब पीने का विरोध करना पूर्व नोआपाड़ा विधायक मंजू बसु के निजी सहायक शेखर चौधरी को भारी पड़ गया। पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को कुछ लोगों के सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर शेखर ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद कथित तौर पर कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल शेखर को पहले बैरकपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें कोलकाता के अस्पताल में ले जाया गया, जहां सोमवार तड़के उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिक्की चौधरी, अमन चौधरी और पिंटू चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
 

टीपू सुल्तान के कटआउट पर पाकिस्तान समर्थक गाने वाली रील वायरल, 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार

कर्नाटक के चिक्कमगलूरू में टीपू सुल्तान के 40 फुट ऊंचे कटआउट के साथ पाकिस्तान समर्थक गाना लगाकर रील बनाने और उसे प्रसारित करने के आरोप में पुलिस ने 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। यह कटआउट ईद मिलाद के मौके पर टिपू नगर में लगाया गया था। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल रील में कटआउट के साथ ऐसा गाना लगाया गया था, जिसमें ‘पाकिस्तान मुजाहिदीन’ का जिक्र था। पुलिस ने कहा कि इससे राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका थी। मामले में चिक्कमगलूरू टाउन थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 299 के तहत केस दर्ज किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed