न्यूज डायरी: मुख्तार अब्बास नकवी ने किया यूसीसी का समर्थन; सरकार ने सबरीमाला यात्रा के लिए 551 करोड़ दिए
गुजरात के भावनगर जिले में नकली विदेशी शराब बनाने वाली कथित इकाई का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मामले में रेलवे कर्मचारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, स्थानीय अपराध शाखा ने सूचना मिलने के बाद बोर तलाव थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में एक स्थान पर छापा मारा। वहां से अक्षयराजसिंह गोहिल, विजय मकवाणा और जितेंद्र नवाडिया को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गोहिल रेलवे कर्मचारी है। मौके से विदेशी शराब के 17 क्वार्टर, नकली शराब की बोतलों पर चिपकाने वाले स्टिकर और बोतलों पर ढक्कन लगाने वाली मशीनें बरामद की गईं। संदिग्ध नकली शराब के नमूने जांच के लिए गांधीनगर भेजे गए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस इकाई से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी अभी बाकी है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब हाल में भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हुई थी। गुजरात में शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है।
सबरीमाला यात्रा: केरलम सरकार ने तैयारियों के लिए 551.5 करोड़ रुपये दिए
केरलम सरकार ने सबरीमला तीर्थयात्रा की तैयारियों से संबंधित कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को 551.5 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने कहा कि पिछली सरकार ने सबरीमला तीर्थयात्रा की तैयारियों के लिए वित्त वर्ष 2025-26 में 377.80 करोड़ रुपये और 2024-25 में 326.97 करोड़ रुपये दिए गए थे। उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए हुई बैठक के बाद राज्य के लोक निर्माण मंत्री पी. के. बशीर द्वारा प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने के बाद 551.5 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई। सतीशन ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि आगामी मंडलकाल-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा सत्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सरकार और त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) मिलकर काम करेंगे। इस वर्ष तीर्थयात्रा सत्र नवंबर के मध्य में शुरू होकर अगले साल जनवरी के तीसरे सप्ताह में समाप्त होगा।
यूसीसी के समर्थन में उतरे नकवी
भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर दिए बयान का समर्थन करते हुए कहा कि यूसीसी में आस्था पर कोई प्रहार नहीं है, बल्कि यह व्यवस्था में सुधार की कोशिश है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 44 में सरकार को समान नागरिक संहिता की दिशा में आगे बढ़ने का निर्देश दिया गया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की राज्य सरकारें भी यूसीसी को लेकर कदम उठा रही हैं। ब्रिक्स सम्मेलन पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर नकवी ने कहा कि वैश्विक तनाव के बीच सम्मेलन से निकले समाधान भारत और दुनिया के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भी कह चुके हैं कि नाराज फूफा कभी खुश नहीं होते। एशिया कप की ट्रॉफी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी से लेने से भारतीय महिला क्रिकेट टीम के इनकार पर उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मैदान के अंदर खेलना चाहिए और बाहर से बाउंसर मारने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। वंदे मातरम को लेकर उन्होंने कहा कि वर्षों तक भ्रम और भय का माहौल बनाया गया, लेकिन अब राष्ट्रवाद का संदेश गूंज रहा है। अवैध मदरसों के मुद्दे पर नकवी ने कहा कि नियमों के बाहर चल रहे संस्थानों की जगह बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा देने वाले स्कूल और कॉलेज उपलब्ध कराए जाने चाहिए।