पीएम मोदी के भाई ने ही नहीं अपनाई कैशलेस व्यवस्था
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नोटबंदी की घोषणा के बाद जहां देशभर में कैशलेस इकोनॉमी की वकालत कर रहे हैं वहीं खुद उनके भाई ने अभी तक अपनी दुकान पर कैशलेस व्यवस्था नहीं की है।
अहमदाबाद में फेयर प्राइस शॉप चलाने वाले प्रधानमंत्री के छोटे भाई प्रहलाद मोदी ने अभी तक अपनी दुकान पर आईओएस या डेबिट मशीन नहीं लगवाई है।
इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के अनुसार अहमदाबाद में फेयर प्राइस शॉप ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रहलाद मोदी ने अपनी दुकान पर आने वाले ग्राहकों से कैशलेस भुगतान की कोई व्यवस्था नहीं की है। प्रहलाद कहते हैं कि फेयर प्राइस शॉप पर कैशलेस ट्रांजेक्शन को रफ्तार पकड़ने में अभी कुछ समय लगेगा क्योंकि छोटे दुकानदारों की कई चिंताएं हैं।
अहमदाबाद में फेयर प्राइस शॉप चलाते हैं प्रहलाद मोदी
प्रहलाद मोदी ने बताया कि अभी बैंक उन्हें कार्ड स्वैपिंग मशीन देंगे और उसके बाद उन मशीनों पर चार्ज भी लगेगा। इसके बाद प्रत्येक ट्रांजेक्शन पर सर्विस चार्ज लिया जाएगा इससे हम जैसे लोगों को दिक्कत होगी जो छोटे कमीशन पर काम करते हैं।
इसलिए हम सरकार से ये चार्जेज हटाने या बैंकों को चार्ज भुगतान का अनुरोध कर रहे हैं। इसे नजरअंदाज करना मुश्किल है। मोदी के अनुसार उन्होंने इसलिए अभी तक अपनी दुकान पर पीओएस या डिजिटल वालेट नहीं लगवाया है।
उन्होंने बताया कि मेरी दुकान पर अभी तक ऐसा कोई ग्राहक नहीं आया जिसने पेटीएम से या उसी तरह भुगतान करने के लिए कहा हो। लोग अब धीरे धीरे पीओएस मशीन का इस्तेमाल शुरू कर रहे हैं, इसके लिए कुछ लोगों ने बैंकों में अपने करंट अकाउंट भी खोल लिए हैं।
फिलहाल गेंद बैंकों के पाले में है वो जो चाहे करें। हमारा व्यापार पूरी तरह कैश आधारित है, लोग हमारे पास छोटी रकम लेकर सामान खरीदने आते हैं। इसी के आधार पर ये बिजनेश चलता है।