{"_id":"6339a1ce564e2851751dba37","slug":"more-than-74-percent-public-places-have-toilets-and-84-percent-premises-see-minimal-littering-govt-report","type":"story","status":"publish","title_hn":"Report: देश के 74.6 फीसदी सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय, गांधी जयंती पर जल शक्ति मंत्रालय ने जारी की रिपोर्ट","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Report: देश के 74.6 फीसदी सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय, गांधी जयंती पर जल शक्ति मंत्रालय ने जारी की रिपोर्ट
Sun, 02 Oct 2022 08:06 PM IST
शिव शरण शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Sun, 02 Oct 2022 08:06 PM IST
सार
महात्मा गांधी की जयंती पर जारी जल शक्ति मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, निरीक्षण टीमों ने देश भर में मंदिरों, बाजारों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आंगनवाड़ी केंद्रों और सरकारी स्कूलों जैसे 85,872 सार्वजनिक स्थानों का दौरा और निरीक्षण किया। इस दौरान देखा गया कि लगभग 74.6 प्रतिशत सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय हैं।
विज्ञापन
मोबाइल शौचालय
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
साल 2014 में महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर पीएम मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की थी। इन आठ सालों में पीएम मोदी लगातार देशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरुक करते रहे हैं। वहीं,आज महात्मा गांधी की जयंती पर जल शक्ति मंत्रालय एक रिपोर्ट जारी की है। मंत्रालय ने ये रिपोर्ट देश भर में स्वच्छता सर्वेक्षण के आधार पर तैयार की है।
विज्ञापन
महात्मा गांधी की जयंती पर जारी जल शक्ति मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, निरीक्षण टीमों ने देश भर में मंदिरों, बाजारों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आंगनवाड़ी केंद्रों और सरकारी स्कूलों जैसे 85,872 सार्वजनिक स्थानों का दौरा और निरीक्षण किया। इस दौरान देखा गया कि लगभग 74.6 प्रतिशत सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय हैं। हालांकि इनमें से 84.2 प्रतिशत शौचालयों के परिसर में कूड़ा-कचरा देखा गया। वहीं, इनमें से 93.1 प्रतिशत स्थानों में न्यूनतम मात्रा में गंदा जल भराव भी था।
विज्ञापन
रिपोर्ट में कहा गया है कि घरों, ऑनलाइन और मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वच्छता को लेकर नागरिकों से प्रतिक्रिया भी ली गई। इसके तहत 5,13,77,176 लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दीं। वहीं, ग्रामीण स्तर पर स्वच्छता की जानकारी प्राप्त करने के लिए 87,560 लोगों से आमने-सामने बात की गई।
विज्ञापन
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि ग्रामीण इलाकों के घरों के व्यक्तियों द्वारा शौचालयों तक पहुंच और उपयोग को समझने के लिए एसएसजी-2022 के दौरान सर्वे भी किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, गांवों में करीब 95.4 फीसदी घरों में शौचालय है और 70.2 प्रतिशत घरों में अपने घरों में पैदा होने वाले ठोस कचरे के निपटान के लिए व्यवस्था है। वहीं, लगभग 84.5 प्रतिशत लोगों ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत के बाद से उनके गांवों में स्वच्छता में सुधार हुआ है।
जल शक्ति मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी रिपोर्ट में यह भी पता चला है कि देश के 74 प्रतिशत ग्रामीण घरों को पूरे सात दिनों तक पानी मिलता है। हालांकि आठ प्रतिशत ग्रामीण परिवार ऐसे भी हैं जिन्हें सप्ताह में केवल एक बार पानी मिलता है। वहीं, लगभग चार प्रतिशत घरों में सप्ताह में 5-6 दिन पानी मिलता है और 14 प्रतिशत को सप्ताह में कम से कम 3-4 दिन पानी मिलता है। रिपोर्ट के मुताबिक सर्वेक्षण में प्रति दिन आपूर्ति की औसत अवधि तीन घंटे पाई गई है। इस रिपोर्ट में इस बात का दावा भी किया गया है कि पांच में से चार (80 फीसदी) परिवारों ने बताया कि उनकी पानी की दैनिक जरूरत घरेलू नल कनेक्शन से पूरी हो रही है।
हर घर जल गांवों के तहत, सर्वेक्षण के दिन 91 प्रतिशत घरों में काम करने वाले नल कनेक्शन पाए गए, जो कि पूरे राष्ट्रीय अनुपात (86 प्रतिशत) से अपेक्षाकृत अधिक है।