फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National News Updates 18 Jan North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News

News Updates: 19 जनवरी को भारत दौरे पर आएंगे UAE के राष्ट्रपति; मणिपुर के बिष्णुपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार

Sun, 18 Jan 2026 11:07 PM IST
लव गौर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: लव गौर Updated Sun, 18 Jan 2026 11:07 PM IST
विज्ञापन
National News Updates 18 Jan North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नहयान 19 जनवरी 2026 को भारत का आधिकारिक दौरा करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह राष्ट्रपति शेख मोहम्मद का भारत का तीसरा आधिकारिक दौरा होगा जब से वह UAE के राष्ट्रपति बने हैं। इसके अलावा यह उनके पिछले दशक में भारत का पांचवां दौरा भी होगा। यह दौरा भारत और UAE के बीच राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने का अवसर माना जा रहा है।

विज्ञापन

मणिपुर के बिष्णुपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि शनिवार को बिष्णुपुर जिले के निंगथौखोंग खा खुनौ में एक प्रतिबंधित संगठन पीपल्स लिबरेशन आर्मी के एक सक्रिय सदस्य को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिले के चैरेल अहल्लुप में शनिवार को प्रतिबंधित PREPAK (Pro) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि कांगपोकपी जिले में सैकुल पुलिस स्टेशन के तहत विभिन्न स्थानों पर 12 जनवरी से 17 जनवरी तक चले एक हफ्ते के अभियान के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने 306 एकड़ में अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया।

विज्ञापन

गोवा में एबीवीपी की केंद्रीय कार्य समिति की बैठक शुरू
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की केंद्रीय कार्य समिति की दो दिवसीय बैठक शनिवार को दक्षिण गोवा के जांबाओलिम गांव स्थित श्री दामोदर संस्थान में शुरू हुई। बैठक का उद्घाटन एबीवीपी अध्यक्ष अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष रघुराज किशोर तिवारी और अन्य पदाधिकारियों ने किया। इसमें देशभर से 106 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन


बैठक में नेताओं ने कहा कि युवाओं में तकनीक पर अत्यधिक निर्भरता बढ़ रही है, जिससे उनके मानसिक और सामाजिक विकास पर असर पड़ रहा है। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा को खेल, सामाजिक सेवा और रचनात्मक गतिविधियों की ओर मोड़ने की जरूरत बताई। एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि संगठन ने छात्रों में डिजिटल लत से निपटने के लिए ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’ अभियान शुरू किया है। 


बैठक में शिक्षा, समाज, संगठन, पर्यावरण, संस्कृति, खेल और सेवा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी। पहले दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती, महारानी अब्बक्का के राज्याभिषेक की 500वीं वर्षगांठ, ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष और गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहादत वर्षगांठ से जुड़े कार्यक्रमों पर विचार हुआ। सोलंकी ने बताया कि 2025-26 शैक्षणिक सत्र में 77.25 लाख से अधिक छात्रों ने एबीवीपी की सदस्यता ली, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

21 से 29 तक आम जनता के लिए बंद रहेगा राष्ट्रपति भवन
गणतंत्र दिवस परेड और बीटिंग रिट्रीट समारोह की तैयारियों के मद्देनजर राष्ट्रपति भवन 21 से 29 जनवरी तक आम जनता के लिए बंद रहेगा। राष्ट्रपति सचिवालय ने शनिवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। सर्किट 1 के तहत पर्यटक राष्ट्रपति भवन की मुख्य इमारत का भ्रमण करते हैं। दिल्ली पुलिस ने बताया कि गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के अवसर पर दिल्ली के कर्तव्य पथ के आसपास की सड़कें सुबह 4 बजे से बंद रहेंगी।

रक्षा संबंधों को मजबूत करने के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल कल से केन्या दौरे पर
रक्षा मंत्रालय में रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार के नेतृत्व में चार सदस्यीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल 19 से 21 जनवरी तक केन्या की आधिकारिक यात्रा पर रहेगा। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत की स्वदेशी रक्षा निर्माण क्षमताओं को बढ़ावा देना और आपसी सहयोग के नए अवसरों को तलाशना है। संजीव कुमार नैरोबी में आयोजित होने वाली तीसरी इंडिया-केन्या डिफेंस एग्जीबिशन एंड सेमिनार में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रदर्शनी में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की 20 भारतीय रक्षा कंपनियां अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगी। प्रतिनिधिमंडल केन्याई सरकार और वहां के रक्षा बलों के अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेगा। यह दौरा रक्षा औद्योगिक सहयोग और निर्यात को मजबूती देगा।


जल्लीकट्टू में सर्वाधिक सांडों को काबू करने वाले को मिलेगी नौकरीः स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने जल्लीकट्टू प्रतियोगिता में सर्वाधिक सांडों को काबू करने वाले खिलाड़ी को पशुपालन विभाग में नौकरी देने की घोषणा की। साथ ही, अलंगनल्लूर में दो करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक जल्लीकट्टू ट्रेनिंग और अस्पताल स्थापित करने का एलान किया।

स्टालिन ने शनिवार को अलंगनल्लूर में आयोजित जल्लीकट्टू प्रतियोगिता देखने पहुंचे थे। इस दौरान सांडों ने खिलाड़ियों को खूब छकाया और अंत विजय हासिल की। अन्नाद्रमुक के पूर्व राज्य मंत्री सी विजयभास्कर और अभिनेता सूरी का सांड उन सांडों में शामिल थे, जिन्हें रोकना असंभव था। इन दोनों सांडों ने अपने-अपने मालिकों के लिए एक-एक सोने का सिक्का अर्जित किया। इस दौरान 14 लोग घायल भी हुए, जिनमें से चार को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।

सागर मैत्री मिशन: वैज्ञानिक सहयोग के लिए रवाना हुआ आईएनएस सागरध्वनि
भारत के समुद्री अनुसंधान पोत आईएनएस सागरध्वनि को शनिवार को सागर मैत्री पहल के पांचवें संस्करण के लिए दक्षिणी नौसेना कमान से रवाना किया गया। रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष राधा मोहन सिंह और डीआरडीओ प्रमुख डॉ समीर वी कामत की उपस्थिति में इसे हरी झंडी दिखाई गई। यह डीआरडीओ और भारतीय नौसेना की एक साझा पहल है, जो भारत सरकार के सागर विजन के अनुरूप है। इस मिशन का उद्देश्य ओमान, श्रीलंका और थाईलैंड सहित हिंद महासागर क्षेत्र के 8 देशों के साथ वैज्ञानिक सहयोग और क्षमता निर्माण को मजबूत करना है। अपने अभियान के दौरान यह पोत ऐतिहासिक एचएमआईएस किस्तना के पुराने मार्गों को दोहराएगा।


आम यात्रियों के लिए गुवाहाटी-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर का परिचालन जल्द शुरू होगा: रेलवे
भारतीय रेलवे ने बताया कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का परिचालन आम जनता के लिए बहुत जल्द शुरू होगा। एक वरिष्ठ रेल अधिकारी ने बताया, फिलहाल इस ट्रेन में आम यात्रियों के लिए बुकिंग उपलब्ध नहीं है। लेकिन बुकिंग प्रणाली में इसे शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आम यात्रियों के लिए ट्रेन कब से उपलब्ध होगी, इसकी तारीख अभी तय नहीं की गई है।

बंगाल: फर्जी मतदाता विवाद में एफआईआर दर्ज करने के आदेश को वापस लेने की मांग
पश्चिम बंगाल सरकार ने फर्जी (घोस्ट) मतदाता विवाद में निर्वाचन अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने के आदेश को वापस लेने की मांग की है। राज्य सरकार ने चुनाव आयोग से कहा है कि मामूली प्रक्रियागत चूक पर आपराधिक कार्रवाई करना अनुचित और अत्यधिक सख्त कदम होगा।

यह निर्देश राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के जरिये भेजा गया था, लेकिन राज्य के गृह विभाग ने सीईओ कार्यालय को पत्र लिखकर इसे निरस्त करने का अनुरोध किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है और उन्हें निलंबित भी किया गया है, ऐसे में पुलिस मामला दर्ज करना असंगत है। यह विवाद मोयना (पूर्व मेदिनीपुर) और बरुईपुर पूर्व में मतदाता सूची में कथित फर्जी नाम शामिल होने से जुड़ा है, जो विशेष सघन पुनरीक्षण प्रक्रिया से पहले सामने आया था। 

निर्वाचन आयोग ने इन क्षेत्रों के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के खिलाफ निलंबन, विभागीय कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए थे। बरुईपुर पूर्व में एक संविदा डाटा प्रविष्टि संचालक के खिलाफ भी प्राथमिकी का आदेश दिया गया था, जिसने बाद में इस्तीफा दे दिया। राज्य सरकार का कहना है कि महाधिवक्ता की कानूनी सलाह के अनुसार यह मामला प्रशासनिक स्तर पर सुलझाया जा सकता है। सीईओ कार्यालय ने राज्य की आपत्ति आयोग को भेज दी है। फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है और अंतिम फैसला आयोग को लेना है।

हैदराबाद में 28 से एशिया का सबसे बड़ा नागरिक उड्डयन शो विंग्स इंडिया
एशिया का सबसे बड़ा नागरिक उड्डयन शो विंग्स इंडिया 2026 का आयोजन 28 जनवरी से हैदराबाद के बेगमपेट हवाईअड्डे पर होगा। 31 जनवरी तक चलने वाले शो की थीम भारतीय विमानन : भविष्य की राह रखा गया है। इसका उद्घाटन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू करेंगे। शो में विमानन मूल्य शृंखला के प्रमुख घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हितधारकों के भाग लेने की उम्मीद है। 

मवेशी तस्करी में ओडिशा से 10 गिरफ्तार, 50 करोड़ रुपये की संपत्ति की जब्त
ओडिशा पुलिस ने मवेशी तस्करी में भद्रक, जाजपुर, क्योंझर, मयूरभंज और खुर्दा जिलों में 46 स्थानों पर छापे मारकर 50 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। इस दौरान 10 लोगों को गिरफ्तार भी किया। क्योंझार एसपी नितिन कुसालकर ने कहा कि छापों में पुलिस ने 1.52 करोड़ नकद, 1 किलो 131 ग्राम सोना, 3.80 किलो चांदी, 23 चार पहिया वाहन, 23 दो पहिया वाहन, 13 मोबाइल फोन और 21 घड़ियां जब्त कीं।

एचपीसीएल का सेल्स अफसर एक लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार
सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने शनिवार को हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. (एचपीसीएल) के एक सेल्स अधिकारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। सीबीआई अधिकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान प्रतीक टगाले के रूप में हुई है, जो चंद्रपुर में सेल्स अधिकारी के पद पर तैनात है।

अधिकारी ने बताया कि 12 जनवरी को सीबीआई को एक लिखित शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम एचपीसीएल का एक रिटेल आउटलेट सौंपने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के आधार पर 13 जनवरी को की गई जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद शनिवार को जाल बिछाया गया और टगाले को एक लाख रुपये की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

आबकारी विभाग के उपायुक्त 25 लाख की घूस लेते गिरफ्तार
कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस ने आबकारी विभाग के उपायुक्त (बंगलूरू अर्बन) जगदीश नायक को शनिवार को 25 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ आबकारी अधीक्षक थम्मन्ना केएम और कांस्टेबल लक्कप्पा गनी को भी पकड़ा गया है।

लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, इन तीनों ने बार लाइसेंस सीएल-7 (होटल और बोर्डिंग हाउस) और माइक्रो ब्रुअरी लाइसेंस जारी करने के बदले 80 लाख रुपये की मांग की थी। एक शिकायत के आधार पर जाल बिछाया गया और तीनों को रिश्वत की पहली किस्त स्वीकार करते समय दबोच लिया गया। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद इन तीनों आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी भी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि तीनों आरोपियों से भ्रष्टाचार को लेकर पूछताछ की जा रही है। 

मणिपुर के बिष्णुपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार

कर्नाटक में संघ के शताब्दी वर्ष पर 3000 से अधिक हिंदू सम्मेलन होंगे
कर्नाटक में संघ के शताब्दी वर्ष पर 3000 से अधिक हिंदू सम्मेलन होंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के मौके पर पूरे राज्य में 3,000 से ज्यादा हिंदू सम्मेलन किए जाएंगे। आयोजन समिति ने शनिवार को यह जानकारी दी। 18 जनवरी से 1 फरवरी, 2026 तक पूरे राज्य में ग्रामीण और शहरी इलाकों (वार्ड लेवल) में हिंदू समाजोत्सव या हिंदू सम्मेलन कार्यक्रम कराए जाएंगे। हिंदू समाजोत्सव समिति ने एक बयान में कहा कि हिंदू समाजोत्सव या हिंदू सम्मेलन कार्यक्रम 3,000 से ज्यादा जगहों पर होंगे और लाखों लोग इसमें हिस्सा लेंगे। उत्तरी कर्नाटक क्षेत्र में हिंदू सम्मेलन 28 फरवरी तक जारी रहेगा।
 

ओडिशा में गाड़ी की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत

रविवार को ओडिशा के बालासोर जिले में एक तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा प्रदेश राजमार्ग-57 पर नाम्पो चौक पर हुआ, जब गाड़ी ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान गौतम साहू (18) और उसके दोस्त चंद्रशेखर महापात्रा (22) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि वे बाग गांव के रहने वाले थे और हादसे के समय जलेश्वर रेलवे स्टेशन जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि नाम्पो पुलिस चौकी की एक टीम मौके पर पहुंची और दोनों को जलेश्वर के जेके भट्टर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने गाड़ी का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया है लेकिन उन्हें शक है कि यह रेत से भरा ट्रक हो सकता है।

शराबी आदमी ने भुवनेश्वर में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन रोकी

रविवार को रंगपानी-नागरकोइल अमृत भारत एक्सप्रेस को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा, जब एक शराबी आदमी भुवनेश्वर स्टेशन में घुसते समय रेलवे ट्रैक पर बैठ गया और ट्रेन को रोक दिया। अधिकारियों ने बताया कि शहर के लक्ष्मीसागर इलाके के रहने वाले पी अप्पना राव (38) नाम के उस आदमी ने लोको पायलट के बार-बार हॉर्न बजाने के बावजूद ट्रैक से हटने से इनकार कर दिया। ईस्ट कोस्ट रेलवे (ECoR) ने एक बयान में कहा कि लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन को पूरी तरह रोक दिया। RPF के जवान और ट्रेन के एस्कॉर्टिंग स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे और उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया। 

पलक्कड़ में मालगाड़ी पटरी से उतरी, कई यात्री ट्रेनें हुईं लेट
केरल के पलक्कड़ जिले में रविवार को एक मालगाड़ी के मामूली रूप से पटरी से उतरने के कारण यात्री रेल सेवाएं प्रभावित रहीं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह घटना पत्तांबी इलाके में पल्लीपुरम स्टेशन के पास हुई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए रेल यातायात बाधित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दक्षिण रेलवे के पालक्कड़ मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 11.30 बजे मालगाड़ी के एक डिब्बे के पहिए पटरी से उतर गए। 

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। करीब 12.50 बजे पहियों को दोबारा पटरी पर चढ़ा दिया गया। रेलवे के अनुसार दोपहर करीब 1 बजे से यात्री ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया। हालांकि इस दौरान पल्लीपुरम स्टेशन से गुजरने वाली कम से कम चार यात्री ट्रेनें करीब एक घंटे की देरी से चलीं। यात्री संगठनों का कहना है कि हादसे के चलते दो लोकल ट्रेनों को रद्द भी करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

शिवमोगा में नहर में डूबने की आशंका, एक ही परिवार के चार लोग लापता
कर्नाटक के शिवमोगा जिले में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के चार लोगों के नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक सभी लोग कपड़े धोने के लिए नहर पर गए थे, जहां यह हादसा हुआ। लापता लोगों की पहचान नीलाबाई (50), उनके बेटे रविकुमार (23), बेटी श्वेता (24) और दामाद परशुराम (28) के रूप में हुई है। बताया गया है कि यह परिवार स्थानीय जत्रा में शामिल होने के लिए रिश्तेदारों के यहां आया था।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सबसे पहले एक व्यक्ति का पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में बाकी लोग भी पानी में उतर गए, जिसके बाद चारों लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपातकालीन सेवाओं की टीमों ने खोज अभियान शुरू किया। अंधेरा होने के कारण रविवार शाम को तलाशी अभियान रोक दिया गया, जिसे सोमवार को फिर से शुरू किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया।

वेल्लोर में जल्लीकट्टू के दौरान बुजुर्ग की मौत, 27 घायल
तमिलनाडु के वेल्लोर जिले के गोविंदा रेड्डीपलयम गांव में पोंगल त्योहार के जश्न पर आयोजित जल्लीकट्टू के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम 27 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, मृतक थिलागर (65) तिरुवन्नामलाई जिले के कन्नामंगलम के पास कट्टुकानूर गांव के रहने वाले थे। वह पोंगल त्योहार पर बेटी भुवनेश्वरी से मिलने गोविंदा रेड्डीपलयम आए थे और फिनिशिंग एरिया के पास खड़े थे, तभी एक सांड ने उन्हें सींग मार दिया। हमले की वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह सांड दौड़ अरियूर के पास गोविंदा रेड्डीपलयम में हुई। इसमें 100 से अधिक सांडों ने हिस्सा लिया। वेल्लोर जिले और आस-पास के इलाकों से 5,000 से ज्यादा दर्शक इस पारंपरिक त्योहार को देखने के लिए जुटे थे। पुलिस ने बताया कि फिनिशिंग प्वाइंट पर तैनात सातुवाचारी पुलिस इंस्पेक्टर विजयभास्करन समेत 27 लोग सांडों की टक्कर से मामूली रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए एक अस्थायी मेडिकल कैंप में फर्स्ट एड दिया गया।

कर्नल सोफिया मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में हो सकती है सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को मध्य प्रदेश के मंत्री कुंवर विजय शाह की याचिका पर सुनवाई होने की संभावना है। शाह ने भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप में खुद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ की ओर से शाह की याचिका पर सुनवाई किए जाने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed