आज के दिन: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आसियान बैठक में होंगे शामिल, डब्ल्यूपीएल 2027 के लिए होगा ऑक्शन
नमस्कार! आज है बुधवार, 28 अक्तूबर इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 28 अक्तूबर 2026 को कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की तृतीया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज आसियान बैठक में शामिल होंगे। इसके साथ ही डब्ल्यूपीएल 2027 का मिनी ऑक्शन भी आज शाम होगा।
रक्षा मंत्री आसियान बैठक में होंगे शामिल
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को फिलीपींस के सेबू में आयोजित होने वाली 13वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। यह बैठक दो दिन की है। राजनाथ सिंह क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों पर संबोधित करेंगे। रक्षा मंत्री इसके इतर, भाग लेने वाले देशों के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों के दौरान वह संबंधित देशों के साथ जारी रक्षा संबंधों की समीक्षा करेंगे और रणनीतिक साझेदारियों को और अधिक सुदृढ़ करने के उपायों पर विचार-विमर्श करेंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
डब्ल्यूपीएल मिनी ऑक्शन
महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 के लिए मिनी ऑक्शन बुधवार को कोच्चि में होगा। इस बार मिनी नीलामी में कुल 146 खिलाड़ियों के नामों पर बोली लगनी है, जिसमें 119 भारतीय और 27 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों में 22 कैप्ड और 97 अनकैप्ड खिलाड़ी हैं। वहीं, विदेशी खिलाड़ियों की सूची में 14 कैप्ड और 13 अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल हैं। विदेशी खिलाड़ियों के समूह में एसोसिएट देशों की छह खिलाड़ी भी हैं। डब्ल्यूपीएल 2027 की नीलामी में कुल 27 स्लॉट उपलब्ध हैं। इनमें से 20 स्लॉट भारतीय खिलाड़ियों के लिए और सात स्लॉट विदेशी खिलाड़ियों के लिए निर्धारित हैं। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली एसआईआर को लेकर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट बुधवार को एक याचिका पर सुनवाई करेगा। इस याचिका में चुनाव आयोग को यह निर्देश देने की मांग की गई है कि दिल्ली में मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) के दौरान जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे, उनकी सूची को सार्वजनिक किया जाए और साथ ही हर नोटिस के लिए विशिष्ट कारण भी बताए जाएं। बता दें कि पहले इस याचिका की सुनवाई 30 अक्तूबर को थी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
चक्रवात ‘अर्णब’ का उत्तर प्रदेश में असर
चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव से उत्तर प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर के बीच बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय ने जनसामान्य और किसानों के लिए सतर्कता संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 29 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)