फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National News Updates 20th July North East West South India NEET 2026 Politics Crime Hindi Samachar

Updates: अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री धमाका में मृतकों की संख्या 10 पहुंची, तीन आरोपी गिरफ्तार; SIT की जांच जारी

Mon, 20 Jul 2026 01:07 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 20 Jul 2026 01:07 PM IST
विज्ञापन
National News Updates 20th July North East West South India NEET 2026 Politics Crime Hindi Samachar
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन दो सप्ताह की निजी लंदन यात्रा के बाद रविवार देर रात चेन्नई लौट आए। चेन्नई में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, पूर्व मंत्रियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्टालिन का स्वागत किया। उन्हें शॉल और किताबें भी भेंट की गई। स्टालिन अपनी पत्नी दुर्गा के साथ 4 जुलाई को अपने पोते और पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि के बेटे इनबनिथी के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए ब्रिटेन रवाना हुए थे। इन्बानिधि ने ब्रिटेन के लीड्स बेकेट विश्वविद्यालय से खेल विकास से संबंधित डिग्री प्राप्त की है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक 14 जुलाई को दीक्षांत समारोह के बाद, स्टालिन ने ब्रिटेन में कुछ समय विश्राम किया।

विज्ञापन


पूर्व कांग्रेस नेता कामराज को याद कर बोले पी चिदंबरम- मुख्यमंत्री चाहें तो भ्रष्टाचार रोका जा सकता है
वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने रविवार को कहा कि दिग्गज नेता के कामराज ने साबित किया था कि मुख्यमंत्री उचित कानून और प्रवर्तन सुनिश्चित करे तो भ्रष्टाचार को पूरी तरह से रोका जा सकता है।मदुरै में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कामराज की विरासत की प्रशंसा की। उनके प्रशासन में भ्रष्टाचार बिल्कुल नहीं था। राज्य की शिक्षा और औद्योगिक प्रगति की नींव उनके कार्यकाल में रखी गई। चिदंबरम ने कहा, कामराज का नाम आज भी जनता के बीच गूंजता है। गरीबों को शिक्षा किसने दी, पूछने पर लोग सर्वसम्मति से कामराज का नाम लेते हैं। नौ साल मुख्यमंत्री और TNCC अध्यक्ष रहने के बावजूद, उनका जीवन बहुत साधारण था। उन्होंने तमिलनाडु को शिक्षा, उद्योग, रोजगार और आर्थिक विकास के पथ पर आगे बढ़ाया।

विज्ञापन

टीवीके विधायक रिश्वत मामले में 2.82 करोड़ जब्त, दो गिरफ्तार
तमिलनाडु पुलिस ने टीवीके विधायकों को रिश्वत देने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही चूलईमेडु में दीपक फाइनेंस में तलाशी में 2.82 करोड़ रुपये की बेहिसाबी नकदी जब्त की। आरोपियों फर्म संचालक करुणानिधि और सरवनन के खिलाफ पुलिस ने यह कार्रवाई 18 जुलाई को की। दरअसल, पुलिस को 17 जुलाई को विधायकों को रिश्वत देने के लिए अग्रिम राशि दीपक फाइनेंस कंपनी में रखी होने की सूचना मिली थी। इसके बाद शनिवार को पुलिस ने फर्म संचालक करुणानिधि और सरवनन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि कम पहले से गिरफ्तार एक आरोपी ने टीवीके विधायकों को रिश्वत देने के लिए अग्रिम राशि के तौर पर उन्हें सौंपी थी। 

क्या है पूरा मामला
उथंगराई से टीवीके विधायक एन एलैयाराजा की पुलिस थाने में दर्ज शिकायत से मामले की शुरुआत हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जनमत सर्वेक्षण एजेंसी आईपीडीएस के मालिक थिरुनावुक्करासु और उनके सहयोगियों ने विधानसभा में टीवीके आधिकारिक रुख के खिलाफ मतदान करने के बदले उन्हें 35 करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश की। रिश्वत ठुकराने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।

गुजरात में मासूम की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर
गुजरात के आणंद जिले में पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहे हत्या के आरोपी सुरेश परमार को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। अहमदाबाद रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राघवेंद्र वत्स ने बताया कि रविवार रात को आरोपी को आणंद लाया जा रहा था। इस दौरान उसने उल्टी करने के बहाने गाड़ी रुकवाई और छिपे हुए चाकू से दो पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस सब-इंस्पेक्टर ने आरोपी को आत्मसरंक्षण की चेतावनी दी, लेकिन उसने हमला जारी रखा। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। जिससे आरोपी घायल हो गया। इसके बाद उसे करमसद के अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सुरेश परमार पर शनिवार रात वासद रेलवे स्टेशन से साढ़े चार साल की बच्ची का अपहरण और हत्या करने का आरोप था। बच्ची का शव रविवार सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने रविवार शाम को उसे गिरफ्तार किया था।
विज्ञापन

दिल्ली में भाजपा की संगठनात्मक बैठक, मणिपुर के मुख्यमंत्री ने संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने दिल्ली में आयोजित भाजपा की संगठनात्मक बैठक में भाग लिया। उन्होंने बताया कि इस बैठक का मुख्य ध्यान पार्टी के जमीनी संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाना था। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी जनता और देश की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित है। इससे पहले शुक्रवार को उन्होंने थौबल जिले के लिलोंग निर्वाचन क्षेत्र में मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में भी हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

डेंटल कॉलेज छात्र आत्महत्या मामले में विभाग अध्यक्ष गिरफ्तार, कर्नाटक से पकड़ा गया आरोपी
केरल के कन्नूर में एक निजी डेंटल कॉलेज के छात्र नितिन राज की कथित आत्महत्या के मामले में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने डेंटल एनाटॉमी विभाग के अध्यक्ष और मुख्य आरोपी एम कोंडंडा राम को कर्नाटक के कोडागु से गिरफ्तार किया है। सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद वह वहां छिपा हुआ था। अनुसूचित जाति के छात्र नितिन राज ने 10 अप्रैल को कॉलेज की इमारत से गिरकर जान दे दी थी। जांच में सामने आया कि आरोपी राम ने क्लास में नितिन को अपमानित और डराया-धमकाया था। इस मामले में एक अन्य शिक्षिका डॉ. संगीता नांबियार पर भी मामला दर्ज है, जिन्हें पहले ही जमानत मिल चुकी है। मामले में पुलिस एक ऑनलाइन लोन कंपनी की भूमिका की भी जांच कर रही है।
 

माता-पिता ने एक लाख रुपये में बेचा एक महीने का बच्चा, पुलिस ने सुरक्षित बचाया
तेलंगाना के महबूबनगर जिले के तेलुगुगुडेम गांव में एक महीने के बच्चे को उसके माता-पिता ने कथित तौर पर एक लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने इस बच्चे को खरीदार के पास से सुरक्षित बचा लिया है। इसके बाद बच्चे को बाल कल्याण समिति (CWC) को सौंप दिया गया है। मामले में एक एकीकृत बाल विकास सेवा (ICDS) अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने 17 जुलाई को खरीदार और एक बिचौलिए के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शुरुआती जांच के अनुसार, बच्चे का जन्म जून में मजदूर माता-पिता के घर हुआ था। उनके पहले से दो बेटे और एक बेटी हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उन्होंने बच्चे को क्यों बेचा। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

भाजपा विधायक जेनिफर मोंसेराटे के निधन के बाद विधानसभा की सदस्य संख्या घटकर हुई 38
गोवा के तालेगाओ निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार की भाजपा विधायक जेनिफर मोंसेराटे का 56 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनकी इच्छा के अनुसार हिंदू रीति-रिवाजों से उनका अंतिम संस्कार किया गया। वह जुलाई 2019 में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुई थीं और प्रमोद सावंत सरकार में मंत्री भी रही थीं। उनके पति अतानासियो मोंसेराटे कैबिनेट मंत्री हैं और बेटा रोहित पणजी के मेयर हैं। जेनिफर के निधन के बाद 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में विधायकों की संख्या घटकर 38 रह गई है। सदन में भाजपा के अब 26 विधायक हैं। हालांकि, तीन निर्दलीय और दो एमजीपी विधायकों के समर्थन से सत्ताधारी गठबंधन के पास 31 सदस्यों का बहुमत है। विपक्ष के पास 7 विधायक हैं। बॉम्बे हाई कोर्ट ने पोंडा सीट पर उपचुनाव कराने पर रोक लगा दी थी क्योंकि अगले चुनाव में कम समय बचा है।

विजयवाड़ा के श्रद्धालु ने श्री वेंकटेश्वर विद्यादान ट्रस्ट को दिया एक करोड़ रुपये का दान
विजयवाड़ा के एक श्रद्धालु तिरुमला कुमार कनाकामेडाला ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के श्री वेंकटेश्वर विद्यादान ट्रस्ट को एक करोड़ रुपये का दान दिया है। यह ट्रस्ट गरीब और जरूरतमंद पृष्ठभूमि के मेधावी छात्रों को पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति प्रदान करता है। श्रद्धालु ने दान राशि के डिमांड ड्राफ्ट (DD) श्री वेंकटेश्वर मंदिर के भीतर रंगनायकुला मंडपम में टीटीडी के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी लोकनाथम को सौंपे। टीटीडी तिरुपति के विश्व प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर की आधिकारिक देखरेख करने वाली संस्था है। इस दान से कई गरीब छात्रों को अपनी शिक्षा पूरी करने में मदद मिलेगी।

सभी सरकारी दफ्तरों में लगेंगे रिश्वत विरोधी बोर्ड, सरकार ने जारी किया सख्त आदेश
तमिलनाडु सरकार ने प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एक नया अभियान शुरू किया है। मुख्य सचिव एम. साई कुमार ने एक आदेश जारी कर सभी सरकारी विभागों, स्थानीय निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) को अपने कार्यालयों में रिश्वत विरोधी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया है। इन बोर्डों पर तमिल और अंग्रेजी में लिखा होगा कि रिश्वत देना और लेना दोनों दंडनीय अपराध हैं। इन बोर्डों पर सतर्कता और भ्रष्टाचार विरोधी निदेशालय (DVAC) का पता, फोन नंबर, ईमेल और व्हाट्सएप नंबर लिखा होगा। सरकार ने इन निर्देशों का पालन न करने वाले कार्यालयों की जांच के लिए निरीक्षण टीमें बनाई हैं। सभी विभागों को इस संबंध में अनुपालन रिपोर्ट सौंपनी होगी।

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री को धमकी देने के आरोप में द्रमुक विधायक मार्कंडेयन गिरफ्तार
तमिलनाडु के विलाथिकुलम से द्रमुक (DMK) विधायक मार्कंडेयन को पुलिस ने सोमवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। उन पर कोविलपट्टी में एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ धमकी भरी टिप्पणी करने का आरोप है। विधायक का यह भाषण सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद उनकी कड़ी आलोचना हो रही थी। भाषण में विधायक ने कथित तौर पर कहा था कि अगर विधानसभा बुलाई गई तो मुख्यमंत्री की हड्डियां सुरक्षित नहीं रहेंगी और द्रमुक विधायक उनकी हड्डियां तोड़कर वापस भेज देंगे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विधायक को उनके घर से गिरफ्तार किया। इस दौरान उनके समर्थकों ने पुलिस की गाड़ी रोकने की कोशिश की और नारेबाजी की, लेकिन पुलिस ने उन्हें हटाकर विधायक को हिरासत में ले लिया।

अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री धमाका: मरने वालों की संख्या हुई 10, तीन आरोपी गिरफ्तार
हमदाबाद के रामोल इलाके में शनिवार को 'न्यू गुजरात फायर वर्क्स' नामक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। सोमवार तड़के सिविल अस्पताल में भर्ती गंभीर रूप से जले गोविंद डामोर की मौत हो गई। अस्पताल में भर्ती अन्य चार घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक महिला आईसीयू में है और दो मरीजों को स्किन बैंक से त्वचा लगाई गई है। पांचवें मरीज की हालत स्थिर है।

जांच में सामने आया है कि लाइसेंस खत्म होने के बाद भी यह फैक्ट्री अवैध रूप से चलाई जा रही थी। धमाके के बाद लगी भीषण आग में फंसे मजदूरों को रैपिड एक्शन फोर्स, दमकलकर्मियों और पुलिस ने मिलकर बाहर निकाला था। पुलिस ने फैक्ट्री चलाने वाली रमीला डोडिया, उनके बेटे मेहुल डोडिया और पार्टनर सादिक सैयद को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। प्रशासन क्षेत्र की अन्य अवैध पटाखा इकाइयों की भी जांच कर रहा है।

ट्रिपल मर्डर: दारा सिंह की समय से पहले रिहाई का वाम दलों ने किया विरोध
ओडिशा में भाकपा और माकपा ने साल 1999 के ग्राहम स्टेन्स और उनके दो बेटों के तिहरे हत्याकांड के दोषी दारा सिंह की समय से पहले रिहाई का विरोध किया है। सुप्रीम कोर्ट ने ओडिशा सरकार को दारा सिंह की याचिका पर एक महीने में फैसला लेने का निर्देश दिया है। इस मामले की सुनवाई 19 अगस्त को होगी। दारा सिंह (63) ने 24 साल जेल में बिताने और पछतावे का हवाला देकर रिहाई मांगी है।

वाम दलों का कहना है कि सांप्रदायिक अपराध के दोषी को राहत देने से न्याय प्रणाली पर भरोसा कमजोर होगा। भाकपा ने दारा सिंह के अन्य हिंसक मामलों (शेख रहमान और फादर अरुल डॉस की हत्या) में शामिल होने का जिक्र किया। माकपा सचिव सुरेश पाणिग्रही ने कहा कि इससे सांप्रदायिक ताकतों को गलत संदेश जाएगा। सीबीआई अदालत ने 2003 में दारा सिंह को मौत की सजा सुनाई थी, जिसे हाई कोर्ट ने उम्रकैद में बदल दिया और सुप्रीम कोर्ट ने 2011 में इसे बरकरार रखा। मामले के एक अन्य दोषी महेंद्र हेम्ब्रम को अप्रैल 2025 में रिहा किया गया था।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed