फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Today News Updates in Hindi Thane mob beats two people Kerala Weather UP Odisha Assam know more

News Updates: आंध्र प्रदेश में शराब तस्करी पर नकेल; केरल में गर्मी का अलर्ट, ओडिशा में 'अमा अस्पताल' की शुरुआत

Sun, 18 Feb 2024 07:31 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: जलज मिश्रा Updated Sun, 18 Feb 2024 07:31 AM IST
विज्ञापन
Today News Updates in Hindi Thane mob beats two people Kerala Weather UP Odisha Assam know more
National News - फोटो : Social Media

ठाणे जिले के अंबरनाथ कस्बे में भीड़ ने चोरी के शक में दो लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस निरीक्षक अशोक भगत की मानें तो स्थानीय निवासियों ने पानी की मोटर चुराने के संदेह में दोनों लोगों को पीटा। भीड़ ने इतना पीटा की सूरज परमार (25) और सूरज कोरी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार सुबह राहगीरों ने पुलिस को शव पड़े होने की सूचना दी। 

विज्ञापन

भगत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि दोनों युवक पानी की मोटर चुराकर भाग रहे थे, जिन पर कुत्ते भौंक रहे थे। शोर के कारण आस पास के कुछ लोग जाग गए और उन्होंने दोनों का पीछा किया। आरोपी पकड़ाए तो उन्होंने उनकी जमकर पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई। पीएम रिपोर्ट से साफ हुआ कि मौत आंतरिक चोटों के कारण हुए रक्तस्राव के कारण हुई है। पुलिस के अनुसार, मारे गए लोगों में से एक कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हुए थे। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

विज्ञापन

केरल ने तापमान बढ़ने के कारण जनता के लिए सलाह जारी की
केरल सरकार ने बढ़ते तापमान के बीच लोगों के लिए सलाह जारी की है। सरकार ने लोगों से हाइड्रेटेड रहने का आग्रह किया है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने शनिवार को कन्नूर, कोट्टायम, कोझिकोड और अलाप्पुझा जिलों में अधिक तापमान की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया था। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने लू सहित अन्य बीमारियों के प्रति आगाह किया है। सरकार ने लोगों से ढीले कपड़े पहनने और आहार में अधिक फल और सलाद शामिल करने का भी आग्रह किया है।

डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को हनीट्रैप में फंसाकर पैसे ऐंठने वाले तीन गिरफ्तार
गाजियाबाद में हनीट्रैप का मामला सामने आया है। गाजियाबाद के वसुंधरा कॉलोनी में कथित तौर पर लोगों को हनीट्रैप में फंसाकर पैसे ऐंठने का मामला सामने आया, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

डीसीपी निमिष पाटिल ने कहा कि शुक्रवार को इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। डेटिंग ऐप से आरोपी पीड़ितों से संपर्क करते थे, जिसके बाद महिला उनसे अकेले में मिलती थी। महिला वीडियो क्लिप शूट करती थी। इसी वीडियो क्लिप के माध्यम से वे पीड़ितों को ब्लैकमेल करती थी। आरोपी पीड़ितों से 1 करोड़ रुपये तक की उगाही कर चुके हैं। पाटिल ने कहा कि उनके पास से दो मोबाइल फोन और एक कार जब्त की गई है।

विज्ञापन

ऑनलाइन गेम हारा तो युवक ने की आत्महत्या की कोशिश
ओडिशा में एक युवक ने ऑनलाइन गेम में हार के कारण आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि 24 साल का सौम्य रंजन कटक के अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत गंभीर है। नायक दरअसल, शुक्रवार को एक मोबाइल गेम खेल रहा था, जिसमें वह तीन बार हार गया। इसी वजह से उसने अपना गला काट लिया। माता-पिता उन्हें अंगुल के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया।
 

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने 73 'अमा अस्पतालों' का उद्घाटन किया
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शनिवार को 15 जिलों में 73 'अमा अस्पतालों' का उद्घाटन किया। पिछले साल शुरू की गई 'अमा अस्पताल' योजना के तहत, मौजूदा अस्पतालों का नवीनीकरण किया जाता है और पर्याप्त जनशक्ति सुनिश्चित की जाती है। कार्यक्रम के दौरान, पटनायक ने कहा कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों को बदल दिया गया है। उन्होंने उपमंडलीय अस्पतालों में पांच डायलिसिस केंद्रों का भी उद्घाटन किया। 
 

असम राज्यपाल ने किया यह आह्वान
असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शनिवार को असम कृषि विश्वविद्यालय (एएयू) के स्नातकों से संतुलित पौष्टिक भोजन का आविष्कार करने का आग्रह किया। 23वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पर्यावरण और जैव विविधता पर कोई बोझ डाले बिना बढ़ती आबादी के लिए पौष्टिक भोजन का उत्पादन एक चुनौती है, जिसे विश्वविद्यालय और स्नातक बिरादरी को स्वीकार करना चाहिए और चुनौती को अवसर में बदलना चाहिए।


 

कांग्रेस की चुनावी तैयारी कैसी, राजस्थान के नेता प्रतिपक्ष टीका राम ने बताया

कांग्रेस की चुनावी तैयारियों से जुड़े एक सवाल पर राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने बताया कि पार्टी की तैयारियां पुख्ता हैं। सभी लोकसभा सीटों पर पर्यवेक्षक तैनात कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया कांग्रेस समिति (एआईसीसी) भी अपना सर्वे कर फीडबैक ले रही है। पार्टी जल्द ही उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला करेगी।
 

पीएम मोदी के 370 सीटों के लक्ष्य पर AAP नेता का बयान

बीजेपी के राष्ट्रीय अधिवेशन 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव 2024 में 370 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा। इस पर आम आदमी पार्टी (आप) प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने 370 सीटें जीतने का दावा किया है, लेकिन अंतिम फैसला जनता के हाथ में है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था है। लोकतंत्र में जनता ही शासन करती है। किसी नेता के कहने या दावा करने से कुछ नहीं होगा।
 

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से परेशान हुई भाजपा

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने पार्टी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा और राहुल गांधी के जनसंपर्क अभियान पर कहा, पिछले एक दशक में, देश ने कई अन्याय देखे हैं, जिसके कारण राहुल गांधी को 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू करनी पड़ी। कांग्रेस की इस पहल से भाजपा बेचैन हो रही है। भाजपा कांग्रेस की यात्रा में बाधा डालने का प्रयास कर रही है। हालांकि, इस तरह की कार्रवाई से हमें और भी मजबूत होकर वापसी करने की प्रेरणा मिलती है। 

महाराष्ट्र की शुगर लॉबी में भी भाजपा का दबदबा; हर्षवर्धन पाटिल का निर्विरोध चुनाव

कहते हैं कि महाराष्ट्र की राजनीति की चाबी शुगर लॉबी के पास रहती है। वर्षों से इस पर कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी का कब्जा रहा है, लेकिन सत्ता समीकरण के बदलते ही शुगर लॉबी कांग्रेस-एनसीपी के हाथ से फिसल गई है। अब इस लॉबी पर भाजपा का दबदबा कायम हो गया है। नेशनल फेडरेशन ऑफ को-ऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज (एनएफसीएसएफ) के अध्यक्ष पद पर भाजपा नेता व महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल का निर्विरोध चुनाव इसका संकेत है।
कांग्रेस-एनसीपी के इस पारंपरिक गढ़ को भाजपा ने आसानी से भेद दिया है, जिसका असर आगामी चुनाव में भी देखने को मिल सकता है। हर्षवर्धन भी चीनी मिल के मालिक हैं। वह पुणे के इंदापुर से चार बार विधायक रह चुके हैं।

झारखंड में 11 अंतरराज्यीय साइबर अपराधी गिरफ्तार

झारखंड के बोकारो जिले में पुलिस ने 11 अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 41 मोबाइल फोन, विभिन्न कंपनियों के 36 सिम कार्ड और अपराध से संबंधित अन्य दस्तावेज भी बरामद किए। बोकारो के चीरा चास के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि यह गिरोह लॉटरी के नाम पर लोगों को ठगता था। चीरा चास राजधानी रांची से करीब 126 किमी दूर है। पुलिस टीम ने चीरा चास निवासी जवाहर सिंह के घर पर छापा मारकर कार्रवाई की।

मणिपुर में उग्रवादी हमला, बीएसएफ जवान घायल

मणिपुर के काकचिंग जिले में उग्रवादियों ने बीएसएफ के एक जवान को गोली मारकर घायल कर दिया। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि घायल हेड कॉन्स्टेबल सोम दत्त (45) हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। उनके बाएं कंधे पर गोली लगी है। सुगनू गांव में तीन दिनों से हथियारबंद उग्रवादियों के बंदूक हमले जारी हैं।

NIA का आरोप- लिट्टे को पुनर्जीवित करने की साजिश, तमिलनाडु में आरोपपत्र दाखिल

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने श्रीलंका और भारत में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) को फिर से जीवित करने मामले में एक और आरोपी के खिलाफ तमिलनाडु की विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। आरोपी तमिल फिल्म उद्योग में प्रोडक्शन एक्जीक्यूटिव था। एनआईए ने कहा कि लिंगम ए उर्फ आदिलिंगम 2022 में दर्ज मामले में 14वां आरोपी है। आदिलिंगम ने मादक पदार्थों और हथियारों के अवैध व्यापार से प्रतिबंधित आतंकी संगठन को पुनर्जीवित करने की साजिश रची। 

असम के सीएम से मिले कांग्रेस नेता दादू ताये, पार्टी ने किया निष्कासित

असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से मुलाकात करने वाले गोलाघाट जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दादू ताये को उनके पद से हटा दिया है। एपीसीसी के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने कहा कि बीते दिनों ताये को प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ देखे जाने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। बता दें कि दादू ताये को कांग्रेस नेता और सांसद गौरव गोगोई का करीबी माना जाता है। 

रांची में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गुटों में झड़प, आठ घायल

झारखंड की राजधानी रांची के नगड़ी इलाके में सरस्वती प्रतिमा के विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच हुई मामूली कहासुनी कुछ ही देर में झड़प में तब्दील हो गई। इस दौरान एक-दूसरे पर पथराव किए जाने से दो पुलिसकर्मियों सहित आठ लोग घायल हो गए और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एसडीओ उत्कर्ष कुमार ने बताया कि नगड़ी सर्किल में धारा-144 लागू कर दी गई है। 

अटल सेतु पुल से मैराथन दौड़ रवाना

महाराष्ट्र की राजधानी में मैराथन का आयोजन किया गया। मुंबई के अटल सेतु पुल से एलएंडटी सी ब्रिज मैराथन को रविवार सुबह हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
 

आंध्र पुलिस ने रोकी शराब तस्करी
आंध्र प्रदेश पुलिस की सजगता से शराब तस्करी रोक ली गई। चित्तूर डीएसपी रमन्ना ने बताया कि शनिवार को इरुवरम चेकपोस्ट पर दूध वैन को रोका था। वैन दूध के डिब्बे के नीचे शराब की बोतलें छिपाकर ले जा रही थी। आरोपियों से पूछा गया तो उन्होंने कबूल किया कि वे कर्नाटक से शराब की तस्करी कर रहे थे और चित्तूर में महंगे दामों में बेचते। आरोपियों की पहचान रमेश, सुरेश और राजेश के रूप में हुई है। तीनों चित्तूर जिले के निवासी हैं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed