फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 21st Sept kerala Bengal Goa Vizag Ind SL exercise north east west south politics crime news

न्यूज डायरी: कब्र की ग्रेनाइट स्लैब बेची, केरलम में तीन गिरफ्तार; विशाखापत्तनम में भारत-श्रीलंका सैन्य अभ्यास

Mon, 21 Sep 2026 02:46 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 21 Sep 2026 02:46 AM IST
विज्ञापन
National Updates 21st Sept kerala Bengal Goa Vizag Ind SL exercise north east west south politics crime news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

केरलम के मल्लापल्ली में कब्रों से ग्रेनाइट स्लैब चोरी कर बेचने के मामले में पुलिस ने विक्रेता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में जलाल सिंह उर्फ सुंदर, सुरजीत बर्मन और साजित शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने तीन कब्रों से ग्रेनाइट स्लैब चुराए। इनमें सबसे हालिया घटना शनिवार रात अनिकाडु स्थित सेंट थॉमस मार थोमा चर्च में हुई, जहां अन्नामा कुरियन की कब्र से छह फुट लंबी और तीन फुट चौड़ी काले ग्रेनाइट की स्लैब चोरी हुई। जांच में सुंदर की भूमिका सामने आई। पुलिस ने बताया कि वह पहले इन कब्रों के लिए स्लैब की आपूर्ति करता था। आरोप है कि उसने स्लैब को जानबूझकर ठीक से नहीं लगाया और उस पर लिखावट भी अधूरी रखी, ताकि बाद में उसे निकालकर बेचा जा सके। एक चोरी की स्लैब उसके गोदाम से बरामद हुई। पुलिस को अन्य चोरियों में भी उनकी भूमिका पर शक है।

विज्ञापन


विशाखापत्तनम में भारत-श्रीलंका नौसेनाओं के समुद्री अभ्यास स्लाइनेक्स-26 का आगाज
भारत और श्रीलंका की नौसेनाएं विशाखापत्तनम में द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास स्लाइनेक्स-26 में हिस्सा ले रही हैं। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग और आपसी तालमेल को मजबूती देना है। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि अभ्यास का 13वां संस्करण 17 से शुरू हुआ और 21 सितंबर तक जारी रहेगा। यह अभ्यास पूर्वी नौसेना कमान की देखरेख में हो रहा है। अभ्यास की शुरुआत हार्बर चरण से हुई। इसमें पेशेवर बातचीत, एक-दूसरे के जहाजों का दौरा, अनुभव साझा करने के साथ योग, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल हैं। इसके बाद समुद्री चरण में समुद्र में संयुक्त गतिविधियों के जरिए संचालन संबंधी तालमेल बढ़ाया जाएगा। अभ्यास में भारतीय नौसेना की तरफ से आईएनएस कवरत्ती और आईएनएस ज्योति हिस्सा ले रहे हैं, जबकि श्रीलंकाई नौसेना का प्रतिनिधित्व एसएलएनएस सिंदुराला कर रहा है। 2005 में शुरू हुआ स्लाइनेक्स दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच सहयोग और आपसी समझ बढ़ाने का अहम मंच है।

विज्ञापन

बंगाल में जेपी नड्डा के काफिले पर हमला करने वाले दो बदमाश हथियारों संग गिरफ्तार, रंगदारी मांगने पर पुलिस ने दबोचा
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है, जहां लोगों को डरा-धमकाकर जबरन वसूली करने वाले दो शातिर बदमाशों, संजीव मोंडल और आरिफ हुसैन उर्फ रिपन को उस्ती इलाके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से एक 7-एमएम पिस्तौल, एक देसी कट्टा, मैगजीन और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये वही आरोपी हैं जो साल 2020 में बीजेपी के तत्कालीन अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हुए हमले में शामिल थे, साथ ही 2025 के एक जानलेवा हमले के मामले में भी इनकी तलाश थी। इस गिरफ्तारी के बाद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी में मिठाइयां बांटीं और आरोप लगाया कि पकड़े गए दोनों आरोपी टीएमसी से जुड़े हुए हैं, हालांकि पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि इनके पास ये गैर-कानूनी हथियार कहां से आए थे।

विज्ञापन

सात लाख का इनामी माओवादी दंपती गिरफ्तार
पश्चिम मेदिनीपुर के शालबनी में एसटीएफ ने माओवादी दंपती राजू महतो उर्फ पतित पवन महतो उर्फ मंगल और उसकी पत्नी मालती मुर्मू उर्फ माला को गिरफ्तार किया है। दोनों पर कुल सात लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, दोनों माओवादी शीर्ष नेता असम मंडल उर्फ आकाश के करीबी हैं और पश्चिम बंगाल में छिपे थे। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने सरबेरिया गांव में अभियान चलाकर दोनों को पकड़ा।
विज्ञापन

पद्मश्री से सम्मानित डॉ. विजयराघवन नहीं रहे
मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट और पद्मश्री से सम्मानित डॉ जी विजयराघवन का रविवार को तिरुवनंतपुरम में निधन हो गया। वह 84 साल के थे। उनके रिश्तेदारों के मुताबिक, वह उम्र से जुड़ी बीमारियों का इलाज करा रहे थे। वह तिरुवनंतपुरम स्थित केआईएमएस अस्पताल के वाइस-चेयरमैन थे। केरल के सीएम वीडी सतीसन ने उनके निधन पर शोक जताते हुए उन्हें हजारों मरीजों का दिल का संरक्षक कहा।

तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं का यौन शोषण करने वाला तांत्रिक गिरफ्तार, 50 वीडियो मिले
तमिलनाडु पुलिस ने सलेम जिले से तांत्रिक विजयाराजा (50) को गिरफ्तार कर लिया। उस पर महिलाओं व नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करने और उनकी आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोप हैं। आरोपी ने वीडियो डार्क वेब पर भी डाल दिए। पुलिस ने रविवार को बताया, विजयाराजा वाजापाड़ी के पास सनीश्वर नाम से तांत्रिक अनुष्ठान केंद्र चलाता था। आरोप है कि वह अनुष्ठान के बहाने महिलाओं की चोरी-छिपे वीडियो रिकॉर्ड करता था। पुलिस का कहना है कि कुछ पीड़ितों को प्रसाद के नाम पर नशीली या बेहोशी की दवा मिली चीजें दी जाती थीं और उनका यौन शोषण किया जाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक लैपटॉप बरामद किया, जिसमें 50 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो मिले। मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

छात्रा की शिकायत पर मामला सामने आया
मामला तब सामने आया जब एक स्कूली छात्रा ने विनायक चतुर्थी के लिए चंदा लेने के दौरान विजयाराजा पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। छात्रा ने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने केंद्र पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। तब वह मौके से भाग गया, लेकिन बाद में पकड़ा गया।

बर्तन बनाने की फैक्टरी में करता था काम
विजयराजा एक बर्तन बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था। पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया कि एक पोर्टल उसे ऐसे वीडियो के लिए पैसे देता था, इसलिए उसने पीड़ितों के वीडियो बनाए और फुटेज उस वेबसाइट को भेज दिए। एजेंसी

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed