Updates: सरकारी नोटिस पर कांग्रेस नेता ने CM शभेंदु को लिखा पत्र; दिनाकरन बोले- TVK सरकार का कार्यकाल अनिश्चित
पश्चिम बंगाल में पशु वध को लेकर जारी सरकारी नोटिस पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि 13 मई को जारी किए गए पशु वध संबंधी दिशा-निर्देशों से खासकर मुर्शिदाबाद जिले के अल्पसंख्यक समुदाय में भ्रम और चिंता का माहौल बन गया है। अधीर रंजन चौधरी ने अपने पत्र में कहा कि पश्चिम बंगाल विभिन्न धर्मों और समुदायों वाला राज्य है, जहां लोगों की अलग-अलग सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराएं हैं। ऐसे में सभी समुदायों को बिना किसी डर या भ्रम के अपनी धार्मिक परंपराओं का पालन करने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि मुर्शिदाबाद जिला प्रशासन कुछ तय स्थानों की पहचान करे, जहां लोग अपनी धार्मिक परंपराओं से जुड़े रीति-रिवाज निभा सकें। उनके अनुसार इससे लोगों की चिंता दूर होगी और विवाद की स्थिति भी नहीं बनेगी। सरकारी नोटिस में कहा गया है कि बैल, गाय, बछड़ा और भैंस जैसे पशुओं का वध बिना सरकारी फिटनेस प्रमाणपत्र के नहीं किया जा सकता। यह प्रमाणपत्र तभी मिलेगा जब पशु बूढ़ा, काम करने में अक्षम या गंभीर बीमारी से पीड़ित हो।
एनसीबी ने गिरफ्तार किया ड्रग तस्कर
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने म्यांमार स्थित एक प्रमुख ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो भारत-म्यांमार सीमा के पार मेथाम्फेटामिन और हेरोइन की बड़ी आपूर्ति (सप्लाई) के नेटवर्क का हिस्सा था। यह गिरफ्तारी दिल्ली में शनिवार को लंबी निगरानी, खुफिया जानकारी और कई राज्यों में संयुक्त कार्रवाई के बाद की गई। आरोपी की पहचान थानसिनटुआंग उर्फ चिंटुआंग उर्फ त्लुआंगा के रूप में हुई है।
एनसीबी के अनुसार, वह म्यांमार-मिजोरम-मणिपुर-असम-त्रिपुरा मार्ग से भारत और बांग्लादेश तक ड्रग सप्लाई नेटवर्क चला रहा था और कई एनडीपीएस मामलों में वांछित था। उसके नेटवर्क का कारोबार करीब 115 करोड़ रुपये का बताया गया है। जांच में उसके कई सहयोगियों और हवाला ऑपरेटरों की भी गिरफ्तारी हुई है, जिनके जरिये ड्रग से कमाई गई रकम को लगभग 100 करोड़ रुपये तक पहुंचाने और कई बैंक खातों को फ्रीज करने की जानकारी सामने आई है। एनसीबी ने बताया कि यह एक संगठित अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क है, जिसके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है और अब तक सैकड़ों तस्कर गिरफ्तार किए जा चुके हैं तथा करोड़ों रुपये की ड्रग्स जब्त की गई है।
कर्नाटक: निवेशकों से करोड़ों की ठगी के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
कर्नाटक के बेलगावी में कई करोड़ जमा घोटाले के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर लोगों से उच्च रिटर्न का वादा करके निवेश लेने का आरोप है। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी।
पुलिस आयुक्त भूषण गुलाबराव बोरेस ने बताया कि शिवानंद एस नीलानावर और उनकी कंपनी शिवम एसोसिएट्स (जिसे एक्युमेन भी कहा जाता है) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने लोगों को हर महीने 3 प्रतिशत यानी सालाना 36 प्रतिशत रिटर्न का वादा कर हजारों लोगों से पैसा लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी निवेशकों को पैसा वापस नहीं कर सका, जिसके बाद शिकायतें बढ़ीं और प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। फिलहाल आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसके दफ्तरों व घर पर छापेमारी जारी है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच में पता चला है कि हजारों लोगों ने इस योजना में निवेश किया था और यह एक पोंजी स्कीम की तरह चल रही थी।
जांच के अनुसार, प्रारंभिक अनुमान में यह घोटाला कई हजार करोड़ रुपये का हो सकता है और इसमें 35,000 से अधिक लोगों के पैसे लगाए जाने की आशंका है। अधिकारियों को शक है कि कई बैंक खातों के जरिये हजारों करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है और अब मामला आगे सीआईडी को सौंपा जाएगा।
पुदुचेरी के मुख्यमंत्री रंगासामी ने थट्टांचावडी सीट छोड़ी, मंगलम सीट बरकरार रखी
पुदुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने रविवार को थट्टांचावडी विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने मंगलम सीट अपने पास रखने का फैसला किया है। विधानसभा सचिव जे. दयालन ने बताया कि मुख्यमंत्री ने थट्टांचावडी सीट से इस्तीफा सौंप दिया है। इस सीट को रिक्त घोषित करने की अधिसूचना अगले कुछ दिनों में जारी की जाएगी। रंगासामी ने नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में थट्टांचावडी और मंगलम दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों जगह जीत दर्ज की थी। रंगासामी ने जिस मंगलम सीट को बरकरार रखा है, वह ग्रामीण क्षेत्र की विधानसभा सीट है।
त्रिपुरा: आईफोन का लालच देकर महिला से दुष्कर्म का आरोप, कंटेंट क्रिएटर गिरफ्तार
त्रिपुरा में एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसने एक महिला को एपल आईफोन उपहार में देने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, महिला धलाई जिले की रहने वाली है। करीब तीन महीने पहले उसकी पहचान सोशल मीडिया के जरिये आरोपी से हुई थी। आरोपी अगरतला में मोबाइल फोन बेचने की दो दुकानें चलाता है। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर नियमित बातचीत होती थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने शनिवार को महिला को फोन कर अगरतला बुलाया। इसके बाद महिला शनिवार शाम अगरतला रेलवे स्टेशन पहुंची। आरोपी महिला को रेलवे स्टेशन से पास के एक होटल में ले गया। वहां उसने महिला को एपल आईफोन देने का लालच दिया और शनिवार रात उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस अधिकारी परितोष दास ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी कंटेंट क्रिएटर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भाजपा सरकार ने पुलिस कल्याण बोर्ड किया भंग
पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार ने पुलिस कल्याण बोर्ड को भंग कर दिया। दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में एक प्रशासनिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमले किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करने को कहा। अधिकारी ने कहा कि पहले शासकों का कानून चलता था। अब कानून का राज है। पुलिस कल्याण बोर्ड का गठन एक नेक इरादे से किया गया था लेकिन यह एक राजनीतिक दल का अग्रिम संगठन बनकर रह गया। मुझे नहीं पता कि इससे पुलिस के कल्याण में किस तरह मदद मिली, लेकिन यह (रोजगार में) अवैध विस्तार पाने का एक जरिया जरूर बन गया। ऐसे लोग हैं जिन्हें इससे व्यक्तिगत रूप से लाभ हुआ है। इसलिए हम बोर्ड को भंग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि महिला पुलिसकर्मियों को उनके गृह जिलों में ही तैनाती में प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि उन्हें अपनी पेशेवर और निजी जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने में मदद मिल सके।
पाकिस्तानी आतंकवादी ने कराया हेयर ट्रांसप्लांट
लश्कर-ए-तैयबा के लिए जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कर आतंकी हमले करने आए एक पाकिस्तानी आतंकवादी ने अपने मिशन के बीच में बालों का प्रत्यारोपण (हेयर ट्रांसप्लांट) करवाया। लाहौर निवासी मोहम्मद उस्मान जट्ट उर्फ 'चीनी' ने पूछताछ में बताया कि उसे आतंकी प्रशिक्षण शिविर में कश्मीर के बारे में जो बताया गया था, जमीन पर हालात उससे बिल्कुल अलग थे। इसी दौरान वह श्रीनगर में एक दुकान के मालिक से जानकारी मिलने के बाद हेयर ट्रांसप्लांट करवाने पहुंचा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, वह लश्कर-ए-तैयबा का प्रशिक्षित आतंकी था और सीमा पार से भारत में घुसकर कई हमलों की योजना पर काम करने आया था। बाद में उसकी गतिविधियों की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दी गई। पूछताछ में उसने यह भी बताया कि कश्मीर में रहने के दौरान उसे रोजमर्रा की जिंदगी देखकर अपनी सोच में बदलाव महसूस हुआ, जो उसके प्रशिक्षण के दौरान बताई गई बातों से बिल्कुल अलग था।
पिछले महीने श्रीनगर पुलिस ने उसे एक अन्य आतंकी अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा के साथ गिरफ्तार किया था, जो लश्कर का एक लंबे समय से सक्रिय सदस्य माना जाता है। दोनों को जम्मू-कश्मीर के बाहर स्लीपर सेल नेटवर्क बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी। जांच में सामने आया कि जट्ट लंबे समय से बाल झड़ने की समस्या से परेशान था और इससे उसका आत्मविश्वास भी प्रभावित हुआ था। उसे हेयर ट्रांसप्लांट के बारे में पहले जानकारी मिली थी, लेकिन वह इसे दूर की चीज मानता था।
श्रीनगर में रहने के दौरान एक सहयोगी ने उसे एक दुकान मालिक से मिलवाया, जिसने खुद हेयर ट्रांसप्लांट करवाया था। इसके बाद जट्ट भी लगातार संपर्क में रहा और आखिरकार शहर में ही उसका हेयर ट्रांसप्लांट किया गया, जिस दौरान उसे कभी-कभी क्लिनिक में रात भी बितानी पड़ी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह अबू हुरैरा के संपर्क में रहते हुए जम्मू से बस के जरिए पंजाब और फिर मलेरकोटला पहुंचा, जहां उसने कुछ समय बिताया। इस दौरान वह अंग्रेजी सीखने और तुर्किये के शो देखने की कोशिश करता रहा।
सूत्रों के मुताबिक, वह फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और बाद में पासपोर्ट बनवाने की योजना में था, ताकि वह भारत से फरार हो सके, जैसे कराची का उमर उर्फ 'खरगोश'ने किया था। उसने 2012 के बाद भारत में घुसपैठ की थी और बाद में फर्जी पासपोर्ट के जरिये जयपुर से निकलकर इंडोनेशिया और फिर खाड़ी देश पहुंच गया था।
तेलंगाना: थर्मल पावर स्टेशन की इकाई में लगी आग
तेलंगाना के नलगोंडा जिले में स्थित यदाद्री थर्मल पावर स्टेशन की हाल ही में शुरू की गई तीसरी इकाई में रविवार को आग लग गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि यह घटना दोपहर के आसपास हुई और आग पर काबू पा लिया गया। इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारी ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
नगालैंड में पुलिस ने नष्ट की 36 करोड़ रुपये से अधिक की ड्रग
नगालैंड पुलिस ने एक डंपिंग साइट पर 36.57 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों और साइकोट्रॉपिक पदार्थों को नष्ट किया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेस कानून के तहत जारी अदालत के आदेशों के बाद की गई। नष्ट किए गए प्रतिबंधित सामान में 8 किलो हेरोइन, 31 किलो अफीम बरामद की है।
तेलंगाना में 21 वर्षीय युवती की हत्या, 30 साल के युवक को भीड़ ने अधमरा किया
पुलिस ने बताया कि हमले के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी पर हमला कर दिया। भीड़ की पिटाई के बाद युवक को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी और पीड़िता की जान-पहचान तब हुई जब महिला हैदराबाद के एक निजी स्कूल में काम करती थी। हालांकि, जब युवती ने युवक के प्रस्ताव को ठुकरा दिया तब दोनों के बीच विवाद हो गया।
बंगलूरू के बाहरी इलाके में मानव कंकाल बरामद
कर्नाटक में झील के पास महिला के कंकाल बरामद
बंगलूरू के बाहरी इलाके में एक झील के पास मानव कंकाल के अवशेष मिले हैं। पुलिस को संदेह है कि ये अवशेष एक महिला के हैं। शनिवार को पुलिस ने बताया कि चरवाहों ने सरजापुर के पास मुगालुर में झील के पास मवेशी चराते समय इन अवशेषों को देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। जांच के दौरान, अधिकारियों को सूखे झील के तल और आसपास के क्षेत्रों में हड्डियां बिखरी मिलीं। पुलिस को आशंका है कि अवशेष करीब तीन महीने पुराने हो सकते हैं। पुलिस का मानना है कि पीड़िता पहले झील में डूब गई होगी और गर्मियों में पानी कम होने पर कंकाल सतह पर आ गया। मौके से साड़ी के टुकड़े भी बरामद हुए हैं, जिससे महिला के होने का संदेह और गहरा गया है। फोरेंसिक विशेषज्ञों और क्राइम सीन अधिकारी टीम ने मौके का दौरा कर साक्ष्य एकत्र किए। एक मामला दर्ज कर अवशेषों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान और मौत का सही कारण अभी स्थापित नहीं हो पाया है।
असम के शख्स ने महिला की हत्या की, शव झील में फेंका
शनिवार को ही कर्नाटक में ही एक अन्य मामला हत्या का सामने आया। बंगलूरू पुलिस ने बताया कि एक 47 वर्षीय महिला एक युवक पर शादी का दबाव बना रही थी। इसके बाद आरोपी ने हत्या कर शव को एक झील में फेंक दिया। महिला का शव 9 मई को हेब्बागोडी थाना क्षेत्र की तिरुपल्या झील में मिला था। पहले पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट से गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 14 मई को तिरुपल्या से पकड़ा गया। आरोपी असम का रहने वाला है। पूछताछ में उसने शादी के दबाव की बात कबूली। 15 मई को अदालत में पेश कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कुआलालंपुर से हैदराबाद आ रही एयर एशिया की एक फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सुरक्षा जांच के बाद इसे पूरी तरह अफवाह घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि हैदराबाद के जीएमआर राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय (आरजीआई) एयरपोर्ट के कस्टमर सर्विस विभाग को शुक्रवार को इस संबंध में एक ईमेल मिला था। इस ईमेल में दावा किया गया था कि फ्लाइट के अंदर एक आत्मघाती हमलावर मौजूद है।
आंध्र प्रदेश सरकार अब तीसरे बच्चे के जन्म पर 30,000 रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर 40,000 रुपये का नकद प्रोत्साहन देगी। राज्य के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घटती जनसंख्या की प्रवृत्ति को बदलने के लिए यह घोषणा की। श्रीकाकुलम में जनसभा में नायडू ने कहा कि बच्चे बोझ नहीं, संपत्ति हैं। कई देशों में बुजुर्गों की बढ़ती आबादी व घटती जनसंख्या ने वहां की अर्थव्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि बढ़ती आय के साथ कई जोड़े केवल एक बच्चा चुन रहे हैं, या पहला बच्चा लड़का न होने पर ही दूसरे बच्चे के बारे में सोचते हैं। इसके कारण राज्य की जनसंख्या वृद्धि दर गिर रही है। उन्होंने कुल प्रजनन दर 2.1 पर बनाए रखने की जरूरत पर बल दिया।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार रात को भुवनेश्वर पहुंचेंगे। पार्टी के एक नेता ने बताया कि यह उनका ओडिशा का पहला दो दिवसीय दौरा है। उन्होंने बताया कि नवीन पहले सोमवार को आने वाले थे। पार्टी प्रवक्ता सुदीप्ता राय ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष सोमवार को ओडिशा स्थित पार्टी मुख्यालय में राज्य कोर कमेटी की बैठक में भाग लेंगे और मंत्रिपरिषद के साथ भी बातचीत करेंगे। नवीन आईआईटी-जटानी के पास एआईपीएच विश्वविद्यालय परिसर में पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महा अभियान-2026 शिविर का उद्घाटन भी करेंगे। राय ने कहा, "वे रविवार रात करीब 10:30 बजे एक सामान्य यात्री विमान से भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मितव्ययिता के आह्वान के अनुरूप, उनके स्वागत के लिए सादे इंतजाम किए गए हैं।" मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और अन्य वरिष्ठ नेता हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के लिए उपस्थित रहेंगे। भाजपा अध्यक्ष पुरी जाकर जगन्नाथ मंदिर में दर्शन भी करेंगे। नवीन सोमवार शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू द्वारा तीसरे बच्चे के लिए 30,000 रुपये और चौथे बच्चे के लिए 40,000 रुपये के प्रोत्साहन राशि की घोषणा पर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा, 'जनसंख्या को लेकर लंबे समय से चिंताएं बनी हुई हैं। कई जगहों पर यह बढ़ रही है, जबकि कई अन्य जगहों पर घट रही है। चंद्रबाबू नायडू सरकार ने राज्य की घटती जनसंख्या के कारण यह योजना शुरू की है। हर किसी के कम से कम तीन बच्चे होने चाहिए।'
तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में एएमएमके नेता टीटीवी दिनाकरन ने कहा, 'टीवीके का समर्थन करने वाले एआईएडीएमके नेता पूरी तरह से अनुचित हैं, इस सरकार का कार्यकाल अनिश्चित है।'
तमिलनाडु के लोगों ने अपने उम्मीदवारों को ठीक से जाने बिना ही टीवीके को वोट दिया। आगामी संसदीय चुनावों में एआईएडीएमके सत्ता में वापसी करेगी।
अहमदाबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मिलियन माइंड्स टेक पार्क और ग्रेमी सिटी के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी का दृष्टिकोण प्रौद्योगिकी, नवाचार, ज्ञान, उद्यमिता और उच्च कौशल पर केंद्रित है, ताकि गुजरात में उद्योग आएं और रोजगार के अवसर भी सृजित हों। इन सभी कारकों के आधार पर, गुजरात, जो स्वतंत्रता के समय से ही हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व करता रहा है, को नई तकनीक के क्षेत्र में भी देश का नेतृत्व करना चाहिए।'
VIDEO | Ahmedabad, Gujarat: Union Home Minister Amit Shah (@AmitShah), addressing the inauguration ceremony of Million Minds Tech Park and Gremi City, said,
— Press Trust of India (@PTI_News) May 17, 2026
"PM Modi's vision is centred on technology, innovation, knowledge, entrepreneurship, and high skills, so that industries… pic.twitter.com/XuoOLjPOR6
प्रियांक खरगे बोले- चुनावी राज्यों में विफल रहा एसआईआर
#WATCH | Bengaluru: On SIR, Karnataka minister Priyank Kharge says, “SIR has been a complete failure in Tamil Nadu, Kerala, Bihar, and West Bengal. All we are seeking is a complete revision of the entire process and methodology. There are lots of unanswered questions that the EC… pic.twitter.com/mzDuRoIKfI
— ANI (@ANI) May 17, 2026
वहीं, एक दूसरे मामले में महबूबनगर जिले में एक महिला की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में एक 30 वर्षीय व्यक्ति पर हमला किया गया था। महिला ने उसके प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, जिसके बाद उस व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई। शनिवार को जाडचेरला कस्बे में एक ऑटो रिक्शा से उतरते समय आरोपी ने 21 वर्षीय महिला पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमले के बाद, मौके पर मौजूद लोगों ने कथित तौर पर आरोपी की पिटाई की। स्थानीय लोगों ने भागते हुए आरोपी का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि उसे बांधकर पीटा गया और बाद में गंभीर हालत में महबूबनगर के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान आरोपी की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी और पीड़िता की जान-पहचान तब हुई थी जब महिला हैदराबाद के एक निजी स्कूल में काम करती थी।