फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   more than 150 Maoists surrendered in Odisha flour became expensive, read hindi news

Big News: ओडिशा में 150 से ज्यादा माओवादी ने किया आत्मसमर्पण, आटा हुआ महंगा, पढ़े कुछ अहम खबरें

Wed, 24 Aug 2022 06:40 AM IST
Jeet Kumar एजेंसी, मलकानगिरी।
एजेंसी, मलकानगिरी। Published by: Jeet Kumar Updated Wed, 24 Aug 2022 06:40 AM IST
सार

बीएसएफ के उपमहानिरीक्षक एसके सिन्हा ने बताया कि बल की मजबूत मौजूदगी से लोगों में माओवाद के खिलाफ आवाज उठाने का विश्वास पैदा हुआ है। वहीं खुदरा बाजार में आटा की कीमत 17 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 35.17 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। एक साल पहले भाव 30.04 रुपये प्रति किलो था।

विज्ञापन
more than 150 Maoists surrendered in Odisha flour became expensive, read hindi news
नक्सली

विस्तार

ओडिशा के मलकानगिरी जिले में 150 से ज्यादा माओवादी समर्थकों ने सीमा सुरक्षा बल व स्थानीय पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। जिला पुलिस अधीक्षक नितेश वाधवानी ने बताया कि ओडिशा पुलिस की घर वापसी पहल के तहत माओवादी आतंक से प्रभावित गांवों को मुख्यधारा में लाया जा रहा है। इसी प्रयास के तहत माओवादियों का गढ़ माना जाने वाला रालेगड़ा गांव माओवाद से मुक्त कराया गया है।

विज्ञापन


बीएसएफ के उपमहानिरीक्षक एसके सिन्हा ने बताया कि बल की मजबूत मौजूदगी से लोगों में माओवाद के खिलाफ आवाज उठाने का विश्वास पैदा हुआ है। मुख्यधारा में लौटने का संकल्प लेने वालों को नया जीवन शुरू करने के लिए हर तरह की मदद दी जा रही है।  इससे पहले दो जून को 50 और 11 जून को 397 माओवादी समर्थकों ने मलकानगिरी में आत्मसमर्पण किया था। 
विज्ञापन


पेशाब करते लड़के का वीडियो साझा करने पर दो पर पॉक्सो के तहत केस
मुलुंड के पूर्वी उपनगर की एक हाउसिंग सोसायटी के सेक्रेटरी और एक सदस्य पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने नौ साल के एक लड़के का इमारत की सीढ़ियों पर पेशाब करने का वीडियो सोसायटी के सदस्यों के मैसेज ग्रुप पर साझा किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने यह वीडियो सीसीटीवी फुटेज से हासिल किया, जिसे बाद में ग्रुप पर साझा कर दिया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


2030 तक हर साल बिकेंगे 1.7 करोड़ से ज्यादा ई-वाहन
देश में 2030 तक हर साल 1.7 करोड़ से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहन बिकेंगे। भारत ऊर्जा भंडारण गठबंधन (आईईएसए) ने मंगलवार को कहा, घरेलू ईवी उद्योग में 2021 से 2030 के बीच हर साल 49% की रफ्तार से  बढ़ोतरी हो सकती है।

रिपोर्ट में कहा गया है, ईंधन की बढ़ती कीमतों, नए कंपनियों के प्रवेश, ईवी प्रौद्योगिकी में उन्नति, केंद्र और राज्य सरकारों से लगातार सब्सिडी मिलने की वजह से ईवी उद्योग में तेजी आएगी। इसके अलावा, उत्सर्जन मानकों को लागू करने से भी इन्हें बढ़ावा मिलेगा। 

  • रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में ईवी उद्योग ने 2020 में महामारी के चलते आई मंदी के बाद तेजी से वापसी की है। ई-दोपहिया वाहनों की घरेलू ईवी बाजार में 2021 के दौरान कुल 50 फीसदी हिस्सेदारी थी।
  • ई-दोपहिया वाहनों की कुल बिक्री 4.67 लाख इकाई से अधिक रही। इसके बाद धीमी गति वाले ई-तिपहिया वाहनों का स्थान रहा।

गेहूं के बाद अब चावल की खुदरा कीमतें 6.31% बढ़ीं
आपूर्ति संबंधी चिंताओं के कारण गेहूं के बाद अब देशभर में चावल की खुदरा कीमतें एक साल पहले के मुकाबले 6.31 फीसदी बढ़ गईं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, खुदरा बाजार में चावल 37.7 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने कहा, उस रिपोर्ट के बाद चावल की खुदरा कीमत बढ़ी है, जिसमें कहा गया था कि चालू खरीफ मौसम में धान की बुवाई 8.25% घटने की वजह से कुल उत्पादन घट सकता है। 

आटा भी 17% महंगा

  • आंकड़ों के मुताबिक, गेहूं की औसत खुदरा कीमत 22 अगस्त तक 22 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 31.04 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गईं। एक साल पहले भाव 25.41 रुपये प्रति किलो था।
  • इसके अलावा, खुदरा बाजार में आटा की कीमत 17 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 35.17 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। एक साल पहले भाव 30.04 रुपये प्रति किलो था।

उद्धव और शिंदे गुट के दावों पर संविधान पीठ करेगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को महाराष्ट्र में राजनीतिक घटनाक्रम के संबंध में शिवसेना के प्रतिद्वंद्वी समूहों द्वारा दायर याचिकाओं को संविधान पीठ के पास भेज दिया। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एनवी रमण, जस्टिस कृष्ण मुरारी व जस्टिस हिमा कोहली की पीठ ने याचिकाओं को पांच न्यायाधीशों की पीठ के पास भेजते हुए कहा, इस मामले में सांविधानिक मुद्दे के महत्वपूर्ण प्रश्न उठे हैं।

उद्धव खेमे की चुनाव आयोग को आधिकारिक शिवसेना पार्टी के रूप में एकनाथ शिंदे के दावे को तय करने से रोकने की मांग पर भी संविधान पीठ बृहस्पतिवार को सुनवाई करेगी। तब तक आयोग को कोई निर्णय नहीं लेने के लिए कहा गया है। शीर्ष कोर्ट के समक्ष मामला प्रतिद्वंद्वी गुटों द्वारा याचिकाओं के एक समूह से उत्पन्न हुआ था जिसमें अयोग्यता, शिंदे को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का राज्यपाल का निर्णय शामिल है। 

ब्रिटेन : पंजाब में हत्याओं के आरोपी को बचाने की मुहिम
पंजाब में आठ लक्षित हत्याओं के आरोपी आतंकी जगतार सिंह जोहाल को बचाने के लिए ब्रिटेन के एक एनजीओ रिप्राइव ने मुहिम चलाई है। जोहाल ब्रिटिश नागरिक है। 2017 में वह भारत आया, तो उसे आतंकी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। 

खूंखार आतंकी संगठन खालिस्तानी लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) से जुड़ा जोहाल 2016-17 में पंजाब में हिंसा भड़काने के लक्ष्य से की गई आठ हत्याओं और आतंकी संगठनों के वित्त पोषण का आरोपी है। रिप्राइव ने जोहाल की रिहाई के लिए ब्रिटिश सरकार पर दबाव बनाने के लिए एक वेबसाइट के जरिये ऑनलाइन याचिका दायर की है। उसने दस हजार लोगों के समर्थन का लक्ष्य रखा है। एजेंसी

समय पर फैसले नहीं लेती सरकार : गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि सरकार समय पर फैसले नहीं लेती है, जो एक बड़ी समस्या है। अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चित सड़क परिवहन मंत्री ने कहा कि देश के बुनियादी ढांचा क्षेत्र का भविष्य सुनहरा है। यहां संभावनाएं और क्षमताएं दोनों मौजूद हैं। 

अगर हम समय पर फैसला लेते हुए अच्छी तकनीक और नए सुधारों को स्वीकार करें, तो चमत्कार कर सकते हैं। इसके लिए दुनिया की अच्छी शोध और सफल प्रैक्टिस को स्वीकार करना होगा।

फिक्की के एक कार्यक्रम में मंगलवार को उन्होंने कहा, सरकार चार सड़क परियोजनाओं के लिए शेयर बाजार से रकम जुटाएगी। यह रकम इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (इनविट्स) और अन्य निवेश साधनों से जुटाई जाएगी। इसमें खुदरा निवेशक 10 लाख रुपये तक का निवेश कर सकते हैं, जिस पर 7-8 फीसदी सुनिश्चित रिटर्न मिलेगा। 

ट्विटर ने हटाया इटली में नेता द्वारा पोस्ट दुष्कर्म का वीडियो
ट्विटर ने मंगलवार को इटली के शहर में एक प्रवासी द्वारा एक यूक्रेनी महिला से दुष्कर्म का वीडियो हटा दिया। इसे इटली के अगले पीएम की दौड़ में सबसे आगे चल रही दक्षिणपंथी नेता जियोर्जिया मेलोनी ने पोस्ट किया था। 

मेलोनी ने धुंधला वीडियो ट्वीट किया, जो मूल रूप से रविवार की देर रात एक अखबार की वेबसाइट पर प्रकाशित हुआ। इसमें कहा गया है कि वह यौन हिंसा के इस नृशंस प्रकरण के सामने चुप नहीं बैठ सकतीं। मेलोनी के सियासी प्रतिद्वंद्वियों व मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इस पोस्ट की व्यापक रूप से निंदा की क्योंकि उन्होंने बिना पीड़िता की सहमति के यह वीडियो डाला।

ट्रंप के घर से मिले दस्तावेजों की जांच पर रोक लगाने की अपील
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वकीलों ने अदालत से संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) को इस महीने की शुरुआत में फ्लोरिडा स्थित ट्रंप के आवास से मिले दस्तावेजों की समीक्षा करने से तब तक रोकने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि पहले दस्तावेजों की जांच करने के लिए एक निष्पक्ष ‘विशेष मास्टर’ की नियुक्ति की जानी चाहिए।

एफबीआई ने ट्रंप के मार-ए-लागो आवास पर छापा मारकर वहां से गोपनीय दस्तावेज बरामद करने का दावा किया है। इसके बाद पहली बार ट्रंप के कानूनी दल ने अर्जी दायर की है। यह अर्जी ऐसे वक्त में दाखिल की गई है जब सरकार ने ट्रंप के पद छोड़ने के बाद से मार-ए-लागो से 300 से ज्यादा गोपनीय दस्तावेज बरामद किए हैं। दरअसल, ‘विशेष मास्टर’ को मार-ए-लागो से बरामद दस्तावेजों का निरीक्षण करने का जिम्मा सौंपा जाएगा तथा उन लोगों को अलग किया जाएगा जिन्हें विशेषाधिकार प्राप्त हैं। 

कैलिफोर्निया के प्लीजैंटन शहर में पहली बार लहराया तिरंगा
अमेरिकी राज्ये कैलिफोर्निया के एक छोटे-से शहर प्लीजैंटन में पहली बार तिरंगा फहराकर भारत का स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। यह अमेरिका में भारत की बढ़ती लोकप्रियता का संकेत है। भारतवंशियों द्वारा आयोजित ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ में मेयर कार्ला ब्राउन ने भी हिस्सा लिया।

प्रवासी भारतीय सम्मान से सम्मानित और डीआंजा कम्युनिटी कॉलेज में हिंदी भाषा की प्रोफेसर नीलू गुप्ता ने तिरंगा फहराया। खाड़ी क्षेत्र में हिंदी और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए उन्हें 2021 में यह पुरस्कार मिला। ब्राउन ने उम्मीद जताई कि यह आयोजन शहर में विभिन्न संस्कृतियों के कई और समारोहों की शुरुआत के रूप में काम कर सकता है। प्लीजैंटन में लंबे समय से निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक और सक्रिय रोटरी सदस्यों गैरी व नैंसी हैरिंगटन ने अमेरिकी ध्वज भी फहराया। उन्होंने कहा, प्लीजैंटन के भारतीय समुदाय ने हमेशा हमें आकर्षित किया है।

श्रीलंकाई नौसेना ने 10 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार
श्रीलंका की नौसेना ने अपने जलक्षेत्र में अवैध शिकार का आरोप लगाते हुए 10 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी नावें सीज कर दीं। एक आधिकारिक वक्तव्य में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।

वक्तव्य के मुताबिक, इन मछुआरों को उत्तरपूर्वी मुलाईथिवा तट से पकड़ा गया। नेवी के जहाजों ने भारतीय मछुआरों को पीछा कर गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें त्रिंकोमाली के पूर्वी बंदरगाह लाकर मत्स्य पालन निरीक्षणालय को सौंप दिया गया। 

हाल के सालों में श्रीलंकाई अधिकारियों के अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने का आरोप लगाकर भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करने की घटनाएं बढ़ी हैं। तमिलनाडु और श्रीलंका की जल सीमा एक संकरे पाल्क जलडमरूमध्य से तय होती है। यहां मछलियां प्रचुर मात्रा में पाई जाती हैं। दोनों देशों के मछुआरे यहां मछलियां पकड़ने आते हैं। एजेंसी

यमन में काम कर रहे 23 भारतीयों की केंद्र की अधिसूचना को चुनौती
यमन में काम करने वाले 23 भारतीयों ने केंद्र की 2017 की अधिसूचना को चुनौती देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। यह अधिसूचना भारतीय पासपोर्ट धारकों को यमन जाने से रोकती है। याचिकाकर्ताओं ने भारत सरकार की इस अधिसूचना को रद्द करने और विदेश मंत्रालय में मुख्य पासपोर्ट अधिकारी को उनके जब्त पासपोर्ट जारी करने का निर्देश देने की मांग की।



भारतीय अधिसूचना 26 सितंबर 2017 को जारी की गई थी। इसमें केंद्र द्वारा जारी पासपोर्ट यमन यात्रा के लिए इसलिए अमान्य घोषित किया गया क्योंकि यह यात्रा भारत के विदेशी मामलों के संचालन को गंभीर रूप से प्रभावित करेगी।

अधिसूचना के मुताबिक, इसका उल्लंघन करने पर पासपोर्ट धारक के खिलाफ 1967 की धारा 12 के तहत कार्रवाई होगी। इसके खिलाफ केरल निवासी सभी याचिकाकर्ताओं ने अधिवक्ता सुभाष चंद्रन के माध्यम से दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है क्योंकि वे अपनी आजीविका के लिए कई वर्षों से यमन में काम कर रहे हैं। सभी याचिकाकर्ता आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के हैं।

25 को श्रम मंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के श्रम मंत्रियों के सम्मेलन को ऑनलाइन संबोधित करेंगे। दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ओर से 25 अगस्त को आंध्र प्रदेश के तिरुपति में किया जाएगा। इसमें श्रम संबंधी विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। पीएमओ से मंगलवार को जारी बयान में यह जानकारी दी गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed