Maharashtra: 'लोकल ट्रेन के निर्माणाधीन रैकों में लगेंगे स्वचालित दरवाजे', मुंब्रा हादसे के बाद रेलवे का फैसला
मुंब्रा रेल दुर्घटना के बाद भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने लोकल ट्रेनों के लिए निर्माणाधीन रैकों में स्वचालित दरवाजे लगवाने का फैसला किया है। इसके अलावा फिलहाल सेवा में मौजूद रैक में डोर क्लोजर की सुविधा को लेकर भी चर्चा हो रही है।
विस्तार
मुंब्रा ट्रेन हादसा के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्टरी (आईसीएफ) की टीम के साथ एक आपात बैठक बुलाई। इस दौरान स्वचालित दरवाजा प्रणाली से जुड़ी चुनौतियों का व्यावहारिक समाधान खोजने पर चर्चा की गई। इसके बाद रेलवे ने फैसला लिया कि लोकल ट्रेनों के कोच का नया डिजाइन विकसित किया जाएगा, ताकि वेंटिलेशन की समस्या का समाधान किया जा सके।
जनवरी से दौड़ेंगी नए डिजाइन वालीं ट्रेनें
उधर, लोकल ट्रेनों में स्वचालित दरवाजे लगाने की घोषणा के बाद रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा, नए डिजाइन की पहली ट्रेन नवंबर 2025 तक तैयार हो जाएगी और आवश्यक परीक्षण और प्रमाणन के बाद इसे जनवरी 2026 तक सेवा में लाया जाएगा। उन्होंने कहा, यह मुंबई उपनगरीय सेवाओं के लिए पहले से ही निर्माणाधीन 238 एसी ट्रेनों के अतिरिक्त है।
पीसीएसओ करेंगे मामले की जांचः
एक अधिकारी ने बताया कि मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा अधिकारी (पीसीएसओ) सीके प्रसाद इस मामले की जांच करेंगे। हादसे के बाद प्रसाद ने घटनास्थल का दौरा किया और निरीक्षण किया। उन्होंने कहा, प्रासंगिक जानकारी एकत्र की जा रही है और मूल कारण की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, रेलवे इस मामले के दुर्घटना नहीं, बल्कि एक घटना के रूप में देख रहा है।
सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल धनराज नीला ने बताया कि घटना में घायल हुए 13 लोगों में से चार लोगों की मौत हो गई है। चार अन्य का इलाज चल रहा है। रेलवे बोर्ड ने सभी मौजूदा रैकों में बदलाव करने का फैसला किया है, जिससे ऐसी घटनाओं की संभावना कम हो जाएगी। सभी नए रैक एसी रैक होंगे, जिनमें स्वचालित दरवाजों वाली प्रणाली होगी। हमने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे फुटबोर्ड पर यात्रा करने से बचें।
यह भी पढ़ें- ठाणे में बड़ा हादसा: भीड़ की वजह से चलती ट्रेन से गिरे कई यात्री, चार लोगों की मौतों की आशंका; छह अन्य घायल
क्या है मामला?
इससे पहले ठाणे के मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल की ओर जा रहे कुछ यात्री ट्रेन से गिर गए। दुर्घटना का कारण ट्रेन में अत्यधिक भीड़ माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रेन मुंबई से लखनऊ के लिए जा रही थी। सेंट्रल रेलवे के मुताबिक, रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा है। दुर्घटना की जांच शुरू हो गई है। घटना से लोकल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार सुबह चलती लोकल ट्रेन से गिरकर कम से कम चार यात्रियों की मौत हो गई और छह घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना दिवा और कोपर रेलवे स्टेशनों के बीच हुई, जब भीड़भाड़ वाली ट्रेन कसारा की ओर जा रही थी। उन्होंने बताया कि व्यस्त समय में बहुत भीड़ थी, इसलिए कई लोग ट्रेन के दरवाजे पर खड़े थे। जब ट्रेन चल रही थी, तब कम से कम 10 यात्री नीचे गिर गए।
कैसे हुआ हादसा?
सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल धनराज नीला ने कहा, 'मुंब्रा से दिवा जाने वाली लोकल ट्रेन में यात्रा करने वाले आठ लोग गिर गए। कसारा जाने वाली लोकल ट्रेन के गार्ड ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे इस घटना की सूचना दी। इन लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। यह घटना डाउन/फास्ट लाइन पर मुंब्रा-दिवा रेलवे स्टेशनों के बीच हुई। कसारा से लोकल ट्रेन में फुटबोर्ड पर यात्रा कर रहे लोग और इसी तरह सीएसएमटी की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार लोग आपस में टकरा गए और गिर गए।'